एमएलसी निर्वाचन-2026: माइक्रो ऑब्जर्वर और मतदान कार्मिकों का प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न
गाजीपुर में निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की तैयारी तेज, डीएम अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया
गाजीपुर। एमएलसी निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को माइक्रो ऑब्जर्वर एवं मतदान कार्मिकों का प्रथम रैंडमाइजेशन संपन्न कराया गया। यह प्रक्रिया प्रातः 10 बजे एनआईसी कार्यालय, गाजीपुर में एडीआईओ, एनआईसी द्वारा पूरी की गई।
रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) आलोक प्रसाद की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान एडीईओ (निर्वाचन) और परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (पीडी, डीआरडीए) भी मौजूद रहे। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रथम रैंडमाइजेशन इसी चुनावी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नवागत एसपी विनय कुमार सिंह एक्शन मोड में, पुलिस लाइन में परेड की ली सलामी; UP-112 की गाड़ियों का किया निरीक्षण
गाजीपुर। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन गाजीपुर में परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों में अनुशासन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने पर जोर दिया। परेड के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने विभिन्न थानों से आई डायल 112 (UP-112) की गाड़ियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की तत्परता और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया प्रभावी और त्वरित बनी रहे।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डायल 112 कंट्रोल रूम और जीडी कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और कार्यों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, साप्ताहिक अर्दली रूम में थाना प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ संवाद कर थानों में दर्ज अपराधों और संबंधित मामलों की जानकारी ली। इस दौरान अर्दली रूम के रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवागत एसपी के इस निरीक्षण को पुलिस व्यवस्था में अनुशासन, कार्यकुशलता और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद की लीला ने मोहा दर्शकों का मन
गाजीपुर। अतिप्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में गुरुवार की शाम लीला के तीसरे दिन हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर तथा परशुराम-लक्ष्मण संवाद की लीला का भव्य मंचन किया गया। शाम सात बजे श्रीराम सिंहासन पर विराजमान प्रभु श्रीराम की कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी एवं पदाधिकारियों ने आरती-पूजन किया। इसके बाद राजा भैया आदर्श श्रीरामलीला मंडल के कलाकारों ने लीला का मंचन शुरू किया।
लीला में दिखाया गया कि महाराज जनक के राजमहल में भगवान शिव का विशाल धनुष रखा था, जिसे कोई हिला तक नहीं सकता था। एक दिन सीता जी ने सहज भाव से उस धनुष को उठाकर दूसरे स्थान पर रख दिया। यह देखकर महाराज जनक को अपनी पुत्री की अद्भुत शक्ति का आभास हुआ। उन्होंने सीता स्वयंवर की घोषणा कर दी।
देश-विदेश के राजा-महाराजा जनकपुर पहुंचे। स्वयंवर की शर्त रखी गई कि जो भी भगवान शिव के धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उसे तोड़ेगा, उसी के साथ सीता का विवाह होगा। अनेक राजाओं ने धनुष उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफल नहीं हुआ। रावण ने भी शिव धनुष को प्रणाम किया और लौट गया।
राजाओं की असफलता देखकर महाराज जनक निराश हो गए। तभी महामुनि विश्वामित्र ने श्रीराम को शिव धनुष तोड़ने की आज्ञा दी। गुरु की आज्ञा पाकर श्रीराम ने भगवान शिव को प्रणाम किया और देखते ही देखते धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई। प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष भंग हो गया। धनुष टूटने के बाद सीता स्वयंवर पूरा हुआ और पूरा वातावरण जयश्री राम के उद्घोष से गूंज उठा।
शिव धनुष टूटने की आवाज महेंद्र पर्वत पर तपस्या कर रहे भगवान परशुराम तक पहुंची। वे क्रोधित होकर जनकपुर पहुंचे। उनके रौद्र रूप को देखकर स्वयंवर में मौजूद राजा भयभीत हो गए। महाराज जनक ने सीता सहित परशुराम का अभिवादन किया।
महामुनि विश्वामित्र श्रीराम और लक्ष्मण के साथ परशुराम के समक्ष पहुंचे। परशुराम ने जब शिव धनुष टूटने की बात पूछी तो श्रीराम ने विनम्रता से कहा—“नाथ शंभु धनु भंज निहारा, होइहि केहु एक दास तुम्हारा।”
श्रीराम के विनम्र उत्तर के बाद भी परशुराम का क्रोध शांत नहीं हुआ। तभी लक्ष्मण ने अपने चुटीले और तीखे संवादों से प्रसंग को रोमांचक बना दिया। लक्ष्मण ने कहा कि बचपन में उन्होंने ऐसे कई धनुष टूटते देखे, तब इतना क्रोध नहीं आया, फिर इस पुराने धनुष के टूटने पर इतना मोह क्यों।
लक्ष्मण के जवाबों से परशुराम और क्रोधित हुए। दोनों के बीच तीखा संवाद चलता रहा। अंत में श्रीराम ने विनम्रता से लक्ष्मण को पीछे हटने का संकेत देते हुए परशुराम से कहा कि संतों को क्रोध शोभा नहीं देता और लक्ष्मण अभी बालक हैं, उनकी बातों पर ध्यान न दिया जाए।
इसके बाद परशुराम ने श्रीराम के स्वरूप को पहचानते हुए उन्हें अपना धनुष सौंपा और कहा कि वे उस पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उनके संदेह का निवारण करें। श्रीराम ने धनुष-बाण ग्रहण कर दक्षिण दिशा की ओर बाण छोड़ दिया। श्रीराम के दिव्य स्वरूप और प्रभाव को पहचानकर परशुराम ने उन्हें प्रणाम किया और तपस्या के लिए महेंद्र पर्वत की ओर प्रस्थान कर गए।
परशुराम-लक्ष्मण संवाद और श्रीराम के धनुष भंग के दृश्य ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। लीला के समापन पर पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. गोपाल जी पांडेय, कृष्ण मुरारी केडिया, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उपमंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, राम सिंह यादव, बालगोविंद त्रिवेदी, कुष्ठ कुमार त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
गाजीपुर से बलिया स्थानांतरण पर एसपी डॉ. ईरज राजा को भावभीनी विदाई
गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में गुरुवार को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईरज राजा के स्थानांतरण के अवसर पर भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। डॉ. ईरज राजा का स्थानांतरण पुलिस अधीक्षक, जनपद बलिया के पद पर हुआ है। समारोह में जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. ईरज राजा के करीब दो वर्ष तीन माह के कार्यकाल को याद किया। वक्ताओं ने उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवेदनशीलता बढ़ाने से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ईरज राजा भावुक नजर आए। उन्होंने गाजीपुर पुलिस की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। टीम के सामूहिक प्रयासों से जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों सहित पुलिसकर्मियों ने निवर्तमान एसपी को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सुखद, उज्ज्वल भविष्य तथा बलिया जनपद में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नवरात्रि-दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, भ्रामक खबरों पर होगी कार्रवाई
गाजीपुर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, अधिकारियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संभ्रांत नागरिकों ने सड़क, विद्युत समेत विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह या सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। ऐसी कोई सूचना प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि उसकी जांच कर समय से आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें अथवा फोटो पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
डीएम ने दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर आयोजकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडाल की सजावट में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न किया जाए। प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त व्यवस्था हो तथा सड़क के किनारे पंडाल न लगाए जाएं। पंडालों में रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पंडालों का पूर्व में निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और पंडालों में अश्लील गाने किसी भी स्थिति में नहीं बजाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
जर्जर तार और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को जर्जर तार एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मूर्ति विसर्जन के दौरान आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर ढीले और लटके हुए जर्जर विद्युत तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा गया।
महिला सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगी टीमें
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिला सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें सक्रिय रहेंगी, जबकि विभिन्न पूजा पंडालों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के संभ्रांत नागरिकों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे। डीएम ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाए जाएं और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, गणमान्य नागरिक और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे।
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की FLC
डीएम अनुपम शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश
गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच (FLC) को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जाँच का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाएगा। FLC की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित एसओपी के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि FLC के दौरान उनके अधिकृत प्रतिनिधियों को मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल में प्रतिभाग करने का अवसर भी दिया जाएगा।
बैठक में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। इसके साथ ही एमएलसी निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि रैंडमाइजेशन की कार्यवाही 9, 14 और 21 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को रवाना होंगी, जबकि 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना होगी। मतगणना का कार्य वाराणसी मंडल में कराया जाना निर्धारित है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने FLC की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उनसे अपेक्षा की गई कि वे अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की FLC के दौरान उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि FLC से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाए। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
नौरंगाबाद में नगर पालिका का बृहद सफाई अभियान, जलजमाव से मिलेगी राहत
गाजीपुर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित नौरंगाबाद मोहल्ले में जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने बृहद सफाई अभियान शुरू कराया है। अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय के निर्देश पर सफाई/राजस्व निरीक्षक रविंद्र कुमार सोनकर ने सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर अभियान को गति दी।
मोहल्ले में पिछले कुछ समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने नालियों और जल निकासी मार्गों की गहन सफाई शुरू कराई है, ताकि जमा पानी की निकासी सुचारू हो सके।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व सीआरओ ने नगर पालिका ईओ के साथ नौरंगाबाद मोहल्ले का निरीक्षण किया था और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश दिए थे। यह निरीक्षण जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर किया गया था।
बृहद सफाई अभियान के तहत नालियों से गंदगी और अवरोध हटाए जा रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से मोहल्ले में जलजमाव की समस्या कम होगी तथा गंदगी के कारण होने वाली संक्रामक बीमारियों के खतरे से भी लोगों को राहत मिलेगी।
नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत है। मोहल्लेवासियों ने सफाई अभियान के लिए नगर पालिका प्रशासन और सफाई कर्मचारियों की टीम के प्रति आभार जताया।
विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं में डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को 106वाँ स्थान
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. आनन्द कुमार चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय शोध जगत में महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वर्ष 2026 में विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं की सूची में डॉ. चौधरी ने 106वाँ स्थान प्राप्त किया है। इस रैंकिंग में उनका स्थान विश्व के शीर्ष 0.49 प्रतिशत शोधकर्ताओं में दर्ज किया गया है। यह उपलब्धि उनके निरंतर शोध-कार्य, अकादमिक सक्रियता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध-प्रभाविता को दर्शाती है। डॉ. आनन्द कुमार चौधरी का शोध कार्य फफूंद एवं माइकोटॉक्सिन संदूषण, कीट नियंत्रण, नैनो-एनकैप्सुलेशन प्रौद्योगिकी तथा इसके कृषि अनुप्रयोगों जैसे महत्वपूर्ण एवं अनुप्रयुक्त विषयों पर केंद्रित रहा है। डॉ. चौधरी ने अब तक 53 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र तथा 11 पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं। उनके शोध कार्यों का H-index 33 तथा i10-index 50 है, जबकि उनके शोध कार्यों को अब तक 3,000 से अधिक उद्धरण (citations) प्राप्त हो चुके हैं। ये उपलब्धियां उनके शोध कार्यों की निरंतरता, वैज्ञानिक प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक स्वीकार्यता को रेखांकित करती हैं। डॉ. चौधरी की शैक्षणिक एवं शोध यात्रा में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रतिष्ठित प्रोफेसर तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक प्रो. एन. के. दुबे का विशेष मार्गदर्शन रहा है। डॉ. चौधरी ने अपनी पीएच.डी. की शोध उपाधि प्रो. एन. के. दुबे के कुशल निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में पूर्ण किया हैं। शोध क्षेत्र में डॉ. चौधरी की सक्रियता का एक और प्रमाण यह है कि वर्ष 2026 में उन्हें विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों/शोधकर्ताओं की सूची में भी स्थान प्राप्त हुआ था। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभु शरण प्रसाद ने डॉ. आनन्द कुमार चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि “अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी शिक्षक की शोध उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे शैक्षणिक संस्थान के लिए गौरव की बात है। ऐसी उपलब्धियाँ विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए प्रेरित करती हैं।” इसी प्रकार समस्त महाविद्यालय परिवार ने डॉ. चौधरी को भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर प्रगति करने तथा महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊँचा करने की शुभकामनाएँ देते हुए हार्दिक बधाई व्यक्त किया।
पुलिस-राजस्व टीम पर हमला करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीएम अनुपम शुक्ला ने दिए मुकदमा दर्ज कर गुंडा एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई के निर्देश
गाजीपुर। भूमि विवाद के निस्तारण के दौरान पुलिस एवं राजस्व टीम पर हुए हमले को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गंभीरता से लिया है। गुरुवार को डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 6 अगस्त 2026 को जनता दर्शन के दौरान प्रर्मिला देवी ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और नियमानुसार कब्जा दिलाने के बाद सीमा चिन्ह स्थापित कराया था। आरोप है कि बाद में विपक्षी पक्ष ने सीमा चिन्ह उखाड़ दिया। मामला दोबारा संज्ञान में आने पर डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से पुलिस एवं राजस्व टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक उपनिरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल उपनिरीक्षक को खतरे से बाहर बताया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी टीम पर हमला करना गंभीर कानून-विरोधी कृत्य है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई और जिला बदर की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि, राजस्व अथवा अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए लोग कानूनी एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सहारा लें। पुलिस, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट, धमकी या सरकारी कार्य में बाधा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।
मनोविज्ञान विभाग में रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी, मुस्कान बनीं मिस फ्रेशर
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत में रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की छात्राओं ने नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं उपहार देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में श्रेया कुमारी, माही प्रजापति, श्रेया वर्मा आदि छात्राओं ने गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों और प्रस्तुतियों के आधार पर मुस्कान को मिस फ्रेशर, संस्कृति उपाध्याय को मिस डांसर, रिया सैनी को मिस स्टाइलिश, गुनगुन जायसवाल को मिस इंटेलिजेंट तथा मुस्कान कुमारी को मिस ब्यूटीफुल चुना गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह के सामूहिक कार्यक्रम छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस परंपरा को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद एवं मनोविज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. शिव कुमार ने विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रेया कुमारी एवं जोया ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. शिव कुमार ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सारिका सिंह, डॉ. नेहा कुमारी, डॉ. ओम शिवानी, डॉ. शशि कला, डॉ. हरेंद्र यादव, डॉ. इकलाख खान, डॉ. शैलेंद्र यादव, डॉ. शिल्पी राय, डॉ. आनंद चौधरी, डॉ. पीयूष सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. हसीन अहमद सहित प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माही प्रजापति, संजना पांडे, इल्मा सिद्दीकी, हुमैरा फातिमा, शमा तरन्नुम, आनंदी गुप्ता, पलक चौरसिया, अलीशा परवीन, गरिमा यादव, अनामिका कसौधन एवं खुशबू चौहान की प्रमुख भूमिका रही।