गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गहमर शाखा में मंगलवार को ‘‘खेत बचाओ अभियान-2026‘‘ के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर राजदेव कुमार, शाखा प्रबंधक गहमर, कुतुबपुर एवं पकड़ितर सहित बैंक के बीसी एवं सीएफएल स्टाफ उपस्थित रहे।
बैठक में अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को उपरोक्त योजनाओं का लाभ दिलाने, किसान क्रेडिट कार्ड बनाने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं बीसी को गांव-गांव जाकर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
गाजीपुर में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, 17 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना
गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी, “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से सोमवार को लंका स्थित सभागार में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुई झमाझम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई। शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने आंखों की जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच के बाद कुल 17 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सभी चयनित मरीजों को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण (चीरा विधि) एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा। इस दौरान अति प्राचीन रामलीला कमेटी के पदाधिकारी गण और वालेंटियर्स मौजूद रहे। आर जे शंकरा अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों को लगभग 18 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें काला चश्मा, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर अस्पताल की बस से सुरक्षित गाजीपुर वापस लाया जाएगा और ये अगले महीने 18 अगस्त को भी ऐसा ही निःशुल्क शिविर कमेटी के साथ निःशुल्क लगाया जाएगा। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि कमेटी द्वारा रामलीला मंचन के कार्य के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति का उद्देश्य है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कमेटी के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि सुबह से लगातार बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह बताता है कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की समाज में कितनी आवश्यकता है। समिति आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के अधिकृत प्रतिनिधि संदीप सिंह ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है। चयनित सभी मरीजों का ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण, दवाइयां, भोजन, आवास तथा आने-जाने की पूरी व्यवस्था अस्पताल द्वारा निःशुल्क की जा रही है।
नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता के संबंध में कार्यवाई की जाए:डीएम
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के लगभग 50 विद्यालयों के प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में बिना मानक पूर्ण किए विद्यालयी वाहनों का संचालन नहीं होगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अनफिट, बिना परमिट एवं मानकों के विपरीत संचालित विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयी वाहनों के अतिरिक्त निजी वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा आदि से विद्यार्थियों के अवैध परिवहन पर भी कड़ी कार्यवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परिवहन संबंधी नियमों का पालन न करने वाले डिफॉल्टर विद्यालयों के विरुद्ध उनकी मान्यता के संबंध में नियमानुसार कार्यवाई की जाए। उन्होंने तहसीलवार विद्यालयों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलवार विद्यालयों की अद्यतन सूची प्रस्तुत कर विद्यालयी वाहनों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सभी विद्यालयों को अपने वाहनों से संबंधित फिटनेस, परमिट सहित सभी आवश्यक प्रपत्र समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने होंगे। बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह से 15 जुलाई तक जनपद के 286 विद्यालयों ने अपने विद्यालयी वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराया है, जबकि 86 विद्यालयों ने वाहनों का परमिट बनवाया है। जिलाधिकारी ने शेष विद्यालयों को भी शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समरीन खातून ने लहराया सफलता का परचम NEET -UG 2026 मे मिली कामयाबी
उसिया /गाजीपुर। क्षेत्र की होनहार छात्रा समरीन खातून ने NEET-UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समरीन ने 561 अंक (720 में से) प्राप्त किए हैं तथा ऑल इंडिया रैंक 29,189 हासिल की है। समरीन ने अपनी मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी अलीगढ़ में रहकर की। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
समरीन की सफलता से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेंगी। समरीन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। समरीन के पिता बदरे आलम खान जो छत्तीसगढ़ पुलिस मे अपनी सेवा दे रहे है वो बेटी की इस कामयाबी पर फुले नहीं समा रहे है. उनके रिश्तेदार रियासुद्दीन खान ने कहा के बेटी की इस कामयाबी से और भी बच्चियों मे पढ़ने का हौसला और लगन बढेगा। समरीन खातून की यह उपलब्धि उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
मुहम्मदाबाद में दस्तक अभियान तेज, T3 मॉडल से होगी संचारी रोगों पर प्रभावी रोकथाम
आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कर रहीं जागरूकता, बुखार व दस्त के मरीजों की पहचान कर उपलब्ध करा रहीं उपचार
गाजीपुर। जनपद में 1 जुलाई से संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के साथ अब स्वास्थ्य विभाग ने दस्तक अभियान भी तेज कर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद क्षेत्र में यह अभियान T3 मॉडल (टेस्ट, ट्रीट और ट्रैक) के आधार पर संचालित किया जा रहा है, ताकि मलेरिया, डेंगू, टीबी सहित अन्य संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
चिकित्सा अध्यक्ष डॉ आशीष राय ने बताया कि अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। साथ ही बुखार एवं अन्य लक्षणों से ग्रसित मरीजों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। चिन्हित मरीजों का नियमित फॉलोअप भी किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवारों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। दस्त से पीड़ित बच्चों का उपचार सुनिश्चित करते हुए ओआरएस एवं जिंक का वितरण किया जा रहा है। साथ ही परिजनों को ओआरएस घोल तैयार करने की सही विधि भी बताई जा रही है। अभियान के दौरान एकत्रित सभी जानकारियों का अंकन ई-कवच पोर्टल पर आशा एवं एएनएम के माध्यम से किया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद की चिकित्सकीय टीम भी नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करा रही है। सीएचसी मुहम्मदाबाद में टाइफाइड जांच,मलेरिया जांच,सीबीसी जांच,डेंगू जांच,बलगम जांच,सीबी-नाट (CBNAAT) जांच एक्स-रे सुविधा उपलब्ध है।
अधीक्षक ने बताया T3 मॉडल का महत्व
सीएचसी मुहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि T3 मॉडल (Test, Treat and Track) संचारी रोगों की रोकथाम की एक प्रभावी रणनीति है।
टेस्ट (Test): संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच कर संक्रमण की पुष्टि की जाती है।
ट्रीट (Treat): संक्रमण की पुष्टि होने पर मरीज को तत्काल उचित दवा और उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
ट्रैक (Track): मरीज का फॉलोअप किया जाता है तथा उसके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी एवं जांच की जाती है।
बीपीएम संजीव कुमार ने बताया कि इस रणनीति से बीमारी की समय पर पहचान होती है, गलत दवाओं के उपयोग से बचाव होता है, संक्रमण की श्रृंखला टूटती है तथा संचारी रोगों को नियंत्रित करने में काफी मदद मिलती है। इसी उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ मरीजों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित कर रही हैं।
गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने हेतु बैठक संपन्न
गाजीपुर। सम्पूर्ण भारतवर्ष में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से संचालित “गो सम्मान आवाहन अभियान” के अंतर्गत रविवार को बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी में श्री श्री 1008 भोला गिरी महाराज के सानिध्य में नागरिकों एवं संतों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वृंदावन से पधारे गोपाल कृष्ण दास ने अभियान की आगामी रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में 27 अप्रैल को सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा जा चुका है। द्वितीय चरण में 27 जुलाई को देशभर के जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन दिया जाएगा। इसके उपरांत तृतीय चरण में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के माध्यम से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान प्रदान किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक के अंत में भोला गिरी ने उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उपस्थित सभी लोगों ने गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री विजय मिश्र के प्रतिनिधि जेपी चौरसिया, ई. अखिलेश सिंह, डब्बू श्रीवास्तव, रवि राज गुप्ता, संदीप श्रीवास्तव (सभासद), पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, गुड्डू राय, नीरज जायसवाल, संत द्वारिका प्रसाद, व्यवसायी शम्भू गुप्ता, विजय कश्यप, मनिंद्र कुशवाहा, सरदार रणवीर सिंह, ओमकार वर्मा, दीपक वर्मा, हेमंत त्रिपाठी (महामंत्री, नगर भाजपा), राम निवास कुशवाहा, मोनू वर्मा, अभिषेक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संतजन उपस्थित रहे।
ग्राम चकिया से 51 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना
गाजीपुर। जनपद के ग्राम चकिया से मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में 51 श्रद्धालुओं का एक दल प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस दल में 36 महिलाएं एवं 15 पुरुष शामिल हैं।
यात्रा के प्रस्थान के समय गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। “जय श्री राम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को फूल-मालाओं से विदा करते हुए उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान श्री राम के दर्शन-पूजन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश दे रही है।
मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में मंदिर निर्माण, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे कई सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। सभी ने प्रभु श्री राम से श्रद्धालुओं की यात्रा की सफलता एवं सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की।
गाजीपुर। 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्नान, जल भरने, आवागमन तथा ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नगर पालिका को निर्देशित किया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने घाट एवं कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए घाट पर नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार नाविकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर झूलते हुए विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोलों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पालिका अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0ईरज राजा की उपस्थिति मे तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 137 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 07 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 392 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 32 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओ की छोटी-छोटी समस्याएँ जिसका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसे निस्तारित करेें, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। इस अवसर पर , उपजिलाधिकारी जखनियॉ, तहसीलदार जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मैडम सईदा फैज को याद कर शाह फैज पब्लिक स्कूल में मनाया गया 42वां स्थापना दिवस
गाजीपुर। वर्ष 1985 में संस्थापिका मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित शाह फैज पब्लिक स्कूल का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने संस्थान की निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) गाजीपुर श्री प्रकाश सिंह रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए “मेरा स्कूल, मेरा गौरव” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह मे सृष्टि राय (जिला टॉपर 97.4%) को ₹5000, स्वर्ण पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान किया गया एवं 10वीं की पहल राय (स्कूल टॉपर 97.8%) को ₹2000, स्वर्ण पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान किया गया तथा अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को क्रमश: ₹₹2000 व ₹1000 एवं स्वर्ण पदक व रजत पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक के विद्यार्थियों के बीच 267 पौधों का वितरण भी किया गया तथा उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने अपने संबोधन में विद्यालय के सफलतापूर्वक 42 वर्ष पूर्ण होने पर ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थापक मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित इस संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता हासिल की है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहेगा।
मुख्य अतिथि श्री प्रकाश सिंह ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त हथियार है जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। सपनों को साकार करने का एकमात्र मार्ग कठिन परिश्रम है।”
विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि द्वारा पौधा रोपण किया गया तथा निदेशक डॉ नदीम अधमी व निदेशिका डॉ. मीना अधमी द्वारा मुख्यअतिथि को स्मृति चिन्ह तथा पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं विद्यालय की निरंतर प्रगति की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।