गाजीपुर। आज का दिन शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के लिए बड़े ही गौरव का विषय है। क्योंकि विद्यालय की कक्षा नौवीं की एक छात्रा ने खेल जगत में विद्यालय का नाम रोशन किया। उत्तर प्रदेश के मथुरा में आयोजित स्टेट लेवल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 52किलो से 55किलो भार वर्ग में प्रतिभाग कर कृति कौर ने कोच देवेन्द्र प्रजापति के निर्देशन एवं अपने परिश्रम और लगन से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
शुक्रवार को सिल्वर मेडल प्राप्त कर अपने विद्यालय पहुंची छात्रा एवं कोच का विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अदहमी एवं निदेशिका डॉ. मीना अदहमी ने इस उपलब्धि पर बधाई दिया एवं उत्साह वर्धन करते हुए छात्रा को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया। इस दौरान विद्यालय में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण रहा। सब ने कृति के इस कार्य के लिए हृदय से सराहना एवं उत्साह वर्धन किया।
गाजीपुर।शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर अन्याय व शोषण के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने वाली सामाजिक न्याय की योद्धा पूर्व सांसद स्व.फुलन देवी की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा वह बहुत ही बहादुर, साहसी होने के साथ साथ संघर्ष की पर्याय थी। लाख जुल्मों सितम सहने के बावजूद वह संघर्ष करते हुए सड़क से उठकर संसद तक का सफर तय किया। वह अपने आप में एक ऐतिहासिक मिसाल है। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ लड़ने की जरूरत है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विधायक जै किशन साहू ने उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जोर और ज़ुल्म के खिलाफ संघर्ष किया है, पीड़ित तथा शोषित के संग खड़ी हुई है। नेता मुलायम सिंह ने उनके साथ हुए अन्याय और ज़ुल्म को देखते हुए अपने शासनकाल में उनके उपर लगे सारे आरोपों को सरसरी तौर पर वापस ले लिया था।उन्हें मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से टिकट देकर लोकसभा में भेजकर सम्मान देने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज की सरकार भी ज़ुल्म और अन्याय के रास्ते पर है। बुलडोजर संस्कृति पनप रही है,गरीब सताये जा रहे,उनका घर उजाड़ा जा रहा हैं,चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है। गरीबों की कहीं सुनवाई नहीं है। यह सरकार पूंजीपतियों तथा सत्ता संरक्षित अपराधियों को प्रश्रय दे रही है,उनका हित संरक्षित करने में व्यस्त हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव, सुधीर यादव,पूर्व चेयरमैन शशि सोनकर,अशोक कुमार बिन्द,अरूण कुमार श्रीवास्तव, मुन्नीलाल राजभर, रविन्द्र प्रताप यादव, विभा पाल,परशुराम बिंद, तहसीन अहमद, डॉ समीर सिंह,सुशील जायसवाल,आशा यादव, अमित ठाकुर, संगीता गुप्ता, कमलेश यादव भानू, राजेश यादव, जयराम भारती, चंचल राजभर, सुरेश प्रधान,रमेश यादव आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इसी कड़ी में पार्टी की नेता बिन्दु बाला बिंद के संयोजकत्व में माहेपुर में भी फूलन देवी का श्रृद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने फूलन देवी को सामाजिक न्याय का महान योद्धा बताया और कहा हम महिलाओं के लिए वह अनुकरणीय है। हम सबको उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है।
टी बी चैम्पियन को जन जागरूकता के लिए प्रशिक्षण देकर किया गया तैयार
गाज़ीपुर।राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत और वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स संस्था द्वारा इंपैक्ट प्रोजेक्ट के तहत टीवी सरवाइवर्स(टी बी बिमारी को हराने वाले) को प्रशिक्षण देकर टीवी चैंपियन बनाया गया। यह प्रशिक्षण मरदह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर संपन्न किया गया।यह प्रशिक्षण अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ रवि रंजन द्वितीय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम समन्वयक डा. मिथिलेश कुमार सिंह और डिस्ट्रीक्ट लिड शशि शेखर के संचालन में शुरू किया गया, जिसमें टी बी की दवा खाकर ठीक हो चुके टी बी मरीज को टी बी चैम्पियन बनाते हुए उनको बताया गया कि वह अपने समुदाय एवं गांव और समाज के लोगों के बीच में टीवी क्या है ,लक्षण, उपचार और कलंक के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे, जिससे टी बी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।इस प्रशिक्षण को सभी ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सी एच ओ) के माध्यम से बुला कर कराया जा रहा है अब तक जनपद गाजीपुर के 16 ब्लांक में से 06(छः ) ब्लांक में 187 ठीक हुए टी बी मरीजों को टी बी चैम्पियन का प्रशिक्षण दे कर टी बी चैम्पियन बनाया जा चुका है।ये लोगो को टी बी के बारे बता कर जागरूक करेंगे। ताकि प्रधानमंत्री के टी बी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सके। इस प्रशिक्षण में अश्वनी कुमार, सुनील कुमार वर्मा, वेंकटेश प्रसाद शर्मा और राधेश्याम यादव के द्वारा भी टीवी के बारे में पूर्ण जानकारी दी गई। साथ में सोशल स्कीम्स के बारे में भी बताया गया है।
अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह ने किया उपकेंद्रों का दौरा
गाजीपुर। पिछले दिनों अघोषित विद्युत कटौती एवं जेई के खिलाफ उपखंड कार्यालय पर क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा धरना दिया गया था जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए बृहस्पतिवार को विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय नगर के अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह ने उपकेंद्र मोहम्दाबाद,करीमुद्दीनपुर, दुबिहा,खैराबारी का निरीक्षण किया जिसमें समस्त उपकेंद्रों के सेचियार्ड में घास फूस देखकर विद्युत कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुवे सख्त चेतावनी देते हुवे बताया कि अगर 27 जुलाई तक सेचियार्ड सहित समस्त फीडर की एचटी लाइन पर लगे टहनियों की छटाई अगर नहीं हुई तो सबका अग्रिम वेतन रोका जाएगा।
मेसर्स ग्रिड पावर सिस्टम के सुपरवाइजर विनय तिवारी को निर्देशित करते हुवे कहा कि अगर 27 जुलाई तक डिविजन द्वितीय नगर के समस्त तेरह उपकेंद्रों से निर्गत सभी फीडरो पर लगे पेड़ पौधों का छटनी अगर समस्त संविदा कर्मियों द्वारा नहीं किया जाता है तो संबंधित ऐसे लापरवाह संविदा कर्मियों का वेतन होल्ड किया जाय एवं ऐसे लोगो को चिन्हित करके कार्यवाही करने की बात कही।
वही उपकेंद्र करीमुद्दीनपुर के उतराव सेकेंड फीडर का बारीकी से निरीक्षण किया जिसमें उक्त फीडर पर अधिक लोड होने के कारण बार बार लाइट ट्रिप हो रही है जिसका लोड का बटवारा कुछ उपकेंद्र दुबिहा से किया जाना अति आवश्यक है जिसका मौके पर निरीक्षण करके संबंधित मोहम्दाबाद एसडीओ अमित राय को जांच करके तत्काल लोड बंटवारा करने का आदेश दिया जिसमें क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को भी मौके पर समझाया गया।
वही मोहम्दाबाद क्षेत्र में आए दिन छोटे छोटे फॉल्ट एवं एचटी लाइन पर टहनियों के वजह से इस क्षेत्र विद्युत आपूर्ति बाधित उक्त उपकेंद्रों पर तैनात संविदा कर्मियों की लापरवाही से हो रही है जिसमें ऐसे लापरवाह कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है जल्द ही ऐसे लोगो के ऊपर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। वही उन्होंने बताया कि उपकेंद्र करीमुद्दीनपुर के अवर अभियंता प्रमोद कुमार को उक्त उपकेंद्र से हटा दिया गया है।
वही उसके जगह पर नए अवर अभियंता मुकुंद लाल की नियुक्ति कर दी गई है एवं सख्त निर्देश भी दिए गए है कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिए लगातार क्षेत्रों में संविदा कर्मियों के साथ तत्पर रहे एवं जनता की समस्याओं को सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निवारण करें।
देवघर में शिव सेवा भक्त मंडल का भव्य सेवा शिविर, कांवरियों को मिल रही नि:शुल्क सुविधा और प्रसाद
गाजीपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव सेवा भक्त मंडल मऊ व गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में पवित्र मास सावन में बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर (झारखंड) में घोरमारा स्थित आध्यात्मिक भवन के पास विशाल सेवा शिविर व भंडारे का आयोजन किया गया है। कांवर पथ पर मंदिर से लगभग 5 किलोमीटर पहले स्थित इस शिविर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु नि:शुल्क प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
शिविर में दंडी बम, डाक बम और बोल बम श्रद्धालुओं के लिए ठंडा व गर्म पानी, नींबू चाय, शरबत, लीची का जूस, फलाहार और भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। सुबह की शुरुआत चाय, नींबू शरबत, जूस, दवा व आरो के ठंडे पानी से होती है, वहीं रात में विशाल भंडारा आयोजित होता है। शिव सेवा भक्त मंडल ट्रस्ट के संस्थापक और संचालक अभिषेक सिंह मोनू ने बताया कि यह सब बाबा भोलेनाथ और गुरु स्वामी अभिराम दास जी के आशीर्वाद से संभव हो पाया है।
उनका उद्देश्य भक्तों की तन-मन-धन से सेवा करना है। इस सेवा कार्य में संस्था के संरक्षक, त्रिशक्ति कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर व ग्राम तांती के प्रधान प्रत्याशी अजीत कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि “हमारे शिविर पर सभी कांवरियों का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। जो भी भक्त देवघर आएं, वे हमें सेवा का सौभाग्य अवश्य दें।”
सेवा शिविर के प्रमुख सहयोगियों में त्रिशक्ति टेंट हाउस के प्रोपराइटर आशुतोष पांडेय, गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य रविकांत पांडेय, पंकज पांडेय, अनिल कुमार पांडेय, उमाशंकर चौरसिया, लोकगीत गायक गोपाल राय, रजनीश गुप्ता, भागवत गुप्ता, नवनीत जायसवाल, राजीव त्रिपाठी, संजय सिंह, अवनीश पांडेय, शेषनाथ सिंह, आलोक सिंह हरिओम, तथा अन्य सैकड़ों सहयोगी संस्थाओं और व्यक्तियों का अमूल्य योगदान है।
बाबा के अनन्य भक्त रविकांत पांडेय ने बताया कि यह सेवा शिविर श्रद्धा, भक्ति और श्रद्धालुओं की सेवा का अद्भुत संगम बन चुका है, जो बाबा के भक्तों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने एन कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक में निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर जहां ड्रग्स के साथ किसी प्रकार की मादक पदार्थो की बिक्री की संभावना हो, वहां नियमित पेट्रोलिंग की जाए, जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, समय समय पर निरीक्षण व आकस्मिक चेकिंग तथा मेडिकल स्टोरो का लाईसेंस चेक किया जाये।
उन्होने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एंव पुलिस अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा नशे के विरूद्ध जागरूकता सम्बन्धित आयोजन का निर्देश देते हुए छात्राओ एवं युवाओ को नशे के दुष्टपरिणाम के विषय मे निरन्तर जागरूक किया जाये। उन्होने सीजर सैंपल की आख्या समयान्तर्गत प्रेषित करने का निर्देश दिया। जिस पर सहायक रसायन परीक्षक सरकारी अफीम एंव क्षारोण कारखाना द्वारा बताया गया कि माह जुलाई मे अबतक कुल 69 सैंपल प्राप्त किया गया है। उन्होने नशीली दवाओ/ड्रग्स पर कार्यवाही करते हुए अधिक से अधिक बरामदगी का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के अन्तर्गत स्कूल प्रार्थना के समय नशा मुक्ति के सम्बन्ध में जन जागरूकता अभियान चलाते हुए बच्चों को जागरूक किया जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल, सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पीजी कॉलेज, गाजीपुर में महिला यौन उत्पीड़न निवारण हेतु समिति गठित
गाजीपुर। पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, गाजीपुर में दिनांक 24 जुलाई गुरुवार को महिला यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए एक आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया गया है। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने समिति के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपकर इसकी शुरुआत की। समिति की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. मीना सिंह (संगीत विभाग) करेंगी। जबकि डॉ. रागिनी अहिरवार (जंतु विज्ञान विभाग), डॉ. प्रतिमा सिंह (गणित विभाग), और डॉ. शिप्रा सिंह (गृह विज्ञान विभाग) इसके सदस्य हैं। प्राचार्य डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यह समिति महाविद्यालय में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने हेतु शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित निवारण एवं शिकायत का निस्तारण करेगी। अधिक जानकारी के लिए कमेटी के सदस्यों से छात्र-छात्राएं आवश्यकता अनुसार संपर्क कर सकते हैं। कमेटी के सदस्य छात्र-छात्राओं की सहायता हेतु सभी कार्य दिवस पर परिसर में उपलब्ध रहेंगे।
गाजीपुर ।एक पिता ने मामूली बात पर अपने बेटे को मौत के घाट उतार दिया।घर मे नहाने के मामूली विवाद में पिता ने अपने नौजवान बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी।मामला खानपुर थाना क्षेत्र के बहेरी गांव का है।जहाँ रहने वाला सलमान अपने काम के बाद घर पहुंचा तो नहाने के लिए बाथरूम में जाने लगा।इसी दौरान उसके पिता शहाबुद्दीन ने उसे बाद में नहाने के लिए कहा,लेकिन बेटे ने तुरंत नहाने की जिद की।इस बात को लेकर पिता पुत्र दोनों में विवाद हो गया।विवाद के दौरान पिता शहाबुद्दीन ने बेटे सलमान पर चाकू से हमला कर दिया।हमले में बुरी तरह घायल सलमान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था कि उसने दम तोड़ दिया।फिलहाल मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
गाजीपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय में सभी विषयों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की तारीख 30 जुलाई 2025 तक बढ़ गई है। एम ए /एम एस सी प्रथम सेमेस्टर की काउंसलिंग 1 अगस्त 2025 को प्रस्तावित। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं प्रवेश काउंसलिंग जारी है। महाविद्यालय में स्नातक एवं परस्नातक बी ए, बीएससी, एमए, एमएससी(बॉटनी)प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि 20 जुलाई 2025 से बढ़ा दी गई है। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी के अनुसार सभी इच्छुक और अर्ह छात्राएं 30 जुलाई 2025 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। महाविद्यालय प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार बी ए एवं बीएससी प्रथम सेमेस्टर में काउंसलिंग का प्रथम एवं द्वितीय चरण पूर्ण हो गया है। रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं तत्पश्चात प्रवेश काउंसलिंग जारी है। बीए प्रवेश हेतु आवेदन करने वाली छात्राएं समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के पश्चात अपने आवेदन पत्र और सभी प्रमाण पत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार से 1:00 से 3:00 बजे के मध्य संपर्क कर अपना विषय आवंटन कराकर फीस जमा कर सकती हैं। इसी प्रकार बीएससी की छात्राएं जंतु विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ दिवाकर मिश्र से संपर्क कर प्रवेश काउंसलिंग एवं विषय आवंटन के पश्चात अपना फीस जमा कर सकती हैं। छात्राएं प्रवेश काउंसलिंग के लिए अपने प्रवेश आवेदन तथा समस्त शैक्षिक प्रपत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ ससमय महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपना विषय आवंटन करा लें।
प्रथम एवं द्वितीय चरण के प्रवेश काउंसलिंग में छूटी छात्राएं भी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपना प्रवेश काउंसलिंग सीट रिक्त होने तक करा सकती हैं। महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त सभी छात्राएं निर्धारित समय सारणी के अनुसार कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित हो तथा फीस जमा कर अपने परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड उप मुख्य शास्ता डॉ संगीता से हिंदी विभाग में संपर्क कर प्राप्त कर लें तथा उसे अपने पास सदैव रखें। परास्नातक एम ए/एमएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश 1 अगस्त 2025 को प्रस्तावित है। अद्यतन सूचना के लिए प्रवेश हेतु आवेदन करने वाली छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें। डॉ शिव कुमार प्रवेश/ मीडिया प्रभारी राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गाज़ीपुर
Assistant Professor of Psychology, Govt Girls PG College, Ghazipur, UP.
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश की अध्यक्षता में सोमवार को उ0प्र0 लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रा०) परीक्षा 2023 हेतु निर्धारित परीक्षा की लिखित परीक्षा को नकल विहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से समस्त सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक संग बैठक पुलिस लाईन सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 27 जुलाई, 2025 दिन रविवार को एक सत्र में (पूर्वाह्न 09.30 बजे से 12.30 तक) में कराया जाना प्रस्तावित है। इस हेतु जनपद में निर्धारित 34 परीक्षा केन्द्रों पर कुल लगभग 15216 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित होगे। उन्होने बताया कि परिक्षार्थी समय से डेढ़़ घण्टा पहले केन्द्र पर पहुॅकर रिपोर्टिंग करें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा 34 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, लगाये गये है। उन्होने बताया कि 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सम्मिलित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2023 में परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने एवं शान्ति विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्र/गोपनीय परीक्षा सामग्री पहुँचाने हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नामित अधिकारी अपने-अपने परीक्षा केन्द्रो का परीक्षा से पूर्व भ्रणम कर वहां भौतिक सत्यापन एवं केन्द्र के केन्द्रव्यवस्थापक एवं सह केन्द्रव्यवस्थापक के साथ बैठक कर परीक्षा से सम्बन्धित समस्त तैयारी की समीक्षा कर लेगें। समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्रो पर बिजली, ंसी सी टी वी कैमरे, शुद्ध पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, साफ-सफाई, सोशल डिस्टेसिंग के आधार पर परीक्षार्थी के बैठने की व्यवस्था एव अन्य समुचित व्यवस्था पूर्व मे सुनिश्चित कर लेगे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाईस, खाने पीने की सामाग्री, केल्कुलेटर, मोबाईल एवं अन्य सामाग्री ले कर आना सख्त प्रतिबधित रहेगा। परीक्षा मे किसी भी संविदाकर्मी को न लगाया जाये। उन्होने कहा कि परीक्षा को नकल विहीन एंव पारदर्शी ढंग कराना हम सभी का कर्तव्य है। परीक्षा में कही भी किसी भी प्रकार की नकल होने की शिकायत प्राप्त होती है तो सम्बन्धित केन्द्रव्यवथापक स्वयं जिम्मेदार होगे। उन्होने कहा कि परीक्षा समयबद्ध एवं अतिमहत्तपूर्ण है इसमे किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र प्रसाद, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेक, केन्द्र व्यव्थापक, सहायक केन्द्र व्यवस्थापक, जिला विद्यालय निरीक्षक, एवं अन्य अधिकरीउपस्थित थे।