Category Archives: Ghazipur

कोटे की दुकान की जांच करने पहुंचे नायब तहसीलदार,हंगामे के बीच जांच पूरी

गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के ग्राम पंचायत महेशपुर (द्वितीय) के राजस्व ग्राम नकटीकोल में कोटे की दुकान की जांच के लिए प्राथमिक विद्यालय नकटीकोल में ग्रामीणों की चौपाल शुक्रवार को लगाई गई। हंगामें के बीच जांच पूरी हुई।
ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत की जांच करने के लिए नायब तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव नकटीकोल प्राथमिक विद्यालय पर पहुंचे। ग्रामीणों की चौपाल लगाकर शिकायती पक्ष का बयान लेने के बाद दोनों पक्षों को अलग-अलग बैठने का निर्देश दिया। दोनों पक्षों के अलग-अलग बैठ जाने के पश्चात नायब तहसीलदार श्री श्रीवास्तव ने राजस्व निरीक्षक ज्ञानेंद्र ओझा को उनका हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया। श्री ओझा सबसे पहले शिकायती पक्ष का हस्ताक्षर कराने लगे। कोटेदार पक्ष के लोगों ने शिकायती पक्ष के लोगों का पहले हस्ताक्षर कराए जाने पर विरोध किया और हो-हल्ला करने लगे, जिस पर नायब तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि हमेशा शिकायतकर्ता का ही पहले बयान लिया जाता है। इतना सुनते ही कोटेदार रामजी यादव के साथ आए लोग हो हल्ला करने लगे। स्थिति को भांप नायब तहसीलदार ने शिकायतकर्ताओं के हस्ताक्षर कार्य कराया। उन्होंने कोटेदार पक्ष से अपना बयान दर्ज कराने को कहा, जिसपर कोटेदार पक्ष ने बयान देने से इनकार कर दिया। इसके बाद नायब तहसीलदार राजस्व निरीक्षक ज्ञानेंद्र ओझा के साथ अपनी गाड़ी में बैठकर वापस हो लिए। मीडिया कर्मियों के सवाल के जवाब में नायब तहसीलदार ने कहा कि जांच पूरी हो गई है। जांच आख्या उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी।

सेवानिवृत्त को दी गई विदाई

सेवानिवृत्त को दी गई विदाई

गाजीपुर। पशुधन प्रसार अधिकारी संघ द्वारा शुक्रवार को विदाई/सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सेवानिवृत्त हुए पशुधन प्रसार अधिकारियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी गई। इस मौके पर अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी राजकीय दायित्व से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन यह समाज के अग्रणी प्रहरी के रूप में आगे भी कार्य करते रहेंगे और समाज में सामाजिक दायित्वों का निर्वाहन करते रहेंगे।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांग किया की सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का जितना देयक है, उसका अविलंब भुगतान कर दें, उनका असली सम्मान यही है। उन्होंने कहा कर्मचारी अपने मांगो के प्रति सचेत होकर संगठन को मजबूती प्रदान कर संघर्ष के लिए तैयार रहे, क्योंकि संगठन में वह शक्ति है कि आपके मान-सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहता है। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों श्रीराम सिंह और शाहनवाज हुसैन पशुधन प्रसार अधिकारी शामिल रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी संघ के अध्यक्ष उमेश दुबे, उमाशंकर उपाध्याय, जयप्रकाश सिंह, अभय सिंह, संतोष सिंह, सुषमा यादव, ओमप्रकाश यादव, सुरेश राय, नफीस, प्रदीप यादव आदि उपस्थित थे। संचालन शशिभूषण कुमार ने किया।

सावन माह में रहेगा रुट डायवर्जन

सावन माह में रहेगा रुट डायवर्जन

गाजीपुर। सावन माह में पड़ने वाले सोमवार को भोले भंडारी का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवरिया महाहर धाम सहित अन्य धाम के लिए एक दिन पूर्व रविवार को नगर के विभिन्न गंगा घाटों से जल लेकर रवाना होते है। कांवरियों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसको देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे ने रुट डायवर्जन का निर्देश दिया है। इस निर्देश के अनुसार 17-18 जुलाई, 24-25 जुलाई, 31 जुलाई/01 अगस्त तथा 07-08 अगस्त को दोपहर 12 बजे से सोमवार की शाम को सायं 06 बजे तक रुट डायवर्जन रहेगा।
जनपद क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था के संचालन के लिए डावर्जन स्कीम लागू होगी। इसके अनुसार भूतहियाटांड़ से जाने वाले यात्री वाहन, रोडवेज, प्राइवेट, हल्के वाहन लंका तिराहे तक जा सकेगें। लंका तिराहे पर लगे बैरियर के आगे विशेश्वरगंज की तरफ किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें सासंद तिराहे की तरफ मोड़ दिया जायेगा। रौजा तिराहा से भारी भार वाहन/मध्यम या किसी प्रकार के वाहन शहर में नहीं जा सकेगें। बैरियर लगाकर वाहनों रोके जाने की व्यवस्था की जाएगी। मुहम्मदाबाद की तरफ से आने वाले भारी भार वाहन को नोनहरा थाना अटवां मोड़ से कासिमाबाद की तरफ मोड़ा/रोका जाएगा, जो सोमवार को स्थिति सामान्य होने तक वहीं रूके रहेगें। मुहम्मदाबाद की तरफ से आने वाले हल्के वाहन आलमपट्टी चौराहा से शहर की ओर मोड़ दिए जाएंगें, जो कांवरिया मार्ग को छोड़कर फुल्लनपुर क्रासिंग से शहर की ओर जाएंगे। रोडवेज वाहन भुतहियाटांड़ से लंका तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन रोड से दाहिने मुड़कर रोडवेज स्टैंड पर जा सकेंगे। रोडवेज की गाड़िया जो गाजीपुर डिपो से चलेंगी, वह स्टेशन मार्ग होते हुए फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग से दाहिने-बाएं जा सकती हैं। लंका प्राइवेट बस स्टैंड की गाड़ियां लंका तिराहा से विशेश्वरगंज की तरफ नहीं जाएंगी, बल्कि भुतहियाटांड़ से जाएंगी। मुहम्मदाबाद अथवा शहर से हल्के वाहन हमीद सेतु की तरफ जाएंगे, भारी भार वाहन नहीं जाएंगे। सुहवल-जमानियां की तरफ से भारी भार वाहन हमीद सेतु की तरफ नहीं जाएंगे। थानाध्यक्ष गहमर, भदौरा में भारी भार वाहनों को दिलदारनगर, जमानिया की तरफ मोड़ने के लिए बैरियर लगाएंगें। मऊ जनपद से बढु़वा गोदाम थाना सरायलखंसी से भारी भार वाहनों को जनपद गाजीपुर में नहीं आने दिया जाएगा, उन्हें आजमगढ़ मार्ग पर डायवर्ट करा दिया जाएगा। यदि कोई भारी भार वाहन आ जाता है तो चौकी प्रभारी मटेहूं/थाना प्रभारी मरदह मटेहूं चौकी पर बैरियर लगाएंगे तथा हल्के वाहनों को मरदह तिराहे तक आने अनुमति होगी। मटेहूं चौकी से जंगीपुर तक बायां लेन बंद रहेगा। चौकी प्रभारी मटेहूं बैरियर लगाकर वाहनों को रोकेंगे। आजमगढ़, मऊ से चिरैयाकोट होते हुए वाराणसी जाने वाली वाहनों को जलालाबाद तिराहे से शादियाबाद की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो शादियाबाद, सैदपुर, बिहारीगंज, डगरा से चंदवक जौनपुर के रास्ते वाराणसी को जाएंगे। यदि कोई वाहन किसी प्रकार से बिरनो से होते हुए गाजीपुर की तरफ आ जाता है तो उसे यादव मोड़ जंगीपुर पर बैरियर लगाकर नसीरपुर की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो भुतहियाटांड़ पर आ जाएगा। थानाध्यक्ष खानपुर/प्रभारी निरीक्षक सैदपुर चंदवक, जौनपुर से आने वाले भारी भार वाहनों को डहराकलां पर रोकेंगें तथा जो वाहन उसके बाद भी निकलकर आ जाएंगें तो उन्हें औड़िहार तिराहा पर रोका जाएगा। चौकी प्रभारी सिधौना चौकी के सामने बैरियर लगाएंगे तथा किसी प्रकार के भारी भार वाहनों/मध्यम माल वाहनों को वाराणसी की तरफ नहीं जाने देगें। प्रभारी निरीक्षक सैदपुर अपने थाने के सामने बैरियर लगाएंगें तथा किसी भी वाहन को रविवार की शाम चार बजे से सोमवार अग्रिम आदेश तक वाराणसी की तरफ नहीं जाने देंगे। औड़िहार तिराहे से रजवारी पुल तक बायां लेन बंद रहेगा। प्रभारी निरीक्षक सैदपुर बैरियर लगाकर वाहनों को रोकेंगे। विशेष छूट बंदी के दौरान आकस्मिक वाहन जैसे एम्बुलेंस, मरीज वाहन, स्कूली वाहन व फायर टेंडर अपने गंतव्य मार्ग से जाएंगे।

नपा अध्यक्ष व उनके प्रतिनिधि नगरवासियों को दे रहे धोखा:शम्मी सिंह

नपा अध्यक्ष व उनके प्रतिनिधि नगरवासियों को दे रहे धोखा:शम्मी सिंह

गाजीपुर। समाजसेवी व समाजवादी पार्टी के नेता विवेक सिंह शम्‍मी ने शुक्रवार को द ग्रैंड पैलेस में प्रेसवार्ता किया।प्रेसवार्ता के दौरान शम्मी सिंह ने कहा की लगातार वर्षों से नगरपालिका अध्‍यक्ष व उनके प्रतिनिधि नगरवासियों को धोखा दे रहे हैं। कल प्रेसवार्ता में भी उन्‍होने धोखा दिया है। अध्‍यक्ष दंपति पर भ्रष्टाचार के आरोप की जांच भाजपा सरकार में और उन्‍हीं के अधिकारियों द्वारा की गई है, जिसमें वह 18 बिंदुओं पर दोषी पाए गए हैं।उन्होंने कहा की सन् 2012 के कार्यकाल में विनोद अग्रवाल का भ्रष्‍टाचार के आरोप में दो बार पावर सीज हो चुका है। उस पर उन्‍होंने सफाई दी थी कि सपा की सरकार में ब्राह्मण मंत्री बनिया को बे-वजह दबा रहे हैं। लेकिन अब भाजपा सरकार की जांच में दोषी पाए गए हैं। नैतिकता के आधार पर चेयरमैन को इस्‍तीफा दे देना चाहिए। शम्‍मी सिंह ने बताया कि 2021-22 में गृह कर में नगरपालिका की आय लगभग 49 लाख रुपये थी और 2022-2023 में अनुमानित आय डेढ़ करोड़ दर्शाया गया है। चेयरमैन बताए कि यह आय अचानक कैसे एक वर्ष में तीन गुना हो जायेगा। स्‍वकर के संदर्भ में कहा कि स्‍वकर घटाने की सबसे पहली जंग हमने शुरु की थी। हमने हस्‍ताक्षर अभियान और जुलूस निकालकर नगरवासियों को जागरुक किया, तब जाकर जनता-जनार्दन ने बोर्ड पर दबाव बनाया। उन्‍होंने बताया कि स्‍वकर के गजट की फाइल में अधिशासी अधिकारी ने यह लिखा है कि नगरपालिका के अधिवक्‍ताओं की यह राय है कि यह गजट विधि सम्‍वत नहीं है। इसके बावजूद नियम विरुद्ध तरीके से स्‍वकर का गजट कराया गया, जिसके लिए चेयरमैन धन्यवाद के पात्र हैं। लेकिन यह भी जनता को भरोसा दिलाए कि चुनाव बाद यह स्‍वकर जो घटा है, वह समाप्‍त नहीं होगा। शम्‍मी सिंह ने मांग किया कि नगरपालिका सीमा विस्‍तार की पत्रावली शीघ्र शासन को भेजी जाए, जिससे नगर का विकास हो। कहा कि चेयरमैन साहब कहते हैं कि पत्रावली शासन को गई है, जबकि अधिकारी कहते हैं कि कोई पत्रवाली नहीं गई है। इस अवसर पर पूर्व सभासद संजय सिंह, राहुल सिंह, रजनीश मिश्रा आदि मौजूद थे।

ट्रेन से गिरकर युवक की मौत

गाजीपुर।गुरुवार को पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए वाराणसी गए एक युवक की घर लौटते समय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गहमर कोतवाली क्षेत्र के सायर गांव निवासी द्वारिका चौधरी आयु 20 वर्ष पुत्र महेंद्र चौधरी अपने पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए वाराणसी गया था।वेरिफिकेशन के बाद रात में घर लौटते समय ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने की वजह से वह गेट के पास खड़ा होकर यात्रा कर रहा था।इसी दौरान कछमन रेलवे स्टेशन के पास वह अनियंत्रित होकर ट्रेन से गिर गया।जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।मृतक के पास मिले पासपोर्ट के दस्तावेज के आधार पर उसकी पहचान करते हुए घरवालों को दुर्घटना की जानकारी दी गई ।सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था।

अब घटे रेट पर ही स्वकर जमा करे जनता

गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा जनहित, विकास हित व राजस्व हित में लिए गए निर्णय के अनुसार स्वकर की वर्तमान दरों में 50 प्रतिशत की कमी का सरकारी गजट प्रकाशित हो गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब जनता घटे रेट पर ही स्वकर जमा करेगी। यह बातें गुरुवार को द ग्रैंड पैलेस में आयोजित प्रेसवार्ता में नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कही।
उन्होंने कहा कि विगत लगभग 9 वर्षों से स्वकर की वर्तमान दरों में 50 प्रतिशत कम करने का मामला चल रहा था, जिसे बोर्ड द्वारा कम करने का निर्णय लिया गया था, जिसका सरकारी गजट प्रकाशित हो गया है। अब तत्काल प्रभाव से स्वकर की घटी दरें लागू हो गई हैं। इसके अतिरिक्त गैर आवासीय (वाणिज्यिक) भवनों पर बारह गुना से घटाकर 6 गुना एवं पूर्व में जमा की गई स्वकर की राशि का समायोजन भी किया जाएगा। अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नगरवासियों से अनुरोध किया कि जिन लोगों का स्वकर बकाया है, वह लोग घटे रेट पर स्वकर जमा करना शुरू कर दें। नगर पालिका जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कृतसंकल्पित है और आम लोगों से सकारात्मक सहयोग की अपील भी करती है। स्वच्छ गाजीपुर, सुंदर गाजीपुर एवं विकसित गाजीपुर की दिशा में हम एक कदम और आगे बढ़े, इसी भावना के साथ हम सभी कार्य करते रहते है। पूर्व चेयरमैन एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने बताया कि स्वकर का अत्यधिक रेट होने के कारण यहां की जनता पर काफी बोझ बढ़ गया था। इसके कारण लोग स्वकर नहीं जमा कर पा रहे थे। वर्ष 2012-13 में जिस समय स्वकर प्रणाली लागू हुई थी, उस समय नगर में बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था। जनता स्वकर की दर के अत्यधिक होने के कारण मर्माहत थी। शासन की मंशा के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांतों को धरातल पर मूर्त रूप देते हुए नगर का बहुमुखी विकास किया जा रहा है। नगर पालिका में प्रशासन द्वारा जांच के संदर्भ के सवाल के जवाब में उन्‍होने कहा कि इस संदर्भ में हमें कुछ पता नही है। अगर जांच में कुछ कमियां पाई जाएंगी तो हमसे पूछा जाएगा तो मैं जवाब दूंगा। इस अवसर पर सभासद/सभासद प्रतिनिधि अशोक मौर्या, शेषनाथ यादव, परवेज अहमद, दिग्विजय पासवान, रूपक तिवारी, कमलेश श्रीवास्तव, संजय कुमार, धीरेंद्र यादव, अजय राय दारा, कुंवर बहादुर सिंह, अनिल वर्मा, सरिता गुप्ता, सारिका राय, कमलेश बिंद, निर्गुणदास केशरी, अमरनाथ दुबे, समरेन्द्र सिंह, अर्जुन सेठ, सोमेश मोहन राय, नफीस अहमद, निहाल अहमद, ओमप्रकाश वर्मा, सुशील वर्मा, हरिलाल गुप्ता, विनोद कुशवाहा, संजय कटियार, शहबान अली, नन्हें, शफकतुल्लाह के अलावा भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष रासबिहारी राय, नंदू कुशवाहा, अभिनव सिंह छोटू, अजय कुशवाहा, निखिल राय, संतोष जायसवाल, विजय कुमार राय मुन्ना, सत्यपाल यादव, नीरज कुमार मानू, रेनु गुप्ता, ओमप्रकाश तिवारी, सिंहासन कुशवाहा, बंगाली वर्मा, विन्ध्याचल वर्मा, विवेक राय, नवनीत सिंह, प्रमोद गुप्ता, अजय गुप्ता सोनू, भानू केशरी, अनूप सिंह आदि उपस्थित थे।

कुंडी से लटकता मिला विवाहिता का शव

गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय गांव के पांडेय टोला में बुधवार की देर शाम एक गर्भवती विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गहमर के पांडेय टोला निवासी रामजी पांडेय के पुत्र नवीन पांडेय की शादी करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेंद गांव निवासी हृदयनारायण की पुत्री अनीता से चार वर्ष हुई थी। बुधवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में अनीता का शव कमरा के छत की कुंडी से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर मायके के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने बताया कि मृतका अनीता सात माह की गर्भवती भी थी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता हृदय नारायण ने पति, ससुर, सास और ननद के साथ दहेज हत्या की तहरीर दी है। मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में धारा 144 लागू

गाजीपुर। श्रावण मास 14 जुलाई से प्रारम्भ हो रहा है। जिसमें प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालु ( कावडिये ) गंगा घाट से जल भरकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। इस अवसर पर जगह – जगह पर शिवालयों पर मेले का आयोजन भी होता है, जिसमें काफी भीड़ – भाड़ होती है। इसके साथ ही 9 अगस्त को मुस्लिम सम्प्रदाय का प्रमुख पर्व मुहर्रम, 12 अगस्त को रक्षाबंधन, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 18 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार मनाया जायेगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी त्यौहार के अवसर पर जगह – जगह भगवान श्रीकृष्ण की झाकिया सजाकर पूजा – अर्चना की जाती है। कहीं – कहीं पर मेले आदि का आयोजन भी होता है, जिसमें काफी भीड़- भाड़ होती है। मुहर्रम 31 जुलाई से प्रारम्भ होकर 9 अगस्त तक मनाया जायेगा। उपरोक्त त्यौहारों को सकुशल एवं शान्ति पूर्वक सम्पन्न कराने और कानून व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत जनपद में दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा-144 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू करना आवश्यक है। जिसको लेकर तात्काल प्रभाव से उक्त आदेश पारित किया जा रहा है। आदेश के किसी अंश का उल्लंघन भा०द०वि० की धारा 188 के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा। अतः मैं अरूण कुमार सिंह, अपर जिला मजिस्ट्रेट गाजीपुर दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अन्तर्गत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुये उपरोक्त त्योहारों को शान्तिपूर्ण, भयमुक्त तथा निजी/लोक सम्पत्ति की हानि एवं दंगा, बलवा के निवारण के उद्देश्य से जनपद के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में लागू निषेधाज्ञा जो 17 अप्रैल से 17 जुलाई तक के लिए निर्गत की गयी है, जिसको अवक्रमित करते हुए निम्नलिखित निषेधाज्ञा जारी कि जाती है। किसी सार्वजनिक स्थान पर पांच या पाच से अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं होंगे और न ही गैर कानूनी सभा करेंगे तथा न ही ऐसे स्थान पर प्रदर्शन व अनशन आदि का आयोजन करेंगे। कोई भी व्यक्ति किसी दूसरे सम्प्रदाय के धार्मिक स्थल के समीप ऐसी कोई गतिविधि जारी नहीं रखेगा, जिससे किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे और शान्ति व्यवस्था प्रभावित हो। कोई भी व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान पर किसी प्रकार का आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब या लाठी एवं बल्लम आदि और आक्रमण होने वाले अस्त्र लेकर नहीं चलेगा और न कोई ऐसा अस्त्र, किसी सार्वजनिक स्थान पर एकत्र करेगा और न प्रदर्शित करेगा। ऐसे वृद्ध अथवा अपंग जो बिना छड़ी/लाठी के नहीं चल सकते हैं तथा जो सरकारी कर्मचारी ड्यूटी आदि पर तैनात होंगे, वे इस प्रतिबन्ध से मुक्त होंगे।  कोई व्यक्ति या व्यक्तियों का समूह जुलूस या गिरोह बनाकर किसी सार्वजनिक वाहन या मार्ग पर सामान्य आवागमन में कोई अवरोध नहीं करेगा और न ही समूह या जुलूस बनाकर सार्वजनिक मार्गों पर चलने वाले वाहनों या अन्य सरकारी जन सम्पत्तियों की कोई तोड़ – फोड़ करेगा या न उन्हें अन्य प्रकार से हानि पहुंचायेगा। दो पहिया वाहनों पर एक साथ अधिकतम दो व्यक्ति ही चल सकेंगे। कोई भी व्यक्ति गलत खबरें या अफवाहें, जिससे शान्ति भंग होने की आशंका हो सकती है, नहीं फैलायेगा और न किसी प्रकार के ऐसी अफवाहों को किसी अन्य माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति के पास भेजेगा। कोई भी व्यक्ति अपने मकान के छत पर या सार्वजनिक स्थान पर ईंट, ककड़, पत्थर अथवा किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ एकत्र नहीं करेगा और न ही किसी सार्वजनिक स्थान पर कोई ऐसा नारा लगायेगा और न ही कोई ऐसा भाषण करेगा और न कोई ऐसा पोस्टर लगायेगा जिससे विभिन्न सम्प्रदायों, धर्मों या वर्गों के बीच द्वेष की भावना फैले या शान्ति भंग होने की आशंका हो। कोई भी व्यक्ति/किसी भी समुदाय के द्वारा दूसरे समुदाय के विरूद्ध/विपरीत किसी प्रकार का कोई ऐसा कार्यक्रम नहीं आयोजित किया जायेगा, जिससे शान्ति व्यवस्था भंग होने की आशंका हो। श्रावण मास में शिव मंदिरों या अन्य मंदिरों में काफी भीड़ होती है।कोविड -19 के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए एक समय में 5 व्यक्ति से अधिक का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी व्यक्ति डी०जे० लेकर न तो चलेगा और न ही डी०जे० का स्वामी किराये पर इसे देगा। उपरोक्त त्यौहारों के अवसर पर जनपद के समस्त ढाबे, जो सार्वजनिक मार्ग पर स्थित हैं, उन पर समस्त खाद्य सामग्रियों की रेट सूची न लगाना दण्डनीय होगा। मुहर्रम त्यौहार के दिन पशुओं ( सुअर ) का विचरण प्रतिबंधित रहेगा । उक्त आदेश धार्मिक जुलूसों एवं परम्परागत त्यौहार, शवयात्रा, परम्परागत तथा सार्वजनिक रास्ते से गुजरने वाले उक्त जुलूसों पर प्रभावी नहीं होगा। उक्त आदेश जनपद गाजीपुर सीमा क्षेत्र में 13 जुलाई से दो माह तक अथवा इसके पूर्व जब तक इस आदेश को वापस न ले लिया जाय, प्रभावी रहेगा। मेरे हस्ताक्षर एवं न्यायालय की मुद्रा से मुद्रांकित होकर वर्ष 2022 की माह जुलाई की 12 तारीख को जारी किया गया।

गुरु कृपा से जीवन में सब कुछ संभव:महामंडलेश्वर भवानीनंदन यति

गुरु कृपा से जीवन में सब कुछ संभव- महामंडलेश्वर भवानीनंदन यति

जखनिया। संपूर्ण हिंदुस्तान में 135 करोड़ से अधिक लोग अलग अलग मजहब से हैं। सिद्धपीठ के शैव संप्रदाय के जूना अखाड़ा के आचार्य शंकराचार्य की परंपरा यहां की सनातन वैदिक परंपरा है। उसी शक्ति के पुंज को बनाए रखने के लिए सिद्धपीठ में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जा रहा है। उक्त बातें सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर महंत श्री भवानीनंदन यति महाराज ने सिद्धपीठ पर उमड़े श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहाकि जो अपने गुरु की पूजा चरण वंदन करता है, उसका जीवन धन्य है।
कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रीयति जी महाराज ने कहाकि सबसे पहली भक्ति श्रवण है। आत्मा को शान्ति करने के लिए भगवान ने भक्ति दिया है। जिसे सुन लिया तो दूसरी भक्ति स्वंय चली आएगी। मन को स्थिर करना है तो सुनने की क्षमता रखें। गुरुजनों के उपदेश को सुनने मानने के लिए ही यह गुरु पूर्णिमा मनाते हैं। सिद्धपीठ की गुरु जन मुक्ति की भक्ति करते रहे जो इस सिद्धपीठ के कण-कण में विद्यमान हैं। परमात्मा और परमात्मा का छोटा अंश आत्मा है, जो हम धर्म तीर्थ करते हैं। तमाम हमारे धर्म में तमान विज्ञान हैं, इसी विज्ञान को जानने के लिए गुरुजनों की शरण में जाना होता है। जीवन में गुरु नहीं तो मोक्ष नहीं प्राप्त हो सकता है। गृहस्थ जीवन में शरीर का धर्म है कि हम अपना कर्म करते रहे।जबकि जन्म का धर्म केवल मोक्ष है। जन्म और जीवन मुक्ति पाने के लिए मिला है फिर भी आप अपने हर क्षण जीवन को बेकार कर रहे हैं। मैं 26 वर्ष से गद्दी पर आकर मैं भी यही देख रहा हूं। मेरे पूजा की शक्ति गुरु की भक्ति मुझे बचाती है। मैं तो एक पुजारी के रूप में निष्ठा से कार्य कर रहा हूं। आज गुरु शिष्य की परंपरा है, वह भगवत भक्ति है। गुरु बड़े भाग्य से मिलता है भगवान किसी के ऊपर रूठ भी जाए तो कोई फिक्र नहीं करना चाहिए, याद रखना आपको गुरु जी प्रसन्न हो तो भगवान रूठ जाए तो गुरु मिल जाएंगे। लेकिन अगर गुरु रूठ जाए तो भगवान नहीं मिल सकते।
उन्होंने कहाकि कर्मों का भोग अवश्य मिलता है।आज बुढ़िया माई 800 वर्षों से यहां पर विराजमान है। यहां की मिट्टी चंदन से कम नहीं है, यह सिद्धपीठ साधारण पीठ नहीं है। यहा देश राष्ट्र के लिए मां भी हमेशा सुनती हैं। वह परमात्मा हमारे अंदर आत्मा के रूप में बैठा है, भक्ति का पालन करिए। यहां शिव मंत्र दिया जाता है इसे श्रद्धा के साथ अपने पास रखिए। मंत्र में बहुत बड़ी शक्ति है जिससे सब कुछ मिलना संभव है।गुरुजनो द्वारा दी गयी मंत्र को मन में छुपा कर रखिएगा। शिवजी ने पार्वती से कहा कि इन विज्ञान को छिपाकर गुरुजनों के चरण में ध्यान रखकर मंत्र से भगवान को साक्षी मानकर भगवान को याद रखिए।गुरु पूर्णिमा पर गुरुजनों के चिंतन मनन करने से सब कुछ संभव है।
इस दौरान पवाहारी महामंडलेश्वर महंथ श्री भवानीनंदन यती महाराज ने अपने ब्रह्मलीन गुरु बालकृष्ण यती महाराज के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर फूल माला दीप धूप जल फल फूल से पूजन अर्चन किया। वहीं देश के कोने कोने से उमड़े शिष्यों ने अपने गुरु की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत किया।
इस अवसर पर डॉ रत्नाकर त्रिपाठी, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव, देवराहा बाबा, संत अभयानंद, डॉक्टर विजय नारायण राय, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, मंगला सिंह, विपिन पांडेय, संतोष यादव,अमिता दुबे, वरुण सिंह, लौटू प्रजापति ,सुषमा राय, केडी सिंह जिला पंचायत रमेश यादव, सुरेंद्र जी, कार्तिक गुप्ता सहित मऊ, बलिया, वाराणसी, बक्सर, ग्वालियर महाराष्ट्र से काफी संख्या में शिष्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इसी कड़ी में सिद्धपीठ भुडकुडा मठ में भी मंहंथ श्री शत्रुघ्न दास ने समाधि पूजन दर्शन कर प्रेम परोपकार सत्य का रास्ता अपनाने के लिए शिष्यों को बताया, जहां पर काफी दूर दूर के शिष्यो की भीड़ रही।

एसपी ने किया पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर

एसपी ने किया पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर

गाजीपुर। मंगलवार की रात पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे चेकिंग करने रजागंज चौकी पहुंच गये। जहाँ पुलिसकर्मियों द्वारा वाहनों की चेकिंग न करने तथा कर्तव्यों के प्रति लापरवाही करते हुए पाये जाने पर चौकी पर नियुक्त सभी आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक थाना सुहवल, रेवतीपुर व थाना गहमर पहुंचे। जहां उन्होंने रात्रि गश्त, पहरा, कार्यलेख इत्यादि की चेकिंग की और सख्त निर्देश दिया कि कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जो लापरवाही करते हुए पाया जाएगा उसके खिलाफ संबंधित कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि
पुलिस अधीक्षक के इस लाइन हाजिर करने के कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया है।