Category Archives: Ghazipur

पत्रकारिता दिवस पर गाजीपुर प्रेस क्‍लब करेगा पत्रकारिता शिखर सम्‍मान समारोह का आयोजन 

पत्रकारिता दिवस पर गाजीपुर प्रेस क्‍लब करेगा पत्रकारिता शिखर सम्‍मान समारोह का आयोजन, पांच दिवंगत पत्रकारों के परिजन भी होंगे सम्‍मानित    

गाजीपुर प्रेस क्‍लब के तत्‍वावधान में 30 मई 2026 को शहर के होटल द ग्रैंड पैलेस में पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारिता शिखर सम्‍मान समारोह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के तहत देश के ख्‍यातिलब्‍ध पत्रकार उपेंद्र राय (सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ, भारत एक्‍सप्रेस न्‍यूज नेटवर्क) को पत्रकारिता शिखर सम्‍मान से सम्‍मानित किया जायेगा। समारोह में गाजीपुर जिले के दिवंगत पांच पत्रकारों स्‍व. विजय कुमार, स्‍व. राजीव सिंह, स्‍व. सिद्धांत तिवारी, स्‍व. सत्‍येंद्र शुक्‍ला एवं स्‍व. शिवलोचन राम के परिजनों को भी सम्‍मानित जायेगा। कार्यक्रम में गाजीपुर प्रेस क्‍लब के सभी सदस्‍यों को संस्‍था की ओर से टी-शर्ट प्रदान कर सम्‍मानित किया जायेगा।

गाजीपुर प्रेस क्‍लब की ओर से पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित पत्रकारिता शिखर सम्‍मान समारोह में लोकप्रिय एमएलसी विशाल सिंह चंचल बतौर मुख्‍य अतिथि शामिल होंगे। जबकि सपा के जिलाध्‍यक्ष गोपाल जी यादव, बसपा के जिलाध्‍यक्ष रमेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता रविकांत राय, समाजसेवी विनोद राय बतौर विशिष्‍ट अतिथि मौजूद रहेंगे। इस समारोह में जिले के कई गणमान्‍य लोग और उत्‍तर प्रदेश के कई मशहूर पत्रकार भी शिरकत करेंगे।

गाजीपुर प्रेस क्‍लब की ओर जिले के पत्रकारों के हितों के लिए पिछले कई वर्षों से लगातार ठोस कदम उठाये जा रहे हैं। जिसके तहत संस्‍था के सभी सदस्‍यों के लिएए प्रत्‍येक वर्ष 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर प्रदान किया जाता है। साथ ही संस्‍था के सदस्‍यों के किसी भी आपात स्थिति के लिए संस्‍था के राहत कोष से मदद का प्रयास भी किया जाता है, साथ ही संस्‍था की ओर से वर्ष में कई बार सामाजिक, सांस्‍कृतिक व साहित्‍यिक कार्यक्रम का आयोजन होता रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर प्रेस क्‍लब ने इस वर्ष से देश में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता शिखर सम्‍मान से सम्‍मानित किये जाने की परम्‍परा शुरु की है। जिसके तहत देश के मशहूर पत्रकार उपेंद्र राय को इस सम्‍मान से सम्‍मानित किया जायेगा। गाजीपुर के शेरपुर गांव के रहने वाले उपेंद्र राय ने सहारा न्‍यूज नेटवर्क से अपने पत्रकारीय कैरियर की शुरुआत की थी और कम समय में ही अपनी प्रतिभा, कार्य कुशलता व कर्मठता के जरिये देश के प्रसिद्ध पत्रकारों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया। अपने पत्रकारीय जीवन के दौरान उपेंद्र राय ने देश के महत्‍वपूर्ण मुद्दों पर अपनी विशिष्‍ट शैली के साथ रिपोर्टिंग कर लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफलता पायी है। वर्तमान में उपेंद्र राय भारत एक्‍सप्रेस न्‍यूज नेटवर्क में सीएमडी एवं एडिटर एन चीफ के पद पर रहकर देश की पत्रकारिता को एक नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।

इस समारोह के बाबत जानकारी देते हुए गाजीपुर प्रेस क्‍लब के अध्‍यक्ष शिवकुमार ने बताया कि संस्‍था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के जरिये गाजीपुर की पत्रकारिता में एक नई परम्‍परा शुरु की जा रही है साथ ही जिले के सभी पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकार हितों के संघर्ष के लिए गाजीपुर प्रेस क्‍लब सदैव प्रतिबद्ध है।

जिला अधिवक्ता कल्याण समिति ने जागरूकता सेमिनार का किया आयोजन

साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल कर, बैंक में ATM त्वरित ब्लॉक करवाए -जिला अधिवक्ता कल्याण समिति


गाजीपुर। जिला अधिवक्ता कल्याण समिति एवं SSY आपस में मिलकर विधिक जागरूकता पर हेतु आयोजित संस्था बी-लीगल के तत्वावधान में संचालित नो योर राइट्स कैंपेन में 28 मई 2026 को जंगीपुर क्षेत्र स्थित G-Tec Computer Institute में विधिक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में उपस्थित समिति के सदस्य विमल कुशवाहा ने संविधान की आत्मा पर सर्वप्रथम विचार विस्तृत रूप से उपस्थिति बच्चों के मध्य रखते हुवे संविधान के अनुच्छेद 32 को संविधान की आत्मा को बताया और संविधान की अधिकारों के ताकत से अपने मौलिक अधिकार कैसे प्राप्त कर सकते है, इसके बाद मूल प्रस्तावना की शपथ बच्चों को दिलाकर संविधान के प्रति कर्तव्य एवं दायित्व के बोध को समझाया।

उपस्थित SSY के चेयरमैन नीरज तरुण ने संविधान के ताकत के महत्व को समझाया कि किस प्रकार से संविधान के वजह से एक गरीब घर का बच्चा भी भारत के प्रतिष्ठ पद पर अपने शिक्षा से पहुंच सकता है। संविधान बिना भेद भाव से सभी को समान अधिकार मौलिक अधिकार के रूप में प्रदान करती है। समिति के सदस्य श्रेया ने अवगत कराया कि,साइबर अपराध (Cybercrime) कंप्यूटर, इंटरनेट, मोबाइल या अन्य डिजिटल उपकरणों और नेटवर्कों के इस्तेमाल में किए जाने वाले अवैध और आपराधिक गतिविधि है,जिसमे वित्तीय धोखाधड़ी, ऑनलाइन अरेस्ट, लिंक से पैसा गबन, पहचान का दुरुपयोग जैसे कई साइबर क्राइम बढ़ रहा है।हमारी सतर्कता ही, हमारा बचाव है।


उपस्थित समिति सदस्य राहुल शर्मा अधिवक्ता ने साइबर अपराधों की धारा 43,66,72 पर विस्तार से प्रावधान एवं सजा पर चर्चा किया और अवगत कराया कि किसी के साथ भी अपना बैंक पासवर्ड, UPI पिन या OTP साझा कत्तई न करें।किसी भी अनजान लिंक (Link) पर क्लिक न करें या संदिग्ध फाइल डाउनलोड न करें।अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्राइवेसी मजबूत रखें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का इस्तेमाल करें। उपस्थित समिति के सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र मोहन सिंह ने साइबर अपराधों पर पुलिस द्वारा साइबर अपराधी पर कारवाही में इंटरनेट के आईपी एड्रेस, डोमेन नेम, मोबाइल के IMEI, सर्विलांस द्वारा कार्यवाही, सेल्यूर नंबर, सिम नंबर, कॉल डेटा संरक्षण की बारीकियों पर किये जाने के संबंध में जानकारी साझा कर समझाया कि अपराध करने पर अपराधी बच नहीं सकता।

यदि आप साइबर अपराध का शिकार हो जाए , तो तुरंत मदद के लिए 24 घंटे के अंदर 1930 (साइबर हेल्पलाइन नंबर) पर कॉल करें या आधिकारिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (National Cyber Crime Reporting Portal) पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं पुलिस त्वरित सहयोग करेगी और अपने बैंक को तुरंत सूचित करके अपने अकाउंट और डेबिट/क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करवा दें।
इस अवसर पर सेमिनार के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र का भी आयोजित हुआ जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रश्नोंए का उत्तर दिया । जिसके उपरांत छात्रों में से लिस्नर ऑफ द डे का चयन किया गया।


लिस्नर ऑफ द डे के रूप में चयनित छात्रा अनामिका विश्वकर्मा को संविधान की एक प्रति बी टीम लीगल द्वारा प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में G – Tec Computer institute संस्था के प्रबंधक हिमांशु श्रीवास्तव नेh समापन पर बी लीगल टीम के सभी सदस्यों को आभार जताया और कंप्यूटर की शिक्षा ले रहे छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। समिति के द्वारा किय गए साइबर क्राइम के आयोजन को शानदार बताकर सबको धन्यवाद ज्ञापित किया सेमिनार का संचालन डीके विश्वा ने काफी शानदार किया और बच्चों के हर पहलू पर विचारों को क्रमवार साझा करवाने हेतु सदस्यों को आमंत्रित किया।

विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारी हुए सम्मानित

विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारी हुए सम्मानित
गाजीपुर। भदौरा प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार एवं चोपन, सोनभद्र में संचालित बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के विषय में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए बजरंग दल जिला संयोजक रविराज ने शौर्य प्रशिक्षण वर्ग की आवश्यकता एवं संगठन की कार्य शैली पर प्रकाश डाला। साथ ही धर्मांतरण, लव जिहाद एवं लैंड जिहाद जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को जागरूक करते हुए हिंदू समाज की सुरक्षा एवं संगठन की मजबूती पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव द्वारा भदौरा प्रखंड के लिए नए दायित्वों की घोषणा की गई। जिसमें भदौरा प्रखंड संयोजक अमन चौरसिया, सह संयोजक दीपक कुमार, विद्यार्थी संपर्क प्रमुख आदित्य सिंह, बालोपासना प्रमुख अंकित गुप्ता, सुरक्षा प्रमुख शिवम वर्मा, मिलन केंद्र प्रमुख आशीष पाण्डे, गौ रक्षा प्रमुख संदीप चौहान शामिल रहे

बैठक में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव, जिला धर्माचार्य प्रमुख प्रदीप तिवारी, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज एवं नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारीगण को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

बैठक का उद्देश्य संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना तथा युवाओं को राष्ट्र एवं धर्म सेवा के लिए प्रेरित करना रहा।

क्रिकेट प्रेमियों से अपील:आईपीएल फैन पार्क का उठाएं आनंद

बी.सी.सी.आई के प्रेस वार्ता सम्पन्न, इस वर्ष का सबसे बड़ा फैन पार्क होगा गाजीपुर में:अमित सिद्धेश्वर

गाजीपुर।जनपद के होटल नन्द रेजीडेंसी के नक्षत्र हाल में बी.सी.सी.आई के प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया ।इस प्रेस वार्ता में बी.सी.सी.आई पर्यवेक्षक अमित सिद्धेश्वर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह और गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान बी.सी.सी.आई पर्यवेक्षक अमित सिद्धेश्वर ने आईपीएल फैन पार्क के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष दर्शकों की अपार भीड़ को देखते हुए तथा संजीव कुमार सिंह के अनुरोध पर इस वर्ष फैन पार्क के परिक्षेत्र को बढ़ाया गया है। इस फैन पार्क में एंट्री पूर्णतः निःशुल्क है। सभी आयु वर्ग के महिलाओं पुरुषों तथा बच्चों के मनोरंजन का पूरा ध्यान रखा गया है।यह फैन पार्क 29 और 31 मई को पुलिस लाइन ग्राउंड गाजीपुर में लगेगा। दर्शकों के आईपीएल फैन पार्क का गेट शाम 05:30 बजे खोल दिया जाएगा | उन्होंने सभी दर्शको से अपील किया शांतिपूर्ण तरीके से पंक्ति बद्ध होकर फैन पार्क में प्रवेश करें और सौहार्दपूर्वक शांति-व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय प्रशासन तथा आयोजन मंडल को सहयोग प्रदान करें | दर्शकों के लिए लकी ड्रा का प्रबंध किया गया है । लकी ड्रा के विजेता को खिलाड़ियों के हस्ताक्षर युक्त आकर्षक टी शर्ट दिया जाएगा ।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने बी.सी.सी.आई के सीईओ हेमांग अमीन तथा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त किया। जिन्होंने पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए लगातार पांचवीं बार गाजीपुर जनपद में आईपीएल फैन पार्क के आयोजन को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आयोजित आईपीएल फैन पार्क में 27 हज़ार से अधिक दर्शकों ने फैन पार्क का आनंद उठया था। इस वर्ष उन्होंने उम्मीद जताई है कि दर्शकों की संख्या 35 हज़ार से ऊपर ही होगी।

गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हम सभी का यह सौभाग्य कि जनपद में आईपीएल फैन पार्क आयोजन हो रहा है। मेरी पूरी टीम इस ऐतिहासिक आयोजन में पूरी निष्ठां में अपना योगदान दे रही है, ताकि क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहतर माहौल में स्टेडियम का आनंद मिल सके। प्रति वर्ष दर्शकों की संख्या में हो रही वृद्धि आईपीएल फैन पार्क के सफलता को दर्शा रही है। उन्होंने जनपद सहित आस-पास के परिक्षेत्र के सभी क्रिकेट प्रेमियों से अपील किया कि समय से आकर आईपीएल फैन पार्क का आनंद उठायें। कार्यक्रम के अंत मे आयोजन समिति के तरफ से सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी पत्रकारों को धन्यवाद ज्ञापित किया ।

इस प्रेस वार्ता में बी.सी.सी.आई के तरफ से अमित सिद्धेश्वर, मोहित, जावेद, रोहित, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के यूपीटी20 के को-चेयरमैन व गवर्निंग कौंसिल के सदस्य तथा टाटा आईपीएल के स्थानीय अधिकृत लाईजनिंग अधिकारी संजीव कुमार सिंह, गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष वैभव सिंह उपस्थित थे।

डीएम-एसपी का सख्त निर्देश, होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

गाजीपुर। जनपद में आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला  एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर, एस एच ओ कोतवाली महेंद्र सिंह के द्वारा पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली सदर क्षेत्र मे व्यापक रूट मार्च किया गया।

रूट मार्च एम एच स्कूल से  प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों तुलसीया का पुल, नक्खास, चीतनाथ घाट, टाउन हाल, लाल दरवाजा, होते हुए कोतवाली एवं अन्य क्षेत्रों मे पैदल गस्त किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा आम जनमानस, व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आगामी त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की गयी।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है, जिससे भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

रूट मार्च के दौरान क्षेत्रीय अधिकारियों, थाना प्रभारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला। जनपद प्रशासन ने पुनः सभी नागरिकों से अपील की है कि आगामी त्योहार को परंपरागत उत्साह, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा जनपद में अमन-चैन और सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

2027 मे जिले की सभी सातों सीटों पर भाजपा का झंडा फहराना है:राकेश त्रिवेदी

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 साल विश्वास के, विकास के और जन कल्याण के पूर्ण होने पर 05 जून पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतराष्ट्रीय योग दिवस तक लगातार कार्यक्रम अभियान की जिला कार्यशाला बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा को सत्ता मे आने वाली कठिनाई के मिथक को गाजीपुर कार्यकर्ताओं ने2017 मे तोड़ कर दुर्दिन मे विजय परचम लहराया है।और हमें एक बार पुनः उसी स्वरूप को क्षमता के साथ 2027 मे दोहरा कर जिले की सभी सातों सीटों पर भाजपा का झंडा फहराना है।और उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जरूरी विषयों पर विचार रखे।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने 05 जून से लगायत 21 जून तक के एक एक कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, 13 व 14 जून मे मीडिया संवाद, 14 जून से 16 जून तक ब्लाक पर सरकार द्वारा लगने वाले जन कल्याण शिविर मे सहयोग, 16-17 जून विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 से 20 जून केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, 18-19 जून मे प्रकृति खेती कार्यशाला, 08 से 14 जून विशेष जन सम्पर्क अभियान तथा 21जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अवसर पर विभिन्न स्तरीय आयोजन की कार्ययोजना पटल पर रखा।
निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने कार्यशाला में भाग लेने वाले अतिथियों, जन प्रतिनिधियों, पदाधिकारीयों तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर सर से कच्चा नारियल फोड़कर कर किर्तिमान स्थापित करने वाले श्रावस्ती के धर्मेन्द्र राजभर जिन्होने सर, दांत और हाथ से नारियल फोड़कर प्रदर्शन किया को जिला प्रभारी व जिला अध्यक्ष ने स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंटकर उत्साहित और सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यसभा डॉक्टर संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, राजेश राजभर, प्रोफेसर सोभनाथ यादव, सरिता अग्रवाल, मनोज गुप्ता, योगेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, विष्णु सिंह, प्रवीण सिंह, अच्छेलाल गुप्ता, सशांक राय, संकठा प्रसाद मिश्र, रमेश सिंह पप्पू, साधना राय, विश्व प्रकाश अकेला, शैलेश राम, सुधाकर कुशवाहा, सरोज मिश्रा आदि सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यशाला का शुभारंभ महामनीषीयो के चित्र पर पुष्पांजलि तथा वंदे मातरम के गायन व समापन राष्ट्रगान से हुआ। संचालन जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय ने किया।

गंगा दशहरा पर भव्य आरती पूजन का हुआ आयोजन

गंगा दशहरा पर भव्य आरती पूजन
गाजीपुर। मॉ गंगा के अवतरण दिवस को लेकर मनाया जाने वाला गंगा दशहरा के अवसर पर गाजीपुर नगर के चीतनाथघाट गंगाघाट पर सोमवार को सायं भव्य आरती का आयोजन गंगा समग्र के तत्वाधान मे किया गया। जिसकी जानकारी देते हुए शंकर पाण्डेय ने बताया की आज ही के दिन राजा भागीरथी के प्रयास से स्वर्ग से पृथ्वी लोक पर जनकल्याण के लिए भगवान शिव के जटाओ से निकल कर मां गंगा पृथ्वी पर आयी। जिनका गंगा दशहरा के अवसर पर आज हम गंगा को निर्मल व अविरल स्वच्छ बनाये रखने के लिए प्रातःकाल ददरीघाट पर स्वच्छता अभियान जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय व गंगा समग्र के संरक्षक विजय नरायन राय, विहिप के विपिन श्रीवास्तव, मंटू, शास्वत, शशिकांत शर्मा, सरकारी अधिवक्ता राम कुमार राय, सुग्रीव बिन्द के सहयोग से श्रम दान कर सफाई की गयी।

सायंकाल चीतनाथघाट पर काशी से आये पुरोहितो के द्वारा मां गंगा का पूजन व आरती कराया गया और भव्य संगीतमय आरती का मंचन किया गया। इस अवसर पर विधिवत पूजन अर्चन किया गया। जिसमे काशी प्रान्त से आये सेवा भारती के डा.राहुल सिन्हा, अखिल भारतीय कथक नृत्यांगना सोनी चौरसिया, काशी प्रान्त से आये दिलीप सिंह, मुकुंद नारायण पाण्डेय, शकुन्तला जायसवाल, किरन सिंह, सुयश मिश्रा, लक्ष्मीकान्त मिश्रा, चंद्र कुमार, जयप्रकाश राय, स्वप्निल राय, दीपक राय, सुधारक राय, अंजनी तिवारी, किरन सिंह, प्रशान्त, प्रज्ञा सिंह, अशोक राय, दीपक तिवारी, रास बिहारी राय, आदित्य जायसवाल आदि उपस्थित रहे।

बक़रीद त्योहार को लेकर डीएम-एसपी ने किया पुलिस बल के साथ रूट मार्च

गाजीपुर। जनपद में आगामी (बकरीद) को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला  एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, तथा उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, के द्वारा पुलिस बल के साथ थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र से व्यापक रूट मार्च किया गया। रूट मार्च मुहम्मदाबाद थाने से कासिमाबाद रोड़ से युसुफपुर, दर्जी मुहल्ला, प्रिंस रोड, फाटक होते हुए तहसील तिराहा  एवं अन्य क्षेत्रों मे पैदल गस्त किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा आम जनमानस, व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए आगामी त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की गयी।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है, जिससे भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस दौरान व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें। रूट मार्च के दौरान क्षेत्रीय अधिकारियों, थाना प्रभारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण देखने को मिला। जनपद प्रशासन ने पुनः सभी नागरिकों से अपील की है कि आगामी त्योहार को परंपरागत उत्साह, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा जनपद में अमन-चौन और सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान कराया जाएगा सुनिश्चित:डीएम

गाजीपुर। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में मंगलवार को तहसील सदर अन्तर्गत ग्राम पंचायत खालिसपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने पंचायत भवन मे सचिव, लेखपाल व बीट कॉस्टेबल को अपने-अपने कार्य रजिस्टर के साथ उपस्थित रहते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम सचिव को अनुशासनहीनता एंव सरकारी कार्य मे लापरवाही पर विभागी कार्यवाही का निर्देश दिया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज द्वारा विगत तीन वर्षाे मे ग्राम मे केन्द्रीय वित्त एवं राज्य वित्त के पैसो से कराये गये कार्याे की सूची पढकर उपस्थित ग्रामवासियों को  सुनाया गया।

ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियओ जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करके निस्तारण करना है। ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणजनो ने अपनी अपनी समस्यो को जिलाधिकारी के सम्मुख रखा जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओ के समाधान हेतु निर्देश दिये गये। ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारीने भूमि विवाद रजिस्टर, गॉव मे कितने अविवादित विरासर पेंडिग है, कितने लोगो का खतौनी मे नाम नही चढा है, कितने चकरोड की पैमाईश नही हुई है, कब्जा, धारा 24 एवं धारा 116 ,पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, रास्ता विवाद, मनरेगा (जीरामजी)के कार्य, स्वयं सहायता समूह, दिव्यांग पेशन, विधवा पेशन, वृद्धावस्था पेेशन, निराश्रित महिला पेंशन, राजस्व कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था आदि सरकारी की विभिन्न योजनाओ से संबंधित विभिन्न समस्याएं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने आवास, शौचालय के पात्र व्यक्तियों की सूची पंचायत भवन मे चस्पा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत खालिसपुर मे खेल मैदान चिन्हांकन की जानकारी लेने पर बताया गया कि खेल मैदान का चिन्हांकन हो गया है जिसपर जिलाधिकारी ने ख्ेाल मैदान को डेवलेप कर वॉलीबाल , बैडमिंटन कोट बनवाने तथा खेल मैदान के मुख्य द्वार पर नेम बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया। खेल को बढावा दिया जाये, अक्टूबर व नवम्बर माह मे ब्लाक प्रीमियर लीग, सदर प्रीमियर लीग प्रत्येक ब्लाक मे कराया जाये। जिलाधिकारी ने कोतवालीपुर मे एक साल से खराब पड़े हैण्ड पंप को कब्जा मुक्त कराते हुए तत्काल सही कराने का निर्देश दिया तथा गॉव मे ग्राम सभा की 8 मंडा जमीन जो कब्जा की गयी है उसे एक माह मे कब्जा मुक्त कराने का निर्देश तहसीलदार को दिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प के माध्यम से जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होने सम्बन्धित को निर्देशि दिया कि भूमि विवाद की जिनती भी समस्या है उसे रजिस्टर बनाकर नोट किया जाय। योजना में वृद्धा पेंशन, निराश्रत महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान, फार्मर रजिट्रि, शौचालय, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमग्ला एवं अन्य योजनाओं का अभियान चलाकर योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को दिया जाय। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। कार्यक्रम के अन्त मे जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं का गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्रासन किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डी0सी0मनरेगा विजय कुमार यादव, नायब तहसीलदार विजय कांन्त, खंड विकास अधिकारी, एवं समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

डीएम ने किया “प्रेरणा कैंटीन” का शुभारम्भ, दिया निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में मंगलवार को विकास खण्ड मनिहारी में स्वयं सहायता समूह सदस्यों के आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए समूह सदस्यों को इन योजनाओं से अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।


कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, उद्योग, एवं अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने समूह की महिलाओं को स्वरोजगार, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण, लघु उद्योग एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न ऋण योजनाओं, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि एवं रिवॉल्विंग फंड आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समूह सदस्यों को सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त बैंकर्स को निर्देशित किया गया कि स्वयं सहायता समूहों एवं समूह सदस्यों से संबंधित ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में किसी प्रकार का अनावश्यक विलम्ब न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि समूह सदस्यों के ऋण प्रकरणों में विलम्ब अक्षम्य माना जाएगा तथा बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि समूह आधारित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र समूहों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा समूहों को प्रशिक्षण, विपणन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएं साथ ही उपस्थित समूह सखियों एवं अन्य कैडरों को निर्देशित किया कि उक्त कार्यशाला में जो जानकारी प्राप्त की हैं, वे अपने-अपने ग्राम पंचायत में समूह सदस्यों को इन योजनाओं के सम्बन्ध में जागरूक करेंगी व लाभान्वित कराएंगी ।


उक्त के अतिरिक्त कार्यशाला में समूह सदस्यों द्वारा अपनी समस्याएं बताई गयी, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विकास खण्ड परिसर में “प्रेरणा कैंटीन” का शुभारम्भ भी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रेरणा कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे समूह की महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत उपलब्ध होगा। जिलाधिकारी ने कैंटीन का निरीक्षण करते हुए समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की तथा इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
   कार्यशाला में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उप कृषि  निदेशक, अग्रणी जिला प्रबन्धक, स्थानीय बैंकर्स एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समूह सदस्यों द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया गया।