All posts by tiwarishivpratap

लखनऊ-काशी समेत कई कोर्ट को उड़ाने की धमकी, जिले में हुई कोर्ट की जांच

गाजीपुर। वाराणसी में एक सरकारी ईमेल के जरिए बनारस सहित प्रदेश के कई जनपदों के कोर्ट को बम से उड़ने की धमकी दिया गया। वाराणसी समेत कुल 18 कचहरियों में ब्लास्ट की धमकी में अयोध्या, मथुरा, प्रायगराज सहित कई शहर हैं। वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला जज को मिला है।

इस धमकी के बाद पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और उसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसी को लेकर गाजीपुर में भी कोर्ट सुरक्षा के लिए लगाई गई पुलिस के साथ ही अन्य पुलिसकर्मी के लोग शुक्रवार को कोर्ट की सुरक्षा को जांच करने के लिए कोर्ट पर पहुंचे और सभी लोगों ने गहनता से पूरे कोर्ट परिसर की जांच किया।

साथ ही आने-जाने वाले लोगों के साथ ही आए हुए वादकारियों के द्वारा अपने साथ ले गए सामानों की भी खोलकर गहनता से जांच किया। इसको लेकर क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि कोर्ट परिसर के नियमित जांच कराई जाती है। उसी क्रम में आज की भी जांच है लेकिन जिस हिसाब से आज वाराणसी कोर्ट सहित अन्य कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई अगर उसको देखा जाए तो आज की कोर्ट परिसर की जांच काफी आम हो गई है।

प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित

गाजीपुर। शुक्रवार को द्वितीय दिन भी राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में क्रीड़ा प्रतियोगिताएं जारी रही। 10 किलोमीटर दौड़ में स्नेहा यादव प्रथम, साधना यादव द्वितीय और खुशी सिंह तृतीय स्थान पर रही। 5000 मीटर दौड़ में राधा प्रथम, नेहा यादव द्वितीय, अंकिता पांडे तृतीय स्थान पर रही। लंबी कूद में नेहा यादव प्रथम, रिमझिम बिंद द्वितीय, आंचल कुमारी तृतीय स्थान पर रही।

ऊंची कूद में आफरीन बानो प्रथम, निधि पासवान द्वितीय, खुशी सिंह तृतीय स्थान पर रही जबकि 100 मीटर बाधा दौड़ में लक्ष्मी प्रथम, पुष्पांजलि द्वितीय एवं खुशबू तृतीय स्थान पर रही । 200 मीटर दौड़ में रागनी कुशवाहा प्रथम, सरस्वती द्वितीय पुष्पांजलि तृतीय स्थान पर रही। 800 मीटर दौड़ में अंकिता पांडे प्रथम, रिमझिम बिंद द्वितीय, रंजना यादव तृतीय जबकि 100 मीटर फाइनल दौड़ में रागनी कुशवाहा प्रथम, श्वेता कुमारी द्वितीय एवं हेमा कुमारी तृतीय स्थान पर रही।

4 रिले दौड़ में रिमझिम बिंद एवं साथी प्रथम स्थान, आंचल कुमारी एवं साथी द्वितीय तथा आफरीन बानो एवं साथी तृतीय स्थान पर रहे। तीन क्रीड़ा प्रतियोगिताओं; 100 मीटर 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान आने पर रागिनी कुशवाहा बीए तृतीय वर्ष एवं 1500 मीटर, 5000 मीटर एवं 10000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पर आने वाली राधा बीए द्वितीय वर्ष संयुक्त रूप से स्पर्धा 2026 के क्रीड़ा चैंपियन बनी।

विजेता छात्राओं को प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ शंभू शरण प्रसाद द्वारा मेडल, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डॉ इखलाख, डॉ पीयूष सिंह ने पुरस्कार वितरण में सहयोग किया। समापन सत्र एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का संचालन डॉ निरंजन कुमार यादव, मीडिया प्रबंधन एवं छायांकन डॉ शिवकुमार एवं आभार ज्ञापन डॉ शंभू शरण प्रसाद ने किया।

क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन में दौड़ प्रारंभकर्ता के रूप में डॉ मनीष सोनकर, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ हसीन अहमद जबकि दौड़ निर्णायक के रूप में डॉ शिल्पी राय, डॉ शशि कला जायसवाल, डॉ ओम शिवानी रहीं। इसी प्रकार कूद एवं प्रक्षेपण प्रतियोगिताओं का निर्णयन डॉ संगीता एवं डॉ सारिका सिंह द्वारा किया गया। प्रतियोगिता परिणाम का आलेखन डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ आनंद कुमार चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ राजेश कुमार यादव, डॉ शिखा सिंह आदि प्राध्यापकगण, कार्यालय अधीक्षक राधेश्याम कुशवाहा, अमन मौर्य, राहुल कुमार, जबीउल्ला कुरैशी, अंजनी, तेजू, राजू आदि कर्मचारी एवं खेल से जुड़ी उत्साही छात्राएं उपस्थिति रही।

बैंककर्मियों की हुंकार, सरकार को आर-पार की चेतावनी

मजदूर विरोधी चार लेबर कोड के खिलाफ गूंजा गाजीपुर – बैंककर्मियों की हुंकार, सरकार को आर-पार की चेतावनी
गाजीपुर। केंद्र सरकार द्वारा थोपे गए चारों लेबर कोड, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण और कॉरपोरेटपरस्त नीतियों के खिलाफ गुरुवार को देशव्यापी आम हड़ताल के तहत जिले में बैंककर्मियों का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। पीएनबी मुख्य शाखा, विशेश्वरगंज पर बड़ी संख्या में एकत्र होकर कर्मचारियों और अधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और स्पष्ट संदेश दिया कि श्रमिक अधिकारों पर कुठाराघात किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सत्येन्द्र गुप्ता, जिला संयोजक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस एवं जिला मंत्री, यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन, गाजीपुर इकाई ने कहा कि चारों लेबर कोड मजदूर वर्ग के अधिकारों पर सीधा युद्ध हैं। यह कानून नहीं, बल्कि दशकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान पर प्रहार हैं। 8 घंटे कार्यदिवस, नौकरी की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और ट्रेड यूनियन के अधिकारों को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि बैंककर्मी अपने अधिकारों की बलि नहीं चढ़ने देंगे और हर अन्याय का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र को कमजोर कर रही है और देश की आर्थिक रीढ़—सार्वजनिक बैंकों—को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। यह केवल कर्मचारियों का प्रश्न नहीं, बल्कि देश की आर्थिक संप्रभुता और आम जनता की गाढ़ी कमाई की सुरक्षा का मुद्दा है। यदि मजदूरों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया, तो आंदोलन और अधिक व्यापक, उग्र और निर्णायक रूप लेगा।
सत्येन्द्र गुप्ता ने स्पष्ट घोषणा किया कि “यह संघर्ष समझौते का नहीं, अधिकारों की पुनर्स्थापना का है। हम झुकेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं अधिकार लेकर रहेंगे!”
रामजी, जिलामंत्री बैंक ऑफ इंडिया ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को कमजोर करना देश की आत्मनिर्भरता पर सीधा हमला है। बैंककर्मी निजीकरण की हर कोशिश का सड़क से संसद तक विरोध करेंगे।
जितेन्द्र शर्मा, जिलामंत्री BEFI ने कहा कि लेबर कोड के माध्यम से 8 घंटे कार्यदिवस, ओवरटाइम अधिकार और सामूहिक सौदेबाजी की ताकत को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है, जिसे मजदूर वर्ग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।
कमलेश सिंह, जिलामंत्री पीएनबी ने कहा कि सरकार की नीतियां कॉरपोरेट मुनाफाखोरी को बढ़ावा देती हैं और कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ करती हैं। यह संघर्ष केवल वेतन का नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और अस्तित्व का है।
शुभम सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने मजदूर-विरोधी नीतियां वापस नहीं लीं तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और राष्ट्रव्यापी स्वरूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों की आवाज पूरे शहर में गूंज उठी —
“चार लेबर कोड वापस लो!”
“निजीकरण बंद करो!”
“मजदूर एकता जिंदाबाद!”
“कॉरपोरेटपरस्ती मुर्दाबाद!”
बैंककर्मियों ने एक स्वर में घोषणा की कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक श्रमिक अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती।

साबिर अली आई.टी.आई कॉलेज में हुआ कैम्पस सेलेक्शन

साबिर अली आई.टी.आई., जखनियां में हुआ कैम्पस सेलेक्शन

गाज़ीपुर। साबिर अली आई.टी.आई., जखनियां के तत्वावधान में (बृहस्पतिवार) को प्रातः 9:00 बजे से संस्थान परिसर में एक भव्य एवं सुनियोजित कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कैम्पस प्लेसमेंट में देश की प्रतिष्ठित एवं अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनी Mahindra & Mahindra Ltd. (एग्री-डेवलपमेंट सेंटर, महिंद्रा ट्रैक्टर प्लांट, जयपुर) के अधिकृत प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 45 प्रशिक्षुओं ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया, जिनमें से कंपनी के HR प्रियंका फौजदार द्वारा चयन मापदंडों के अनुसार 25 प्रशिक्षुओं का चयन विभिन्न अप्रेंटिस पदों हेतु किया गया।


संस्थान के प्राचार्य ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि इस प्रकार के कैम्पस प्लेसमेंट कार्यक्रम क्षेत्र के तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा। अंत में संस्थान परिवार ने कंपनी के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा चयनित प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता स्पर्धा 2026 का हुआ आयोजन, छात्राओं को किया गया पुरस्कृत

गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता स्पर्धा 2026 का समारोह पूर्वक उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ राकेश कुमार मिश्रा एसपी सिटी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि को 28वीं एनसीसी गर्ल्स बटालियन की कैडेट द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर्स से सम्मानित कर मंच तक पहुंचाया गया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ शंभू शरण प्रसाद ने मुख्य अतिथि डॉ राकेश कुमार मिश्रा एवं प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज को फहराया तथा महाविद्यालय की प्रज्ञा रेंजर्स, एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, क्रीड़ा एवं विभिन्न कुंजो की छात्राओं ने मार्च पास्ट करते हुए खेल ध्वज एवं मुख्य अतिथि को सलामी दिया।


मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने कहा की खेल में जीत से अधिक प्रतिभागिता का महत्व है। यह 48 वां वार्षिक क्रीड़ा समारोह स्पर्धा 2026 हम सबको एकता अनुशासन और भाईचारे का संदेश देता है। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन के लिए सबसे जरूरी स्वास्थ्य है और स्वास्थ्य का रास्ता खेल के माध्यम से बनता है। जीवन में सर्वांगीण विकास आवश्यक है, उसका खेल एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जीवन एक खेल है और खेल में जीतने से अधिक डटे रहने का महत्व होता है। खेल से भी जीवन में बहुत सारे अवसर उपलब्ध होते हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय में नवनिर्मित क्रिकेट नेट प्रैक्टिस स्थल का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि महोदय ने क्रीड़ा मशाल को प्रज्वलित कर उसे क्रीड़ा कप्तान राधा एवं साथियों को सौंपा। पूरे खेल मैदान का प्रज्वलित मशाल के साथ परिक्रमा कर क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की शपथ लेकर खेल का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता की 7 हिट राउंड राउंड आयोजित किए गए तथा मुख्य अतिथि द्वारा पूर्वांचल विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान पाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में विगत दिनों आयोजित बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, योग आदि प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


आज दिनांक 12 फरवरी को भाला प्रक्षेपण, चक्र प्रक्षेपण, लंबी कूद, 400 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़ और 5000 मीटर दौड़ भी आयोजित हुई जिसमें भाला प्रक्षेपण में रोमी परवीन प्रथम, श्रेया यादव द्वितीय तथा आंचल कुमारी तृतीय स्थान पर रही जबकि 400 मीटर दौड़ में रागनी कुशवाहा प्रथम, आंचल कुमारी द्वितीय तथा श्रेया यादव तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, डॉ सारिका सिंह, डॉ शशि कला, डॉ संगीता, डॉ शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ ओम शिवानी आदि प्राध्यापक, कार्यालय दीक्षित राधेश्याम कुशवाहा समेत समस्त महाविद्यालय परिवार, खेल प्रेमी छात्राएं उपस्थित रहीं। खेल उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर निरंजन कुमार यादव ने किया।

सोशल मीडिया का उपयोग विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में बुधवार को ‘सोशल मीडिया का उपयोग समाज के लिए वरदान या अभिशाप’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया तथा इसके पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क दिए। सोशल मीडिया के समर्थन में बोलने वाली छात्राओं ने सोशल मीडिया के बृहद उपयोग, इसकी आवश्यकता, सभी लोगों एवं सभी क्षेत्रों में इसकी स्वीकार्यता एवं जीवन के सरल, सुलभ एवं सहज होने, स्वास्थ्य, रोजगार , प्रशिक्षण आदि क्षेत्र में इसकी व्यापक प्रभाव के रूप में इसकी सराहना की गई।

जबकि विपक्ष में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण अपराध, अकेलापन में वृद्धि, सामाजिक संबंधों में कमी, सामाजिक क्रियाकलापों में लोगों की घटती रुचि, संवेदनशीलता में कमी, शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य में गिरावट एवं युवाओं की समय की बर्बादी, कन्फ्यूजन एवं तमाम विकृतियों को सोशल मीडिया से जोड़ा गया। निर्णायक मंडल के सदस्यों डॉ शिवकुमार, डॉ सारिका सिंह, एवं डॉ शिल्पी राय ने सभी छात्राओं के विचारों को सुनते हुए श्रेया मौर्य एम ए प्रथम वर्ष, विजयलक्ष्मी प्रजापति बीए द्वितीय वर्ष तथा काजल गुप्ता एम ए प्रथम वर्ष को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चुना। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वय डॉ राजेश कुमार यादव तथा आभार ज्ञापन डॉ हरेंद्र यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ हसीनखान, डॉ निरंजन कुमार यादव, डॉ आनंद कुमार चौधरी आदि प्राध्यापक एवं एवं महाविद्यालय की सुधी छात्राएं उपस्थित रही।

पं० दीनदयाल उपाध्याय का विचार आज भी प्रासंगिक:प्रो. राघवेंद्र

पं० दीनदयाल उपाध्याय जी का विचार आज भी प्रासंगिक

गाजीपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गाजीपुर के तत्वाधान में बुधवार को पीजी कॉलेज गोराबाजार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि मनाई गई। कार्यक्रम के अध्यक्षता संस्थापक सदस्य एवं पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ० लहजू सिंह कुशवाहा ने किया तथा संचालन जिला अध्यक्ष डॉ० राजेश सिंह सूर्यवंशी ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पी० जी० कॉलेज गाजीपुर के प्राचार्य एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गाजीपुर के तीनो संवर्ग के प्रभारी डॉक्टर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने एकात्म मानवतावाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवनी पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि पं० दीनदयाल जी के अन्तोदय का विचार अर्थात समाज के अंतिम पैदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना एवं हर हाथ को कम एवं हर खेत को पानी का विचार आज भी प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में रामाशीष शर्मा, हिमांशु, चंद्रकांत तिवारी, चंद्रदीप, अरुण राय, विपिन सिंह, राम नक्षत्र, आयुष, अवधेश सिंह, शैलेन्द्र, इंदु शेखर, सुशील पाण्डेय, प्रफुल्ल, रमा, डा० शैलेन्द्र सिंह, प्रो. रवि शंकर सिंह, डा० अरविन्द उपाध्याय सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

सीडीओ ने अधिकारियों संग की बैठक, दिए निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु/एम०ओ०यू० कियान्वयन की बैठक राइफल क्लब में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में बुधवार को सम्पन्न हई। जिसमें निम्नलिखित कार्यावली पर चर्चा उपरान्त निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान जनपद के उद्यमियों/निवेशकों को निवेश मित्र अन्तर्गत अनुमतियां, अनापत्तियां, पंजीयन, लाइसेन्स आदि निर्गत किये जाने के सम्बन्ध में एकल मेज व्यवस्था के अन्तर्गत सर्वनिष्ठ आवेदन (कॉमन अप्लीकेशन) पर ऑनलाइन किये जाने हेतु अनुदेश दिया जाता है। माह फरवरी, 2026 में लम्बित प्रकरणों के निस्तारणोपरान्त निवेष मित्र वेबसाइट पर समय-सीमा के अन्तर्गत विभागवार निम्नलिखित प्रकरण पोर्टल पर लम्बित है। विभाग स्तर पर लम्बित प्रकरण को विस्तार पूर्वक चर्चा किया गया। जिसमें श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एम0एस0एम0ई0 विभाग, कृषि विभाग, रजिस्ट्रार फर्म सोसइटीज, एण्ड चिटस, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग एवं यूपीपीसीएल की प्रगति खराब पायी गयी जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया।


  अध्यक्ष/मुख्य विकास अधिकारी द्वारा समस्त सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया कि समय-सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण निस्तारित करना सुनिश्चत करे। समय-सीमा के पश्चात कृषि विभाग में 01 प्रकरण लम्बित था, जिसपर जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया गया कि दो दिन के अन्दर प्रकरण निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, मे0 ब्राई प्लास्ट, मुगलानीचक द्वारा अनुरोध किया गया कि न्यायालय द्वारा 29.11.2017 को पारित आदेश हमारे विद्युत कनेक्शन खाता संख्या-9407714684 से सम्बन्धित वर्तमान में रू0 1,93,775.00 की गलत बिल बकाया दर्शाया गया है एवं अधिशासी अभियंता द्वारा मेरे विद्युत बिल में रेगुलरटी सरचार्ज लिया जा रहा है, जिससे अभी तक बिल जमा नही किया गया। अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि सरचार्ज नियम के अन्तर्गत है, जिसमंे छूट नही दिया जा सकता है। अध्यक्ष/मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सचिव/उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया गया कि इस प्रकरण को अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मण्डल, गाजीपुर को निस्तारण हेतु प्रेर्षित किया जाय। विगत बैठक में व्यापारियों द्वारा अवगत कराया गया था कि सीवर लाइन हेतु खोद गये गड्ढ़ों को तत्काल भरवाकर सड़कों को दुरूस्त कराया जाय, जिसपर अधिषासी अभियंता, जल निगम(षहरी) द्वारा अवगत कराया गया कि नगर पालिका परिषद्, गाजीपुर में सीवरेज योजनान्तर्गत सीवर हाउस कनेक्शन एवं चेम्बर तथा सड़क पुनर्स्थापना का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। लालदरवाजा (गोइजीतर) लगभग 30 मीटर सड़क पुनर्स्थापना का कार्य अवशेष है, जिसे एक सप्ताह के अन्दर पूर्ण करा दिया जायेगा। वर्तमान समय में सड़क को मोटरेबल करा दिया गया है। आवागमन सुचारू रूप से हो रहा है।

गाजीपुर की मेधा का ‘अभिमन्यु’ की तरह वध कर रहा है यह बजट: दीपक उपाध्याय

गाजीपुर की मेधा का ‘अभिमन्यु’ की तरह वध कर रहा है यह बजट: दीपक उपाध्याय

गाजीपुर। प्रदेश सरकार के बजट को जनपद के शैक्षिक स्वाभिमान पर सीधा प्रहार बताते हुए पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने सरकार की नीयत पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि जो गाजीपुर ‘केन्द्रीय प्रगति सूचकांक रिपोर्ट’ में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के मामले में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है और जहाँ 350 से अधिक महाविद्यालयों का विशाल तंत्र खड़ा है, उसे विश्वविद्यालय विहीन रखना सरकार के ‘सौतेले व्यवहार’ का प्रमाण है।
दीपक उपाध्याय ने आक्रोश जताते हुए कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि गाजीपुर की प्रतिभा के साथ किया गया विश्वासघात है। कम योग्यता वाले जनपदों को विश्वविद्यालय की सौगात देना और शिक्षा के इस ‘पावरहाउस’ को दरकिनार करना यह सिद्ध करता है कि सरकार को छात्र हितों से कोई सरोकार नहीं है। यहाँ के हजारों छात्र आज भी अपनी डिग्री और बुनियादी हक के लिए दूसरे जिलों की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गाजीपुर की धरती ने हमेशा नेतृत्व पैदा किया है; यदि हमारे शैक्षिक अधिकारों का दमन बंद नहीं हुआ और जनपद को ‘राज्य विश्वविद्यालय’ की नहीं मिलता है, तो छात्र शक्ति इस अन्याय के विरुद्ध निर्णायक क्रांति का शंखनाद करेगी।
दीपक उपाध्याय पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष,
स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर।

पं दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय राजनीति का मूल मंत्र:राकेश त्रिवेदी

गाजीपुर। पं दीनदयाल उपाध्याय के 58 वीं पुण्यतिथि अवसर को भाजपा ने बूथ स्तर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर समर्पण दिवस के रूप में मनाया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित कर उनके व्यक्तित्व कृतित्व पर विस्तार से विचार वर्णन किया गया। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद भारतीय राजनीति का मूल मंत्र है जिस पर आधारित राजनीति लोक कल्याण, राष्ट्र निर्माण व देश के सम्मान स्वाभिमान का मार्ग प्रशस्त करता है।  ओमप्रकाश राय ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे एक महान चिंतक, संगठनकर्ता और समाजद्रष्टा थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों को आधार बनाकर “एकात्म मानववाद” का सिद्धांत प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी का मानना था कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति तभी संभव है जब समाज के सबसे अंतिम और कमजोर व्यक्ति का उत्थान ही सच्ची प्रगति है। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं उन्होंने कहा कि 2014 में स्थापित सरकार द्वारा देश के ढांचागत सुधार में लगातार वृद्धि हो रही है।

एकात्म मानववाद के सिद्धांतों से भारत की आर्थिक मजबूती के साथ सम्मान बढे यह भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और समर्पण का अद्भुत उदाहरण था। अत्यंत साधारण परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करते हुए भी उन्होंने उच्च आदर्शों को कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का साधन माना। आज का यह दिन केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी समय है। इसके पूर्व मिश्रबाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदमकद प्रतिमा पर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय के नेतृत्व में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, सरिता अग्रवाल, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, रामनरेश कुशवाहा, अवधेस राजभर, दयाशंकर पांडेय, अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,श्याम राज तिवारी, सीता सिंह, लालसा भारद्वाज, साधना राय,सरोज भारती, राजेश राजभर, अनिल राजभर शैलेश राम राम राज बनवासी मनोज सिंह पप्पू चौबे किरण सिंह अभिनव सिंह छोटू सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।