All posts by tiwarishivpratap

वृहद गोसंरक्षण केन्द्र का किया गया लोकार्पण

वृहद गोसंरक्षण केन्द्र, कुसेहरा, विकास खण्ड मरदह का किया गया लोकार्पण मंत्री पशुधन एवं दृग्ध विकास


गाजीपुर। वृहद गोसंरक्षण केन्द्र कुसेहरा, विकास खण्ड मरदह का लोकार्पण धर्मपाल सिंह मंत्री, पशुधन एवं दुग्ध विकास, उ०प्र० सरकार द्वारा पशुपालन निदेशालय, लखनऊ से वर्चुअल मोड में किया गया। इस अवसर पर वृहद गोसंरक्षण केन्द्र कुसेहरा में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में सीता सिंह, ब्लाक प्रमुख, मरदह, रमाकान्त यादव, ग्राम प्रधान, तिलाड़ी, डा० अरविन्द कुमार शाही, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सुवेदिता सिंह, खण्ड विकास अधिकारी, मरदह, रवि सिंह, सहायक अभियंता, कार्यदायी संस्था एवं अन्य लोगों द्वारा हवन एवं पूजन किया गया।

वृहद गोसंरक्षण केन्द्र का निर्माण पशुपालन विभाग, जनपद गाजीपुर द्वारा 1.612 करोड़ की लागत से 01.214 हेक्टेयर भूमि पर कराया गया है, जिसकी छमता 400 निराश्रित गोवंशों को संरक्षित करने की है। कार्यदायी संस्था उ०प्र० राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लि० द्वारा वृहद गोसंरक्षण केन्द्र में 100 गोवंशों की छमता के 04 शेड, भूसा गोदाम एवं कार्यालय आदि बनाया गया है। लोकार्पण के बाद वृहद गोसंरक्षण केन्द्र कुसेहरा, विकास खण्ड मरदह के संचालन का कार्य किसी संगठन/संस्था द्वारा किया जायेगा। चयनित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एम०ओ०यू० साइन करना होगा जिसके नियम एवं शर्तों के आधार पर तीन वर्षों तक गोसंरक्षण केन्द्र का संचालन संस्था द्वारा किया जाएगा तथा गोसंरक्षण केन्द्र में, संरक्षित गोवंशों के भरण पोषण हेतु शासन द्वारा निर्धारित धनराशि मासिक रूप से संस्था को उपलब्ध कराया जाएगा।

गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने हेतु सौंपा ज्ञापन

गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने हेतु जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा गया

गाजीपुर। सम्पूर्ण भारतवर्ष में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से संचालित “गो सम्मान आवाहन अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जनपद में विशाल जनजागरण कार्यक्रम एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी में “श्री राम जय राम जय जय राम” महामंत्र के संकीर्तन के साथ हुआ। संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नाम-संकीर्तन कर गौ माता के संरक्षण एवं राष्ट्र कल्याण की कामना की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में श्री राम जय राम जय जय राम महामंत्र का अखंड संकीर्तन प्रारंभ हुआ, जो निरंतर जारी रहेगा। इसके पश्चात पूज्य श्री श्री 1008 भोला गिरी महाराज, महामंडलेश्वर बलराम दास महाराज एवं गंगासागर महाराज के सानिध्य तथा संत-महात्माओं एवं गणमान्य नागरिकों के नेतृत्व में बूढ़े महादेव मंदिर से विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली मिश्र बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुँची, जहाँ से सभी प्रतिभागियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान प्रदान किए जाने की मांग की।

अभियान के संबंध में बताया गया कि प्रथम चरण में 27 अप्रैल को देश की सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जा चुका है। द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को देशभर के जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे गए। इसके उपरांत तृतीय चरण में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के माध्यम से पुनः ज्ञापन देकर गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने की मांग को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर भोला गिरी महाराज ने उपस्थित सभी संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, कृषि व्यवस्था एवं पर्यावरण संरक्षण का आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान से जुड़े। उपस्थित सभी लोगों ने गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के इस अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री विजय मिश्र के प्रतिनिधि जेपी चौरसिया, ई. अखिलेश सिंह, डब्बू श्रीवास्तव, रवि राज गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, शिवम उपाध्यक्ष, सचिन दुबे, डॉ गोपाल उपाध्यय गुड्डू राय, संत द्वारिका प्रसाद, शम्भू गुप्ता, विजय कश्यप, मनिंद्र कुशवाहा, सरदार रणवीर सिंह, ओमकार वर्मा, राम निवास कुशवाहा, विश्वजीत मौर्या सहित अनेक नागरिक, समाजसेवी एवं संतजन उपस्थित रहे।

प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, की मांग

गाजीपुर। सोमवार को समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष तौकीर खां की अगुवाई में जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के 38 भवनों को गिराये जाने के आदेश के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को रोकने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम से संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार ज्योति सिंह को सौंपा। जिलाध्यक्ष तौकीर खां ने इस ध्वस्तीकरण आदेश पर रोष व्यक्त करते हुए इसे छात्र नौजवानों पर कुठाराघात और तालीम पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हिटलरशाही के चलते पूरा मुल्क परेशान हैं। उसकी जुल्म ज्यादती बेइंतहा बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई बदले की भावना से की जा रही है। वह आजम खां डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापनकी लोकप्रियता से घबड़ाई हुई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों के चलते इन भवनों को गिराया जाना किसी भी दृष्टि से न्याय संगत नहीं ठहराया जा सकता। यदि कोई तकनीकी खामी है तो न्यायिक प्रक्रिया अपनाकर विधि सम्मत तरीके से उसे दूर किया जाना चाहिए ताकि शिक्षा और छात्रों का हित हो सके। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार हुकूमत में आयी है लगातार अपनी गलत नीतियों से छात्र हितों पर कुठाराघात कर रही है।


उन्होंने तत्काल ध्वस्तीकरण के आदेश को रद्द करने की मांग किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, आमिर अली,मदन यादव, अरूण कुमार श्रीवास्तव, शमशेर,टी के खां,सरफराज प्रधान, परवेज सभासद,अकबर अहमद, दिलशाद मिट्ठू,मेराज खां, सद्दाम,एजाज, डॉ समीर सिंह, अमित ठाकुर, फिरोज जमाल,सोनू खां, आरिफ खां आदि मौजूद थे।

युवा शक्ति और सत्य के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत: आंदोलित छात्रों के आगे जवाबदेह हुई सरकार

युवा शक्ति और सत्य के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत: NEET धांधली के खिलाफ आंदोलित छात्रों के आगे जवाबदेह हुई सरकार

गाजीपुर। NEET परीक्षा धांधली के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन में गाजीपुर के नौजवानों और छात्र साथियों ने जिस एकजुटता और मजबूती के साथ अपनी आवाज़ उठाई, आज उसी संघर्ष की बदौलत शासन-प्रशासन को जवाबदेह होना पड़ा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि जब युवा शक्ति पारदर्शी व्यवस्था के लिए एक स्वर में खड़ी होती है, तो व्यवस्था को सुधार की दिशा में कदम बढ़ाना ही पड़ता है।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उपाध्याय “कान्हा” ने इस ऐतिहासिक क्षण पर गाजीपुर के समस्त नौजवानों, प्रतियोगी छात्रों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
दीपक उपाध्याय “कान्हा” ने कहा कि “गाजीपुर की धरती हमेशा से न्याय और हक की लड़ाई की अगुआ रही है। हमारे युवा साथियों के अटूट संघर्ष की बदौलत ही आज सत्य की विजय हुई है। लेकिन हमारी मंजिल सिर्फ इस्तीफे तक सीमित नहीं है—हमारा लक्ष्य एक सुरक्षित, निष्पक्ष और पूरी तरह से ‘लीक-मुक्त’ शिक्षा व्यवस्था का निर्माण करना है, ताकि किसी मेधावी का हक न मरे।”

बीए और बीएससी की छात्राएं आवेदन के लिए महिला पीजी कॉलेज में करें संपर्क

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में शैक्षिक सत्र 2026-27 में स्नातक के साथ ही साथ परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया भी गतिमान है। महाविद्यालय में बी ए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। बी ए में प्रवेश की इच्छुक छात्राएं प्रवेश अपना ऑनलाइन प्रवेश आवेदन कर प्रतिदिन बी ए प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार से संपर्क कर अपना प्रवेश ले सकती हैं जबकि बीएससी की छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात बीएससी प्रवेश प्रभारी डॉ दिवाकर मिश्रा से संपर्क कर प्रवेश की कार्रवाई पूर्ण कर सकती हैं। बीए/ बीएससी में प्रवेश महाविद्यालय में सीटें रिक्त रहने तथा विश्वविद्यालय द्वारा समर्थ पोर्टल खुले रहने तक तक जारी रहेगी। महाविद्यालय द्वारा बीएससी में मूल सीटों के सापेक्ष अधिक आवेदन आने की फल स्वरुप सीट वृद्धि के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर को पत्र भी लिखा गया है।


पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा बीए /बीएससी कक्षाओं के परिणाम घोषित होने के पश्चात महाविद्यालय में एमए/ एमएससी की प्रवेश प्रक्रिया गतिमान हो गई है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी के अनुसार महाविद्यालय में एम ए हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास, शिक्षा शास्त्र एवं गृह विज्ञान तथा एमएससी वनस्पति विज्ञान में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 25 जुलाई से बढ़ाकर 2 अगस्त 2026 कर दी गई है। एम ए एवं एमएससी में प्रवेश काउंसलिंग 6 अगस्त को प्रस्तावित है । सभी इच्छुक एवं अर्ह छात्राएं अपना प्रवेश आवेदन सुनिश्चित करते हुए काउंसलिंग के लिए उपस्थित हो तथा अपने विषय के बारे में किसी भी जानकारी के लिए अपने विषय से संबंधित विभाग प्रभारी से संपर्क करें। महाविद्यालय की मुख्य शास्ता डॉ सारिका सिंह के अनुसार महाविद्यालय में प्रवेशित सभी छात्राओं की कक्षाएं प्रारंभ है। सभी नव प्रवेशी छात्राएं 31 जुलाई के पूर्व तक अपनी फीस जमा करते हुए अपना परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड बनवा लें तथा एक अगस्त से महाविद्यालय में अपने निर्धारित परिधान में ही आए।

127 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

अतिरिक्त प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सीएचसी मुहम्मदाबाद में 127 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

गाज़ीपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद में अतिरिक्त प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉ. नीरज कुमारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 127 गर्भवती महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, वजन, आवश्यक प्रयोगशाला जांच एवं भ्रूण के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, आयरन एवं कैल्शियम की दवाओं का सेवन, प्रसव पूर्व सावधानियां तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से परामर्श दिया गया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आशीष राय ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान प्रत्येक माह 9 तारीख को आयोजित किया जाता है। वहीं, अतिरिक्त प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह 1, 16 और 24 तारीख को भी विशेष पीएमएसएमए क्लीनिक संचालित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व (ANC) सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं एवं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (High-Risk Pregnancy) की समय रहते पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करना है, जिससे प्रसव के दौरान होने वाले जोखिमों को कम किया जा सके और मां एवं शिशु दोनों का जीवन सुरक्षित रखा जा सके।

बीपीएम संजीव कुमार ने बताया कि प्रत्येक गर्भवती महिला को गर्भकाल के दौरान कम से कम एक बार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दिवस पर अवश्य जांच करानी चाहिए। इसके अतिरिक्त उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए तीन अतिरिक्त एएनसी (ANC) जांच का भी प्रावधान किया गया है, जिससे उनकी नियमित निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाएं, ताकि सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

महिलाओं कि काउंसलिंग नीरा राय काउसलर तथा स्टाफ नर्स किरण लाल एवं डेजी द्वारा आवश्यक सेवाओं प्रदान की जाती है । सभी महिलाओं को फालोअप समुदाय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों उपकेन्द्रो पर स्थानिय एमएचसी पी स्टाफ नर्स, कम्युनिटी हेल्थ आफिसर (सी० एच० ओ०), ए० एन० एम० एवं आशा द्वारा निरंतर कि जाती है।

गाजीपुर: प्राचार्य ने शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की

गाजीपुर: प्राचार्य ने शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

गाजीपुर। जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के अंतर्गत 31 अगस्त 2026 तक निषेधाज्ञा लागू की गई है।

इसके तहत पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने, उत्तेजक नारेबाजी करने तथा अन्य ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में एक अपील जारी की है। अपील में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं प्राध्यापकों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, उत्तेजनात्मक नारेबाजी अथवा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में भाग न लें और न ही किसी अन्य को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।

प्राचार्य डॉ. पाण्डेय ने कहा कि यदि किसी की कोई मांग या समस्या है, तो उसका मांग-पत्र लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से जिला प्रशासन के संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करें।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं स्वीकार:डीएम

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में नगर निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में नगर पालिका एवं नगर पंचायतो में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, राइफल क्लब, में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा जिन कार्यों में विलंब पाया गया, उनके लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाए तथा आमजन को अनावश्यक असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता की निरंतर निगरानी रखी जाए। यदि किसी परियोजना में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में नगर क्षेत्र की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, यातायात सुगमता तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत, जल निगम, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जिलाधिकारी को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

सचिव ने किया किशोर गृह का निरीक्षण

गाजीपुर। उच्च न्यायालय, किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देश के अनुपालन में गुरुवार को राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का औचक निरीक्षण नीरज गोंड, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया। राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी  में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे, तथा आवासित किशोर उपस्थिति पंजिका गुरुवार के अनुसार किशोर उपस्थित पाये गये। राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) को निर्देशित किया गया कि मीनू के अनुसार भोजन, साफ-सफाई, कपडे़ तथा स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था करना सुनिश्चित करें, बच्चों से प्रतिदिन शारीरिक गति विधि कराने एवं शिक्षा के लिए निर्देशित किया गया। किसी भी बालक द्वारा किसी उत्पीड़न अथवा परेशानी का कोई उल्लेख नहीं किया गया है।

शिक्षा में सुधार और प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता:डीएम

शीर्षक निपुण संकल्प कार्यशाला का जलसा गार्डन में हुआ भव्य आयोजन
 जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शिक्षा में नैतिक मूल्यों, स्मार्ट क्लास के प्रभावी प्रयोग व नियमित मूल्यांकन पर दिया बल।


गाजीपुर। निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गुरुवार को जलसा गार्डन वबेड़ी में समग्र शिक्षा के तत्वावधान में निपुण संकल्प कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने मॉ संरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यशाला का शुभारम्भ किया। कार्यशाला में दो जनपदो में गाजीपुर व बलिया ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन दुर्गेश सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं मंचासीन अधिकारियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में प्रकाश सिंह ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जनपद में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे शैक्षणिक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उपस्थित शिक्षकों व अधिकारियों को कार्यशाला के उद्देश्यों से अवगत कराया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिगम स्तर की नियमित जांच हेतु प्रत्येक माह पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से श्मासिक टेस्टश् आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे प्रत्येक छात्र की अधिगम क्षमताओं व कमजोरियों का सही आकलन कर उसमें समयबद्ध सुधार किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों, शिक्षकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को चिन्हित कर जनपद स्तर पर सम्मानित व पुरस्कृत करने पर जोर दिया, ताकि अन्य विद्यालयों और बच्चों में भी प्रेरणा तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बने।


जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों में उच्च नैतिक मूल्यों, एथिक्स, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्वों का बीजारोपण करना है। शिक्षकों को शिक्षण के दौरान नैतिक शिक्षा और चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। तकनीक के प्रयोग पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लासेस का उपयोग केवल औपचारिकता बनकर न रहे, बल्कि आधुनिक डिजिटल माध्यमों, टीएलएम और ऑडियो-विजुअल कंटेंट का सटीक प्रयोग कर कठिन से कठिन विषयों को भी सहज और रोचक बनाकर पढ़ाया जाए। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता और रुचि भिन्न होती है, इसलिए शिक्षक बच्चों की व्यक्तिगत रुचि एवं कठिनाई वाले विषयों की पहचान करें और उसी के अनुसार उन्हें अतिरिक्त समय प्रदान कर लक्षित एवं विशेष मार्गदर्शन दें।


विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अपने संबोधन में निपुण लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राप्त करने के लिए उपस्थित सभी अधिकारियों व शिक्षकों को पूरी निष्ठा, समन्वय और ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी अभिषेक कुमार, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सर्वजीत यादव, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता, जनपद गाज़ीपुर एवं बलिया के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त एस.आर.जी., समस्त ए.आर.पी. उपस्थित रहे।