All posts by tiwarishivpratap

किसानों की मांगों को लेकर सभी ब्लॉकों में सौंपा ज्ञापन

किसानों की मांगों को लेकर सभी ब्लॉकों में सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर बुधवार को जनपद के सभी विकासखंडों में कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों के माध्यम से भेजा गया।

सदर ब्लॉक में जिलाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। वहीं रेवतीपुर ब्लॉक में जिलामंत्री शिवम् चौबे के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। अन्य विकासखंडों में भी ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में भूमि अधिग्रहण के दौरान किसानों को बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने, भूमिहीन हुए किसानों को रोजगार से जोड़ने तथा भूमि अधिग्रहण से पूर्व किसानों को शामिल करते हुए आयोग के गठन की मांग की गई। इसके साथ ही प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना लागू करने की मांग उठाई गई।

किसानों ने अंश निर्धारण में लापरवाही करने वाले विभागीय कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने, घड़रोज एवं निराश्रित पशुओं की समस्या का समाधान कराने, उर्वरक की कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त माइनरों और कुलावों की मरम्मत कराने की मांग की।

संघ ने सरकारी क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने और किसानों के नुकसान के अनुरूप क्रय केंद्र निर्धारित करने की भी मांग की। अधिक वर्षा से फसलों, पशुओं और मकानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने तथा गौ आश्रय व्यवस्था में सुधार कर स्थानीय गो-भक्त किसानों को इसके संचालन में शामिल करने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से किसानों की सभी मांगों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई।

जिले के 32 पीएम श्री विद्यालयों में मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था, डस्टबिन के लिए मिलेंगे पैसे

गाजीपुर के 32 पीएम श्री विद्यालयों में मजबूत होगी स्वच्छता व्यवस्था, चार-चार डस्टबिन के लिए मिलेंगे ₹2 हजार

कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण को मिलेगा बढ़ावा, विद्यार्थियों में विकसित होगी स्वच्छता की स्थायी आदत

गाजीपुर। पीएम श्री योजना के तहत जनपद के चयनित 32 परिषदीय विद्यालयों में विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में रंगीन शॉर्टिंग डस्टबिन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक विद्यालय को डस्टबिन की खरीद हेतु ₹2,000 की धनराशि अनुमोदित की है। शासन के निर्देश के अनुसार प्रत्येक चयनित विद्यालय में ₹500 प्रति डस्टबिन की दर से चार डस्टबिन खरीदे जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक विद्यालय में कुल ₹2,000 की धनराशि खर्च की जाएगी। डस्टबिन की खरीद एवं संबंधित व्यय विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से नियमानुसार किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिसर में उत्पन्न होने वाले कचरे का उचित पृथक्करण एवं निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दैनिक जीवन में स्वच्छता को लेकर व्यावहारिक एवं स्थायी आदत विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं चयनित विद्यालयों को शासन के निर्देशों के अनुरूप डस्टबिन की खरीद, उनके उचित उपयोग तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण के साथ-साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक करने में मदद मिलेगी।

पीएम श्री योजना: गाजीपुर के 25 स्कूलों में शुरू होगी स्कूल बैंड गतिविधि

पीएम श्री योजना: गाजीपुर के 25 स्कूलों में शुरू होगी स्कूल बैंड गतिविधि

गाजीपुर। पीएम श्री योजना के अंतर्गत जनपद के 25 चयनित उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में स्कूल बैंड और बैंड यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए कुल 12.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत एवं जारी की गई है। प्रत्येक विद्यालय को बैंड गतिविधियों के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रीय भावना, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करना है। स्कूल बैंड के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत एवं प्रदर्शन कला से जोड़ने का भी अवसर मिलेगा। विद्यालयों में बैंड का उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, खेलकूद तथा स्काउट-गाइड/एनसीसी से जुड़ी गतिविधियों में किया जा सकेगा।स्कूल बैंड एवं बैंड यूनिफॉर्म की सामग्री का क्रय विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के माध्यम से किया जाएगा। सामग्री की गुणवत्ता एवं उपयोगिता का सत्यापन विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। साथ ही खरीदी गई सामग्री का स्टॉक पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकन करने तथा बैंड उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया जाएगा कि स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार और निर्धारित मद में ही उपयोग सुनिश्चित करते हुए स्कूल बैंड गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कराया जाए।

किसानों को बाजार भाव की गिरावट से मिलेगी राहत, हुई बैठक

आलू किसानों को बाजार भाव की गिरावट से मिलेगी राहत, भाव स्थिरता कोष व भंडारण अनुदान योजना पर हुई बैठक


अधिकतम 2 हेक्टेयर तक किसानों को मिलेगा लाभ, कोल्ड स्टोरेज भाड़े पर ₹100 प्रति कुंतल अनुदान

गाजीपुर। प्रदेश सरकार द्वारा आलू उत्पादक किसानों को बाजार में कीमतों में होने वाली गिरावट से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित भाव स्थिरता कोष योजना एवं भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को होटल गंगोत्री स्थित सभाकक्ष में प्रगतिशील किसानों एवं शीतगृह स्वामियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने उपस्थित कृषकों एवं शीतगृह स्वामियों को दोनों योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विकसित पोर्टल potato.uphorticulture.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बारे में चरणबद्ध जानकारी दी गई। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री लोककल्याण संकल्प-पत्र के वायदे के अनुसार स्थापित भाव स्थिरता कोष का उद्देश्य आलू किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा प्रदान करना है। बाजार भाव में अत्यधिक गिरावट होने की स्थिति में किसानों को निर्धारित लागत के 25 प्रतिशत अथवा उत्पादन लागत और बिक्री मूल्य के अंतर में से जो भी कम होगा, उतनी अनुदान राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। योजना का लाभ प्रति किसान अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल तथा प्रति हेक्टेयर अधिकतम 240 कुंतल उत्पादन तक सीमित रहेगा। वहीं निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को ₹100 प्रति कुंतल की दर से भंडारण शुल्क अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत एक किसान को अधिकतम ₹20,000 तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि योजनाओं के तहत मिलने वाली अनुदान एवं सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। जिला उद्यान विभाग द्वारा पात्र किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैठक के अंत में अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।

ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड कराने की पहल, विजय मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड कराने की पहल, पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से की मुलाकात

ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण की मांग पर डिप्टी सीएम ने लिया तत्काल संज्ञान, अपर मुख्य सचिव को दिए कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर में ही मिलेगी गंभीर मरीजों को बेहतर इमरजेंसी सुविधा, ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में उच्चीकृत कराने की कवायद

वाराणसी-गोरखपुर रेफर होने से बचेंगे गंभीर मरीज, ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 बनाने की पहल तेज

गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को मिलेगी नई मजबूती, विजय मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर मांगे विशेषज्ञ डॉक्टर व आधुनिक संसाधन

गाजीपुर। गोराबाजार स्थित ट्रॉमा सेंटर को वर्तमान लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किए जाने को लेकर पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करते हुए ट्रॉमा सेंटर के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र सौंपा। पूर्व मंत्री ने कहा कि गाजीपुर पूर्वांचल का महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्गों, फोरलेन मार्गों, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़े होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा सारनाथ, कुशीनगर और कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु भी गाजीपुर से होकर गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट अथवा अन्य आकस्मिक आपात स्थितियों में मरीज को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में उच्चीकृत किए जाने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें वाराणसी, गोरखपुर अथवा अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं के साथ न्यूरोसर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर सहित पर्याप्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था किए जाने की मांग की। इसके साथ ही आईसीयू/क्रिटिकल केयर, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विजय मिश्र ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के लेवल-2 में उच्चीकृत होने का लाभ केवल गाजीपुर ही नहीं, बल्कि मऊ, आजमगढ़, बलिया समेत आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को भी मिलेगा। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने पूर्व मंत्री द्वारा रखे गए जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से सुना और तत्काल अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विजय मिश्र ने ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर संचालन की दिशा में तत्काल संज्ञान लेने के लिए उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।

ब्राह्मण जनसेवा मंच ने पं. शिवम उपाध्याय को सौंपी गाजीपुर की कमान

ब्राह्मण जनसेवा मंच ने पं. शिवम उपाध्याय को सौंपी गाजीपुर की कमान

गाजीपुर। ब्राह्मण जनसेवा मंच की आवश्यक बैठक सिकंदरपुर स्थित एक आवास पर आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा के दौरान सर्वसम्मति से पं. शिवम उपाध्याय को ब्राह्मण जनसेवा मंच का गाजीपुर जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन की घोषणा मंच के संयोजक प्रदीप चतुर्वेदी ने की। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संरक्षक मंडल ने विश्वास जताया कि पं. शिवम उपाध्याय जिले में ब्राह्मण समाज को एकजुट करने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।जिम्मेदारी मिलने पर पं. शिवम उपाध्याय ने कहा कि जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के उत्थान, एकजुटता और उनके हक की आवाज को बुलंद करने के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे। बैठक में मंच के संयोजक प्रदीप चतुर्वेदी, जयप्रकाश तिवारी ‘मिंटू’, राजू उपाध्याय, सुधाकर पाण्डेय, विक्की पाण्डेय, सुधांशु तिवारी, सुधांशु रंजन पाण्डेय, सुमित सिंह, चप्पू राय, अमित तिवारी, शिवम चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक उपाध्याय ने किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सुपोषित बच्चों के अभिभावकों का हुआ सम्मान

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं, सुपोषित बच्चों के अभिभावकों व महिला कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित

राइफल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया सम्मानित, गोदभराई व अन्नप्राशन के जरिए मातृ-शिशु स्वास्थ्य का दिया संदेश

गोदभराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति किया जागरूक

गाजीपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान तथा सुपोषित बच्चों के माता-पिता और महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के सम्मान के लिए प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से किया। इसी क्रम में मंगलवार को राइफल क्लब सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग ओमप्रकाश राजभर रहे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अयोध्या से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव रखी जाती है। उन्होंने कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजनाओं का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के भविष्य को मजबूत करने वाला है।

विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिया गया सम्मान उनकी कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और योगदान का सम्मान है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार की नींव रखती है और स्वस्थ बच्चे मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया।

सुपोषित बच्चों व कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम में कुपोषण से सुपोषित हुए बच्चों बाबा, यश, ऊर्सा फातिमा, सरस्वती, लाडो और शिवम कुमारी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। महिला कल्याण विभाग की स्पॉन्सरशिप योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, अन्नप्राशन के माध्यम से छह माह की आयु के बाद मां के दूध के साथ पौष्टिक पूरक आहार शुरू करने के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सुपोषण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और लाभार्थी उपस्थित रहे।

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मेडिकल कॉलेज में तैयार 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मेडिकल कॉलेज में तैयार 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड

गाजीपुर। राज्य में बढ़ते स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए जनपद का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रेसवार्ता कर स्वाइन फ्लू से बचाव और उपचार को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को अलर्ट कर दिया गया है। गंभीर सांस संबंधी बीमारी से ग्रसित मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज स्थित चिकित्सालय रेफर किया जाएगा, जहां जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है। मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों वाले तथा गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए संदर्भित करें।

खांसी-छींक के जरिए फैलता है संक्रमण

स्वाइन फ्लू का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति की खांसी और छींक के दौरान निकलने वाली बूंदों के माध्यम से हवा के जरिए श्वसन तंत्र में पहुंच सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, नाक बहना, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द, ठंड लगना और आंखों में लालिमा शामिल हैं।

हाथ धोने और सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को संक्रमित पदार्थों और वस्तुओं को छूने से बचने तथा हाथ मिलाने से परहेज करने की सलाह दी है। लोगों से साबुन से बार-बार और अच्छी तरह हाथ धोने तथा किसी वस्तु को छूने के बाद आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने की अपील की गई है।

05 मरीजों के संपर्क में आए लोगों की हुई ट्रेसिंग

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक सूचित 05 मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा चुकी है। राहत की बात यह है कि संपर्क में आए किसी भी व्यक्ति में अभी तक स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं। सभी मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है और उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

सातों सीटें जीतेंगे, तभी पूरा होगा मेरा अभिनंदन:रमेश सिंह

सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत से पूरा होगा मेरा अभिनंदन : रमेश सिंह

जिला कार्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, बोले- समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर लक्ष्य असंभव नहीं

गाजीपुर। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह का मंगलवार को गाजीपुर आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में आयोजित अभिनंदन समारोह में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रमेश सिंह ने गाजीपुर की शहीदों की धरती को नमन किया।

उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भाजपा की वैचारिक एवं संगठनात्मक विरासत का आधार बताते हुए कहा कि दोनों महान विभूतियों ने त्याग, बलिदान और सिद्धांतों की ऐसी परंपरा स्थापित की, जिसके आधार पर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गाजीपुर के पूर्व सांसद मनोज सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गाजीपुर में ऐसे विकास कार्य और संसाधन उपलब्ध हुए, जिनकी कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यदि गाजीपुर से भाजपा का सांसद अथवा विधायक निर्वाचित नहीं हो पाता है तो यह जिले के लोगों की बड़ी चूक होगी।


रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से राष्ट्रहित में काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी विचारधारा का संगठन है, जिसने सत्ता के लिए कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। पार्टी ने विचारधारा की रक्षा के लिए सत्ता गंवाना स्वीकार किया, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “आज हुआ मेरा अभिनंदन अभी अधूरा है। जिस दिन आगामी विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी, उसी दिन यह अभिनंदन पूर्ण माना जाएगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के ऊर्जावान, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं के बल पर सातों सीटों पर विजय का लक्ष्य हासिल करना संभव है।


जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने प्रदेश उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया। उन्होंने जिले की भौगोलिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सातों सीटों पर भाजपा की विजय का भरोसा जताया। जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया। इससे पूर्व वाराणसी सीमा सिधौना से लेकर सैदपुर, पियरी, देवकली, नंदगंज, महाराजगंज सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रमेश सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया।


अभिनंदन समारोह में नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों भानु प्रताप सिंह (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष), राजेश राजभर एवं डॉ. विजय यादव (क्षेत्रीय मंत्री) तथा अजय उपाध्याय (क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य) का भी माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, बृजेंद्र राय, अभिनव सिन्हा, पूर्व विधायक भोनू सोनकर, राजकुमार गौतम, सुनीता सिंह, सरिता अग्रवाल, प्रवीण सिंह, रामनरेश कुशवाहा, रामराज बनवासी, रमेश सिंह पप्पू, दयाशंकर पांडेय, सुधाकर कुशवाहा, राजेश सोनकर, अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पंकज चौधरी से डॉ. विजय यादव की शिष्टाचार भेंट, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से डॉ. विजय यादव की शिष्टाचार भेंट, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री, कृष्णा सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स गाजीपुर एवं वाराणसी के चेयरमैन तथा भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. विजय यादव ने सोमवार को लखनऊ में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान डॉ. विजय यादव ने प्रदेश अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा संगठनात्मक दायित्वों को लेकर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच काशी क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। डॉ. विजय यादव ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन का परिणाम है। पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए काशी क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

डॉ. यादव ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में निरंतर प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करता रहेगा।