All posts by tiwarishivpratap

जनपद आगमन पर डीएम ने किया अधिकारी प्रशिक्षुओं का स्वागत

गाजीपुर। जनपद में भारत सरकार की विभिन्न अखिल भारतीय एवं केंद्रीय सेवाओं के 12 अधिकारी प्रशिक्षुओं का आगमन हुआ। इनमें 1 प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), 3 प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (IPS), 2 प्रशिक्षु भारतीय विदेश सेवा (IFS), 1 प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा (Indian Forest Service), 1 प्रशिक्षु भारतीय कॉर्पाेरेट विधि सेवा (ICLS), 3 प्रशिक्षु भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) तथा 1 प्रशिक्षु भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS) के अधिकारी शामिल हैं।

जनपद आगमन पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा सोमवार को समस्त प्रशिक्षु अधिकारियों से भेंट कर उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें जनपद की भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक संरचना से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षु अधिकारियों को जिले के विकास कार्यों, प्रशासनिक प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी अधिकारी प्रशिक्षु जनपद के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति, जनजीवन, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करेंगे। यह भ्रमण कार्यक्रम भावी प्रशासकीय अधिकारियों के लिए व्यवहारिक अनुभव एवं क्षेत्रीय समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।

रैली निकालकर मनाया गया विधिक सेवा दिवस


गाजीपुर। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा व जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त तहसीलो में सोमवार को विधिक सेवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रैलियां निकाली गई। विधिक सेवा दिवस मनाये जाने का उद्देश्य आम जनमानस में उनके अधिकारों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रचार-प्रसार करना है।

 विधिक सेवा दिवस के अवसर पर विजय कुमार- चतुर्थ, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी व राजकीय सम्प्रेक्षण गृह व राधिका इण्टर कालेज, गोराबाजार से रैली निकाल कर विधिक सेवा दिवस का शुभारम्भ व गोष्ठी का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर अवधेश कुमार शर्मा, कनिष्ठ लिपिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर, पराविधिक स्वयंसेवकगण/अधिकार मित्र सत्य प्रकाश, उजाला श्रीवास्तव, सरीन फातिका, राकेश कुमार पाण्डेय व छाया कुरील उपस्थित रहे।  

पुरस्कार और प्रमाण पत्र से छात्राओं को किया गया सम्मानित


राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर में छह दिवसीय रोजगार योग्यता कार्यशाला का समापन


गाज़ीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में शनिवार को नंदी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय रोजगार योग्यता (Employability Skills) कार्यशाला का आज सफल समापन हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को आवश्यक व्यावसायिक, संचार एवं जीवन कौशलों से सुसज्जित कर उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाना था। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता कुमारी के मार्गदर्शन एवं कार्यशाला समन्वयक डॉ. शंभू शरण प्रसाद के कुशल संचालन में यह कार्यक्रम सफल रहा। नंदी फाउंडेशन के प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब द्वारा संचालित इस प्रशिक्षण में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से आत्मविकास, पेशेवर व्यवहार तथा करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।


छह दिवसीय प्रशिक्षण में कवर किए गए प्रमुख विषय:
पहला दिन: स्वयं की पहचान (Self-Awareness), शारीरिक भाषा (Body Language) और अंग्रेजी भाषा कौशल (English Language Skills) — छात्राओं ने अपनी शक्तियों एवं कमजोरियों की पहचान, हावभाव के महत्व और पेशेवर संवाद में अंग्रेजी के प्रभावी प्रयोग को समझा।
दूसरा दिन: लक्ष्य निर्धारण एवं समय प्रबंधन (Goal Setting and Time Management), रोजगार के अवसर (Job Opportunities) तथा स्वास्थ्य ही जीवन (Good Health–Good Life) — इस सत्र में छात्राओं ने लक्ष्य तय करने, समय का सदुपयोग करने, करियर अवसरों को पहचानने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व को सीखा।
तीसरा दिन: डिजिटल पहचान (Digital Identity) और पेशेवर संचार (Professional Communication) — छात्राओं को ऑनलाइन प्रोफेशनल पहचान बनाने, डिजिटल उपकरणों के जिम्मेदार उपयोग और प्रभावी संवाद की तकनीकों से परिचित कराया गया।
चौथा दिन: आलोचनात्मक चिंतन (Critical Thinking), व्यावसायिक नैतिकता (Professional Ethics) और मिनी प्रेजेंटेशन — इस दिन छात्राओं ने तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच, नैतिक निर्णय लेने की क्षमता और समूह प्रस्तुति (Presentation) के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पाँचवाँ दिन: बायोडाटा निर्माण (Resume Preparation) और धन प्रबंधन (Money Management) — छात्राओं ने आकर्षक और प्रभावी बायोडाटा बनाने के साथ-साथ अपने व्यक्तिगत वित्त का प्रबंधन करने की कला सीखी।
छठा दिन: साक्षात्कार तैयारी (Interview Preparation) और समस्या समाधान (Problem Solving Skills) — अंतिम दिन छात्राओं को वास्तविक साक्षात्कार की तैयारी और तार्किक समस्या समाधान की विधियाँ सिखाई गईं। मॉक इंटरव्यू और चर्चाओं ने छात्राओं के आत्मविश्वास को और अधिक सशक्त किया।


समापन सत्र में प्राचार्या डॉ. अनीता कुमारी ने कार्यशाला में शामिल सभी छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।


प्राचार्या ने यह भी घोषणा की कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय चरण जनवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद प्लेसमेंट कैंप (Placement Camp) का आयोजन होगा। इस कैंप में इस प्रशिक्षण में भाग लेने वाली छात्राओं को साक्षात्कार में भाग लेने और चयन प्रक्रिया से गुजरने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन कार्यशाला संयोजक डॉ. शंभू शरण प्रसाद द्वारा अध्यक्ष एवं प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब को धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।


यह छह दिवसीय कार्यशाला महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं रोजगार योग्यता संवर्धन की दिशा में एक प्रभावशाली पहल रही, जिसने छात्राओं के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम स्थापित किया है।

जिला स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता में आशा कुमारी ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता में आशा कुमारी ने प्राप्त किया प्रथम स्थान!

गाजीपुर। शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के सम्मान में सरदार@150 एक भारत आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वधान में जिला स्तरीय पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी के संरक्षण में आयोजित इस पोस्टर प्रतियोगिता का विषय “सरदार पटेल: एकीकृत भारत के निर्माता” रहा जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा आशा कुमारी पुत्री अंतू राम ने प्रथम एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा संगीता पुत्री जितेंद्र कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया । तृतीय स्थान पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की श्रेया मौर्या पुत्री राजेंद्र मौर्या रही जबकि रचना यादव एवं रागिनी को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया ।

प्रतिभागियों की रचनात्मक एवं प्रस्तुतीकरण की शैली की प्रशंसा करते हुए प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने कहा कि सरदार पटेल का भारत की एकता एवं अखंडता को सुनिश्चित करने में अविस्मरणी योगदान रहा है और इस तरह के आयोजन उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक है। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ ओम शिवानी, डॉ नेहा एवं डॉ मनीष सोनकर ने निभाई।

प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ रामनाथ, महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार, प्राध्यापक डॉ शैलेंद्र, डॉ सारिका, डॉ पीयूष सिंह आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया । यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 के मध्य चलने वाली जिला स्तरीय एकता पदयात्रा के संदर्भ में आयोजित की गई।

जर्जर सड़कों को लेकर 11 नवंबर से शुरू होगा हस्ताक्षर अभियान

नगर के जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए 11 नवंबर से विवेक कुमार सिंह शम्मी के नेतृत्व में शुरू होगा हस्ताक्षर अभियान ।

10000 लोगों के हस्ताक्षर के साथ जिला अधिकारी को सौंपा जाएगा ज्ञापन।

कार्यदाई संस्था पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की जाएगी।

गाजीपुर। सीवर के कार्यों में व्याप्त व्यापक भ्रष्टाचार, जल निगम व नमामि गंगे द्वारा कार्यों में लापरवाही के चलते नगरपालिका क्षेत्र की सभी सड़कें गड्ढे में तब्दील हो चुकी है, जिसके चलते आम जनमानस, स्कूली बच्चों व बीमार लोगों का हॉस्पिटल, जिला मुख्यालय तथा बच्चों का समय से स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है । नगर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से व्यापार भी ठप हो गया है। बार-बार कार्यदाई संस्थाओं को चेतावनी देने के बाद भी उनके कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं हुआ तथा पिछले 5 वर्षो से इन्हीं सबके चलते पूरा शहर गड्ढे में तब्दील हो चुका है । प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी के नेतृत्व में नगरी क्षेत्र में खराब पडी सड़कों व गालियों की दुर्दशा से मुक्ति को लेकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा जिसकी शुरुआत 11 नवंबर से किया जाएगा । नगरी क्षेत्र में रहने वाले 10000 लोगों से हस्ताक्षर कराकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा नगर के जर्जर हालत के जिम्मेदार कार्यदाई संस्थाओं को ब्लैकलिस्टेड करने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ साथ कार्यदाई संस्थाओं द्वारा कराये गये कार्यो की प्रशासनिक जांच की मांग की जाएगी।

महिला पीजी कॉलेज में रोजगार योग्यता कार्यशाला संपन्न


राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोजगार योग्यता कार्यशाला का पाँचवाँ दिवस सफलतापूर्वक संपन्न


गाज़ीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में नान्दी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित रोजगार योग्यता (Employability Skills) कार्यशाला का पाँचवाँ दिवस आजशुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब ने आज छात्राओं को मनी मैनेजमेंट (Money Management), प्रेजेंटेशन स्किल (Presentation Skill) तथा सॉफ्ट स्किल (Soft Skill) के विषय में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में आर्थिक जागरूकता, संचार कौशल और टीम वर्क जैसी आवश्यक क्षमताओं का विकास करना था।
प्रायोगिक सत्र के दौरान छात्राओं को विभिन्न समूहों में विभाजित किया गया और प्रत्येक समूह को Loyalty (निष्ठा), Relationship (संबंध), Team Work (टीम वर्क) आदि विषय दिए गए। समूहों को आधे घंटे की तैयारी का समय दिया गया और तत्पश्चात प्रत्येक समूह ने अपने विषय पर प्रस्तुति दी।


इस सत्र में प्रतिक्षा राय, शमाइला नाज़, रिद्धा यादव और संतुष्टि राय ने उल्लेखनीय रूप से सक्रिय भागीदारी की और उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
डॉ. अनीता कुमारी, महाविद्यालय की प्राचार्या, ने कार्यशाला का अवलोकन किया और छात्राओं की सक्रियता एवं सीखने की उत्सुकता की सराहना की। कार्यक्रम का समापन अध्यक्ष और प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब को धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे कार्यशाला के संयोजक डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने प्रस्तुत किया। यह कार्यशाला छात्राओं को व्यावहारिक रोजगार कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता और भविष्य की सफलता की दिशा में सशक्त बना रही है। इस कार्यक्रम का समापन 8-11-2025 को प्रशिक्षक Anjali Pandey की उपस्थिति मे होगा।

दूसरे दिन भी आयोजित हुआ रोजगार योग्यता कौशल कार्यशाला


राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोजगार योग्यता कौशल कार्यशाला का दूसरा दिवस सफलतापूर्वक संपन्न


गाज़ीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में naandi फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित रोजगार योग्यता कौशल (Employability Skills) कार्यशाला का दूसरा दिवस मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब ने आज विद्यार्थियों को संचार कौशल (Communication Skills), ईमेल शिष्टाचार (Email Etiquette), शारीरिक भाषा (Body Language), सौंदर्य एवं स्वच्छता (Grooming and Hygiene) के विषय में प्रशिक्षण दिया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इन महत्वपूर्ण विषयों से अपने व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार योग्यता को बढ़ाने के उपयोगी सुझाव प्राप्त किए।


कार्यशाला की उपयोगिता और छात्राओं में बढ़ती रुचि को देखते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता कुमारी ने घोषणा किया कि तीन दिवसीय कार्यशाला को बढ़ाकर छह दिवसीय किया गया है, जिससे छात्राओं को और अधिक गहराई से प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
आज के सत्र के अंत में प्राचार्या और प्रशिक्षक मोहम्मद साकिब का धन्यवाद ज्ञापन डॉ शंभू शरण प्रसाद ने किया । यह कार्यशाला छात्राओं को व्यावसायिक सफलता के लिए आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हो रही है।

13 दिसंबर को लगेगा राष्ट्रीय लोक अदालत, मामलों का होगा निस्तारण

गाजीपुर। उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13.12.2025 को जनपद न्यायालय, वाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियाँ व जमानियाँ के साथ-साथ अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा। विजय कुमार-चतुर्थ, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित प्रकरण यथा उत्तराधिकार प्रमाण पत्र संबंधी, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई.एक्ट, स्टाम्प वाद/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप प्रचलन अधिनियम वाद, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद, सुलह समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद को परिपक्व कराकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण कर, आमजन को लाभान्वित करते हुए. राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है।

अनाधिकृत स्थलों पर फैले कूड़ा-कचरा को उचित स्थान पर करें निस्तारित:सीडीओ

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी को अनाधिकृत स्थलों पर फैले कूड़ा-कचरा को जल्द से जल्द उचित स्थान पर निस्तारित कराने एवं गंगा ग्राम आर्द्रभूमि समिति का गठन कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने हेतु निर्देश दिया। सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को सिंगल यूज प्लास्टिक जब्तिकरण कार्य को युद्ध स्तर पर चलाने हेतु निर्देश दिया। बैठक में प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह, नामित सदस्य जिला पर्यावरण समिति शैलेष राम एवं जनपद स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे ।

चला विद्युत चेकिंग अभियान, काटी गई केबिल और दर्ज हुआ मुकदमा

सक्सेज स्टोरी अभियान के तहत एक्सियन गोपाल सिंह के नेतृत्व में चला विद्युत चेकिंग अभियान 

बकायेदारों की काटी गई केबिल, तीन पर चोरी का मुकदमा दर्ज

गाजीपुर। सक्सेज स्टोरी अभियान के तहत अधिशासी अभियंता नगर गोपाल सिंह के नेतृत्व में शहर में व्यापक विद्युत चेकिंग अभियान मंगलवार को चलाया गया। इस दौरान रायगंज, टाउनहॉल और कपूरपुर क्षेत्रों में दर्जनों उपभोक्ताओं के बिजली बकाया पर कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 12 उपभोक्ताओं की केबिल बकाया भुगतान न करने पर काटी गई, जबकि तीन लोग चोरी से बिजली उपभोग करते हुए पकड़े गए। इन तीनों के खिलाफ विजिलेंस थाने में विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है।वही पांच उपभोक्ताओं के परिसर में पुराने मीटर के जगह नया स्मार्ट मीटर लगाया गया।

अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि नगर के तीन फीडर लाल दरवाजा, पुलिस लाइन नंबर-1 और बड़ीबाग को “सक्सेज स्टोरी” के तहत चयनित किया गया है। इन फीडरों पर विद्युत बकाया, लाइन लॉस और अत्यधिक बिजली चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनज़र यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सात उपभोक्ताओं के मीटर में स्टोर रीडिंग पाई गई, जिन सभी पर संबंधित रीडिंग के अनुसार चार्ज लगाया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।