देशभक्ति नारों से गूंजा शाह फैज़ पब्लिक स्कूल, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
गाज़ीपुर। शाह फैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के विभिन्न प्रांगणों में ध्वजारोहण के साथ हुआ।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने कक्षा 6 से 12 तक के ब्लॉक में, निदेशिका डॉ. मीना अधमी ने कक्षा 1 से 5 तक के ब्लॉक में तथा प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने नर्सरी ब्लॉक में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गान, राष्ट्रीय गीत एवं झंडा गीत का सामूहिक गायन किया।
इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विशेष समारोह के दौरान नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव, माधुरी पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया। आयोजन ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
गाजीपुर। देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करने और उनके त्याग एवं संघर्ष को स्मरण करने के उद्देश्य से बंधवा पीरनगर स्थित माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में स्वतंत्र भारत की 80वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, नैतिक मूल्यों, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक मोहित श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने मार्च-पास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के उपरांत छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर कक्षा 11 की छात्रा प्रिया, कक्षा 6 की छात्राएं तान्या शाह एवं अवनी राय, कक्षा 7 की छात्रा वैष्णवी, कक्षा 8 के अभ्युदय राय तथा कक्षा 7 के रुद्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों के अद्वितीय योगदान और बलिदान पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कारकून ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों का बोध कराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम की तैयारी में जुटे शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान गणित शिक्षक ठाकुर प्रसाद गुप्ता ने देशभक्ति गीत ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों’ प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं विद्यालय की शिक्षिकाओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
समापन अवसर पर विद्यालय के सीनियर कोऑर्डिनेटर बद्रीश श्रीवास्तव ने देश के विकास में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राएं पाखी शर्मा और श्रेया सिंह ने किया।
गाजीपुर। 14 अगस्त को जिला पंचायत भवन सभागार, कचहरी में विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शन तथा बजरंग दल के नेतृत्व में अखण्ड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम श्रद्धा, राष्ट्रभाव एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत संयोजक सुशील राष्ट्रवादी रहे। उन्होंने अखण्ड भारत संकल्प दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि खंडित भारत को पुनः अखण्ड भारत बनाने का संकल्प ही इस दिवस का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रभाव को सशक्त बनाकर अखण्ड भारत के विचार को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के लिए निरंतर कार्य करते हुए अखण्ड भारत के संकल्प को साकार करने का प्रयास करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश चन्द्र पाण्डेय, सह सेवा प्रमुख काशी प्रांत ने की, जबकि संचालन विनीत सिंह, जिला मंत्री ने किया। मंच पर विपिन श्रीवास्तव जिला अध्यक्ष, रवि राज जिला संयोजक बजरंग दल, अमित राय विभाग संयोजक तथा प्रांतीय सदस्य ओमकार राय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष आनन्द तिवारी, सह मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान, जिला उपाध्यक्ष सरिता श्रीवास्तव, बजरंग दल सदर संयोजक विनोद बिन्द, सुरक्षा प्रमुख अंकित तिवारी, राजन सिंह, गोलू जायसवाल सहित जिला, प्रखंड एवं नगर स्तर के दायित्ववान कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि अखण्ड भारत संकल्प दिवस बजरंग दल का वार्षिक कार्यक्रम है, जिसे प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को मनाया जाता है। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारत की अखण्डता, सांस्कृतिक एकता एवं राष्ट्र गौरव की रक्षा के लिए संकल्प लिया।
जिला अस्पताल के निरीक्षण में डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शुक्रवार को जिला अस्पताल, एनआरसी सेंटर, ट्रामा सेंटर एवं वन स्टॉप सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एनआरसी सेंटर में जिलाधिकारी ने महिलाओं से संवाद कर उनके बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार तथा उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे पोषक आहार की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को संतुलित आहार एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों का हाल जाना तथा चिकित्सकों द्वारा की जा रही जांच, उपचार और उपलब्ध कराई जा रही दवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही मरीजों की रिपोर्ट एवं उपचार की प्रगति के बारे में चिकित्सकों से भी जानकारी ली।
दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिकित्सकों द्वारा निर्धारित दवाएं मरीजों को समय से उपलब्ध कराई जाएं। आवश्यक दवाओं की किसी भी स्थिति में कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दवाओं के स्टॉक एवं उपलब्धता का नियमित सत्यापन कराने के निर्देश दिए। ट्रामा सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हैंडओवर प्रक्रिया एवं पिलर निर्माण की जानकारी ली। वहीं वन स्टॉप सेंटर में उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर एवं शेल्टर रजिस्टर का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं एवं मरीजों की सुविधाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
विभाजन की विभीषिका को स्मरण कर भाजपा ने निकाला मौन जुलूस
गाजीपुर। देश के विभाजन की त्रासदी, विस्थापन, पीड़ा और जनहानि की स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। इस अवसर पर राजेंद्र पार्क से जिला पंचायत सभागार तक मौन जुलूस निकाला गया। इसके बाद जिला पंचायत सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित कर विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राजेंद्र पार्क से भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय तथा राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के नेतृत्व में मौन जुलूस प्रारंभ हुआ। जुलूस पीरनगर, जिलाधिकारी आवास और कचहरी मार्ग से होते हुए जिला पंचायत सभागार पहुंचा। कार्यकर्ता एवं नागरिक हाथों में विभाजन की त्रासदी, विस्थापन और उसके दुष्परिणामों से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मनीष कपूर ने कहा कि भाजपा के संस्थापकों और विचारधारा से जुड़े नेताओं ने सदैव देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने विभाजन के समय अपने परिवार और समाज द्वारा झेली गई पीड़ा का संस्मरण सुनाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 की विभाजन त्रासदी से सीख लेते हुए सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति सदैव सजग एवं एकजुट रहना चाहिए। विभाजन की पीड़ा हमें यह संदेश देती है कि राष्ट्रहित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि 14 अगस्त 1947 भारतीय इतिहास का वह अध्याय है, जिसमें स्वतंत्रता की खुशी के साथ विभाजन का असहनीय दर्द भी जुड़ा हुआ है। लाखों लोगों ने अपना घर-बार और संपत्ति छोड़कर विस्थापन का दंश झेला, जबकि असंख्य लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि हमें इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि स्वतंत्रता के संघर्ष में लाखों देशवासियों के बलिदान के बावजूद विभाजन के कारण आजादी की खुशी में गहरा दर्द समाहित रहा। लोग वर्षों की मेहनत से बनाए घर और संपत्ति छोड़कर जान बचाने के लिए निकले, लेकिन अनेक लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को विभाजन की इस पीड़ा से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि ऐसी त्रासदी की पुनरावृत्ति न हो।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि विभाजन के दौरान असंख्य निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और लाखों परिवार विस्थापित हुए। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इतिहास की इस पीड़ा को कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी में हताहत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला पंचायत सभागार के गलियारे में विभाजन की विभीषिका से संबंधित चित्रों एवं घटनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे लोगों ने देखा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस नाथ राय, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेंद्र राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, डॉ. राजकुमार सिंह गौतम, बी.के. त्रिवेदी, रमेश सिंह, पप्पू, रामराज बनवासी, विनोद अग्रवाल, संकठा प्रसाद मिश्रा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, सुमित तिवारी, अवधेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजेश राजभर, शैलेश राम, विश्व प्रकाश अकेला, साधना राय, अविनाश सिंह, अभिनव सिंह, गर्वजीत सिंह, राजन प्रजापति, अमरेश गुप्ता, सनी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एव नागरिक मौजूद रहे।
जिले में गूंजा तिरंगे का सम्मान, 5 हजार छात्रों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का असर गाजीपुर में भी दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों से शहर से लेकर गांव तक तिरंगे की छटा नजर आ रही है। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत दिलदारनगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में करीब 5 हजार स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते छात्र-छात्राओं से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
यात्रा का प्रमुख आकर्षण करीब एक किलोमीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे छात्राओं ने अपने हाथों में लेकर यात्रा में सहभागिता की। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते बच्चों ने लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता का संदेश देने वाला पर्व है। तिरंगा हमें यह याद दिलाता है कि हमारी सबसे बड़ी पहचान भारतीयता है। जाति, धर्म और समुदाय की अलग-अलग पहचान से ऊपर राष्ट्र के प्रति हमारी एकजुटता सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि हम सभी की पहचान सबसे पहले भारतीय के रूप में है और तिरंगा हमारी साझा राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। दिलदारनगर की इस भव्य तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशप्रेम का संदेश पूरे क्षेत्र में पहुंचाया।
गाजीपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला सूचना कार्यालय की ओर से आडिटोरियम परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके उपरांत आडिटोरियम हाल में मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा और सुना गया।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि भारत विभाजन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले देशवासियों को नमन करते हैं। विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई यातना और पीड़ा को आने वाली पीढ़ियों तक स्मरण कराने के उद्देश्य से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली, लेकिन भारत विभाजन का दर्द आज भी लाखों परिवारों के लिए गहरे जख्म के समान है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना को समाप्त कर एकता, सामाजिक सद्भाव और मानव सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला सामाजिक वानिकी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
कुलदीप पाण्डेय ने रेलवे में एओएम (राजपत्रित) पद हासिल कर बढ़ाया जनपद का गौरव
गाजीपुर। जनपद के ग्राम नसीरपुर, पोस्ट मांचा मनिया, थाना भावरकोल, तहसील मोहम्मदाबाद निवासी कुलदीप पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर रेलवे के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने रेलवे के एनआर डिवीजन में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए एओएम (राजपत्रित) पद हासिल किया है। वर्तमान में उनका स्थानांतरण पंजाब राज्य में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और जनपदवासियों में खुशी का माहौल है।
कुलदीप पाण्डेय बचपन से ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय राज किशोर पाण्डेय उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत थे। दुर्भाग्यवश अल्पायु में ही उनके पिता का निधन हो गया। इसके बावजूद कुलदीप ने कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना किया और अपनी शिक्षा एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखा।
उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा लखनऊ से पूरी की। इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने सरकारी सेवा के माध्यम से आमजन की सेवा को अपना उद्देश्य बनाया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफलता हासिल की।
कुलदीप के परिवार में भी शिक्षा और सरकारी सेवा के प्रति समर्पण का माहौल रहा है। उनके बड़े भाई उत्तर प्रदेश सचिवालय में राजपत्रित पद पर कार्यरत हैं। ऐसे पारिवारिक संस्कारों और कठिन परिश्रम ने कुलदीप को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रेलवे के एनआर डिवीजन में प्रथम स्थान प्राप्त कर एओएम (राजपत्रित) पद हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। पंजाब में स्थानांतरण के बाद उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियों के निर्वहन का अवसर मिला है।
कुलदीप पाण्डेय की सफलता पर क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों और परिचितों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर हासिल की गई यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
कुलदीप पाण्डेय की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे गाजीपुर जनपद के लिए गौरव और प्रतिष्ठा का विषय है।
साबिर अली आईटीआई में 30 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
जखनियां/गाजीपुर। साबिर अली आईटीआई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।प्रतियोगिता में मेराज अंसारी ने प्रथम, अजय यादव ने द्वितीय, गोधन मौर्य ने तृतीय तथा हितेश गिरी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं खुशी कुमारी चौरसिया सहित अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरनाथ यादव एवं प्रबंधक आमिर अली ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और मेहनत की बदौलत उन्हें यह सफलता हासिल हुई है।
प्रबंधक आमिर अली ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निरंतर मेहनत की है और विद्यार्थियों के परिणाम उसी मेहनत की सफलता को प्रमाणित कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और पढ़ाई के प्रति अनुशासित रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से समय-समय पर कैंप आयोजित कर विद्यार्थियों को महिंद्रा, टाटा, मारुति सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्थान से चयनित होकर कई विद्यार्थी आज विभिन्न कंपनियों में कार्यरत हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
समारोह में प्रधानाचार्य अमरनाथ यादव, प्रबंधक आमिर अली, धर्मवीर भारद्वाज, अजय कुमार, राधेश्याम यादव, प्रताप यादव, गोविंद कुमार, संदीप कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
डीएम ने सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक,दिए निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत योजनाओं की प्रगति, सहित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति एवं पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सभी महाविद्यालयों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर भी बैठक आयोजित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित प्रगति का समयबद्ध रूप से पोर्टल पर फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिन विभागों को असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ, उन पर नाराजगी व्यक्त की तथा अधिकारीगण को असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा की निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन की शिकायतों का प्रभावी समाधान हो सके।