All posts by tiwarishivpratap

मांग पूरी करने के बजाय विश्वविद्यालय छात्रों को गुमराह कर रहा है:दीपक

गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा परीक्षा फार्म में लिए गए अतिरिक्त शुल्क(विलम्ब शुल्क ) छात्रों को वापस कराने को लेकर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में पीजी कॉलेज के छात्रसंघ भवन पर दसवें दिन शनिवार को भी आमरण अनशन जारी रहा। छात्र नेता दीपक उपाध्याय ने जौनपुर विश्वविद्यालय पर आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के बजाय उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। जौनपुर विश्वविद्यालय से विशाल सम्बद्ध महाविद्यालय होने से वो बेहतर शिक्षा नहीं दे पा रहा है। हर समय छात्रों को कभी रिजल्ट में गड़बड़ी तो कभी फीस वृद्धि के मामले को लेकर छात्रों को पठन -पाठन छोड़ कर धरना पर बैठनें को मजबूर होना पड़ रहा है। कहा कि गाजीपुर में विश्वविद्यालय न होने से छात्रों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की मांग पूर्ण करने के बजाय उन्हें गुमराह करने के लिए पत्र भेज मानसिक तनाव दे रहा है, जो छात्र कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे। छात्रनेता प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि आमरण अनशन के दौरान किसी भी छात्र कि तबियत बिगड़ती हैं तो हम सभी सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन व जिला प्रशासन की होगी। छात्रों ने मांग पूर्ण होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। आमरण अनशन पर बैठे छात्रों में दीपक उपाध्याय, प्रवीण विश्वकर्मा, प्रवीण पाण्डेय, दीपक कुमार, रविकांत यादव,विशाल पाण्डेय, राहुल कुमार अंकित यादव राजू पाण्डेय, विशाल यादव इत्यादि छात्र मौजूद थे

2598 मतों से विजयी हुए भाजपा प्रत्याशी शैलेश कुमार

गाज़ीपुर । जिला पंचायत सदस्य करंडा द्वितीय (आंशिक करंडा एवं आंशिक देवकली) के उपचुनाव के शुक्रवार को हुई मतगणना मे भाजपा उम्मीदवार शैलेश कुमार राम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के अरुण कुमार को मुकाबले मे 2598 मतों से पराजित कर दिया। शैलेश कुमार राम 7250 मत पाकर जहाँ विजयी रहे। वहीं सपा प्रत्याशी को कुल 4652 मतो से संतोष करना पड़ा है। बसपा समर्थित प्रत्याशी रविकुमार को 1262 व निर्दल प्रत्याशी सन्तोष कुमार को 109 मत मिले। कुल 13547 पड़े मतो मे वैध मत 13273 व 274 मत अवैध रहे। मतों की गिनती सुबह आठ बजे प्रारम्भ हुई। करंडा ब्लाक की मतगणना राममूरत महिला महाविद्यालय बड़सरा में हुई। जहाँ चार राउंड की मतगणना के लिये 14 टेबल बनाये गये थे। जबकि देवकली ब्लाक की मतगड़ना तीन राउंड में संपन्न हुई। सैदपुर विधायक अंकित भारती के विधायक बनने से रिक्त हुई सीट को भाजपा ने अपने पाले मे कर लिया है। जिला पंचायत सदस्य शैलेश कुमार राम चुनाव जीतने के बाद भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व मे जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद जिलाधिकारी आवास पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शैलेश कुमार राम को जीत का प्रमाण पत्र दिया।

खिलाड़ी के मदद को आगे आए पूर्व सांसद

गाजीपुर। गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट कॉलेज से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक बेहतरीन खिलाड़ी और करमपुर के मेघबरन सिंह स्टेडियम के पूर्व खिलाड़ी और मठियाँ निवासी अजय यादव को घुटने में चोट आ गई थी जिसके कारण वो एक साल से हॉकी नही खेल पा रहे हैं। इनके घुटने का सफल ऑपरेशन PGI चंडीगढ़ में हो चुका है। आगे के बेहतर इलाज के लिए पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह शुक्रवार को अजय यादव के पिता को एक लाख रुपये का चेक दिया। श्री सिंह ने कहा कि मेरे द्वारा भविष्य में भी इनको हर तरह की सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त मेघबरन सिंह स्टेडियम के पूर्व खिलाड़ी व ओलंपियन ललित उपाध्याय ने भी 50 हजार का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। ललित ने कहा कि हमारे द्वारा की गई यह मदद कोई व्यक्तिगत मदद न होकर देश के एक होनहार खिलाड़ी के लिए एक सहयोग है। उन्होंने कहा कि आशा करता हूँ की दोनों भाई अजय और अजीत जो बहुत ही बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी हैं, भविष्य में भारतीय टीम का हिस्सा बने और अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करें।

निर्माण कार्य में लापरवाही हुई तो होगी सख्त कार्यवाही:सीएम

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मण्डलायुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी के सभाकक्ष से वर्चुवल के माध्यम से विकास प्राथमिकता सम्बन्धित मण्डलीय समीक्षा बैठक ली। बैठक मे उन्होने निर्देश दिया कि सरकार द्वारा चलायी जा रही प्रत्येक योजनाओं का लाभ आमजन को प्राप्त हो इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराते हुए योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उपलव्ध करायें। जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की मानीटरिंग समय-समय पर करते हुए सभी विभागो की समीक्षा की जाये। वर्चुवल समीक्षा बैठक मे मुख्यमंत्री ने जनपद मे धनराशि रू 740.31 करोड़ की लागत 15 परियोजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय गाजीपुर, 200 बेड जिला चिकित्सालय (पुरूष), 100 बेड महिला चिकित्सालय सदर, नरियांव उर्फ उमरगंज एवं बार ग्रामीण पाईप पेयजल योजना, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज योजना फेज-1 एवं फेट-2, 16 नग कोर्ट रूम एवं लाईव्रेरी का निर्माण कार्य, ताजपुरकुर्रा में राजकीय आई टी आई का निर्माण, तहसील कासिमाबाद अन्तर्गत बहराईच में आई टी आई भवन का निर्माण, ग्राम गोड़उर में आई टी आई कालेज का निर्माण, अग्निशमन केन्द्र सिखड़ी मे आवासीय एवं अनावासीय भवनो के निर्माण, अग्निी शमन केन्द्र परसा का निर्माण, राजकीय महिला पी जी कालेज मे 200 बेड महिला छात्रावास एवं कॉन्फ्रेस हाल का निर्माण कार्य, सड़को का निमार्ण एवं चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण, ग्रामीण पेयजल योजना, हर घर जल फेज-2, आपरेशन कायाकल्प, दिव्यांग शौचालय निर्माण, साधन सहकारी समिति, स्कूल चलो अभियान एंव वितरित किये जाने वाले ड्रेस, जूते मोजे आदि, गोवंश आश्रय स्थल निर्माण एवं सहभागिता योजना, गोल्डेन कार्ड, कोविड-वैक्सिनेशन, चिकित्सको की उपब्धता, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर, टीकाकरण, पी0एम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, पी एम कुसुम योजना (सोलर पम्प स्थापना), स्वच्छ भारत मिशन, खराब ट्रांस्फार्मर का प्रतिस्थापन, विद्युत आपूर्ती, जन समस्याओ का निराकरण, जन सुनवाई, पी एम स्वनिधि योजना, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधान मंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी), मुख्य मंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, पेशन, स्मार्ट फोन/टैबलेट वितरण, पोषण अभियान, हर घर तिरंगा अभियान तथा अमृत सरोवर निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होने निर्देश दिया कि निर्माणाीधीन मेडिकल कालेज दिसम्बर 2022 पूरा कराने , कोविड-19 टीकारकण के तहत बूस्टर डोज से छूटे हुए व्यक्तियों का एक अभियान चलाते हुए टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होने आगामी 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह तथा 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होने समस्त कार्यदायी संस्थाओ को सख्त निर्देश दिया कि यदि निर्माण कार्य किसी भी स्तर की लापरवाही पायी जाती है तो सम्बन्धित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगीं। वर्चुअल समीक्षा बैठक एन आई सी सभागार में गुरुवार की शाम लाईव प्रसारण के माध्यम से किया गया। जिसमें जिलाधिकारी एम पी सिंह , पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी भू0रा0 , पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह, एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियो उपस्थित थे।

मतगणना के दौरान इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध

गाजीपुर। जिल मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सूचित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 के निर्देशानुसार रिक्त जिला पंचायत सदस्य के उप निर्वाचन, 2022 के अन्तर्गत मतगणना का कार्य 5 अगस्त को पूर्वाहन 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक करायी जायेगी। उक्त मतगणना कार्य को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विध्न और शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत कानून व शान्ति व्यवस्था बनाये जाने हेतु निम्न अधिकारियों को मतगणना स्थल पर तैनाती की जाती है। नामित अधिकारियों में सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, आवंटित विकास खण्ड करण्डा, आवंटित मतगणना स्थल राममूरत महिला महाविद्यालय बड़सरा एवं ओम प्रकाश, उप जिलाधिकारी सैदपुर, विकास खण्ड देवकली, मतगणना स्थल विकास खण्ड मुख्यालय/कार्यालय देवकली, उक्त अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है। कि अपने आवंटित मतगणना केन्द्र पर उपस्थित रहकर कानून व शान्ति व्यवस्था बनाये रखते हुए मतगणना कार्य को प्रारम्भ से लेकर समाप्ति तक स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विध्न और शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने में अपना योगदान प्रदान करना सुनिश्चित करें। साथ ही मतगणना स्थल पर निम्न निर्देशों का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। मतगणना कक्ष/मतगणना टेबल पर उम्मीद्वार या निर्वाचन अभिकर्ता या उसका मतगणना अभिकर्ता तीनो में से एक ही व्यक्ति एक समय में रह सकता है। मतगणना केन्द्र के प्रागंण में 200 मीटर के परिधि में केवल डयूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी वाहन को प्रवेश दिया जायेगा तथा उक्त सीमा के अन्तर्गत अन्य किसी प्रकार की आवागमन गतिविधियॉ प्रतिबन्धित रहेगी। किसी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना एजेन्ट नही बनाया जायेगा, मतगणना स्थल पर किसी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति अथवा उसके अंग रक्षक को शस्त्र के साथ प्रवेश नही करने दिया जायेगा। दण्ड प्रक्रिया संहिता के धारा 144 के अन्तर्गत जारी निषेधाज्ञा के अनुसार कोई भी विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नही निकालेगा। मतगणना स्थल पर मतगण्ना कार्मिको/उम्मीद्वारो/मतगणना एजेन्ट आदि को मोबाइल ले जाना अनुमन्य नही होगा।

अब हुई लाखों की संपत्ति कुर्क

गाजीपुर। गुरुवार को मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के जफरपुरा में स्थित मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी की लाखों की भू-सम्पत्ति को प्रशासन ने मुनादी के बीच कुर्क कर दिया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि माफियाओं और अपराधियों के ऊपर लगातार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर सम्पतियां कुर्क कराई जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को इस गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी द्वारा अवैध ढंग से अर्जित की गई की गई जफरपुरा में स्थित अंचल भू-सम्पत्ति को जिलाधिकारी के निर्देश पर धारा 14 (1) के अंतर्गत मुनादी के बीच कुर्क किया गया। उन्होंने बताया कि कुर्क सम्पत्ति की कीमत 50 लाख से अधिक है। कार्रवाई के दौरान मोहम्मदाबाद सी ओ,उपजिलाधिकारी हर्षिता तिवारी, कोतवाल अशोक कुमार मिश्रा, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या पुलिस फोर्स मौजूद रही।

निश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे छात्र

गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा परीक्षा फार्म में लिए गए अतिरिक्त शुल्क छात्रों को वापस कराने को लेकर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में पीजी कॉलेज के छात्रसंघ भवन पर आठवें दिन गुरुवार को भी छात्रनेता अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे रहे। आज धरना प्रदर्शन में छात्रों ने सिर पर काली पट्टी बांध कर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने एक स्वर में विश्वविद्यालय प्रशासन मुर्दाबाद व अतिरिक्त शुल्क वापस करो का नारा लगाया। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को 48घंटे का समय दिया गया था, छात्रों की मांग को पूर्ण करने को लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की सुध भी लेंना उचित नहीं समझा। आठ दिन से छात्र गांधीवादी तरीके से धरना प्रदर्शन पर बैठे थे लेकिन अब विवश होकर 5 अगस्त से छात्र अब मांग पूर्ण होने तक अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे। कहा कि यदि इस दौरान किसी भी छात्र की तबियत बिगड़ती हैं तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन, महाविद्यालय प्रशासन व जिला प्रशासन की होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के हित में फैसला लेने के बजाय अब उनपर जुल्म ढाह रहा है जो छात्र कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे। धरना स्थल पर नैतिक रूप से समर्थन देने आए इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता अभिषेक यादव व निवर्तमान जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने मांग को जायज ठहराया। छात्रों ने कहा कि अतिरिक्त शुल्क वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अनिश्चितकालीन धरना में शामिल छात्रों में छात्रसंघ महामंत्री प्रवीण विश्वकर्मा, पूर्व पुस्तकालय मंत्री मो0 परवेज, बृजेश सिंह, प्रवीण कुमार पांडेय, दीपक कुमार, विशाल दुबे, अभिषेक कुमार गौड, सूर्य प्रताप सिंह, ओम प्रकाश चौहान, राहुल कुमार, रघुराज सिंह, रौशन सिंह, पवन कुमार गोंड, अभिषेक यादव, रविकांत यादव रवि, मंजीत दूबे, सुशील गहलौत, मुलायम सिंह यादव, धनंजय यादव, संदीप यादव, राकेश यादव, चंद्रजीत यादव, हर्षित यादव, सूर्यप्रताप तिवारी सहित अन्य छात्र मौजूद थे।

छात्राओं ने सैनिकों को भेजी राखी


नन्दगंज। रेनबो मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने देश की सुरक्षा मे सीमा पर तैनात भारत माता के वीर सपूतों को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर भावनाओं से पुर्ण स्नेह समर्पित राखी भेजी। जिसमें विद्यालय के कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।छात्राओं ने इस अवसर पर बाजार निर्मित राखीयों के अलावा स्वनिर्मित राखियों को भी प्रेषित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने बताया कि देश की दुर्गम सीमाओं पर तैनात हमारे सैनिक भाइयों द्वारा दी जा रही राष्ट्र सेवा का कोई मोल नहीं है। अगर आज सुरक्षित हम अपने परिवार के साथ निश्चिंत है तो इसका सिधा श्रेय राष्ट्र रक्षा मे लगे सैनिक भाइयों को जाता है।इस भाई बहन के पावन पर्व पर हम बहनों द्वारा भेजी हुई राखी उनके मनोबल को और बढ़ाएगी।

13 अगस्त को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

गाजीपुर। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ से प्राप्त निर्देशानुसार 13 अगस्त को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय, वाह्य न्यायालय सैदपुर, मुहम्मदाबाद एवं ग्राम न्यायालय जखनियां के साथ-साथ अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों एवं विभागों में किया जाएगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कामायनी दूबे के द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व की भांति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित प्रकरण यथा उत्तराधिकार प्रमाण पत्र संबंधी, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई. एक्ट, स्टाम्प वाद/पंजीयन वाद, मोटर अधिनियम वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, वाट-माप प्रचलन अधिनियम वाद, कराधान प्रकरण, बिजली चोरी के वाद, सुलह समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवाद को परिपक्व कराकर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्व की तुलना में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण कर, आमजन को लाभान्वित करते हुए, राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। उक्त के अनुपालन मे 2.8.2022 को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर, नोडल अधिकारी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/स्पेशल जज (पाक्सो) कक्ष संख्या-1, गाजीपुर एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश के अनुपालन में एक आवश्यक बैठक जनपद न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में सायं 4ः30 बजे आयोजित की गयी। बैठक में 13 अगस्त को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु सुलह योग्य फौजदारी वाद, दीवानी वाद, भरण-पोषण वाद, चेक बाउन्स से सम्बन्धित धारा 138 एन0आई0एक्ट, ई-चालान, प्रकीण/सिविल/दाण्डिक अपील, धारा 258 सी0आर0पी0सी0 व अन्य उपयुक्त वाद/प्रकरण के मामले को अधिक से अधिक वादों को निस्तारण के लिए विस्तृत रूप से चर्चा की गई।

बाल स्वास्थ्य पोषण माह का हुआ शुभारंभ

9 माह से 5 वर्ष के उम्र के बच्चों को पिलाई जाएगी विटामिन ए की खुराक

गाजीपुर। बाल स्वास्थ्य पोषण माह में 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को विटामिन ए की खुराक से आच्छादित किया जाता है। और विटामिन ए की खुराक से बच्चों को कई रोगों से बचाया जा सकता है जिसको लेकर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पर ब्लाक प्रमुख अवधेश राय के प्रतिनिधि के द्वारा बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर शुरू किया गया। अभियान पूरे जनपद में एक माह तक चलाया जाएगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ उमेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में बाल स्वास्थ्य पोषण माह की पूरी तैयारी कर ली गई है। यह अभियान साल में दो बार चलाया जाता है। अभियान का पहला चरण जुलाई में चलाया जा रहा है। इसमें नौ माह से पाँच साल तक के बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए विटामिन ए से लाभान्वित किया जाएगा। टीकाकारण सत्रों, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) व शहरी स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (यूएचएसएनडी) सत्रों में नौ माह से पाँच वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित मात्रा में विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी।

अभियान के तहत नौ माह से पाँच वर्ष तक के करीब 4.11 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में विटामिन ए पर्याप्त मात्रा में भेज दी गई है। अभियान के अंतर्गत बच्चों का वजन लेना, एक घंटे के अंदर और छह माह तक सिर्फ स्तनपान, उसके बाद स्तनपान के साथ अनुपूरक अर्ध ठोसाहार, गर्भवती को आयोडीन युक्त की नमक के सेवन के प्रति जागरूक करना है। बच्चों के नियमित टीकाकरण पर भी ज़ोर दिया जाएगा। अभियान में कोविड-19 से बचाव एवं रोकथाम के नियमों का आवश्यक रूप से पालन कराया जाएगा ।

कार्यक्रम में शामिल ग्राम प्रधान कोठिया प्रिती राय द्वारा बताया गया कि हमे अपने बच्चों को पौष्टिक एवं विटामिन युक्त खाध्य पदार्थ ही दे। तथा उनके भोजन मे हरे पत्तेदार सब्जी, फलो एवं सलाद का सेवन कराऐ।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि उनके ब्लॉक में 36 उपकेंद्रों पर 91 ग्राम सभाओ मे माइक्रो प्लान के अनुसार क्षेत्रिय एएनएम के द्वारा आशा कार्यकर्ता एवं आगनबाडी कार्यकर्ता के सहयोग से सभी 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को उम्र के अनुसार डोज पिलाई जायेगी । यह खुराक बच्चों को रतौधी समेत कई अन्य बिमारियों से बचाता है। विटामिन ए वसा मे घुलनशील है जो शरीर मे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाती है,जो हमारे बच्चों के लिऐ अतिआवश्यक है।

विटामिन ए कमी से बच्चों मे नजर का कम होना, रूखी आंख , रूखी त्वचा और त्वचा से संबंधित अन्य समस्या भी आ सकती है। इसकी कमी से बचपन मे होने वाली दस्त और कुपोषण जैसी बीमारिया भी हो सकती है। जो जानलेवा साबित होती है।

कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार ने किया जिन्होंने बताया कि यह अभियान 3 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक वीएचएनडी सत्रो पर किया जायेगा। जिसमे एएनएम यासमीन, सीएचओ अजय कुमार ,अनुराधा कुशवाहा, प्रभुनाथ भारद्धाज जिला कार्यक्रम प्रबंधक एन एच एम, रामप्रवेश जिला एम एच कनसलटेंट, चाई के मणिशंकर यूएनडीपी से प्रवीण उपाध्याय क्षेत्रीय आगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रही।