-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
महिला पीजी कॉलेज में छात्राओं को मिलेगा स्मार्टफोन

महिला पीजी कॉलेज में छात्राओं को मिलेगा स्मार्टफोन

गाजीपुर। महाविद्यालय की सत्र 2023 की वार्षिक परीक्षा में स्नातक बीए और बीएससी उत्तीर्ण सभी छात्र छात्राओं को शासन द्वारा स्मार्टफ़ोन प्रदान किया जाना है। जिसके लिए महाविद्यालय द्वारा तीन दिन का स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम घोषित किया गया है। जिसमें 9 फरवरी 2024 को प्रातः 10 बजे से, 10 फरवरी को 200 छात्राओं को एवं 12 फरवरी को शेष सभी छात्राओं को स्मार्टफोन वितरण किया जाएगा। इससे संबंधित छात्राएं महाविद्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए गए PDF के अनुसार अपना नाम देखकर PDF में उल्लिखित तिथि को महाविद्यालय में उपस्थित हो। जिससे उनको उनका स्मार्टफ़ोन दिया जा सके । स्मार्टफ़ोन प्राप्त करने के लिए सभी छात्राओं को वर्ष 2023 का अंकपत्र तथा अपना आधार कार्ड मूल रूप में साथ में अवश्य लाएं।
-
बार्डर से सटे थानों के अफसर अवैध गतिविधि को रोकें:एसपी

बार्डर से सटे थानों के अफसर अवैध गतिविधि को रोकें:एसपी

गाजीपुर। गुरूवार को एसपी ओमवीर सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में सभी थानों के थानाध्यक्षों के साथ अपराध गोष्ठी की बैठक की गई। इस बैठक में एसपी द्वारा विभिन्न अपराधों में की गई कार्यवाहियों, जनपद के टॉप टेन अपराधी, गुंडा तथा माफियाओं के खिलाफ की गई कार्यवाहियों के बारे में समीक्षा की गई। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने के लिए सभी को अफसरों को निर्देशित किया। कहा कि गैर जनपद से लगने वाले बार्डर के थानों के अफसर अवैध गतिविधि को रोके और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करें। अपराध गोष्ठी में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, एसपी देहात के साथ सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, अभियोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद थें।
-
परीक्षा को लेकर केंद्र व्यवस्थापको व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ की गई बैठक


गाजीपुर।अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने के संबंध में केंद्र व्यवस्थापको एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ गुरुवार को बैठक की गई।
उन्होेने बताया कि समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रा०)-2023 का आयोजन जनपद के कुल 50 परीक्षा केन्द्रों पर 11 फरवरी 2024 (रविवार) को दो सत्रों में (पूर्वान्ह 09ः30 बजे से 11ः30 बजे तक व अपरान्ह 02ः 30 बजे से 03ः30 बजे तक) सम्पन्न होनी है। जनपद के कुल 50 परीक्षा केंद्रों पर 21216 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा को नकल विहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए यथावश्यक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा की तिथि 11 फरवरी (रविवार) को प्रथम एवं द्वितीय सत्र के गोपनीय शील्ड पैकेट प्राप्त करने के लिए निर्धारित समयान्तराल में उपस्थित होंगे। गोपनीय सामग्री प्राप्त कर परीक्षा प्रारम्भ होने से 01ः30 घण्टे पहले परीक्षा सामग्री अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में प्रधानाचार्य को नियमानुसार प्राप्त कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा प्रारम्भ होने से परीक्षा समाप्ति तक उपस्थित रहेगे।
अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व ने परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कक्षों में विद्युत की पर्याप्त व्यवस्था करने, शौचालयों के साथ ही साफ सफाई आदि समस्त परीक्षा केंद्रों पर करने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापको को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए अन्यथा जवाबदेही तथा कार्यवाही की जाएगी। बैठक में समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक शहरी,आयोग के अधिकारीगण, जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट,उपस्थित थे।
-
स्व.अमलधारी यादव के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल,की यह मांग


ग़ाज़ीपुर।गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर तय कार्यक्रम के मुताबिक समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों हत्या हुई सपा नेता अमलधारी यादव के अतरसुआ गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया।घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त किया। वापस आकर प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व विधान परिषद सदस्य रामवृक्ष यादव, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव, विधान सभा अध्यक्ष तहसीन अहमद आदि नेताओं ने पार्टी कार्यालय समता भवन पर पहुंचकर पत्रकार बन्धुओं से वार्ता करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अमलधारी की हत्या हुए लगभग एक सप्ताह हो गए हैं लेकिन आज तक हत्यारें पकड़े नहीं गए जो निहायत चिंता का विषय है

। नामजद एफआईआर होने और अपराधी जो पहले से ही सजायाफ्ता है और एक मुकदमें में जिसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और उस अपराधी पर पहले से ही नौ नौ मुकदमें दर्ज है उसके बावजूद आज तक हत्यारों की गिरफ्तारी न होना पुलिस प्रशासन की कार्यवाही पर सवालिया निशान खड़ा करता है।हत्यारों के गिरफ्तार न होने के चलते अमलधारी का पूरा परिवार दहशत के साये में जी रहा है और क्षेत्रवासी भी खौफजदा होने कें साथ-साथ आक्रोशित है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओ ने अमलधारी के परिजनों को सशस्त्र लाईसेंस उपलब्ध कराने, तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मुहैय्या कराने के साथ-साथ हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की भी मांग किया।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यदि अपराधी जल्द नहीं गिरफ्तार किए गए तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

-
स्व.सुरजादेवी को दी गई श्रद्धांजलि

स्व.सुरजादेवी को दी गई श्रद्धांजलि

गाजीपुर। गुरूवार को पी.जी. कॉलेज के छात्र नेताओं व कर्मचारी संगठन के द्वारा विकास भवन परिसर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला की माता स्वर्गीय सुरजादेवी के स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। प्रेम शुक्ला के माता का 27 जनवरी को स्वर्गवास हो गया था। इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष निमेष पाण्डेय, कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, नागेश सिंह, राजेश सिंह, रोमी सिंह, विनय सिंह, शिवम उपाध्याय, अभिषेक सिंह, अभिषेक द्विवेदी, राहुल दुबे, मोहित सिंह, गोलू पाण्डेय, अमित कुशवाहा, सतेंद्र राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-
चार को पांच साल की सजा

कोर्ट ने सुनाई पांच साल की सजा
गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश कोड नंबर 4 संजय कुमार यादव की अदालत ने 8 वर्ष पूर्व नंदगंज थाने की चिलार गांव में हुए अपराधिक मानव वध प्रयास के मामले में चार अभियुक्तों को बुधवार को पांच पांच वर्ष के सश्रम कारावास और 6500-6500 रुपए के अर्थ दण्ड से दंडित किया है। अभियोजन के अनुसार नंदगंज थाना क्षेत्र के चिलार गांव निवासी गुलाबचंद पुत्र सदानंद ने थाना नंदगंज में दिनांक 14 अक्टूबर 2016 को सूचना दिया कि जमीनी रंजिश की कारण उसके दयाद धर्मेंद्र जितेंद्र दारा पुत्रगण जोधा और चिखुरी पुत्र दशरथ उसे बुरी तरह मार पीटकर घायल कर दिए और जब उनका साला वकील बचाने आया तो उसे भी मारे पीटे है उनका साला बेहोश है सूचना के आधार पर थाना नंदगंज में मुकदमा तो पंजीकृत हुआ। विवेचना के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा 308 323 और 325 के अंतर्गत आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से शशिकांत सिंह सहायक शासकीय अधिवक्ता ने आठ गवाहों को पेश किया। गवाहों ने घटना का समर्थन किया। अभियोजन पक्ष और बचाव पक्ष की बहस सुनने के बाद अदालत में चारों अभियुक्तों को उपरोक्त सजा सुनाई। -
तीन लोगों को आजीवन कारावास की सजा

कोर्ट ने तीन लोगों को सुनाई आजीवन कारावास की सजा
गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय अरविंद मिश्र की अदालत बुधवार को हत्या के मामले में 3 लोगो को आजीवन कारावास के साथ प्रत्येक पर 54-54 हजार रुपये के अर्थदंड से दण्डित किया। साथ कि अर्थदंड की राशि से 90 प्रतिशत पीड़ित परिवार को देने का आदेश दिया। अभियोजन के अनुसार भुड़कुड़ा थाना गांव जैवहरपुर नसुल्हपुर के शनि चौहान ने 14 जुलाई 2018 को इस बात का तहरीर दिया कि रात को परसपुर चौरा निवासी विमल सिंह, मुन्ना सिंह व गोलू सिंह उसके दरवाजे पर शराब पीने के लिए पानी मागे। तभी उसका चाचा राजू चौहान ने शराब पीने से मना किया और कहा कि अपने घर जाकर शराब पीओ। इस बात को लेकर आरोपी नाराज हो गये और गाली गलौज करते हुए तमंचा निकाल कर राजू चौहान की सिर में गोली मार दिए। गोली लगने से चाचा की हालत गंभीर हो गई। उनको लेकर वाराणसी ले गए जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वादी की सूचना पर सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया और विवेचना उपरान्त सभी आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया। अभियोजन की तरफ से कुल सहायक शासकीय अधिवक्ता नीरज श्रीवास्तव ने कुल 13 गवाहों को पेश किया। बुधवार को दोनो तरफ की बहस सुनने के बाद न्यायालय ने उपरोक्त सजा सुनाते हुए सभी अभियुक्तों को जेल भेज दिया। -
आयुष्मान योजना का लाभ मिलने पर पीएम मोदी का किया धन्यवाद

आयुष्मान योजना का लाभ मिलने पर पीएम मोदी का किया धन्यवाद
आयुष्मान योजना का लाभ मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

गाजीपुर। आयुष्मान भारत योजना जो भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के लाभार्थी को ₹5 लाख तक का निशुल्क इलाज मिलता है। अभी तक इस योजना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता शामिल नहीं थे। लेकिन पिछले दिनों वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में जब बजट पेश किया तब उन्होंने इस योजना में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी इसका लाभ देने का ऐलान किया। इसके बाद से ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। क्योंकि जो उनका मानदेय है उसे मानदेय में उनका परिवार चलाना ही काफी कष्टकारी होता है। ऐसे में परिवार के किसी सदस्य की बीमारी पर उनका इलाज करना एक बड़ी समस्या के रूप में आ जाती थी। लेकिन अब इस योजना का लाभ मिलने से गाजीपुर में चलने वाले 4127 आंगनबाड़ी केदो के आंगनवाड़ी कार्यकर्ता काफी खुश नजर आ रहे हैं।
सदर ब्लाक के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तारा कुशवाहा ने बताया कि इस योजना का लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद। क्योंकि हमारे जैसे सामान्य लोगों के बारे में उन्होंने सोचा। क्योंकि हम जैसे लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या इलाज के लिए पैसा जुटाना होता है। लेकिन अब इस योजना का लाभ मिलने से हमारे परिवार को काफी राहत मिलेगी।
सदर ब्लॉक की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बीना राय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हमारे जैसे सामान्य परिवार के लोगों के बारे में विचार किया। क्योंकि हम जैसे लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या इलाज के लिए पैसे का इंतजाम करना होता है। क्योंकि आज का इलाज काफी महंगा हो चुका है। जो हम लोगों के बजट के बाहर का होता था। लेकिन अब इस योजना का लाभ मिलने से हमें काफी राहत मिलेगी।
पचोखर गांव की रहने वाली राजमती गुप्ता जो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता है उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रणाम करती हूं। क्योंकि उन्होंने इस योजना का लाभ देकर हमारे परिवार के ऊपर एक बहुत बड़ी कृपा की है। हम लोग बहुत परेशान होते थे जब हमारे परिवार में कोई बीमार होता था। क्योंकि जिस हिसाब से मानदेय है उसे हिसाब से हम लोगों को परिवार चलाना ही काफी कष्टकारी होता है।
-
अचानक जेल का निरीक्षण करने पहुंचे सचिव,दिए निर्देश

अचानक जेल का निरीक्षण करने पहुंचे सचिव, दिए निर्देश

गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर बुधवार को जिला कारागार का विजय कुमार अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी एवं उनके यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। कारागार द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कुल 910 बंदी निरूद्ध है। जिसमें 815 पुरूष, 44 महिला, महिला बंदियों के साथ कुल 05 बच्चे निरूद्ध है व 51 अल्पवयस्क है। सभी बंदियों को सुबह का नाश्ता-दलिया, चाय, दोपहर का भोजन-रोटी, चावल, उर्द राजमा की दाल, सब्जी (आलू, पालक) सायं का भोजन-रोटी, चावल, अरहर की दाल, सब्जी (आलू, पालक) दिया जाता है।
सचिव द्वारा जेल के बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश दिया गया। सचिव द्वारा बीमार बंदियो के संबंध में कारापाल एवं चिकित्सक को उचित निर्देश दिया गया। उन्होने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर रविन्द्र सिंह यादव कारापाल उपस्थित रहे। -
मियांवाकी पद्धति द्वारा वृक्षारोपण कराए:सीडीओ

मियांवाकी पद्धति द्वारा वृक्षारोपण कराए:सीडीओ

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में बुधवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति व जिला पर्यावरण समिति की बैठक विकास भवन के पंडित दीनदयाल सभागार में संपन्न हुआ। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने मियांवाकी पद्धति द्वारा वृक्षारोपण कराए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनपद में वर्ष 2024 में वृक्षारोपण हेतु शासन द्वारा कुल 4018100 वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसे जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा लक्ष्य को पूर्ण समयाअवधि में करा लिया जाय। संबंधित विभागों को उनके लक्ष्य के बारे में बताया गया साथ ही यह भी निर्देशित किया कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष स्थल का चयन कर शीघ्र उपलब्ध करा दे। प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने बताया कि जनपद के विभिन्न विकासखंड में वन विभाग द्वारा स्थापित पौधशालाओं में लगभग कुल 60 लाख पौधा जिसमें फलदार, औषधि, इमरती आदि पौधे तैयार किया जा रहा हैं। इस बैठक में संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। गंगा समिति की समीक्षा के उपरान्त बताया गया कि शहरो का गंदा पानी व कचड़ा सीधे गंगा में जाता है जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका परिषद सदर को निर्देशित किया कि गंगा नदी में जो नाले का पानी जा रहा है उन सभी सभी नालो पर जाली लगाए।





