सड़क पर पानी और कीचड़ होने से लोगों का निकलना दुश्वार, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
गंदगी में जिंदगी: गली-गली कीचड़ और उनमें मक्खी-मच्छर, बरसों से लगा रहे गुहार, आश्वासन बहुतेरे, विकास जीरो
गाजीपुर। बारिश की वजह से सड़कों पर गंदगी, कीचड़ व जलजमाव की स्थिति हो गई है। जबकि शहर से लेकर गांव तक की सड़कों को बनवाने से लेकर मरम्मती करण के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। सदर ब्लाक के फतेहपुर सिकंदर फुल्लनपुर में मुख्य मार्ग से बाईपास मार्ग में बरसाती पानी के जमाव से सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गई है जिसकी वजह से लोगों का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। सदर ब्लॉक क्षेत्र का गांव है फतेहपुर सिकंदर (फुल्लनपुर), स्थानीय लोगों का जनजीवन बदहाली से भरा है। गली-गली जलभराव और कीचड़ है और उनमें मक्खी-मच्छरों की भरमार है। हर तरफ गंदगी पसरी हुई है। बरसों बरस से यहां के निवासी इससे निजात पाने की गुहार लगाते आ रहे हैं लेकिन आश्वासनों के सिवा आज तक इस गांव को कुछ नहीं मिला। चौतरफा फैली इस गंदगी से ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी हर समय बना हुआ है।जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपेक्षा से परेशान होकर गांव के निवासी अपनी नाराजगी भी जता रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों के दरवाजे तक गुहार लगाने के बावजूद बरसों बरस से नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव से सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है। बेहद सावधानी से निकलना पड़ रहा है नहीं तो कीचड़ में गिरना और कपड़े खराब होना तय है। बारिश के बाद कीचड़ और गंदगी से लोगों का बुरा हाल है। पक्की सड़कों पर कीचड़ के कारण पैदल चलना भी दूभर बना हुआ है। गंदगी से बीमारी फैलने का डर भी लोगों को सता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे हालात और बद्तर होते जा रहे हैं। इससे इलाकाई लोगों में खासा रोष है। जिला मुख्यालय से दो किलोमीटर दूर स्थित फुल्लनपुर स्थित बाईपास मार्ग पर जल भराव के बाद अब कीचड़ राहगीरों सहित स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पूरे दिन व्यस्त रहने वाले मार्ग पर पैदल चलने वालों को अपने कपड़े बचाकर निकलना पड़ रहा है। बुजुर्ग लाठी अभिभावकों का हाथ पकड़कर जैसे तैसे रास्ते को पार कर रहे हैं। जबकि दो पहिया वाहन सवार तो फिसलकर चुटहिल तक हो रहे हैं।
ग्रामीण महेश बिंद, सुनील यादव, राजीव कुमार सिंह, दीनानाथ तिवारी, मंजू गुप्ता, राधिका देवी का कहना है कि रात के वक्त तो सड़क से गुजरने का मतलब है कि फिसलकर चोट आना तय है। नाली से कचरा निकाल कर सड़क पर रख दिया गया है और बारिश के बाद सड़क पर फैल गया है। कीचड़ के कारण सड़क पर हुआ गड्ढा भी नजर नहीं आ रहा है। मामूली सी बारिश भी जलभराव कर देती है। उसके बाद होने वाला कीचड़ समस्या सामने खड़ी कर देता है। रोड पर नालियां चोक होने से घरों का पानी भी गली और सड़क पर ही भरा रहता है। इससे कीचड़ और भी खत्म होने का नाम नहीं लेता है।
गाजीपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने से आर्य समाज में भारी आक्रोश है। उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और बाइक जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। आर्य समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचे। जहां उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करते हुए नारे लगाए। ज्ञापन के माध्यम से आर्य समाज ने मांग किया कि बांग्लादेश में मुस्लिम मज़हबी कट्टरपंथी लोगों द्वारा जो अत्याचार हिंदुओं पर किया जा रहा है उसको तत्काल रोका जाए। हम लोगों के लिए यह असहनीय व पीड़ादायक है। यह घटना सोशल मीडिया के माध्यम से हम लोगों को देखने को मिला है।
ऐसी स्थिति में बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा हेतु वहां की सरकार पर पूर्ण दबाव बनाकर उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान कराया जाए। भारत में अवैध तरीके से रह रहे रोहंगियों और बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों को चिन्हित कर उन्हें यहां से बांग्लादेश भेजा जाए। बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं को यहां लाकर बसाया जाए। ज्ञापन देने वालों में आदित्य प्रकाश आर्य प्रधान ज़िला आर्य प्रतिनिधि सभा, दिलीप कुमार वर्मा प्रधान आर्य समाज, सुरेंद्र नाथ वर्मा अध्यक्ष डी.ए.वी.इंटर कॉलेज, आर्य समाज के मंत्री धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, प्रचार मंत्री संतोष कुमार वर्मा, रवीश विश्वकर्मा, उदयभान आर्य,सुरेश आर्य, अजय केसरी, रितेश अग्रहरि, डीएवी इंटर कॉलेज गाजीपुर के उपाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा, स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री प्रकाश केसरी ,सुधीर केसरी, रवि राज हिन्दू, हिंदू वाहिनी के वरुण कुमार सहित अन्य आर्य समाज व हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र का चर्चित खस्ताहाल लावा आरीपुर सड़क मार्ग इस समय सपा बनाम भाजपा हो चुका है। कुछ दिनों पहले एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी के क्षेत्रीय विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने सड़क बदहाली के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए धान रोपकर विरोध जताया। वही रविवार के दिन एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधी प्रदीप पाठक ने लावा मोड़ से जयंतीदासपुर,बाबूरायपुर,मानपुर नेवादा होते हुए शुभाखरपुर लावा चट्टी सहित दस किमी लम्बे सड़क मार्ग का विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरिक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होने सम्बंधित अधिकारी पीडब्लूडी के अवर अभियंता अनिल वर्मा को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क में जो गढ्ढे है उन्हे गड्ढामुक्त किया जाय और जहां जहां जल जमाव की स्थिति है उसके जल निकासी का व्यव्स्था किया जाए। इस सड़क के निर्माण में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि जनपद के एम एल सी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर इस सड़क के निर्माण के लिए शासन ने लगभग पच्चीस करोड़ का बजट स्वीकृत किया है और गड्ढा मुक्ति के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है।
वहीं उन्होने क्षेत्रीय सपा विधायक डा वीरेन्द्र यादव के द्वारा पुर्व में इस सड़क पर धान की रोपाई करने के सवाल पर कहा कि विधायक का परिवार इस विधानसभा के गठन के बाद से ही काबिज है लेकिन वह अपना फोटो लगाकर गेट बनाने में ही व्यस्त हैं। जनपद के ये पहले विधायक हैं जिन्हें यह भी नहीं पता है की धान की रोपाई कहां की जाती है! खैर यह सड़क जनता के दर्द और समस्या को दूर करने का विषय है ना कि राजनीति करने का। प्रदीप पाठक ने कहा कि विधायक को ज्ञात होना चाहिए की इसी सड़क के निर्माण के लिए सपा के शासन काल में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज कराया गया था और उनके ऊपर फर्जी तरीके से मुकदमा भी दर्ज कराया गया था लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सरकार में जनता को अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाने की पूरी आजादी है!
प्रतिनिधि को जन समस्याओं को सुनने का काम किया जाना चाहिए ना की राजनीति के तहत लाठी चार्ज किया जाना चाहिए! निरीक्षण के दौरान बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन,सिंह शचिंद्रनाथ सिंह लल्लन सिंह,योगेश सिंह,विवेकानंद पांडेय, गुड्डू गुप्ता,रणधीर सिंह, रामप्रसाद गुप्ता,अमित सिंह, संजय सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
होने वाले विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी का रंग हर युवाओं पर देखने को मिलेगा:- संगठन मंत्री सिद्धान्त मिश्रा
लखनऊ। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) को और भी मजबूत बनाने के लिए संगठन मंत्री सिद्धांत मिश्रा ने रविवार को कैंप कार्यालय पर सदस्य अभियान चलाया। इस सदस्यता अभियान मे बड़ी संख्या में युवाओं ने सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही संकल्प लिया कि पार्टी के हित में काम करके पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। सदस्यता अभियान के दौरान संगठन मंत्री श्री मिश्रा ने बताया कि हमारी पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है और उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) कम से कम 50 सीटों पर बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहेगी।
सिद्धांत ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी का गठन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान ने किया था। पार्टी के गठन का मकसद गरीबों, दलितों, शोषित महिलाओं और अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं को हल करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी इनके लिए जो काम कर रही है उसे जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन मंत्री सिद्धान्त मिश्रा ने कहा कि सदस्यता अभियान में नवयुवक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से प्रभावित होकर उनमें आस्था दर्शा रहे हैं। इसीलिए आज दर्जनों युवाओं ने चिराग पासवान के हाथ को मजबूती प्रदान करने के लिए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
सदस्यता ले रहे युवाओं को सिद्धांत मिश्रा ने यह भी विश्वास दिलाया कि हमारे नेता चिराग़ पासवान स्वयं एक युवा हैं इसलिए वह युवकों की सोच को भली भाँति समझते हैं। उन्होंने बताया कि वो जल्द ही चिराग़ पासवान को लखनऊ बुलाएँगे और पार्टी के सभी कर्मठ और जुझारू सिपाहियों से औपचारिक मुलाक़ात भी करवायेंगे।
प्री पी एच० डी० कोर्स वर्क का फार्म भरने की तिथि घोषित
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा प्री पी-एच० डी० कोर्स वर्क का परीक्षा फार्म भरने का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। उक्त जानकारी देते हुए पी० जी० कालेज, के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि सत्र 2022-23 के प्री पी-एच० डी० कोर्स वर्क की परीक्षा हेतु परीक्षाफार्म भरने के लिए दिनांक 10 अगस्त, 2024 से पोर्टल खोल दिया गया है। सत्र 2022-23 के पीएच.डी. में रजिस्टर्ड समस्त छात्र/छात्राए अपने ट्रान्जेक्शन आई.डी. एवं मोबाइल नम्बर सबमिट कर परीक्षाफार्म भर सकते हैं। परीक्षाफार्म भरने की अन्तिम तिथि 20 अगस्त, 2024 निर्धारित की गयी है। परीक्षाफार्म का लिंक निम्नवत हैः- https://nepexam.vbspuexams.com/PHD/Login उक्त जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से सभी प्राचार्यों को भेजी गयी है।
नपा अध्यक्ष ने खाई फाइलेरिया से बचाव की दवा, एमडीए अभियान शुरू
सैनिक चौराहा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से हुआ सर्वजन दवा सेवन ‘एमडीए’ अभियान का शुभारंभ
नपा अध्यक्ष ने की अपील – स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग कर दवा का सेवन उनके समक्ष करें, दूसरों को भी प्रेरित करें
साफ-सफाई, गंदे पानी के निस्तारण, स्वच्छ पेयजल पर दिया ज़ोर
दो सितंबर तक चलेगा अभियान, करीब 34.42 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य
गाज़ीपुर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शनिवार को सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ सैनिक चौराहा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर हायर सेकेन्डरी विद्यालय से किया। सर्वप्रथम नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने फाइलेरिया से बचाव की दवा एल्बेण्डाज़ोल और डीईसी का सेवन किया। तत्पश्चात अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार व प्रधानाचार्य अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों, शिक्षकों व बच्चों ने दवा का सेवन किया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि फाइलेरिया मुक्त जनपद बनाने के लिए यह अभियान दो सितंबर तक चलेगा। यह अभियान नगर समेत 13 ब्लाकों में चलेगा। फाइलेरिया जैसी गंभीर व मच्छर जनित बीमारी से बचाव के लिए सबसे ज्यादा जरूरत साफ-सफाई की है। यदि हम अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे, घर व आसपास गंदगी व जलजमाव की स्थिति पैदा नहीं होने देंगे तो हम इस बीमारी से बचे रहेंगे। हमेशा स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें। सोते समय हमेशा मच्छरदानी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों में दवा सेवनकर्मी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता की टीम घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा अपने समक्ष खिलाएगी। इसके अलावा नगर पालिका की टीम साफ-सफाई, फोगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव के कार्य में जुटी हुई है। प्रधानाचार्य अखिलेश मिश्रा ने समस्त छात्रों से अपील की कि वह अपने घर के परिजनों व आस पड़ोस के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर सभी छात्र दवा खाने के लिए उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि हमने फाइलेरिया से बचाव की दवा खा ली है। यह पूरी तरह से सुरक्षित है। इसी तरह हम लगातार पाँच साल तक साल में एक बार दवा जरूर खाएँगे। साथ ही और भी लोगों को प्रेरित करेंगे। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय नई दिल्ली से स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश समेत अन्य प्रदेशों में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन के लिए एमडीए व आईडीए अभियान का शुभारंभ किया। वर्चुअल शुभारंभ का आयोजन जनपद के एनआईसी कार्यालय में हुआ, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य व जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार शामिल रहे। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत करीब 34.42 लाख लक्षित आबादी को फाइलेरिया से बचाव की दवा (एल्बेण्डाजोल व डीईसी) खिलाई जाएगी। इसके लिए ब्लॉकों में 3033 टीमें और नगर के लिए 120 टीमें तैयार की गईं हैं। एक टीम में दो सदस्य (आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कर्मी) रहेंगे। छह हजार से अधिक ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर और 600 से अधिक सुपरवाइज़र तैनात किए गए हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में मलेरिया इकाई से सुनील कुमार, अंकिता त्रिपाठी, सुनील सोनकर, बायोलोजिस्ट डॉ अशोक मौर्य, जिला कार्यक्रम समन्वयक (एनटीईपी) डॉ मिथलेश कुमार, पीसीआई से मनीष दुबे, सीफार के जिला प्रतिनिधि सहित अध्यापक, अन्य स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इन्सेट – राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस भी मनाया गया – एसीएमओ डॉ मनोज कुमार ने बताया कि मरदह, मनिहारी और जमानिया ब्लॉक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया गया। इस दौरान एक से 19 साल के बच्चों व किशोरों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाई गई। इस ब्लॉक के जो बच्चे दवा खाने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉपअप राउंड में दवा खिलाई जाएगी। गाज़ीपुर – कासिमाबाद ब्लॉक के सिधौत व सुरावत में एमडीए अभियान के शुभारंभ में ग्राम प्रधान, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, फाइलेरिया रोगी सहायता समूह (पीएसजी) नेटवर्क के सदस्य एवं विद्यालय के बच्चे व ग्राम सभा के लोग मौजूद रहे।
गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासीय मेडिकल कालेज के परिसर में राजकीय नर्सिंग कालेज एवं हॉस्टल के निर्माण के लिए विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने शुक्रवार को भूमि पूजन किया। भूमि पूजन के पश्चात नारियल फोड़कर, फरसा से खुदाई कर निर्माण प्रकिया का शुभारंभ किया। भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद एमएलसी चंचल सिंह ने बताया कि बीएससी नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्रों के लिए इस भवन का निर्माण हो रहा है। जिसकी लागत 10 करोड़ रुपया है। इसमे बीएससी नर्सिंग छात्रों के लिए क्लास रुम, हॉस्टल, प्रशासनिक भवन का निर्माण होगा। उन्होने बताया कि बीएससी नर्सिंग का कोर्स शुरु होने से गाजीपुर के छात्रों को मेडिकल के क्षेत्र में रोजगार के काफी अवसर मिलेंगे। वर्तमान समय में भारत के नर्सिंग स्टाफ की पूरे दुनिया में डिमांड है। उन्होने बताया कि नर्सिंग कालेज का निर्माण यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन यूनिट थ्री वाराणसी कर रही है। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर डा. आनंद कुमार ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मेडिकल के क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग कालेज गाजीपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां के नर्सिंग स्टाफ को ट्रेनिंग के लिए मेडिकल कालेज के हास्पिटल में काफी सुविधाजनक अवसर प्राप्त होगा। जिससे कि वह कुशल नर्सिंग स्टाफ बनकर समाज की सेवा करेगा। इस अवसर पर यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रवीण कुमार, असिटेंट मैनेजर दिलीप कुमार, जेई अंशुमान तिवारी, शाश्वत, डा. प्रदीप पाठक, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह, अमित सिंह आदि लोग मौजूद थे।
गाजीपुर।वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुन्धरा अंतर्गत स्व.शेषनाथ पांडेय की पुण्य स्मृति में इण्टर कालेज सिसौड़ा सौरम के प्रांगण में आयोजित किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हेमन्त राव जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा विशिष्ठ अतिथि राम नारायण सिंह यादव प्रधानाचार्य इंटर कालेज सिसौडा ने किया। जबकि अध्यक्षता ग्राम प्रधान रूद्र प्रताप यादव ने किया। तत्पश्चात अध्यक्ष डा0 शरद कुमार वर्मा ने अतिथियों, क्लब पदाधिकारी तथा उपस्थित गणमान्य लोगों के साथ ही इन्टर कालेज के मुनीन्द्र कुमार, आनन्द यादव, अमरजीत गुप्ता, चंद्र शेखर, सुषमा पांडेय, मनोज गुप्ता,पंचायत सहायक वन्दना यादव, ने पौधरोपण किया। साथ ही पर्यावरण को हरा भरा करने का सामूहिक संकल्प किया। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय ने हाथ उठाकर एक पेड़ मां के नाम लगाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेमन्त राव ने कहा कि इस साल पड़ रही गर्मी का तापमान तथा वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण समूचे विश्व की समस्या बन चुकी है ऐसे में अधिक से अधिक पौधरोपण ही एकमात्र समाधान है। ग्लोबल वार्मिग, महामारी या वायरस से होने वाली बीमारिया या बारिश का समय से न होना निश्चित रूप से पर्यावरण के असंतुलन का दुष्परिणाम है । वेलफेयर क्लब पौध लगाने के साथ उसे बचाने का भी कार्य कर रहा है जो प्रशंसनीय है। जबकि विशिष्ट अतिथि राम नारायण सिंह यादव ने वर्ष 2003 से निरंतर चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान पर्यावरण मिशन ग्रीन वसुन्धरा के लिए शुभकामना व्यक्त करते हुए कहा यह गाजीपुर के लिए बड़ी मिशाल है। अतिथियों का स्वागत क्लब संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी तथा क्लब उपाध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी ने किया। अतिथियो को क्लब अध्यक्ष डा. वर्मा तथा जनपद गवर्नर पवन पांडेय ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया । इस अवसर मुकेश, कौसिल्या देवी, राज कुमार, दिनेश यादव, रमाकांत चौरसिया, अवनीश प्रजापति, संजय कुमार गौड़ सहित ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।
गाजीपुर।जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को धामूपुर जखनियां में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। जिसमें करागार कैबिनेट मंत्री उ0प्र सरकार दारा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा सहित अन्य अतिथियों द्वारा शहीद वीर अब्दुल हमीद एवं उनकी पत्नी स्व. रसूलन बीबी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि दारा सिंह चौहान द्वारा शहीद स्तम्भ पर श्रद्धासुमन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत सम्मान पुष्पगुच्छ अगवंत्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओ एवं सांस्कृतिक विभाग के द्वारा चयनित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई जो सराहनीय रहा। कार्यक्रम से पूर्व विभिन्न विद्यालयो के छात्र-छात्राओ द्वारा देश भक्ति नारो के साथ काकोरी ट्रेन एक्शन घटना के वीर क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए बड़ी संख्या में शामिल होकर रैली को सफल बनाया। रैली के दौरान युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और रैली समाप्ति के उपरांत धामूपुर शहीद पार्क परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव के जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि करागार कैबिनेट मंत्री उ0प्र सरकार दारा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, ने धामूपुर शहीद पार्क परिसर में स्थिति शहीद स्थल पर शहीद को श्रद्धांजलि देकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शहीदों की स्मृति में पौधारोपण कर किया। कार्यक्रम से पूर्व काकोरी ट्रेन एक्शन कार्यक्रम का मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एल ई डी के माध्यम से देखा व सुना गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन संबंधी प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें काकोरी एक्शन का वास्तविक फोटो, काकोरी ट्रेन ऐसी से जुड़े तथ्यों एवं क्रांतिकारियों से जुड़ी जानकारी का अतिथियों एवं आगंतुकों ने अवलोकन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी के माध्यम से काकोरी ट्रेन एक्शन के विषय में विस्तार से बताया गया।
वहीं कार्यक्रम में उपस्थित जनपद के शहीदो के परिजनो को अंग वस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री ने वीर अब्दुल हमीद की शहादत एवं काकोरी ट्रेन एक्शन मे शहीदों का राष्ट्र के प्रति उनके त्याग को सर्वाेच्च बताया।उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार की पहल पर काकोरी काण्ड का नाम बदलकर इसको काकोरी ट्रेन एक्शन की पहचान दी गई है और जन जन को जागरूक करने के उद्देश्य से इसको शताब्दी महोत्सव के रूप में प्रदेश भर में मनाया जा रहा है । उन्होने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए संसाधन जुटाने के प्रयास में काकोरी ट्रेन एक्शन हुआ जिसमें युवा क्रांतिकारियों ने अद्भुत साहस दिखाते हुए देश की आजादी के लिए धन इकट्ठा किया। युवाओं को इससे प्रेरणा लेते हुए क्रांतिकारियों के स्वपन के देश को बनाने में सहभागी बनना चाहिए।
जिलाधिकारी ने काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह के दौरान अपना संबोधन व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे वीर शहीदो को समर्पित है । उन्होने कहा कि 09 अगस्त 1925 काकोरी ट्रेन एक्शन के दौरान वीर शहीदो ने जिस प्रकार अदम्य साहस का परिचय देते हमारे देश से अर्जित किया हुआ धन उस समय की ब्रिटिश सरकार द्वारा अपने देश ले जाया जा रहा था। जिसे राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, चन्द्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह एवं क्रान्तिकारियों द्वारा वापस ले लिया गया जिसके परिणाम स्वरूप उन्हे फांसी की सजा सुनाई गई। आज से लेकर अगले साल 2025 जब इस घटना की शताब्दी मनाई जाएगी तब तक निरन्तर इन कार्यक्रमो के माध्यम से हमारे देश के लिए जो लोग लड़े है, जिन्होने हमे ये आजादी दी और आजादी के पश्चात निरन्तर देश की अखण्डता के लिए हमारे वीर सैनिक जो काम कर रहे उनके बलिदान को याद करते हुए आम जनमानस मे यह भावना उत्पन्न हो कि हम भी देश के लिए कुछ करे, देश मे अपना योगदान दें और बच्चो के लिए यह आवश्यक है कि वे अपने इतिहास के बारे मे जाने कि वे अपने देश के लिए क्या कर सकते है। इस पर मंथन करे।
पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने काकोरी ट्रेन एक्शन के वीर शहीदो को नमन करते हुए कहा कि गाजीपुर वीरो की धरती है और आज मै बहुत ही उत्साहित हूॅ कि आज मुझे परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के धरती पर आने का मौका मिला। उन्होने जनपद के फौजी भाईयो के शिकायतो के समाधान हेतु पुलिस विभाग मे एक सेल का गठन करने कहा। जिससे कि उनकी शिकायतो का ससमय निस्तारण हो सके। कार्यक्रम के उपरान्त मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने वीर शहीदो को नमन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
काकोरी ट्रेन एक्शन, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और साहसिक घटना के रूप में दर्ज है। यह घटना 9 अगस्त 1925 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ के पास काकोरी नामक स्थान पर घटित हुई थी। इस क्रांतिकारी कार्रवाई का नेतृत्व हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के सदस्यों ने किया, जिसमें प्रमुख रूप से राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, चंद्रशेखर आजाद, और कई अन्य देशभक्त शामिल थे। इन स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के लिए धन जुटाने और अपनी क्रांतिकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना का मुख्य उद्देश्य ब्रिटिश सरकार के खजाने को लूटना था, जो उस समय एक ट्रेन से ले जाया जा रहा था। ट्रेन के रुकते ही क्रांतिकारियों ने साहस और कुशलता से कार्य करते हुए सरकारी धन को अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना ने ब्रिटिश सरकार को हिला कर रख दिया और पूरे देश में हलचल मचा दी। हालांकि, इस साहसिक कार्यवाही के बाद ब्रिटिश सरकार ने कड़े कदम उठाए और क्रांतिकारी गतिविधियों में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के परिणामस्वरूप, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, और ठाकुर रोशन सिंह को फांसी की सजा सुनाई गई। काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐसा अध्याय है जिसने आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित किया और स्वतंत्रता की लड़ाई को और अधिक उग्र और संगठित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह घटना हमें याद दिलाती है कि स्वतंत्रता की प्राप्ति के लिए कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी और इसके लिए कितनी बहादुरी और बलिदान की जरूरत थी।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख इंदू देवी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्या, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी नवीन सिंह, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एंव अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूल छात्र-छात्राए, आमजनमानस, प्रबुद्ध नागरिक आदि उपस्थित रहे।
गाज़ीपुर। केंद्रीय विद्यालय में 35 वें राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन केंद्रीय विद्यालय में आयोजित किया गया था। जिसमें एमएलसी विशाल सिंह चंचल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया और युवा संसद में प्रतिभा किया । ज्ञात हो की पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर चंदौली में कार्यक्रम आयोजित होना है जिसमें प्रदेश भर के सभी केंद्रीय विद्यालय प्रतिभाग करेंगे ।कार्यक्रम का मुख्य शीर्षक युवा सांसद द्वारा संसद में होने वाली कार्यवाही को दर्शाना था, जिसमें संसद में होने वाले सदस्यों द्वारा कार्यवाही में होने प्रश्नोत्तर ,वाद प्रतिवाद कार्यक्रम को दर्शाया गया।प्रधानाध्यापिका द्वारा एमएलसी विशाल सिंह चंचल जी के समक्ष यह अवगत कराया गया की 40 साल से अफीम फैक्ट्री के भूमि पर ही केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है इसका कोई स्थायी भूमि नहीं होने के कारण बच्चों को बहुत दिक्कतें हो रही हैं। विद्यालय का नाम भूमि हो जाती तो आपकी महती कृपा होगी जिस पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मुख्यमंत्री के समक्ष इस बात को रखने की संस्तुति प्रदान की । इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विनीता सिंह ,ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, डॉ प्रदीप पाठक ,अमित नागवंशी आदि उपस्थित है।