Category Archives: Ghazipur

पिस्टल के साथ एक गिरफ्तार

गाजीपुर। थाना करण्डा पुलिस ने एक अभियुक्त को पिस्टल के साथ किया गिरफ्तार किया। शनिवार को करण्डा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर खास की सूचना पर मैनपुर गांव से गोशन्देपुर वाले रास्ते पर गांव के बाहर तिराहे पर एक पिस्टल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम निखिल सिंह पुत्र इन्द्रेश सिंह निवासी ग्राम मैनपुर थाना करण्डा है। अभियुक्त के उपर करंडा थाना मे कई मामलों में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक थाना करण्डा, हेड कांस्टेबल रामप्रताप सिंह, हे.का. रामप्रताप सिंह, कांस्टेबल आजाद हिन्द, कां. विशाल और का. शिव कुमार मौर्या शामिल रहे।

पहले स्थान पर सनशाइन स्कूल तो दूसरे स्थान पर रहा शाह फैज स्कूल

वाद-विवाद प्रतियोगिता


गाजीपुर। शाह फैज पब्लिक स्कूल में शनिवार को अंतर जनपदीय वाद- विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान विद्यालय के निदेशक नदीम अदहमी ने फूलों का गुलदस्ता देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया, उसके बाद निदेशक द्वारा छात्रों को प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के अनेक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें लूदर्स कान्वेंट स्कूल, सेंट जॉनस स्कूल, एवरग्रीन स्कूल, सनशाइन पब्लिक स्कूल, नवोदय विद्यालय तथा शाह फ़ैज पब्लिक स्कूल शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की समन्वयक नेहा कुरेशी ने किया। छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन बहुत ही सराहनी रहा। उक्त प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सनशाइन पब्लिक स्कूल, द्वितीय स्थान पर शाह फैज पब्लिक स्कूल तथा तृतीय स्थान पर सेंट जॉन स्कूल रहा। सभा में विद्यालय के छात्र-छात्राएं शिक्षक गण एवं अन्य विद्यालयों से आए हुए शिक्षक उपस्थित थे। प्रतियोगिता के बाद छात्र-छात्राओं को पारितोषिक दिया गया। विद्यालय के समन्वयक द्वारा आभार व्यक्त किया गया। सभा का समापन राष्ट्रगान के द्वारा हुआ।

7 को होगा नमो कबड्डी प्रतियोगिता

नमो कबड्डी प्रतियोगिता 7 दिसंबर को

ग़ाज़ीपुर।भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित होने वाली जिला स्तरीय नमो कबड्डी प्रतियोगिता 7 दिसंबर को आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में डीडी पब्लिक स्कूल कादीपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता और जिला कबड्डी संघ के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि यह कबड्डी प्रतियोगिता गाजीपुर में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह,महामंत्री धनंजय चौबे और जिला उपाध्यक्ष शुभांशु मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। जिला अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह ने बताया कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित दो टीमों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता नॉक आउट पद्धति पर आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मधूप राम, मुहम्मद अकरम, छोटे लाल यादव, लालजी सिंह, तारकेश्वर प्रसाद आदि उपस्थित रहे।

एसपी और सीडीओ ने थाना दिवस में सुनी फरियाद, दिया अफसरों को निर्देश

गाजीपुर। थाना दिवस पर एसपी ओमवीर सिंह एवं सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने शनिवार को थाना सैदपुर व थाना नंदगंज पर थाना पहुंच कर जन समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रार्थना पत्रों तथा फरियादियों की समस्याओं को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को निर्देशित किया। एसपी और सीडीओ ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि थाना दिवस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए तथा मौके पर जाकर जांचोपरान्त शिकायत का समाधान किया जाये। कहा कि समस्याओं के निस्तारण में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना दिवस पर थाना में दर्जनों फरियादी मौजूद रहे। इस दौरान सैदपुर थाना प्रभारी और नंदगंज थाना प्रभारी मौजूद रहे।

एसपी ने कई थानाध्यक्षों का बदला कार्य क्षेत्र, शहर कोतवाल बने दीनदयाल

गाजीपुर। एसपी ने कानून व्यवस्था के मद्देनजर कई निरीक्षकों और उप निरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल किया है। उन्होंने कई दरोगाओं को इधर से उधर किया है। एक थाना इंचार्ज को एसपी ने लाइन भेजा है। एसपी ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को दीनदयाल पांडे को पुलिस लाइन से शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बनाया है। इसके साथ ही श्याम जी यादव को पुलिस लाइन से प्रभारी निरीक्षक जमानिया, महेंद्र सिंह को प्रभारी निरीक्षक जमानिया से प्रभारी निरीक्षक सैदपुर, पवन कुमार उपाध्याय को प्रभारी निरीक्षक गहमर से प्रभारी निरीक्षक दिलदारनगर, अशोक कुमार मिश्रा को प्रभारी डीसीआरबी से प्रभारी निरीक्षक गहमर, कमलेश कुमार को पुलिस लाइन से थानाध्यक्ष शादियाबाद, कृपेंद्र प्रताप सिंह को थानाध्यक्ष बहरियाबाद से पुलिस लाइन, राजीव त्रिपाठी को चौकी प्रभारी विशेश्वरगंज से थानाध्यक्ष रेवतीपुर, शैलेश मिश्रा को थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर से पीआरओ एसपी, बागीश विक्रम सिंह को मॉनिटरिंग सेल से थानाध्यक्ष मरदह, प्रदीप कुमार सिंह को थानाध्यक्ष सुहवल से थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर, वीरेंद्र कुमार बरवार को प्रभारी यूपी 112 से प्रभारी निरीक्षक बहरियाबाद, विजय प्रताप सिंह को प्रभारी चुनाव सेल से प्रभारी निरीक्षक थाना नोनहरा, भूपेंद्र निषाद को चौकी प्रभारी गोराबाजार से थानाध्यक्ष नगसर और संतोष राय को थानाध्यक्ष नोनहरा से थानाध्यक्ष सुहवल की कमान सौंपी है।

मतदाता चेतना अभियान को लेकर हुई बैठक

ग़ाज़ीपुर(नोनहरा)।मतदाता चेतना अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को शक्ति केन्द्रों पर बैठक आयोजित की गई। जिसमें समस्त बूथ अध्यक्षों को चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान से अवगत कराते हुए अब तक हुए नये नामांकन, विलोपन, अपमार्जन आदि की समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के नोनहरा मंडल अंतर्गत शक्ति केन्द्र भाला के शक्ति केन्द्र संयोजक योगेन्द्र सिंह तथा बुथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर मतदाता चेतना अभियान के प्रति समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस तरह से सर्वांगीण विकास के साथ तेज गति से संम्पूर्ण सक्षम आगे बढा रहा है, वह गति निर्वाध रूप से आगे बढती रहे इसके लिए कार्यकर्ताओं को समर्पित रुप से लगना होगा। इस अवसर पर बुथ अध्यक्ष अजन्ता राजभर, छोटेलाल, संजय मिश्र, प्रकाश राम, जनार्दन, सुक्खू सिंह आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर सदर विधानसभा के सदर पश्चिमी मंडल अंतर्गत फतेहउल्लाहपुर शक्ति केन्द्र पर प्रवासी गोपाल राय ने मतदाता जागरूकता बैठक कर मतदाता सूची में नाम शामिल करने को लेकर बुथ अध्यक्षों को चैतन्य किया।इस अवसर पर शशिकान्त शर्मा,विनोद राय,रवींद्र श्रीवास्तव, अरविंद कश्यप,झून्ना आदि उपस्थित थे।

पशु तस्करों को किया गिरफ्तार

गाजीपुर। सादात थाना पुलिस ने तीन पशु तस्करों को पांच गोवंश के साथ गिरफ्तार किया। इसके बाद इन सभी लोगों पर 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजने की कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के द्वारा चलाए गए अभियान के तहत सादात थाने की टीम के द्वारा शुक्रवार को सुबह बहादुरपुर चौराहे के ग्राम हुरमुजपुर से एक मैजिक वाहन में पांच गोवंश लादकर ले जा रहे तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी के विरुद्ध थाने में धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम का अभियोग पंजीकृत कराकर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त में संजय भारद्वाज निवासी भुडकुडा ,गोपाल कुमार ग्राम धनबाउर थाना दुल्लहपुर और देवेंद्र कुमार निवासी बिजौरा थाना मरदह है। तस्करों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में सादात थानाध्यक्ष आलोक त्रिपाठी, कांस्टेबल विपिन कुमार और का. शिवम यादव शामिल थे।

एसपी के हाथों खोए हुए मोबाइल फोन पाकर खिल उठे लोगों के चेहरे

गाजीपुर। सर्विलांस सेल टीम द्वारा जनपद में खोये हुए कुल 62 अदद स्मार्ट फोन बरामद कर आवेदकों को सुपुर्द किया गया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को एसपी ओमवीर सिंह ने बरामद दर्जनों मोबाइल फोन को आवेदकों को दिया।
सर्विलांस सेल द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रान्तर्गत उक्त सभी गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किया। गुमशुदा मोबाइल फोन पुनः प्राप्त करने के बाद आवेदकों ने एसपी और सर्विलांस टीम के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुये धन्यवाद व्यक्त किया। इस दौरान एसपी के साथ एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, सीओ सिटी गौरव कुमार मौजूद रहे। मोबाइल फोन बरामद करने वाले टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय राय, सर्विलांस सेल प्रभारी शिवाकान्त मिश्रा, संजय कुमार पटेल, संजय सिंह रजावत, संजय प्रसाद, सूरज सिंह, विकास श्रीवास्तव, विनय यादव, शैलेन्द्र यादव स्वाट, सूजीत सिंह स्वाट टीम, आशुतोष सिंह, चन्दनमणि त्रिपाठी, अजय प्रसाद, जयंत सिंह, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार और ओम प्रकाश सिंह शामिल रहे।

नपा अध्यक्ष ने बच्चों को भोजन करा शुरू किया हॉट कुक मील योजना

नगर पालिका अध्यक्ष ने बच्चों को भोजन परोस कर शुरू किया हॉट कुक मील योजना

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा शुक्रवार को पूरे प्रदेश में संचालित आंगनबाड़ी केदो में आने वाले 3 वर्ष से 6 वर्ष के बच्चों के लिए हॉट कुक मील योजना की शुरुआत की गई। जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया गया। वहीं गाजीपुर के प्राथमिक विद्यालय छावनी लाइन में इस योजना का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के द्वारा बच्चों को भोजन परोसकर किया गया। वही इस कार्यक्रम के शुरू होने से पूर्व जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बने हुए भोजन को पहले खुद चखा और उसके पश्चात बच्चों में वितरित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि हॉट कुक मिल योजना काफी दिनों से बंद चल रही थी। उसकी जगह पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को सुखा राशन के तहत चने का दाल और दलिया दिया जा रहा था । लेकिन अब शासन के द्वारा एक बार फिर से इस योजना को संचालित किया गया है। जिसको लेकर शासन के द्वारा बजट भेजा गया। और आज से इस योजना का शुभारंभ किया गया है।केंद्रों का मैपिंग भी कराया जा चुका है । जिससे यह पता चल सके की किस केंद्र का भोजन कहां बनना है। 4127 केंद्रों पर करीब 84 हजार बच्चे इस योजना से लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों के अंतर्गत संचालित होने वाले आंगनवाड़ी केदो का हॉट कुक मिड डे मील भोजन के साथ वहां की रसोइयों के द्वारा बनाया जाएगा । जो आंगनवाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों से दूरी पर है वहां पर उनका भोजन सहायिका के द्वारा बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व में सुखा राशन की योजना जो चल रही थी वह भी निरंतर चलती रहेगी। हॉट कुक योजना के लिए शासन की तरफ से ₹4.50 पैसे कन्वर्जन प्रति बच्चे शासन के द्वारा दिया जाएगा ।जिसमें से 25 पैसे परिवहन पर खर्च किए जाएंगे। इस पैसे में प्राथमिक विद्यालय की रसोइयों की पारिश्रमिक भी शामिल है। उन्होंने बताया कि जखनिया में 3 वर्ष से 6 वर्ष के वास्तविक उपस्थित बच्चों की संख्या 5092 ,मनिहारी 5824 ,सादात 6251, सैदपुर 5685, देवकली 5497, करंडा 3075, सदर 4597, शहर 2297, मरदह 4390, कासिमाबाद 6059, बाराचवर 5385, मोहम्मदबाद 4471 ,भांवरकोल 5092, रेवतीपुर 4718 ,भदौरा 4450, जमानिया 70 08 बच्चे इस योजना से लाभान्वित होंगे। इस कार्यक्रम में परियोजना निदेशक राजेश यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ,डीपीआरओ अंशुल मौर्य, सीडीपीओ सदर अखिलेश कुमार के साथ ही आईसीडीएस विभाग के सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालय के टीचर प्रधानाचार्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शुरू हुआ सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान

जननपद में शुरू हुआ सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान

विशेष अभियान चलाकर 20 प्रतिशत आबादी की होगी स्क्रीनिंग

अभियान के सफल संचालन के लिए 221 टीम और 43 सुपरवाइज़र तैनात

आवासीय परिसरों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्क्रीनिंग पर होगा ज़ोर

गाज़ीपुर। प्रधानमंत्री के वर्ष 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने के संकल्प को लेकर विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) व प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद में सक्रिय टीबी रोगी खोज (टीबी एसीएफ़) अभियान का शुभारंभ किया गया। नगर सहित समस्त 16 ब्लॉक में टीम ने स्क्रीनिंग का कार्य भी शुरू किया गया। इसके साथ ही समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को भी अभियान को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया गया।


सीएमओ डॉ देश दीपक पाल ने जिला क्षय रोग अधिकारी, सरकारी चिकित्सालयों के अधीक्षक एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक के साथ बैठक कर तैयारियों के बारे में जाना। सीएमओ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह अभियान पाँच दिसंबर तक चलेगा। जनपद की आबादी करीब 44.55 लाख है लेकिन विशेष अभियान के तहत 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीबी के जीवाणु रोगी के खाँसने, छींकने और थूकने से हवा में फैल जाते हैं और साँस लेने से स्वस्थ व्यक्ति के फेफड़े में पहुँचकर रोग उत्पन्न करते हैं। टीबी का रोगी एक वर्ष में 10 से 15 स्वस्थ व्यक्तियों को संक्रमित कर सकता है। इसलिए इस अभियान में टीबी के लक्षण युक्त (संभावित रोगियों) व्यक्तियों की जांच की जाएगी और जांच में टीबी की पुष्टि होने पर तत्काल उपचार शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी रोगियों को उनके उपचार के दौरान हर माह 500 रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में प्रदान की जाती है।


जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के लिए 221 टीम और 43 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी संभावित क्षय रोगियों की जांच करेंगे और टीबी की पुष्टि होने पर 48 घंटे के अंदर उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आवासीय परिसरों, जैसे अनाथालयों, वृद्धाश्रमों, नारी निकेतन, बाल संरक्षण गृह, मदरसों और छात्रावासों में कैंप आयोजित कर टीबी के प्रति संवेदीकरण किया जाएगा और लक्षण युक्त व्यक्ति के स्पुटम (बलगम) के नमूने एकत्र किए जाएंगे।


संवेदनशील क्षेत्रों पर होगा ज़ोर – जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) डॉ मिथलेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान माइक्रोप्लान के मुताबिक संवेदनशील क्षेत्रों (घनी बस्ती और स्लम एरिया) को कवर करते हुए जनपद की 20 प्रतिशत आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। रोगी के बलगम की जांच करवाने पर फेफड़ों की टीबी का पता लग सकता है। बलगम के दो नमूनों की जांच माइक्रोस्कोपी एवं सीबीनॉट मशीन द्वारा की जाती है, जिससे टीबी की पुष्टि होती है। इसके साथ ही सभी रोगियों की शुगर और एचआईवी जांच भी की जाएगी। अभियान की समस्त रिपोर्ट को निक्षय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।


इन्सेट–
टीबी का इलाज – टीबी रोगी के इलाज के लिए जिले में टीबी की दवा स्वास्थ्य कार्यकर्ता के सीधी देखरेख में खिलाई जाती हैं जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि मरीज सही दवा निश्चित समय पर पूरी अवधि तक खाकर शीघ्र रोग मुक्त हो जाए।
इन बातों का रखें ध्यान –

  • दो हफ्ते या उससे अधिक खाँसी, खाँसी के साथ बलगम आना, रात में पसीना आना, भूख न लगना और वजन में लगातार गिरावट टीबी हो सकती है। ऐसे लक्षण देने पर तुरन्त नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर सम्पर्क करें।
  • टीबी की समस्त आधुनिक जाँच एवं सम्पूर्ण उपचार समस्त सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
  • अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नम्बर 1800-11-6666 पर संपर्क कर सकते हैं और टीबी आरोग्य सेतु एप को भी डाउनलोड करें।