गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद की सभी सात विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जाने हैं। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र में 23 सितंबर 2026 को जिला सेवायोजन कार्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला प्रातः 10 बजे से स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शुरू होगा।जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में देशभर की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनमें प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक वाराणसी, BIS सिक्योरिटी गार्ड, क्वैस कॉर्पोरेशन प्रा. लि., सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, MRF टायर्स, हिन्डाल्को रेनूकूट, नर्स केयर 24, खेतिहर ऑर्गेनिक, इन्नोवसोस सर्विसेज, डीएमसी प्रा. लि., विजन इंडिया प्रा. लि., रोहित हाईब्रिड सीड्स प्रा. लि., पीएनबी मेटलाइफ सहित 30 से अधिक कंपनियां एवं नियोजक शामिल होंगे। मेले में सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, ईवी तीन पहिया चालक, नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों से लेकर आठवीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित एवं कंस्ट्रक्शन वर्कर आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप इच्छुक कंपनियों में आवेदन करना होगा। इसके बाद 23 सितंबर को सुबह 10 बजे सभी आवश्यक मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं उनकी छायाप्रति के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होना होगा। नियोजकों की रिक्तियों एवं अन्य विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क किया जा सकता है।
All posts by tiwarishivpratap
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाए:डीएम
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित रायफल क्लब सभागार में जिला श्रम बंधु, जनपद स्तरीय बाल श्रम उन्मूलन समिति तथा बाल एवं बंधुआ श्रमिकों के रेस्क्यू, पुनर्वास एवं अनुश्रवण के लिए गठित जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में श्रमिक हितों, श्रम कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन, निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण तथा बाल श्रम उन्मूलन की प्रगति की समीक्षा की गई। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत जिले में अब तक 2,40,878 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। श्रमिकों के पंजीकरण एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए 117 विशेष शिविर लगाए गए तथा विभिन्न विकासखंडों में जनजागरूकता के लिए वाल पेंटिंग भी कराई गई। बैठक में डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र (लेबर अड्डा) के लिए 2000 वर्गफीट भूमि के चयन एवं चिह्नांकन पर भी चर्चा हुई। यहां श्रमिकों को पेयजल, शौचालय और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। जिलाधिकारी ने श्रम विभाग की मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों के आवेदन कराने के लिए खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यदायी संस्थाओं, विभागों और स्थानीय निकायों को अपने निर्माण कार्यों का अधिष्ठान पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने तथा नियमानुसार उपकर (सेस) समय से जमा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण स्थलों पर कार्यरत पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। बाल श्रम उन्मूलन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाल श्रमिकों के चिन्हांकन, रेस्क्यू, पुनर्वास और विद्यालयों में प्रवेश की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाएं। बैठक में श्रम संहिताओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि श्रम कानूनों को सरल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में समाहित किया गया है। जिलाधिकारी ने नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। बैठक में सभी खंड विकास अधिकारी, निर्माण कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागों के प्रतिनिधि, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एक किलो से चूका स्वर्ण, दिव्यांश राय ने जीता रजत पदक
एक किलो से चूका स्वर्ण, दिव्यांश राय ने जीता रजत पदक
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं प्रादेशीय भारोत्तोलन बालक-बालिका प्रतियोगिता में श्रीघुरभारी यादव इंटर कॉलेज के छात्र दिव्यांश राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 के 98 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया। दिव्यांश महज एक किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। दिव्यांश राय नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच प्रदीप राय के मार्गदर्शन में नियमित रूप से भारोत्तोलन का अभ्यास करते हैं। प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन को देखते हुए विद्यालय और खेल प्रेमियों में उत्साह है।

दिव्यांश ने बताया कि वह पिछले करीब आठ माह से कमर दर्द की समस्या से जूझ रहे थे। इसके बावजूद कोच प्रदीप राय ने धैर्य और सतर्क निगरानी के साथ उनका अभ्यास जारी रखा। उन्होंने कहा कि रजत पदक से संतुष्ट होने के साथ ही उनका लक्ष्य अब आगामी ओपन स्टेट चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है। प्रतियोगिता में जिस कमी के कारण स्वर्ण पदक से चूक गए, उसे दूर करने के लिए वह और मेहनत करेंगे। दिव्यांश की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्राहकों के भरोसे के 17 वर्ष पूरे, हमारा पम्प जखनिया ने मनाया स्थापना दिवस
ग्राहकों के भरोसे के 17 वर्ष पूरे, हमारा पम्प जखनिया ने मनाया स्थापना दिवस
जखनिया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम से संबद्ध हमारा पम्प, जखनिया ने अपने स्थापना एवं संचालन के 17 वर्ष पूरे कर लिए। वर्ष 2009 में शुरू हुआ यह सफर वर्ष 2026 में 17 वर्षों की सेवा, विश्वास और ग्राहक जुड़ाव के पड़ाव पर पहुंचा। इस अवसर पर पम्प प्रबंधन ने ग्राहकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पम्प प्रबंधन ने कहा कि 17 वर्षों के इस सफर में क्षेत्र के ग्राहकों का निरंतर विश्वास और सहयोग सबसे महत्वपूर्ण रहा है। ग्राहकों ने पम्प को केवल ईंधन उपलब्ध कराने वाले केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि भरोसेमंद सेवा केंद्र के रूप में स्वीकार किया। यही विश्वास संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी है। पम्प प्रबंधन आमिर अली के अनुसार, ग्राहकों को बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना हमेशा प्राथमिकता रही है। भविष्य में भी सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ग्राहकों को सम्मानजनक और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। इस अवसर पर पम्प परिवार ने वर्षों से जुड़े सभी ग्राहकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार जताया। प्रबंधन आमिर अली ने कहा कि 2009 से 2026 तक का यह सफर ग्राहकों के विश्वास, सहयोग और निरंतर साथ की पहचान है। “आपका भरोसा हमारी ताकत और आपका साथ हमारी पहचान है।”
26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य और सर्जिकल शिविर:अभिनव सिन्हा
गाजीपुर में 26 से 28 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर
विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ गंभीर मरीजों की होगी पहचान, 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक सर्जिकल शिविर
गाजीपुर। जनसेवा और जनकल्याण की भावना के तहत गाजीपुर में निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभिनव सिन्हा के सौजन्य से 26, 27 एवं 28 सितंबर को लंका मैदान में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। इसके साथ ही 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक गाजीपुर मेडिकल अस्पताल में निःशुल्क सर्जिकल शिविर का आयोजन किया जाएगा। अभिनव सिन्हा ने बताया कि शिविर में देश के ख्याति प्राप्त अस्पतालों के विशेषज्ञ एवं अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी एवं जोड़, सामान्य रोग, महिला रोग, बाल रोग, नेत्र, कान-नाक-गला, त्वचा, दंत, पेट एवं पाचन, किडनी एवं मूत्र रोग, श्वसन रोग तथा सर्जरी से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिविर में गंभीर अथवा सर्जरी योग्य मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे के उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। महिला, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों के अनुसार शिविर में आने वाले लोगों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। प्रवेश के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद निर्धारित काउंटर या विभाग में अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी होगी। मरीजों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्ची और उपचार से संबंधित दस्तावेज साथ लेकर आएं। नियमित रूप से चल रही दवाओं को डॉक्टर की सलाह के बिना बंद न करने की भी अपील की गई है। अभिनव सिन्हा ने कहा कि प्रयास है कि गाजीपुर के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों का मार्गदर्शन निःशुल्क पहुंचाया जा सके।
सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने काटा केक
सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल का हुआ स्वागत
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के तहत सैदपुर के नगर पंचायत कस्तूरबा गांधी प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित हुआ। दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस दौरान बच्चियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

वहीं, विकास भवन के ऑडिटोरियम सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर के दौरान राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत करीब 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी, बैसाखी एवं कमोड चेयर आदि शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

साबिर अली आईटीआई जखनिया में रही विश्वकर्मा पूजा की धूम
साबिर अली आईटीआई जखनिया में रही विश्वकर्मा पूजा की धूम
विधिवत पूजन-अर्चन कर विद्यार्थियों ने लिया आशीर्वाद
जखनिया (गाजीपुर)। साबिर अली नेशनल प्राइवेट आईटीआई जखनिया, गाजीपुर में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। संस्थान में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पूजन कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया।

पूजा समारोह में संस्थान के प्रिंसिपल अमरनाथ यादव, शिक्षक संदीप, सर्वानंद पाण्डेय, अशोक भारद्वाज सहित अन्य अध्यापकगण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की उन्नति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर संस्थान परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। विद्यार्थियों ने पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
महिला पीजी कॉलेज में जले 1000 आशीर्वाद के दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला पीजी कॉलेज में जले 1000 आशीर्वाद के दीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की छात्राओं ने की कामना
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में 1000 दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी, के संयोजन में ‘दीया-बाती’ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी एवं प्रज्ञा रेंजर की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाना सभी के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं, विशेषकर छात्राओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत ‘सेवा दिवस’, ‘नमो सेवा’ तथा ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों पर डीएम सख्त
500 से 3,500 रुपये तक वसूली के प्रकरण सामने आने पर एंटी करप्शन वाराणसी को भी दी गई सूचना
गाजीपुर। जन्म प्रमाण पत्र जारी कराने के नाम पर बिचौलियों द्वारा अवैध धनराशि वसूले जाने की शिकायतों को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर लोगों से 500 रुपये से लेकर 3,500 रुपये तक की धनराशि लिए जाने की शिकायत की गई है।जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद तथा उपजिलाधिकारी कासिमाबाद द्वारा मामले में जांच आख्या उपलब्ध कराई गई। जांच में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन्म प्रमाण पत्र समेत किसी भी शासकीय सेवा के नाम पर आमजन से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी प्रकार की अवैध धनराशि की वसूली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय सेवाएं निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी, एंटी करप्शन, वाराणसी को भी सूचित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों में बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। यदि किसी भी विभाग में शासकीय कार्य कराने के नाम पर अवैध धनराशि मांगने या वसूलने का मामला सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि किसी भी प्रमाण पत्र या शासकीय सेवा के लिए यदि कोई व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, जिससे शिकायत की जांच कर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
पीएम के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 317 लाभार्थियों को मिले 1035 सहायक उपकरण
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 317 लाभार्थियों को मिले 1035 सहायक उपकरण
गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा से देश सेवा’ के प्रथम दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को करीब 48 लाख रुपये की लागत के 1035 निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।

भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, कान की मशीन, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर, घुटने एवं कमर की बेल्ट सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण पत्र तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, समाजसेवी अभिनव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद और एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं ओडीओपी जूट वॉल हैंगिंग देकर स्वागत किया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 20 हजार रुपये के चेक एवं प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सशक्त भारत की पहचान है। केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। गाजीपुर में 317 लाभार्थियों को 48 लाख रुपये की लागत से 1035 सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं।

विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि सरकार ने दिव्यांगजनों को सम्मान देने के साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया है। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रथम दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। 317 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देकर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।

एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा ने बताया कि जनपद में पूर्व में चिन्हांकन शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया था। इसी क्रम में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर के तहत सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था के साथ वॉलंटियर्स भी तैनात किए गए थे। इस अवसर पर सीडीओ आलोक प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।