Category Archives: Ghazipur

उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से बढ़ा सम्मान,कोटेदारों को दी गई नई पहचान

उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से बढ़ा सम्मान,कोटेदारों को दी गई नई पहचान

गाजीपुर।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि कर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने के अवसर पर आज जनपद गाजीपुर की सभी सातों विधानसभाओं सदर, जंगीपुर, जखनिया, जमानियां, जहूराबाद, मुहम्मदाबाद एवं सैदपुर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का भव्य एवं समारोहपूर्वक लाइव प्रसारण आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम लोक भवन, लखनऊ में आयोजित किया गया, जिसका जनपद स्तर पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में सीधे प्रसारण के माध्यम से बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
  सदर विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम राइफल क्लब में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संगीता बलवंत,राज्यसभा सांसद उपस्थित रहीं। उनके अतिरिक्त सपना सिंह, अध्यक्ष जिला पंचायत, सुनील सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी  वेद सिंह चौहान तथा जिला पूर्ति अधिकारी  अनंत प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और लाभांश वृद्धि के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की। जनपद की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी संबंधित उप जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं उचित दर विक्रेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न कराया गया। जमानियां विधानसभा में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुनीता सिंह रहीं। मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की सराहना की
 कार्यक्रम में उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन एवं लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में की गई घोषणा पर उपस्थित विक्रेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने शासन और जनता के बीच संबंध एवं विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उचित दर विक्रेता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार उचित दर विक्रेताओं के हितों एवं उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में उनके लाभांश में 30 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए ₹125 प्रति कुंतल किए जाने का निर्णय लिया गया है।

हर गांव में अन्नपूर्णा भवन बनाने का लक्ष्यमुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्रत्येक गांव में अन्नपूर्णा भवन स्थापित किए जाने के लक्ष्य की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 10,000 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा चुका है। इन भवनों के निर्माण में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा ₹500 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर दुकानों को अधिक सुविधायुक्त एवं बहुउद्देशीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

उचित दर दुकानों पर 39 अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब उचित दर विक्रेता सरकारी खाद्यान्न के वितरण के साथ-साथ अपनी दुकानों से दैनिक उपयोग की लगभग 39 अन्य वस्तुओं की बिक्री भी कर सकेंगे। इससे उचित दर विक्रेताओं की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश वृद्धि सहित सरकार द्वारा उनके हित में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की तथा मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया।

  सांसद डा. संगीता बलवंत ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन सचालकों के लिए लाभांश वृद्धि की घोषणा उपहार है। उन्होने उपस्थित सभी संचालाकों को श्रावण मास, नागपंचमी पर्व तथा लाभॉश वृद्धि पर शुभकामनाए दी। उन्होने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनका सम्मान बढ़ा है और यह निर्णय उनके लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोटेदारों के मान-सम्मान में वृद्धि हुई है तथा जनता का विश्वास भी उनके प्रति मजबूत हुआ है। अब अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता में खाद्य एवं अन्य आवश्यक सामग्री का विक्रय कर सकेंगे। इससे उन्हें अधिक लाभांश प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इन भवनों में वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे उचित दर विक्रेता आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित रख-रखाव एवं स्वतंत्र रूप से विक्रय कर सकेंगे।
  जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि राशन मूलभूत अधिकार है, राशन सभी पात्र लोगों तक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में बायोमेट्रिक विधि सहित अन्य सुधार हुए हैं। इस क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह को भी प्रमोट किया जा रहा है जिससे ज्यादा से ज्यादा स्वयं सहायता समूह की इसमें सहभागिता सुनिश्चित की जा सके, ऐसे राशन कार्ड होल्डर जो अन्यत्र शिफ्ट हुए हैं उन्हें चिन्हित किया जा रहा है तथा पात्र व्यक्ति, दिव्यांग सहित अन्य को राशन कार्ड से जोड़ते हुए उनका राशन कार्ड बनवाया जा रहा है तथा आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी से भी उनको आच्छादित किया जा रहा है। उचित दर विक्रेता सीधे जरूरतमंद उपभोक्ताओं से जुड़े होते हैं। वे प्रशासन और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। लाभांश में की गई वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में भी बेहतर कार्य प्रदर्शन का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। जनपद की सभी सातों विधानसभाओं में आयोजित कार्यक्रमों में उचित दर विक्रेताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

गंगा नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत!

गंगा नदी में डूबने से दो दोस्तों की मौत

गाजीपुर में एक दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की गंगा में डूबने से मौत हो गई।घटना मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गौसपुर गंगा घाट पर हुई।जहां तीन दोस्त गंगा में नहाने गए हुए थे।गंगा में नहाते समय तीनो दोस्त डूबने लगे।स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया,लेकिन दो युवकों की गंगा मे डूबने से मौत हो गई।घटना के बाद मृतकों के परिजनों में गम का माहौल है।घटना के बारे में बताया जा रहा है कि शहनिंदा गांव के रहने वाले युवक अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा अपने एक अन्य दोस्त के साथ गौसपुर गंगा घाट पर नहाने गए थे,इसी दौरान तीनो युवक नदी में डूबने लगे।घाट पर मौजूद लोगों ने डूब रहे युवको को बचाने की कोशिश की।लोगों ने एक युवक को तो पानी से बाहर निकाल लिया,लेकिन अरुण और गुलशन की नदी में डूबने से मौत हो गई।गोताखोरों ने दोनों के शवों को नदी से बाहर निकाला।दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।जबकि मृतकों के परिजनों में गम का माहौल है।

स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को नमन, सुयश जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया

स्वतंत्रता दिवस पर शहीदों को नमन, सुयश जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया

गाजीपुर। मानव उत्थान सेवा समिति, श्री हंस योग आश्रम के तत्वावधान में आश्रम प्रभारी दयावती बाई जी के दिशा-निर्देशन में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया गया।

इसके पश्चात मानव धर्म के प्रणेता सतगुरु देव श्री सतपाल जी महाराज के छोटे पुत्र सुयश जी महाराज का पावन जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम प्रभारी दयावती बाई जी ने सत्संग प्रवचन में कहा कि अध्यात्म ज्ञान के माध्यम से ही मनुष्य का समुचित कल्याण और विकास संभव है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को गुरु दरबार की सेवा करनी चाहिए। यह मानव शरीर बड़े सौभाग्य से प्राप्त हुआ है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को भजन-साधना कर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।

इसके बाद बाई जी के भजन एवं बधाई गीतों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में प्रचार सचिव किशोर यादव, जिला प्रधान उमेश सिंह, जिला सचिव विपिन बिहारी, आश्रम लेखाकार डॉ. शंभूनाथ, मानव सेवा दल के टोली नायक अमरनाथ राजभर, कन्हैया प्रसाद, कृपाशंकर राय, अंकित, शुभम, मंजू देवी, फूलमती, कुसुम तिवारी, राजकुमारी, रीता, गीता, राजेंद्र मास्टर, दुःखंती, जयशंकर राय, मोहन तिवारी, श्रीराम, मंहगू यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

वेलफेयर क्लब कार्यालय पर ध्वजारोहण, एकता और अखंडता का लिया संकल्प

वेलफेयर क्लब कार्यालय पर ध्वजारोहण, एकता और अखंडता का लिया संकल्प

गाजीपुर। आजादी के 80वें वर्षगांठ के अवसर पर वेलफेयर क्लब कार्यालय, पीरनगर में क्लब के जनपद गवर्नर पवन पांडेय तथा उपाध्यक्ष सत्यदेव दूबे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर क्लब के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें ब्रिटिश शासन से मिली आजादी और देश के अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है। आजादी यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे हमारे वीर शहीदों का लहू और अनगिनत बलिदान जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य अजय यादव, प्रत्यूष साहू, सतीश गुप्ता, मो. आरिफ, कमलेश कुमार, रामकुमार विश्वकर्मा, गोपी सिंह कुशवाहा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

शौर्य प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित हुए उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा

शौर्य प्रशंसा चिन्ह से सम्मानित हुए उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के कई अधिकारियों और उपनिरीक्षकों को उनकी वीरता, शौर्य एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गाजीपुर जिले के तेजतर्रार उपनिरीक्षक एवं एनकाउंटर स्पेशलिस्ट शिवाकांत मिश्रा को शौर्य प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर मेडल) से सम्मानित किया गया।

उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा को यह सम्मान एडीजी वाराणसी जोन द्वारा उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा, बहादुरी एवं पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान मिलने के बाद पुलिस महकमे में उनके प्रति खुशी और उत्साह का माहौल है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवाकांत मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए एसपी डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी राकेश मिश्रा एवं सीओ सिटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती रही है। शिवाकांत मिश्रा को मिले इस सम्मान को उनके साहसिक पुलिस कार्यों और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

5 किमी तिरंगा दौड़ में आदित्य और अंकिता ने हासिल किया प्रथम स्थान

5 किमी तिरंगा दौड़ में आदित्य यादव और अंकिता विश्वकर्मा ने हासिल किया प्रथम स्थान

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर द्वारा 15 अगस्त को महिला एवं पुरुष वर्ग की 5 किलोमीटर क्रास कंट्री रेस (तिरंगा दौड़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे नेहरू स्टेडियम, गोरा बाजार से हुआ। उप जिलाधिकारी सदर गाजीपुर विनोद कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। प्रतिभागियों ने पीजी कॉलेज चौराहा, आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज होते हुए चमड़ा गोदाम तक दौड़ लगाई और पुनः उसी मार्ग से लौटकर नेहरू स्टेडियम गेट पर दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता में 93 बालकों और 55 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर देवी प्रसाद ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बालक वर्ग के परिणाम:
प्रथम—आदित्य यादव, द्वितीय—अन्ना यादव, तृतीय—अजीत यादव, चतुर्थ—बादल गुप्ता, पंचम—आकाश यादव तथा षष्ठम—अजय कुमार बिंद।

बालिका वर्ग के परिणाम:
प्रथम—अंकिता विश्वकर्मा, द्वितीय—प्रीति, तृतीय—दुर्गावती कुमारी, चतुर्थ—अनन्या सिंह, पंचम—कल्पना बिंद तथा षष्ठम—निक्की।

प्रतियोगिता के निर्णायक एवं आयोजन में सहयोग करने वालों में खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच विजय, राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचंद यादव, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेंद्र सिंह, अंजनी वर्मा एवं नागेंद्र यादव शामिल रहे।

इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव सुदामा राम एवं मो. मोईन, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, ग्यासुदीन अहमद, योगेंद्र कुमार, इंज़मामुल हक, जैनेन्द्र कुमार, रामदेव सिंह, श्रीमती श्यामा देवी सहित खेल विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डीएम-एसपी ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

गाजीपुर में भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

गाजीपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत जनपद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ आडिटोरियम परिसर से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली में जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस बल, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा रैली आडिटोरियम परिसर से प्रारंभ होकर कचहरी, महुआबाग, विशेश्वरगंज चौराहा एवं मिश्रबाजार होते हुए सदर कोतवाली पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ से गूंजता रहा। हाथों में लहराते तिरंगों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाएं।

कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सुबह 7:30 बजे स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पूर्वाह्न 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान से पूरा वातावरण गूंज उठा। ध्वजारोहण के पश्चात स्कूली बच्चों में मिठाइयां वितरित की गईं। वहीं, ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 15 अगस्त 2026 को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह महत्वपूर्ण अवसर लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाए रखना तथा सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी का पुनीत कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के ज्ञात-अज्ञात असंख्य देशभक्तों और शहीदों को स्मरण करने का भी अवसर है, जिनके त्याग और बलिदान के फलस्वरूप देश को स्वतंत्रता मिली। इसलिए इस दिवस को गरिमा एवं सम्मान के साथ मनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। इसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया गया, जिसमें जनपदवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देश को स्वतंत्रता दिलाई। अब आर्थिक एवं सामाजिक स्वाधीनता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों की जानकारी देना भी आवश्यक है।

उन्होंने देश की एकता, आपसी सद्भाव, भाईचारे और इंसानियत पर बल देते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों का स्मरण करते हुए समाज में मानवता और मानवीय मूल्यों को मजबूत किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने पद की जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करे। दूर-दराज से आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वतंत्रता के महत्व को महसूस कर सके।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि धर्म, रंग, वर्ग आदि के भेदभाव को समाप्त कर सभी लोग मिल-जुलकर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता करें और भावनात्मक एकता को मजबूत बनाएं। इससे राष्ट्र को निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के उपरांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्रम एवं मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मंत्री, सांसद और जिप अध्यक्ष ने शहीदों को नमन कर किया सम्मानित

गाजीपुर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, शहीदों को किया गया नमन

गाजीपुर। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं मुस्लिम वक्फ बोर्ड मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पीरनगर स्थित ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की लगाई गई स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा उनका अवलोकन किया। इसके पश्चात ऑडिटोरियम सभागार में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सामूहिक गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को माल्यार्पण कर नमन किया तथा अंगवस्त्रम और वॉल हैंगिंग भेंट कर सम्मानित किया। पंचायती राज, ग्राम्य विकास, उद्योग, नगर विकास सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

देश को स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने का लिया संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज हम भारतवर्ष का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश को आजादी मिली। अब हमारा कर्तव्य है कि देश को स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाने में अपना योगदान दें।

उन्होंने लोगों से स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को नमन करते हुए कहा कि वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गांव, मजरा और तहसील स्तर तक लोग स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मना रहे हैं।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुए हैं, जिससे बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालयों में प्रवेश ले रही हैं।

भारत को विश्वगुरु बनाने में करें योगदान

राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि गाजीपुर की धरती के अनेक जवान देश की सीमाओं पर तैनात होकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करते हैं। उन्होंने वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि देशवासियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। इसी प्रयास से भारत विश्वगुरु और दुनिया की बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

उन्होंने शहीदों के परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

विधायक जखनियां बेदीराम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी समारोह को संबोधित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान करने वाले वीर सपूतों के संघर्ष और योगदान को याद किया।

जिलाधिकारी ने शहीदों को किया नमन

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों के परिजनों, आगंतुकों, गणमान्य नागरिकों एवं जनपदवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि वीर सपूतों ने अपना जीवन बलिदान कर इसे हासिल किया।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों, शहीद परिवारों, आगंतुकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।

इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, पर्यटन अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति ने सविता सिंह और चंद्र मोहन सिंह का मनाया जन्मदिन

गाजीपुर। लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति की ओर से स्मार्ट मोहल्ला शास्त्रीनगर में मोहल्लेवासियों के जन्मदिवस मनाने की परंपरा के क्रम में 15 अगस्त 2026 को समिति की नारी शक्ति संभाग की अध्यक्ष सविता सिंह एवं सचिव चंद्र मोहन सिंह का संयुक्त जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मोहल्लेवासियों ने दोनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद केक काटकर मिष्ठान एवं समोसे का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सविता सिंह एवं चंद्र मोहन सिंह के सामाजिक कार्यों तथा समिति के प्रति उनके योगदान की सराहना की। सविता सिंह ने मोहल्लेवासियों द्वारा सामूहिक रूप से जन्मदिन मनाए जाने को अपने लिए अत्यंत सुखद अनुभूति बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

वहीं समिति के सचिव चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि मोहल्लेवासियों का प्यार, स्नेह और अपनापन उन्हें गौरवान्वित करता है। जन्मदिन पर मिला आशीर्वाद उन्हें प्रत्येक नए कर्तव्यपथ पर ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी मोहल्लेवासियों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।

समिति के प्रवक्ता संजय पांडे ने कहा कि महिला अध्यक्ष और सचिव का जन्मदिन एक साथ मनाया जाना अत्यंत आनंदमय अवसर है। उन्होंने दोनों के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समिति के संरक्षक डॉ. डी.पी. सिंह बाहर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने मोबाइल के माध्यम से दोनों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को विशेष और सुखद पल बताया। समिति के अध्यक्ष रवींद्र नाथ सिंह ने दोनों के लिए केक की व्यवस्था कर संयुक्त रूप से केक कटवाया तथा उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान एवं समोसे का वितरण कराया।

इस अवसर पर आर.पी. सिंह, बृजेश सिंह, भानु सिंह, लालबहादुर राय, शिवजी सिंह, संजय पांडे, कुंज बिहारी चौरसिया, सतीश चंद्र श्रीवास्तव, चंद्र मोहन तिवारी, वर्तिका सिंह, अंजू राय, अंजू श्रीवास्तव, ऋतु सिंह, अमृता सिंह, अलंकृता चौरसिया, नीतू सिंह, संदीप श्रीवास्तव, अमृत चौरसिया, सुशील सिंह, दीपक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में आपसी प्रेम, अपनत्व और भाईचारे का सुंदर वातावरण देखने को मिला। समिति के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन मोहल्लेवासियों को एक-दूसरे के सुख-दुख से जोड़ने के साथ ही सामाजिक एकता और सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।