All posts by tiwarishivpratap

कांग्रेस पार्टी का धरना प्रदर्शन, फूंका पुतला और सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला एवं शहर अध्यक्ष ने सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका

छात्रों पर लाठी, किसानों को खाद नहीं, जनता पर स्मार्ट मीटर की मार और आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं-सुनील राम”

“भाजपा सरकार लोकतंत्र, किसान और आस्था—तीनों से कर रही है विश्वासघात: कांग्रेस”

“जनता की आवाज़ दबाने वाली सरकार को जवाब देगा देश। कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।”

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी, किसानों को डीएपी खाद की कमी, स्मार्ट मीटर व्यवस्था से आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ तथा धार्मिक आस्था से जुड़े कथित मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में भय और दमन का माहौल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, आम जनता स्मार्ट मीटर के नाम पर आर्थिक बोझ झेल रही है और धार्मिक आस्था से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुआ व्यवहार लोकतंत्र पर धब्बा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार हर विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटर व्यवस्था और किसानों की खाद समस्या को भी सरकार की विफलता बताया।


एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि प्रदेश का किसान डीएपी खाद के लिए परेशान है, युवा शिक्षा और रोजगार को लेकर चिंतित है तथा आम जनता बिजली के बढ़ते बिलों से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार की राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं, किसानों को पर्याप्त डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों और धार्मिक आस्था की रक्षा सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो पार्टी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और प्रदेश सरकार की होगी।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिलाउपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेत्री कुसुम तिवारी, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुसाफिर बिन्द, चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, दिनेश चंद्र पांडे, सुमन चौबे, उषा चतुर्वेदी, धर्मेंद्र कुमा, प्रकाश राय, शंभू कुशवाहा, शक्ति राम सिंह, अक्षयवर बीन्द, पारसनाथ उपाध्याय, कमलेश्वर शर्मा, ओमप्रकाश पांडे, राघवेंद्र चतुर्वेदी, जेपी पांडे, जावेद अहमद खान, गुड्डू कुमार, अब्दुल्ला मास्टर, अरुण मिश्रा, गुलबस यादव, संजय साहू, मुन्ना भाई, सफाउल्लाह अली, महेंद्र कुशवाहा, आलोक यादव, जावेद आलम, रईस अहमद, राहुल कुशवाहा, डॉक्टर समर सिंह कुशवाहा, शाहनवाज आलम, चंद्रहास यादव, विंध्याचल, अमित कुशवाहा, अमृतांश, दिन ताहिर अब्बासी सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

काँवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक, दिए अफसरों को निर्देश

गाजीपुर। आगामी सावन माह, काँवड़ यात्रा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0ॅ ईरज राजा की उपस्थिति में मंगलवार को पुलिस लाईन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ शान्ति समिति बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि  कम्बाईन्ड टीम की तरह सभी शिवालयों, कावरियों के आने जाने वाले रास्तो, घाटों  का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण कर ले एवं वहा पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर ले।

बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अराजक एवं असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध समय रहते प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, डंडा एवं अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सभी पुलिस वाहनों में लाउड हेलर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखने तथा उनके माध्यम से आमजन को शांति, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए निरंतर जागरूक करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर क्षेत्र भ्रमण करें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शहरी राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सहित सभी अपरजिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान, समस्त उपजिलाधिकारी समस्त क्षेत्राधिकारी, अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

जिला जेल में बंदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण


गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति (लखनऊ) के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार, जिला अपराध निरोधक कमेटी द्वारा मंगलवार को जिला कारागार में निःशुल्क त्वचा रोग (चर्मरोग) परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के विशेष सहयोग से आयोजित हुआ। शिविर में चिकित्सा महाविद्यालय और जेल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल 533 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गहन जांच के दौरान 58 बंदी त्वचा रोग से ग्रसित पाए गए। चिकित्सकों ने सभी प्रभावित बंदियों का लक्षण के आधार पर परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित कीं।

स्वास्थ्य जांच और त्वरित उपचार मिलने से बंदियों और जेल प्रशासन में खुशी और संतोष का माहौल रहा। इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश तथा फार्मासिस्ट विकास यादव एवं अदीप कुमार ने अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा और सुनील सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने जिला अपराध निरोधक कमेटी के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की और समिति के पदाधिकारियों को बधाई व धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव और डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारी कर्मचारियों को अमर्यादित करना छोड़ दें:दुर्गेश

गाजीपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक विकास भवन के सभाकक्ष में संपन्न मंगलवार को हुआ। बैठक में विकास भवन में आर0ओ0मशीन खराब है उसे ठीक कराए जाएं। कुछ अधिकारीगढ़ द्वारा कर्मियों को अपमानित किया जाना व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के द्विवार्षिक अधिवेशन/चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बातों पर विमर्श हुआ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने बैठक में बैठे सभी पदाधिकारियों से अपील किया कि आप सभी एकता के सूत्र में बंधे रहे। विश्वास दिलाया कि किसी भी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों के सम्मान के लिए अपमानित चिन्हित अधिकारियों के खिलाफ वरिष्ठ आधिकारी को अवगत कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ीं तो कार्यलय से लेकर रोड तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक संघर्ष समिति के चेयरमैन विवेक सिंह शम्मी ने बैठक मे उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया की किसी कर्मचारी को अपमानित करने का किसी को अधिकार नही है। बैठक के लाष्ट में कार्यकारणी सर्वसम्मति से निर्णय लिया की अक्टूबर2026 में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का अधिवेश/चुनाव होगा। बैठक में अरविंद कुमार सिंह, कंचन जायसवाल, केदार सोनकर, प्रेमप्रकाश सिंह, उमेश दुबे, संतोष सिंह,बबुआ यादव, रोशन लाल, जय प्रकाश बिंद,अखिलेश सिंह, गिरजा कुशवाहा, मनोज सिंह,विपिन सिंह, देवेंद्र मौर्या,अमृत चतुर्वेदी, अजित विजेता,सूर्यकांत पांडेय, अभय सिंह,रफीउल्लाह,अवधेश यादव उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव व संचालन ओंकार नाथ पांडेय व आलोक राय ने किया।

डीएम ने बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु/एम0ओ0यू0 क्रियान्वयन की बैठक सोमवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हई। बैठक में निम्नलिखित कार्यसूची पर चर्चा उपरान्त निर्णय लिया गया। बैठक में  बशिष्ट सिंह यादव, मे0 ब्राई प्लास्ट, मुगलानीचक, विद्युत बिल में रेगुलरटी सरचार्ज के सम्बन्ध में कमेटी बनाकर जॉच कराये जाने हेतु प्रबन्ध निदेशक, पूर्वाचल विद्युत वितरण मण्डल, वाराणसी को पत्र प्रेषित किये जाने का निर्देश दिया गया। बैठक में सीवर लाइन हेतु खोदे गये गड्ढ़ों के कारण खराब हुई सड़कों  को दुरूस्त किये जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि नगर पालिका परिषद् के अन्दर सड़कों एवं सी0सी0 रोडों के निर्माण हेतु मुख्य राजस्व अधिकारी को जॉच करने हेतु पत्र प्रेषित किया जाय। ए0के0 दुबे ने अनुरोध किया था कि मुगलानीचक में मेरा निजी भूखण्ड है, जिसमें औद्योगिक इकाई स्थापित किया जाना है, जिसके सम्बन्ध अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, गाजीपुर द्वारा बताया गया कि 80 प्रतिशत नाले का निर्माण हो चुका है। रमेश कुमार आर्य, नन्दगंज द्वारा औद्योगिक आस्थान नन्दगंज के परिसर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पुलिस चौकी/पुलिस भ्रमण की व्यवस्था किये जाने की मांग की गई थी।

 जिसके सम्बन्ध में स्ट्रीट लाइट लग गयी है। पुलिस चौकी हेतु प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्देश दिया गया। जय प्रकाश राय, मे0 रूरल पेपर कनवर्जन, राजकीय औद्योगिक आस्थान, नन्दगंज राजकीय औद्योगिक आस्थान, नन्दगंज, के लिए स्वतंत्र फीडर की स्थापना हुई है, परन्तु अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड तृतीय, सैदपुर, द्वारा आस्थान के बाहर की इकाईयों को भी कनेक्शन दिया गया है, जिससे जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि आस्थान के बाहर की इकाईयों का कनेक्शन हटाया जाय एवं बाहर की इकाईयों के लिए अलग फीडर हेतु कार्यवाही की जाय। राजेश प्रसाद, मे0 राजेश इण्टरप्राइजेज, जमलापुर, देहाती कैथवलिया द्वारा अनुरोध किया गया है कि वर्ष 2022-23 में वैभव कर रू0 6000 एवं लाईसेंस शुल्क रू0 15016.00 दिनांक 4.07.2023 को जमा किया गया था तदोपरान्त वर्ष 2023-24 में वैभव शुल्क रू0 6000.00 लाइसेंस शुल्क रू0 50020.00 दिनांक 15.07.2024 गलत लिया गया है। जबकि इकाई की लागत 2.00 करोड़ के अन्दर है।

जिसपर जिलाधिकारी द्वारा अपर मुख्य, जिला पंचायत को निर्देश दिया गया कि एक सप्ताह के अन्दर नया फीडिंग करके शुल्क को संशोधित करना सुनिश्चित करें। बैठक में उपस्थित विभिन्न इकाईयों द्वारा विद्युत बिल गलत आने की शिकायत की गई जिसपर जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया गया कि बिल से सम्बन्धित समस्याओं को जॉच कराकर सही करना सुनिश्चित करें। राजकीय औद्योगिक आस्थान में विद्युत से सम्बन्धित समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खण्ड, सैदपुर को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक सप्ताह आस्थान में बैठक करके उसकी कार्यवृत्त तैयार कर आगामी जिला उद्योग बन्धु की बैठक में प्रस्तुत करेंगे। अक्षय कुमार दुबे, निवासी-बड़ी बाग, लंका, गाजीपुर ने अपनी निजी भूमि में खाद्य प्रसंस्करण की इकाई स्थापित भूमि की नापी कराने का अनुरोध किया गया, जिसपर तहसीलदार सदर को नापी हेतु निर्देश दिया गया।

खेत बचाओ अभियान के तहत यूनियन बैंक में हुई बैठक

गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गहमर शाखा में मंगलवार को ‘‘खेत बचाओ अभियान-2026‘‘ के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर राजदेव कुमार, शाखा प्रबंधक गहमर, कुतुबपुर एवं पकड़ितर सहित बैंक के बीसी एवं सीएफएल स्टाफ उपस्थित रहे।

बैठक में अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को उपरोक्त योजनाओं का लाभ दिलाने, किसान क्रेडिट कार्ड बनाने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं बीसी को गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

समरीन ने लहराया सफलता का परचम, NEET -UG 2026 मे मिली कामयाबी

समरीन खातून ने लहराया सफलता का परचम
NEET -UG 2026 मे मिली कामयाबी

उसिया /गाजीपुर। क्षेत्र की होनहार छात्रा समरीन खातून ने NEET-UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समरीन ने 561 अंक (720 में से) प्राप्त किए हैं तथा ऑल इंडिया रैंक 29,189 हासिल की है।
समरीन ने अपनी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी अलीगढ़ में रहकर की। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।


समरीन की सफलता से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेंगी।
समरीन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
समरीन के पिता बदरे आलम खान जो छत्तीसगढ़ पुलिस मे अपनी सेवा दे रहे है वो बेटी की इस कामयाबी पर फुले नहीं समा रहे है.
उनके रिश्तेदार रियासुद्दीन खान ने कहा के बेटी की इस कामयाबी से और भी बच्चियों मे पढ़ने का हौसला और लगन बढेगा।
समरीन खातून की यह उपलब्धि उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

दस्तक अभियान तेज, T3 मॉडल से होगी संचारी रोगों पर प्रभावी रोकथाम

मुहम्मदाबाद में दस्तक अभियान तेज, T3 मॉडल से होगी संचारी रोगों पर प्रभावी रोकथाम

आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कर रहीं जागरूकता, बुखार व दस्त के मरीजों की पहचान कर उपलब्ध करा रहीं उपचार

गाजीपुर। जनपद में 1 जुलाई से संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के साथ अब स्वास्थ्य विभाग ने दस्तक अभियान भी तेज कर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद क्षेत्र में यह अभियान T3 मॉडल (टेस्ट, ट्रीट और ट्रैक) के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि मलेरिया, डेंगू, टीबी सहित अन्य संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

चिकित्सा अध्यक्ष डॉ आशीष राय ने बताया कि अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। साथ ही बुखार एवं अन्य लक्षणों से ग्रसित मरीजों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। चिन्हित मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवारों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। दस्त से पीड़ित बच्चों का उपचार सुनिश्चित करते हुए ओआरएस एवं जिंक का वितरण किया जा रहा है। साथ ही परिजनों को ओआरएस घोल तैयार करने की सही विधि भी बताई जा रही है। अभियान के दौरान एकत्रित सभी जानकारियों का अंकन ई-कवच पोर्टल पर आशा एवं एएनएम के माध्यम से किया जा रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद की चिकित्सकीय टीम भी नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करा रही है। सीएचसी मुहम्मदाबाद में टाइफाइड जांच,मलेरिया जांच,सीबीसी जांच,डेंगू जांच,बलगम जांच,सीबी-नाट (CBNAAT) जांच एक्स-रे सुविधा उपलब्ध है।

अधीक्षक ने बताया T3 मॉडल का महत्व

सीएचसी मुहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि T3 मॉडल (Test, Treat and Track) संचारी रोगों की रोकथाम की एक प्रभावी रणनीति है।

टेस्ट (Test): संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच कर संक्रमण की पुष्टि की जाती है।

ट्रीट (Treat): संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीज को तत्काल उचित दवा और उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

ट्रैक (Track): मरीज का फॉलोअप किया जाता है तथा उसके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी एवं जांच की जाती है।

बीपीएम संजीव कुमार ने बताया कि इस रणनीति से बीमारी की समय पर पहचान होती है, गलत दवाओं के उपयोग से बचाव होता है, संक्रमण की श्रृंखला टूटती है तथा संचारी रोगों को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ मरीजों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित कर रही हैं।

गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने को लेकर बैठक

गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने हेतु बैठक संपन्न

गाजीपुर। सम्पूर्ण भारतवर्ष में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से संचालित “गो सम्मान आवाहन अभियान” के अंतर्गत रविवार को बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी में श्री श्री 1008 भोला गिरी महाराज के सानिध्य में नागरिकों एवं संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए वृंदावन से पधारे गोपाल कृष्ण दास ने अभियान की आगामी रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में 27 अप्रैल को सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जा चुका है। द्वितीय चरण में 27 जुलाई को देशभर के जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन दिया जाएगा। इसके उपरांत तृतीय चरण में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के माध्यम से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान प्रदान किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक के अंत में भोला गिरी ने उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उपस्थित सभी लोगों ने गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री विजय मिश्र के प्रतिनिधि जेपी चौरसिया, ई. अखिलेश सिंह, डब्बू श्रीवास्तव, रवि राज गुप्ता, संदीप श्रीवास्तव (सभासद), पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, गुड्डू राय, नीरज जायसवाल, संत द्वारिका प्रसाद, व्यवसायी शम्भू गुप्ता, विजय कश्यप, मनिंद्र कुशवाहा, सरदार रणवीर सिंह, ओमकार वर्मा, दीपक वर्मा, हेमंत त्रिपाठी (महामंत्री, नगर भाजपा), राम निवास कुशवाहा, मोनू वर्मा, अभिषेक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संतजन उपस्थित रहे।

कावड़ यात्रा:-श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए किसी प्रकार की असुविधा:डीएम

गाजीपुर। 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्नान, जल भरने, आवागमन तथा ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने नगर पालिका को निर्देशित किया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने घाट एवं कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए घाट पर नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार नाविकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।


जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर झूलते हुए विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोलों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा का सामना न करना पड़े।


पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पालिका अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।