क्यों होता है गोद भराई और अन्नप्राशन

आंगनबाड़ी केंद्रों पर क्यों होता है गोद भराई और अन्नप्राशन

गाजीपुर। भारतीय संस्कृति में मानव जीवन के लिए निर्धारित 16 संस्कारों में से दो महत्वपूर्ण संस्कार आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूरे किए जा रहे हैं। केंद्र के क्षेत्र में आने वाली गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म का आयोजन लगातार किया जा रहा। इसके अंतर्गत पारंपरिक मंगलगीत के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा की जा रही है। आंकड़ों की बात माने तो मौजूदा समय में जनपद में 4127 आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से चल रहे विकसित भारत यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 4000 से ऊपर गर्भवती की गोद भराई और 4000 से ऊपर बच्चों का अन्नप्राशन कराया जा चुका है। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि गोद भराई संस्कार जहां गर्भवती माताओं को सौभाग्यवती बनाता है। वहीं अन्नप्राशन संस्कार शिशुओं को मानसिक व शारीरिक रूप से विकसित करने के लिए किया जाता है। माना जाता है कि संस्कार का प्रभाव व्यक्ति के चरित्र पर पड़ता है। मानव जीवन 16 संस्कारों के तहत ही संपन्न होता है। संस्कारों को बढ़ावा देने व आम लोगों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने के लिए महिला व बाल विकास मंत्रालय ने इसकी पहल किया था। उन्होंने बताया कि विभाग के द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कुपोषण से सुपोषण की ओर ले जाने की एक सार्थक पहल है। जो विभाग के इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया जाता है कि गर्भवती माता के गर्भ में पल रहा बच्चा देश का भविष्य है। और इनको पोषण और प्रोटीन युक्त आहार देंगे तो यह स्वस्थ रहेंगे।

वहीं अन्नप्राशन को लेकर बताया कि स्तनपान नवजात शिशु के लिए संजीवनी के समान है। और 6 माह की उम्र पार करने के बाद दूध से बने खीर से उनका अन्नप्राशन करने का उद्देश्य होता है कि अब बच्चे को मां के दूध के साथ ही अब उसे थोड़ा-थोड़ा अन्न भी दिया जा सकता है। उन्होंने बताया की सरकार की इस योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्र पर चार से सात माह की गर्भवती महिलाओ की गोद भराई के लिए सभी तरह के पारंपरिक रीति-रिवाज पूरे किए जाते हैं,ताकि महिला को घर जैसा वातावरण के साथ साथ पोषण आहार नियमित रूप से पौष्टिकता युक्त खाद्यान्न मिले। गोद भराई कार्यक्रम से पूर्व आंगनबाड़ी केंद्र को गुलाल से रंगोलियां बनाकर सजाया जाता है। बकायदा गर्भवती महिलाओं को माला पहना व मंगलगीत के बीच मुंह मीठा कर उन्हें गोद भराई से जुड़ी अन्य सामग्री मुहैया कराई जाती है। साथ ही सुरक्षित प्रसव व शिशु के आहार चार्ट की जानकारी देकर जागरूक किया जाता है। केंद्र पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया जा रहा है। साथ ही आसपास के गली मोहल्ले की महिलाओं को बुलाकर स्वागत व मंगल गीत गाए जाते हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व के बारे में बताया जाता है, ताकि केंद्र के प्रति लोगों का रुझान बढ़े।

24 घंटे के अंदर हत्यारोपी गिरफ्तार

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिरहिमाबाद गांव में हुई सुनील बिंद की हत्या के मामले में पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर कामयाबी हासिल कर ली। बता दें कि मंगलवार की देर कोतवाल दीनदयाल पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटना के दोनों नामजद आरोपितों को लंका बस स्टैंड के पास से दबोच लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपितों का चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम में एसआई चंद्रशंकर मिश्र, कांस्टेबल महेश कुमार और का. सद्दाम हुसैन शामिल रहे।

भाजपा नेता के साथ ग्रामीणों सौंपा ज्ञापन,किया मांग

भाजपा नेता के साथ ग्रामीणों सौंपा ज्ञापन, किया मांग

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल कुमार पांडे के नेतृत्व में जलालाबाद ग्राम पंचायत क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में उनके कार्यालय में उपस्थित उपजिला अधिकारी को ज्ञापन सोपा। जिसमें यह मांग की गई थी कि सैदपुर से मरदह बन रहे एनएएच 124 जलालाबाद चौराहे पर अंडर पास न बनाकर फ्लाईओवर बनाने का कार्य हो। तीन जनपदों मऊ ,आजमगढ़ एवं गाज़ीपुर की सीमा पर बन रहे अंडरपास से भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को इस पार से उस पार देखने में भी भारी परेशानी होगी, जाना आना दुबर हो जाएगा। इस चौराहे से सटे 500 मीटर की दूरी पर 7 स्कूल और कॉलेज है जिससे छात्राओं तथा ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। फ्लाईओवर बनने से उसके नीचे से छोटे वाहनों, ग्रामीणों का आना-जाना सुगम रहेगा। पत्रक देने वालों के साथ भाजपा नेता को रमेश सिंह पप्पू, रामधनी राजभर, सुग्रीव मौर्य, दीपक, लवकुश यादव, दिनेश चौहान, मूलचंद सिंह, सीता चौहान, बृजेश गुप्ता, धनंजय कुमार, शिवकुमार, हरीशंकर चौहान, अजय, विपिन कुमार, प्रमोद के साथ अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

रोजगार मेले में 208 का हुआ चयन

रोजगार मेले में 208 का हुआ चयन

गाजीपुर। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजनान्तर्गत कौशल विकास मिशन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय आई0टी0आई, परिसर में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनियॉं क्वैस कार्पोरेशन, एडेक्को प्रा0लि0, रोहित हाईब्रीड सीड्स प्रा0लि0, रौजा गाजीपुर जॉब सीकर्स स्टाप द्वारा डिक्सन, पैजेट, मिकुनी हेतु चयन सहित कुल 8 कम्पनियों द्वारा ट्रेनी, फील्ड आफीसर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, फीटर, कम्प्यूटर आपरेटर, इलेक्ट्रानिक मैनूफक्चैरिंग, हेल्पर आदि पदों पर चयन किया गया। मेले में लगभग 590 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 208 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया। भारत के कार्यबल को कुशल बनाकर अंर्तराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने हेतु भारत सरकार के स्किल इण्डिया मिशन के तहत स्किल इण्डिया इंटरनेशल सेन्टर एसआईआईसी वाराणसी द्वारा उक्त स्कूल परिसर में प्री-काउंसिलिंग की गयी। जिसमें इज़राइल, दुबई, अबुधाबी, शारजाह, सऊदी अरब देेशों में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, हेेेेेल्पर, क्लीनर, माली, ए.सी. टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, कुक, वेटर, मैकेनिकल ड्राफ्ट्समैन, मेसन, ड्राइवर इत्यादि जॉब रोल्स के लिए प्री-काउंसलिंग में लगभग 194 अभ्यर्थियों का SIIC वाराणसी टीम द्वारा काउंसलिंग की गयी जिसमें से 48 अभ्यर्थी विदेशों में रोजगार पाने हेतु योग्य पाये गये जिसमें से 33 अभ्यर्थी पासपोर्टधारी है। इन सभी योग्य अभ्यर्थियों को अन्तिम चयन हेतु एसआईआईसीए वाराणसी सेन्टर पर काल किया जायेगा।

यूपी के बेटियोे को सीएम ने अपनी बेटी मानकर सामूहिक विवाह का अयोजन किया है:सपना सिंह

यूपी के बेटियोे को सीएम ने अपनी बेटी मानकर सामूहिक विवाह का अयोजन किया है:सपना सिंह

गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सामुहिक विवाह समारोह का आयोजन बुधवार को आर टी आई मैदान के नवीन स्टेडियम में आयोजित किया गया। शादी समारोह का शुभारम्भं जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। सामुहिक विवाह योजना में जनपद के 8 विकास खण्डो को मिलाकर कुल 211 जोड़ो का सामुहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। सामुहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी की उपस्थिति में 2 मुस्लिम जोड़ों की मोलवी द्वारा निकाह कराया गया जिसमें नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र एवं पौध रोपण हेतु फलदार वृक्ष का पौधा उनके हाथे में दिया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करे।

मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं  असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है। उन्होने कहा कि उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देशन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के महत्वकाक्षी योजना को आगे बढ़ाते हुए उ0प्र0 के बेटियोे को उन्होने अपनी बेटी मानकर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पूरे प्रदेश में चलाया है, जिसका हम सभी सम्मान करते है। उन्होने कहा कि दानो में सर्वश्रेष्ठ दान कन्यादान है। आप जीवन में आगे बढ़े। जिस तरह यहा आज उत्सव हो रहा है वैसे ही आप का जीवन का हर दिन उत्सव भरा हो। उन्होने शादी समारोह में आये हुए वर एवं वधु के परिजनो  के प्रति भी शुभकामना व्यक्त की। अध्यक्ष सपना सिंह ने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत 51 हजार की धनराशि प्रदान किया जा रहा है जिसमें 35 हजार रूपये वधु के खाते में तथा 10 हजार रूपये के उपहार एवं 6 हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारो की शादी कराया जा रहा है। जिसमे लड़के की उम्र 21 वर्ष  एवं लड़की की आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत की टीम को सामुहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाए दी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बेटियों को बोझ समझने की जो एक मंशा या सोच रहती है, उन सभी कुरीतियों पर एक प्रहार है यह सामुहिक विवाह कार्यक्रम। मिल बाट कर एक सादगी से भरे इस कार्यक्रम में परिणय सुत्र मे बध जाये और दहेज प्रथा तथा बेटियों को बोझ समझने की सोच से उबरकर, हम आगे बढ सके तथा बेटियों को समाज में उनको उचित स्थान दे सके यही मुख्यमंत्री की मंशा है। उन्होने सभी जोड़ों से अपील किया कि जो पौधे उपलव्ध कराये गये हैं इनका जीवन मे बहुत उपयोग है। आप लोग यह प्रण लें कि प्रत्येक वर्ष शादी के सालगिरह के अवसर पर एक वृक्ष अवश्य लगे। वृक्ष हमे जीवन जीने मे बहुत ही सहयोग करते है उनसे पर्याप्त आक्सीजन प्राप्त होती है जो जीवन के लिए बहुत ही उपयोगी है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष सरोज,  जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

चोरों ने बनाया दुकानों को निशाना

गाज़ीपुर : करंडा थाना क्षेत्र के खिजिरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत स्थित चहारन चट्टी की तीन दुकानों को चोरों ने अपना निशाना बनाया। शटर चाड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस चौकी से पचास मीटर की दूरी पर लगातार हो रही चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। सोमवार की रात्रि सोचन गुप्ता व संजय गुप्ता की किराने की दुकान में और चंदन कुमार के मेडिकल स्टोर में शटर चाड़कर चोरी की गई है। इसमें सोचन के यहां से तीस हजार तीन सौ पचास रुपया, सीसीटीवी कैमरा, हार्ड डिस्क व डीबीआर, संजय गुप्ता के यहां से पन्द्रह हजार सात सौ पचास रुपया व चंदन राम की दुकान से इक्यावन सौ बीस रुपये चोरी हुई है। सुबह टहलने निकले लोग शटर का एक हिस्सा उठा देख शसंकित हुए। सूचना पर पहुंचे दुकानदारों ने छानबीन किया तो चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर घटना की छानबीन प्रारंभ कर दिया। सितंबर से अबतक लगभग नौ लोगों के यहां चोरियां हो चुकी है। ये सारी चोरियां पुलिस चौकी के सौ मीटर की परिधि में हुई है। कुछ लोग पुलिस को सूचना दिए कुछ लोग मन मारकर बैठ गए। रामौतार चौरसिया, मदनु अंडा वाला, पारस राम, शोभा पाल, मुन्ना शर्मा और राखी के यहां सितंबर माह में चोरी हुई थी। जिनका न तो खुलासा हुआ न ही चोर पकड़े गए। पुनः चोरी की पुनरावृत्ति से नाराज लोग इकट्ठा होकर पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर देते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग किए।

राजकुमार पाण्डेय के स्वागत समारोह में उमड़े दिग्गज सपाई

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय समता भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नवमनोनीत प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजकुमार पांडे का भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रजनीकांत यादव और जिला उपाध्यक्ष भगवान यादव ने स्वागत गीत के माध्यम से नवनामित पदाधिकारी का स्वागत किया। तत्पश्चात जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि राजकुमार जी के मनोनयन से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होने कहा कि यह संघर्ष का दौर है आज मुल्क खतरे में है।उन्होंने कहा कि भाजपा राज में लोकतंत्र कमजोर हुआ है । संवैधानिक संस्थाओं पर हमलें हो रहे हैं । भाजपा देश के लोकतांत्रिक प्रणाली के विरुद्ध साजिश रच रही है । जरूरत है आज संघर्ष कर इस देश की सत्ता से भाजपा को उखाड़ फेंकने की ।



बलिया लोकसभा के पुर्व प्रत्याशी एवं पुर्व मंत्री सनातन पांडे ने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। संविधान और लोकतंत्र जिंदा रहेगा तभी मिलेंगे सबको अपने हक और अधिकार। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा बनायी जा रही मजहबी आबोहवा से बचने की जरूरत बताया।
नवनामित पदाधिकारी का स्वागत करते हुए विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने इस अवसर पर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की खिंचाई करते हुए कहा कि आज देश साम्प्रदायिक , तानाशाह और फिरकापरस्त ताकतों के चंगुल में फंस गया है,देश को उनके चंगुल से निकालने की जिम्मेदारी नौजवानों पर हैं ।देश का नौजवान मोदी और योगी सरकार की नौजवान विरोधी नीतियों के चलते हताश और उदास है ।



नवनामित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राजकुमार पांडेय ने अपने मनोनयन और स्वागत के लिए नेताओ और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के पास देश और प्रदेश के नौजवानों की खुशहाली के लिए कोई योजना नहीं है । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों को धोखा दिया है ।उनकी जिंदगी में अंधेरा फैलाने का काम किया है । युवाओं से नौकरी देने का झूठा वादा कर उन्हें ठगने का काम किया गया । भाजपा सरकार नौकरी देने के बजाय नौकरियां छिनने का काम कर रही है । उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार किसी की नहीं है । यह सरकार ने अगड़े की है न पिछड़े की है, न हिन्दू की है न मुसलमान की है । यह सरकार केवल पूंजीपतियों की है जो राष्ट्र की सम्पत्तियों को कौड़ी के दाम बेचकर उनकी और अपनी तिजोरी भरने में व्यस्त हैं । आज देश की जनता लगातार बढ़ती मंहगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त है , गरीबों के चुल्हे की आंच धीमी पड़ गयी हैं मगर यह सरकार केवल पूंजीपतियों की खिदमत में व्यस्त हैं ।



इस स्वागत समारोह में मुख्य रूप से रविन्द्र प्रताप यादव, सदानंद यादव,मार्कंडेय यादव, आत्मा यादव,बलिराम यादव, विभा पाल,अमित ठाकुर, कंचन रावत,बांबी चौधरी ,वंशराज यादव यादव, शिव प्रसाद यादव, अलगू यादव, राजेश यादव, हरिद्वार यादव, मार्कंडेय यादव, डॉ विनोद यादव, रीना यादव, पंकज यादव, आदि शामिल थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और संचालन जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया।

एक दिवसीय रोजगार मेला का हुआ आयोजन

गाजीपुर। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजनान्तर्गत कौशल विकास मिशन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में खण्ड विकास परिसर करण्डा गाजीपुर में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनियॉं एडेक्को इण्डिया प्रा0लि0,वी0एस0डी0 टायर एण्ड ट्यूव रिपेंयर सर्विस, क्वैस कार्पोरेशन,जॉब सीकर्स स्टाप द्वारा डिक्सन, पैजेट, मिकुनी हेतु चयन सहित कुल 07 कम्पनियों द्वारा ट्रेनी, फील्ड आफीसर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, फीटर, कम्प्यूटर आपरेटर, इलेक्ट्रानिक मैनूफक्चैरिंग, हेल्पर आदि पदों पर चयन किया गया। मेले में लगभग 272 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 156 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया। आगामी रोजगार मेला- राजकीय आई0टी0आई0 परिसर गाजीपुर में 31.01.2024 को आयोजित होगा।

सामूहिक विवाह:एक-दूजे के हुए 236 जोड़े

गाजीपुर।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन मंगलवार को आरटीआई मैदान (नवीन स्टेडियम) में आयोजित किया गया। शादी समारोह का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मॉ सरवस्ती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
सामूहिक विवाह योजना में जनपद के समस्त विकास खण्डो, नगर पालिका/नगर पंचायत के कुल 236 जोड़ो का सामूहिक विवाह पूरे विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। जिसमे 04 मुस्लिम जोड़ो का भी निकाह तथा 232 हिन्दू जोडों का विवाह सम्पन्न हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने नव विवाहित जोडो के खाते में ऑनलाईन माध्यम से बटन दबाकर 35-35 हजार रूपये की धनराशि वधुवो के खाते में हस्तात्रित किए।

नव दाम्पत्य को विवाह प्रमाण पत्र एवं पौध रोपण हेतु फलदार वृक्ष का पौध दिया गया। सामूहिक विवाह के अवसर पर उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके वैवाहिक जीवन की मंगल कामना करते हुए शुभकामना दी।
मुख्य अतिथि अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने 7 फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है। उसे आजीवन निर्वहन करे।मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से गरीब,मजदूर एवं असहाय परिवारो को इसका लाभ दिया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हर बिटियॉ का हाथ पीला करने का संकल्प मै लेता हूॅ । हर मॉ बाप का सपना होता है कि उसकी बेटी का विवाह हो।

इस हेतु प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने उनके सपनो को पूरा करने के लिए सामूहिक विवाह को भव्यता प्रदान कर रहे है। उन्होने कहा कि समूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत हर एक बेटियों को 35 हजार रूपये सरकार सीधे उनके खाते में देती है। इसके अलावा अन्य वैवाहिक सामाग्री भी प्रदान की जाती है। उन्होने कहा कि बेटी लक्ष्मी होती है। उन्होने कहा कि बेटियों के पढ़ाई, सुरक्षा, सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से बेटियों के जीवन को सशक्त बनाने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। बेटियों के नौकरी के लिए सरकार तत्पर है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आपके सम्पूर्ण विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे है।


मुख्य विकास अधिकारी ने नव विवाहित जोड़ो को बधाई दी।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम महिलाओं के प्रति समाज में फैली कुरितियॉ को खत्म करने के लिए एक बहुत ही सार्थक प्रयास है। सामूहिक विवाह योजना महिला सशक्तिकरण एवं जिनके घरो मे बेटिया है उनके लिए बेहतर प्रमाण है कि बेटियां किसी के उपर बोझ नही है। इस अवसर पर सभी दाम्पत्य जोड़ो को पौधरोपण हेतु पौधे उपलब्ध कराए गए तथा प्रत्येक जोड़ो को अपने सालगिरह पर प्रत्येक वर्ष एक-एक पौध लगाने की अपील की।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

निकाली गई कुष्ठ जन जागरूकता रैली

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर निकाली गई कुष्ठ जन जागरूकता रैली

गाजीपुर।महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को एंटी लैप्रोसी-डे के रूप में मनाया जाता है। इसके तहत जनपद में 30 से 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को एक जागरूकता रैली विकास भवन से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक गया। इस रैली को मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने हरी झंडी दिखलाकर रवाना किया। इस रैली के माध्यम से आमजन में कुष्ठ रोग के प्रति जन जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। कुष्ठ रोग व उससे ग्रसित मरीजों के बारे में भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। इसके साथ ही कुष्ठ रोग के सामाजिक कलंक को मिटाने का भी प्रयास करने पर बल दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया
की यह अभियान पिछले 7 सालों से लगातार चलाए जा रहा है। ताकि कुष्ठ रोग के प्रति लोग जागरुक हो सके और कुष्ठ रोगियों के प्रति जो भ्रांतियां फैली है। उसके बारे में लोगों को जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि रैली जो विकास भवन से निकाली गई थी उसमें स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही टीचर और विभागीय कर्मचारी शामिल रहे। जिन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचने पर कुष्ठ रोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें जिला अधिकारी के द्वारा दिए गए संदेश के बारे में भी बताया गया। सभी से यह अपील किया गया कि वह अपने आसपास यदि कुष्ठ संभावित रोगी देखते हैं तो उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दे ताकि उनका समय से इलाज हो सके।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और नोडल कुष्ठ रोग डॉ रामकुमार ने बताया कि इस दौरान सहयोगी पुरुषों व आशा कार्यकर्ता महिलाओं में देखते हैं कि किसी के चमड़ी में दाग के साथ शून्यता तो नहीं है, जिसमें ऐसा दिखता है उसे नजदीकी प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजते हैं। जहां कुष्ठ रोग की पुष्टि होने के बाद मल्टी ड्रग ट्रीटमेंट (एमडीटी) दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जल्द से जल्द कुष्ठ रोग की शुरुआत में ही उसकी पुष्टि कराकर मरीज को दवा खिलाने की शुरुआत कर देना है जिससे मरीज को विकलांगता से बचाया जा सके।

इस अभियान के तहत जनपद में घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी। लक्षणों के आधार पर रोगियों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्टिंग की जाएगी। जो कुष्ठ रोगी पहले से अपना उपचार करा रहे हैं उनका फॉलोअप किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग से डरने की आवश्यकता नहीं है। शरीर का कोई भी दाग धब्बा जिस पर सुन्नपन हो, उसमें खुजली ना हो, पसीना ना आता हो, कुष्ठ रोग हो सकता है । कान पर गांठे होना, हथेली और तलवों पर सुन्नपन होना कुष्ठ रोग के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग की दवा सभी सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है।

Uttar Pradesh Fast News