All posts by tiwarishivpratap

मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यालयों में रोज होंगी विशेष गतिविधियां

मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यालयों में रोज होंगी विशेष गतिविधियां, बालिकाओं को मिलेगा सुरक्षा और स्वावलंबन का पाठ

11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, बैंकिंग से लेकर साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा का दिया जाएगा प्रशिक्षण

गाजीपुर। जनपद में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रतिदिन विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शारदीय नवरात्र के अवसर पर 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान की विस्तृत कार्ययोजना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी कर दी है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जारी कार्ययोजना के तहत बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय साक्षरता और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

तिथिवार आयोजित होंगी गतिविधियां

कार्ययोजना के अनुसार 11 अक्टूबर को विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न सहायता नंबरों के पोस्टर प्रदर्शित कर बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। 12 अक्टूबर को बाल अधिकारों पर नुक्कड़ नाटक और स्लोगनयुक्त तख्तियों के साथ जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी।

13 अक्टूबर को बालिकाओं को विद्यालय, ब्लॉक, तहसील, जिला एवं मंडल स्तर पर प्रमुख पदों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। 14 अक्टूबर को मदर मेला, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, सेनेटरी पैड के सुरक्षित इस्तेमाल एवं निस्तारण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

15 अक्टूबर को बालिकाओं को नजदीकी बैंकों का भ्रमण कराकर वित्तीय साक्षरता और बैंक खाता संचालन की जानकारी दी जाएगी। 16 अक्टूबर को आत्मसम्मान प्रशिक्षण के साथ सरकारी अस्पतालों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां बालिकाएं ओपीडी पर्चा बनवाने, चिकित्सकीय परामर्श लेने और जांच प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करेंगी।

17 अक्टूबर को महिला अधिकारियों और विशिष्ट महिलाओं के साथ संवाद, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, खेलकूद, गाइड एवं एनसीसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 18 अक्टूबर को पुलिस थानों का भ्रमण कर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, गिरफ्तारी संबंधी नियमों और डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा के बारे में बताया जाएगा। इस दिन बच्चे ‘बाल अखबार’ भी तैयार करेंगे।

अभियान के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को लैंगिक रूढ़ियों, विधिक साक्षरता, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह की रोकथाम और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

सीएम डैशबोर्ड से होगी निगरानी

अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डेन को प्रतिदिन दोपहर एक बजे तक गूगल फॉर्म पर गतिविधियों की संक्षिप्त रिपोर्ट दर्ज करनी होगी। साथ ही फोटो और वीडियो विभागीय ईमेल missionshaktishiksha@gmail.com पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) को ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समन्वय, निगरानी और दस्तावेजीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालय विकास अनुदान से सभी विद्यालयों में मिशन शक्ति के मानक बैनर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य जनपद की प्रत्येक बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उसे जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

स्वच्छता का संदेश लेकर गांव में उतरे ईको क्लब के नन्हे प्रहरी

स्वच्छता का संदेश लेकर गांव में उतरे ईको क्लब के नन्हे प्रहरी

बीकापुर के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता, जैविक कचरा निस्तारण और खाद गड्ढे के फायदे बताए

गाजीपुर। मिशन लाइफ के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर, सदर गाजीपुर के ईको क्लब की ओर से “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। हरित शिक्षिका माधुरी यादव, सहयोगी संध्या श्रीवास्तव एवं प्रधानाध्यापक अजय कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नन्हे प्रहरियों ने जैविक कचरे के उचित निस्तारण तथा खाद गड्ढे के उपयोग और उसके लाभों की जानकारी भी दी। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से कचरे का उचित प्रबंधन करने और अपने परिवेश को स्वच्छ रखने की अपील की। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मिन्हाज आलम उपस्थित रहे। अभियान के संबंध में जानकारी गुणवत्ता समन्वयक शिवम कुमार श्रीवास्तव ने दी।

मणिपुर के कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का धरना-प्रदर्शन, पुतला फूंका

मणिपुर के कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का धरना-प्रदर्शन, पुतला फूंका
गाजीपुर। मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो अंगोमचा बिमोल अकोइजम द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार व अपमान से आक्रोशित भाजपा महिला मोर्चा ने जिलाध्यक्ष साधना राय की अध्यक्षता में सरयू पांडेय पार्क में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत रहीं।इस अवसर पर डॉ. संगीता बलवंत ने महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा को सर्वोपरि बताते हुए अपमानजनक कृत्यों व टिप्पणियों के प्रति कड़ा विरोध जताया।और कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ से आगे महिलाओ के अधिकार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम किया है।


उन्होंने कहा कि हमारे देवी देवताओं की उपेक्षा और अपमान करने वाले लोग अब वोट की राजनीति के लिए देवताओं को स्वीकार करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भारत माता और मातृशक्ति के लिए भारतीय जनता पार्टी काम करती है हम नारियों को कांग्रेस को उसकी औकात दिखाने का समय आ गया है। महिला मोर्चा की प्रभारी प्रियंका दूबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया और कहा कि सुरक्षा शिक्षा और स्वावलंबन के साथ महिलाओं को अधिकार दिलाने का काम मोदी और योगी सरकार ने किया है।


कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भाजपा की सदस्यता दिलाई। धरना-प्रदर्शन के उपरांत महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सरयू पांडेय पार्क से कांग्रेस सांसद का पुतला लेकर जुलूस निकाला। जुलूस सांसद तिराहे पर पहुंचा, जहां महिलाओं ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।


कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष साधना राय ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन किरन सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मरदह ब्लॉक प्रशासक सीता सिंह, शीला सोनकर, सरोज मिश्रा, रंजू विश्वकर्मा, मीरा श्रीवास्तव, माया सिंह, सरोज भारती, रम्भा राय,मीनू कुशवाहा,नीलम सिंह, सुमन बिंद, नीलिमा गांधी एवं गोदावरी राजभर सहित भाजपा महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी की तैयारी शुरू, डीएम की मौजूदगी में खोला गया वेयरहाउस

ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी की तैयारी शुरू, डीएम की मौजूदगी में खोला गया वेयरहाउस

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के तहत हुई कार्रवाई

गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय गाजीपुर में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के प्रयोजन से वेयरहाउस खोला गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

वेयरहाउस खोले जाने के समय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, इंडियन नेशनल कांग्रेस के सदस्य आलोक यादव, बहुजन समाज पार्टी के महासचिव आदित्य नारायण सिंह कुशवाहा, समाजवादी पार्टी के जिला सचिव राजेश यादव एवं जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन तथा आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद शामिल रहे।

ईवीएम के भंडारण एवं सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल में उल्लिखित है। यह मैनुअल भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm/vvpat पर उपलब्ध है।

हरिशंकरी रामलीला में दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने का हुआ मंचन

हरिशंकरी रामलीला में दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने का हुआ भावपूर्ण मंचन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में शनिवार की शाम हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर रामलीला के पांचवें दिन राजा दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। राजा भैया आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से प्रसंग को इस तरह प्रस्तुत किया कि दर्शक भावुक हो उठे। लीला से पूर्व कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी सहित पदाधिकारियों ने आरती-पूजन किया।

लीला के प्रसंग में दिखाया गया कि जब महारानी कैकेयी को पता चलता है कि राजा दशरथ अपने ज्येष्ठ पुत्र श्रीराम को अयोध्या का राजपाट सौंपने जा रहे हैं, तो दासी मंथरा उन्हें देवासुर संग्राम के दौरान राजा दशरथ द्वारा दिए गए दो वरदानों की याद दिलाती है। मंथरा कैकेयी को समझाती है कि अब समय आ गया है कि वह अपने दोनों वरदान मांग लें। उसकी बातों में आकर कैकेयी कोपभवन में चली जाती हैं और राजसी वस्त्र-आभूषण त्यागकर जमीन पर लेट जाती हैं।

महारानी कैकेयी के कोपभवन में जाने की सूचना पर राजा दशरथ उन्हें मनाने पहुंचते हैं। कैकेयी पुराने वचन की याद दिलाते हुए दो वरदान मांगती हैं। पहला वरदान भरत को अयोध्या का राजा बनाने और दूसरा श्रीराम को तपस्वी के वेश में 14 वर्ष का वनवास देने का होता है। यह सुनते ही राजा दशरथ स्तब्ध रह जाते हैं। वह कैकेयी से दूसरा वरदान बदलने की विनती करते हैं, लेकिन कैकेयी अपने निर्णय पर अडिग रहती हैं। पुत्र वियोग की कल्पना से व्याकुल राजा दशरथ राम-राम कहते हुए मूर्छित हो जाते हैं।

इसके बाद गुरु वशिष्ठ और श्रीराम को राजा दशरथ की स्थिति की जानकारी मिलती है। श्रीराम पिता के पास पहुंचकर उनसे कारण पूछते हैं। कैकेयी उन्हें दोनों वरदानों के बारे में बताती हैं। श्रीराम पिता के वचन की मर्यादा बनाए रखने के लिए सहर्ष वनवास स्वीकार कर लेते हैं। वह माता कौशल्या से आज्ञा लेने पहुंचते हैं। श्रीराम के वन जाने की बात सुनकर माता सीता और भाई लक्ष्मण भी उनके साथ जाने का निर्णय लेते हैं। इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण तपस्वी वेश धारण कर राजा दशरथ और माता कैकेयी से विदाई लेने पहुंचते हैं। इस मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राम वनगमन के प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से लीला स्थल को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. गोपाल जी पांडेय, कृष्ण मुरारी केडिया, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उपमंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उपप्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबूरोहित अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता, अजय पाठक, राजेश प्रसाद, कृष्णांश त्रिवेदी, बाल गोविंद त्रिवेदी, राजकुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

दिल्ली जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हिरासत में लिया

दिल्ली जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, हिरासत में लिया

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे कार्यकर्ता, पुलिस कार्रवाई पर जताया विरोध

गाजीपुर। दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली जा रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शनिवार को गाजीपुर में पुलिस ने रोक लिया। यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ महामंत्री सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। आरोप है कि सिंचाई विभाग चौराहे के पास पुलिस ने उनकी गाड़ी रोककर सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई।

इस दौरान सुधांशु तिवारी के साथ अंशू पांडेय, प्रवीण दुबे, शशांक उपाध्याय, प्रकाश राय, ताम्रध्वज कुमार और चंद्रहंस यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुलिस की कार्रवाई पर यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाकर अपनी बात रखना और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना उनका संवैधानिक अधिकार है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकना और हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और अन्य मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।

नोट: पुलिस की कार्रवाई और हिरासत को लेकर संबंधित अधिकारियों का पक्ष इस समाचार में शामिल नहीं है।

तनाव को अवसर बनाएं, मन के घाव छिपाएं नहीं : डॉ. प्रदीप यादव

तनाव को अवसर बनाएं, मन के घाव छिपाएं नहीं : डॉ. प्रदीप यादव

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर और चार्ट प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

गाजीपुर। जीवन में तनाव हर जगह है, लेकिन तनाव को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर के रूप में देखना चाहिए। सफलता और असफलता जीवन के क्षण मात्र हैं। इसलिए दोनों को अपने ऊपर हावी न होने दें। प्रत्येक परिस्थिति के लिए स्वयं को तैयार रखें और अपनी तुलना किसी दूसरे से करने के बजाय अपनी क्षमताओं एवं मनोभावों को समझें। यदि किसी मानसिक परेशानी का समाधान स्वयं नहीं कर पा रहे हैं, तो विशेषज्ञ की सहायता लेने में संकोच न करें। तन के घाव दिखाई देते हैं, लेकिन मन के घाव नहीं। इसलिए मानसिक पीड़ा को छिपाने के बजाय किसी करीबी से साझा अवश्य करें।

उक्त बातें मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर के मनोचिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, तनाव प्रबंधन और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम से पूर्व डॉ. प्रदीप यादव ने छात्राओं द्वारा बनाए गए चार्ट एवं पोस्टरों का अवलोकन किया और उनसे संवाद कर उनके रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। इस दौरान संजना पांडेय, आनंदी गुप्ता, संस्कृति उपाध्याय और गुनगुन जायसवाल सहित अन्य छात्राओं ने पैनिक अटैक से निपटने, गुस्से पर नियंत्रण, नशामुक्ति के उपाय, मनोवैज्ञानिक एवं मनोचिकित्सक के बीच अंतर तथा मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों की सहायता करने जैसे विषयों पर सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।

मानसिक स्वास्थ्य जीवन का महत्वपूर्ण पक्ष : डॉ. शिवकुमार

कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन करते हुए मनोविज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. शिवकुमार ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन का महत्वपूर्ण पक्ष है। इससे जुड़ी अनेक भ्रांतियां और चुनौतियां हैं। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के माध्यम से पूरी दुनिया में मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “जीवन के अनुभवों को सुना जाए : सच्ची आवाजें, सच्चे बदलाव” के अनुरूप लोगों के वास्तविक अनुभवों को समझना तथा समुदाय और परिवार के स्तर पर सहयोग को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है।

प्राचार्य ने छात्राओं के रचनात्मक प्रयासों को सराहा

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने मुख्य वक्ता डॉ. प्रदीप यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने छात्राओं द्वारा रंगों, चित्रों और विचारों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों की प्रभावी अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि शरीर और मन एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील रहते हुए अपनी क्षमताओं और कमजोरियों को पहचानना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने से संकोच नहीं करना चाहिए।

पोस्टर प्रतियोगिता में पलक, चार्ट में मुस्कान रहीं प्रथम

मनोविज्ञान विभाग की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 की थीम पर चार्ट, पोस्टर एवं विचार-अभिव्यक्ति प्रतियोगिता के साथ विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किया गया। इसमें 30 से अधिक छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को आकर्षक चित्रों, रंगों एवं रचनात्मक विचारों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डॉ. सारिका सिंह, डॉ. इखलाक खान और डॉ. ओम शिवानी ने किया।

पोस्टर प्रतियोगिता में पलक चौरसिया ने प्रथम, खुशबू चौहान ने द्वितीय तथा ऋतु राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अलीशा परवीन और अलीशा खान के प्रयासों की भी सराहना की गई। वहीं, चार्ट प्रतियोगिता में मुस्कान कुमारी प्रथम, आनंदी गुप्ता द्वितीय और शाइस्ता तृतीय स्थान पर रहीं। हुमैरा फातिमा और नेहा वर्मा के प्रयास भी प्रशंसनीय रहे।

विचार-अभिव्यक्ति में संजना पांडेय ने मारी बाजी

मनोविज्ञान विभाग की छात्राओं ने अपने ज्ञान और अनुभवों को विचारों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता का निर्णय डॉ. निरंजन कुमार यादव, डॉ. नेहा कुमारी और डॉ. रामनाथ केसरवानी ने किया। इसमें संजना पांडेय ने प्रथम, जोया सुल्तान ने द्वितीय और आनंदी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन मनोविज्ञान परिषद के प्रभारी डॉ. शिवकुमार ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मनोविज्ञान परिषद की छात्राओं माही प्रजापति, इल्मा सिद्दीकी, निशा यादव, मुस्कान, खुशी गुप्ता, आस्था कश्यप और खुशबू यादव सहित अन्य छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार यादव, डॉ. संगीता मौर्य, डॉ. पीयूष सिंह सहित अन्य प्राध्यापकगण तथा मनोविज्ञान विभाग एवं महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

हरिशंकरी रामलीला में राम विवाह, राजतिलक की तैयारी और मंथरा-कैकेयी संवाद का हुआ मंचन

हरिशंकरी रामलीला में राम विवाह, राजतिलक की तैयारी और मंथरा-कैकेयी संवाद का हुआ मंचन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में शुक्रवार की शाम हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर रामलीला के क्रम में श्रीराम विवाह, राजतिलक की तैयारी, मंथरा-कैकेयी संवाद और कोप भवन की लीला का मंचन किया गया। पं. राजा भैया आदर्श श्रीरामलीला मंडल के कलाकारों ने प्रसंगों का जीवंत मंचन कर दर्शकों को रामकथा के भावनात्मक मोड़ से परिचित कराया। लीला मंचन से पूर्व कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने विधिवत पूजा पाठ और आरती किया। लीला के प्रसंग में महाराज जनक ने कुलगुरु सदानंद जी और महामुनि विश्वामित्र की आज्ञा लेकर दूतों के माध्यम से अयोध्या नरेश महाराज दशरथ के पास श्रीराम विवाह का निमंत्रण भेजा। निमंत्रण स्वीकार कर महाराज दशरथ बारात लेकर जनकपुर पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद महाराज दशरथ, महाराज जनक से विदाई लेकर बारात सहित अयोध्या लौट आए। समय बीतने के साथ महाराज दशरथ वृद्धावस्था की ओर बढ़ने लगे। उनके मन में विचार आया कि अब अयोध्या का राजपाट ज्येष्ठ पुत्र श्रीराम को सौंपकर शेष जीवन भगवान के भजन में बिताना चाहिए। उन्होंने अपने विचार महर्षि वशिष्ठ के समक्ष रखे। गुरु वशिष्ठ ने उनके निर्णय को उचित बताते हुए सहमति दी। इसके बाद श्रीराम के राजतिलक की तैयारियां शुरू हो गईं। पूरी अयोध्या नगरी को ध्वज-पताकाओं से सजाया जाने लगा और नगर में उत्सव का माहौल बन गया। इसी बीच नगर भ्रमण करती हुई दासी मंथरा ने अयोध्या की भव्य सजावट देखी। जब उसे पता चला कि महाराज दशरथ श्रीराम का राजतिलक करने जा रहे हैं, तो वह दौड़ी-दौड़ी महारानी कैकेयी के पास पहुंची। मंथरा ने कैकेयी को बताया कि महाराज दशरथ श्रीराम को राजगद्दी सौंपने की तैयारी कर रहे हैं और भरत व शत्रुघ्न को ननिहाल भेज दिया गया है। मंथरा ने कैकेयी को समझाया कि वह अपने राजसी वस्त्र और स्वर्ण आभूषण त्यागकर साधारण कपड़े पहनें और कोप भवन में जाकर लेट जाएं। मंथरा के बहकावे में आकर महारानी कैकेयी ने वैसा ही किया और कोप भवन पहुंच गईं। इस प्रसंग के साथ रामलीला की कथा एक ऐसे मोड़ पर पहुंची, जहां से आगे चलकर भगवान श्रीराम के वनवास की भूमिका तैयार होती है। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष गोपाल जी पांडेय, कृष्ण मुरारी केडिया, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उपमंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, सहप्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबू रोहित अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, अजय पाठक, राजकुमार शर्मा, कृष्ण त्रिवेदी, बाल गोविंद त्रिवेदी और राम सिंह यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

मानव उत्थान सेवा समिति के स्वच्छता अभियान में चला सफाई कार्यक्रम

बाहर की स्वच्छता के साथ मन की स्वच्छता भी जरूरी: महात्मा दयावती बाई

गाजीपुर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत मानव उत्थान सेवा समिति, श्री हंस योग आश्रम के तत्वावधान में शुक्रवार को जनपद में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सतगुरु देव श्री सतपाल जी महाराज के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय आह्वान पर एक से 10 अक्टूबर तक देशभर में स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर में आश्रम प्रभारी महात्मा दयावती बाई एवं डॉ. बीती सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। स्वच्छता अभियान आश्रम के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर रेलवे प्रशिक्षण केंद्र, कचहरी, जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत, लोक निर्माण विभाग, न्यायपालिका भवन, मुख्य कोषागार और जिला जज आवास होते हुए नवापुरा स्थित दुर्गा-शिव मंदिर परिसर तक पहुंचा। इसके बाद गंगा तट, अफीम फैक्ट्री, आदर्श इंटर कॉलेज, महुआबाग, राजकीय महिला महाविद्यालय होते हुए ददरी घाट तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर आश्रम प्रभारी महात्मा दयावती बाई ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ आंतरिक स्वच्छता पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मन और विचारों की शुद्धता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जब व्यक्ति के भीतर अपने गुरु के प्रति सेवा भाव उत्पन्न होता है, तभी मानव समाज के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। डॉ. बीती सिंह ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोगों को मिलकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है और समाज स्वस्थ रह सकता है। जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान पूरे समाज को सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण का संदेश देता है। ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है और भारत की आध्यात्मिक पहचान को भी बल मिलता है। कार्यक्रम में जिला प्रधान उमेश सिंह, किशोर यादव, अमरनाथ, मंजू देवी, कुसुमलता, ठाकुर दास बाबा, रामअवध मुंशी, गीता सहित समिति के अन्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मगई नदी में डूबने से मृत युवक के परिवार को मिली 4 लाख की आर्थिक सहायता

गाजीपुर। मगई नदी में डूबने से हुई युवक की दुखद मृत्यु के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान ने मृतक चन्द्रमा राम के पुत्र की मृत्यु पर शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये का चेक वितरित किया गया। अधिकारियों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता का उद्देश्य इस दुखद घटना से प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करना है।