Category Archives: Ghazipur

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’, 250 परिवारों को बांटी राहत किट; प्रशासन का राहत-बचाव अभियान जारी

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’, 250 परिवारों को बांटी राहत किट; प्रशासन का राहत-बचाव अभियान जारी

गाजीपुर। जनपद में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल’ ने विकासखंड करंडा के दीनापुर बाढ़ शरणालय पहुंचकर करीब 250 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री एवं राहत किट वितरित की।

इस दौरान लखनचंदपुर कला, गद्दोगाड़ा, सोल्हनपुर और तुलसीपुर के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। राहत किट मिलने से प्रभावित परिवारों के चेहरों पर राहत नजर आई और उन्होंने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

उधर, जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विकासखंड जमानिया के ग्राम पंचायत गायघाट में ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का छिड़काव कराया गया। गायघाट और हसनपुर नसीरपुर में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं राहत किट वितरित की गई।

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वेद सिंह चौहान ने तहसील मोहम्मदाबाद के गौसपुर घाट का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया। वहीं, उपजिलाधिकारी जमानिया ने कल्याणचक एवं लखीमपुर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सैदपुर में राहत सामग्री का वितरण कराया गया, जबकि रेवतीपुर में बाढ़ प्रभावित पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था की गई।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों को आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशु चारा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ की चुनौती के बीच प्रभावित परिवारों तक समय से हर संभव सहायता पहुंचाना है।

विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न,सनातनी समाज की एकता का किया आह्वान

विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से सम्पन्न,सनातनी समाज की एकता का किया आह्वान

गाजीपुर। विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जायसवाल धर्मशाला, महादेव मंदिर, लाल दरवाजा में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

समारोह के मुख्य वक्ता दिनेश, सह सेवा प्रमुख काशी प्रांत ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने संगठन की स्थापना के उद्देश्य, सेवा, संस्कार और हिंदू समाज को संगठित करने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में संत योगी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त हुआ। वहीं अभिषेक, सह खंड कार्यवाह ने भी अपने प्रेरणादायी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीनदयाल, पूर्व नगर संघ चालक ने की। मंचासीन अतिथियों ने सनातनी हिंदू समाज में एकता, परस्पर सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।

जिला मंत्री विनीत सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस सप्ताह के रूप में जिले के सभी 10 प्रखंडों में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का आचार्य पद्धति से संचालन दिलीप, जिला सह मंत्री ने किया, जबकि मंच संचालन विनीत सिंह, जिला मंत्री द्वारा किया गया। समारोह में बजरंग दल जिला संयोजक रवि राज,आंनद, अनुराग, प्रदीप, सरिता जी,करूणा, नवीन,ओमप्रकाश, उमेश,उत्तम, राजन,विनोद, गोलू जायसवाल, रामाशीष, राजेश,संजय,शिवम,आदित्य समेत संगठन के अनेक पदाधिकारी, दायित्ववान कार्यकर्ता एवं सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।

डालिम्स स्कूल जखनिया में रही टीचर्स डे की धूम

डालिम्स स्कूल जखनिया में रही टीचर्स डे की धूम

बच्चों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर मनाया शिक्षक दिवस, डायरेक्टर आमिर अली ने दी शुभकामनाएं

जखनिया (गाजीपुर)। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। बच्चों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। शिक्षकों ने भी बच्चों को शिक्षा के महत्व तथा गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा के बारे में जानकारी देते हुए जीवन में अनुशासन, संस्कार और मेहनत का महत्व बताया। विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने के साथ ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने बच्चों को अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के वातावरण में हुआ।

बाढ़ के बीच डीएम अनुपम शुक्ला की कमान में राहत अभियान तेज, राहत किट समेत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई जा रही मदद

गाजीपुर।जनपद में बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामों में प्रशासनिक अधिकारियों एवं राहत टीमों द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।बाढ़ से बचाव के लिए नदियों के किनारे बैरिकेडिंग की जा रही है, चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए अनाउंसमेंट भी कराई जा रही है।

इसी क्रम में तहसील जमानियां के तियरी गांव में बाढ़ राहत सामग्री वितरित की गई, ग्राम कालनपुर सहित अन्य स्थानों पर नाविकों को लंच पैकेट वितरित किए गए, ग्राम चक ख़ान मुहम्मद में भी प्रभावित लोगों को लंच पैकेट उपलब्ध कराए गए। इसी प्रकार सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित लोगों को राहत सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। तहसील मुहम्मदाबाद के ग्राम फिरोजपुर एवं धरमपुरा में पशुओं के लिए भूसा वितरण किया गया। इसी क्रम में दीनापुर करंडा स्थित बाढ़ शरणालय में 356 बाढ़ राहत किट का वितरण किया गया। राहत किट का लाभ ग्राम महबलपुर एवं मकसूदनपुर के प्रभावित लाभार्थियों को प्रदान किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को भोजन, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित नागरिकों को समयबद्ध एवं आवश्यक राहत उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों/कंट्रोल रूम को सूचित करें।

बाढ़ प्रभावित 356 परिवारों को बांटी गई राहत किट

बाढ़ प्रभावित परिवारों को 356 राहत किट का वितरण

गाजीपुर। उपजिलाधिकारी सदर विनोद जोशी ने अवगत कराया है कि तहसील सदर,जनपद में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के क्रम में 05 सितंबर 2026 को दीनापुर बाढ़ शरणालय में राहत सामग्री वितरण कार्यकम किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम महबलपुर व मकसूदनपाह के बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल 356 बाढ़ राहत किट वितरित की गई। राहत किट का वितरण ओम प्रकाश राय, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विनोद जोशी, उपजिलाधिकारी सदर, राजीव यादव, तहसीलदार सदर मौके पर उपस्थित रहे।

अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति एवं राहत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। संबंधित कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते रहने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित लोगों को आवश्यकतानुसार राहत एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

शिक्षक दिवस पर 400 शिक्षकों को मिला चयन वेतनमान का तोहफा,उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान

शिक्षक दिवस पर 400 शिक्षकों को चयन वेतनमान का तोहफा, उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित


 
गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद में शिक्षकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद गोरखपुर से राज्य पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।  उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभाग द्वारा शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि चयन वेतनमान के लंबित आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर लगभग 400 शिक्षकों के चयन वेतनमान संबंधी आदेश निर्गत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के हित में यह महत्वपूर्ण कार्य करते हुए उन्हें विशेष प्रसन्नता एवं संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग शिक्षकों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम, रीजनल मैनेजर, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी सदर, जिला समन्वयक अनुपम गुप्ता, सर्वजीत यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ दुर्गेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया।

शिक्षक समाज को दिशा प्रदान करता है इसलिए वह राष्ट्र निर्माता होता है: प्रो. राघवेन्द्र

शिक्षक समाज को दिशा प्रदान करता है इसलिए वह राष्ट्र निर्माता होता है – प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय

पी जी कॉलेज में शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवागत शिक्षक अमृता सिंह और मिथिलेश सिंह को सम्मानित किया गया। इसी के साथ सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. लवजी सिंह और डॉ. रामनारायण तिवारी को भी सम्मानित किया गया। विज्ञान संकाय के प्राध्यापक डॉ. मयंक श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट लाने के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में कॉलेज परिवार ने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न और प्रमाण-पत्र भेंट किए। इस अवसर पर कॉलेज के संस्थापक शताब्दी वर्ष की चर्चा भी हुई। कॉलेज वर्तमान में अपने संस्थापक की शताब्दी जयंती मना रहा है, जिसके तहत विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करता इसलिए उसे राष्ट्र निर्माता कहा जाता हैं। शिक्षक अपने ज्ञान से छात्र के मन मस्तिष्क के अंधकार को मिटाकर प्रकाशमान बना देता है और सही मार्ग का अनुसरण करने का रास्ता बताता है। प्रोफेसर पाण्डेय ने नवागत शिक्षकों को कॉलेज परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और समर्पण से संस्था और आगे बढ़ेगी। सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभव को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताते हुए उन्होंने डॉ. मयंक श्रीवास्तव की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि ऐसे शोध कार्यों से कॉलेज की प्रतिष्ठा बढ़ती है।

कार्यक्रम में स्टाफ सदस्यों, विद्यार्थियों और अतिथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह का माहौल गरिमापूर्ण और उत्साही रहा। प्राचार्य ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण ही सच्ची सफलता है। इस प्रकार शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम यादगार रहा।

रोटरी क्लब ने मनाया शिक्षक दिवस, उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

गाजीपुर में रोटरी क्लब ने मनाया शिक्षक दिवस, उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित
गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रोटरी क्लब गाजीपुर द्वारा रोटरी सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
रोटरी क्लब की अध्यक्ष रो० विनीता सिंह एवं सचिव रो० सुमन सर्राफ के नेतृत्व में आयोजित समारोह में श्री शिवपूजन यादव और श्री ओंकार सिंह को शिक्षा क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ सदस्य, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी एवं शिक्षक रहे रोटेरियन बरुन कुमार अग्रवाल को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर रोटरी क्लब की अध्यक्ष विनीता सिंह ने सभी शिक्षकों, गुरुओं एवं शिक्षाविदों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, जागरूक और नैतिक समाज का निर्माण समर्पित शिक्षकों के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा-स्तंभों में बुनियादी शिक्षा एवं साक्षरता सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। रोटरी परिवार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने, ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के विद्यालयों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने तथा शिक्षकों के सम्मान और सहयोग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


विनीता सिंह ने विद्यार्थियों और युवाओं से भी शिक्षकों के योगदान का सम्मान करने तथा उनके द्वारा दिए गए नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाएं भले ही आसानी से उपलब्ध हों, लेकिन सही और गलत के बीच अंतर करने का विवेक एक शिक्षक ही प्रदान करता है।
कार्यक्रम में रो० संतोष कुमार वर्मा ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रो० विनय कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रो० असित सेठ ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर रो० विनीता सिंह, रो० सुमन सर्राफ, रो० बरुन कुमार अग्रवाल, रो० असित सेठ, रो० राजेश प्रसाद, रो० अजर सर्राफ, रो० संजर नासिर, रो० विनय कुमार सिंह एवं रो० संतोष कुमार वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में हर्षोल्लास से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में हर्षोल्लास से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कृष्णमय हुआ विद्यालय परिसर

जखनिया (गाजीपुर)। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे।

बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर मंचन किया। भजन, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की मनमोहक छवि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

भाजपा में गाजीपुर का बढ़ा कद, भानुप्रताप सिंह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तो राजेश राजभर व डॉ. विजय यादव बने मंत्री

भानुप्रताप सिंह बने भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, राजेश राजभर व डॉ. विजय यादव को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी

गाजीपुर। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया द्वारा घोषित क्षेत्रीय पदाधिकारियों की नई सूची में गाजीपुर के तीन प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। जनपद के पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर तथा डॉ. विजय यादव को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। भानुप्रताप सिंह को संगठन में लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका के चलते यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, सदस्यता प्रमुख तथा जिलाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। जिलाध्यक्ष के रूप में भी उनका कार्यकाल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। वहीं राजेश राजभर को युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी प्रकार डॉ. विजय यादव ने किसान मोर्चा में प्रदेश मंत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। संगठनात्मक कार्यों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें भी क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने तीनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और निष्ठा से भारतीय जनता पार्टी जनपद में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा गाजीपुर के नेताओं को दी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं के लिए भी उत्साहवर्धक हैं। नई जिम्मेदारियां मिलने पर भाजपा जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, दयाशंकर पांडेय, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, प्रवीण सिंह, शशिकांत शर्मा सहित अन्य पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।