चोचकपुर घाट पर बड़ा हादसा: गंगा में नहाते समय दो किशोरियां डूबीं, तलाश जारी
करंडा। थाना क्षेत्र के चोचकपुर घाट पर मंगलवार को गंगा नदी में नहाते समय दो किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे की खबर मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों की तलाश शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, बसंतपट्टी निवासी माही सिंह (16) और महिमा सिंह (14) गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और देखते ही देखते लापता हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई।
घाट पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है। पुलिस प्रशासन की निगरानी में गोताखोर लगातार गंगा नदी में खोजबीन कर रहे हैं। परिजन दोनों किशोरियों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों किशोरियों का कोई पता नहीं चल सका था। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बढ़ते गंगा जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए राहत-बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, एनडीआरएफ व बचाव दल सक्रिय; डीएम ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की
गाजीपुर। गंगा नदी समेत जनपद की अन्य नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम न लें और बाढ़ प्रभावित अथवा संभावित बाढ़ वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है, जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को जलस्तर, प्रभावित गांवों, आवागमन की स्थिति और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने एनडीआरएफ एवं अन्य बचाव दलों को सक्रिय और चक्रमणशील रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री प्राथमिकता के आधार पर लगातार पहुंचाई जाए। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ की स्थिति में पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। संबंधित अधिकारियों को पशुपालकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक करने तथा पशुओं के लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस तथा प्रशासनिक टीमों को लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। खतरनाक स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा लोगों को नदी और बाढ़ के पानी के नजदीक जाने से रोकने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं द्वारा बाढ़ के पानी अथवा नदी में नहाने के प्रयास पर चिंता जताई। उन्होंने ऐसे स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग/वेरीकेटिंग कराने और पुलिस व स्थानीय प्रशासन के माध्यम से लोगों को नदी एवं बाढ़ के पानी से दूर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बढ़ते जलस्तर के दौरान बच्चों को नदी, नहर, तालाब अथवा बाढ़ के पानी के आसपास न जाने दें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की कि बाढ़ के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी क्षेत्र में पानी तेजी से बढ़ रहा है तो तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे राहत एवं सुरक्षित आश्रय स्थलों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एनडीआरएफ एवं संबंधित विभागों की टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने, नियमित भ्रमण करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
खिलाड़ियों को राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने वितरित किया पुरस्कार
गाजीपुर।राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के शुभ अवसर पर हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यांनचन्द के जन्म दिवस (29 अगस्त) के उपलक्ष्य में जूनियर बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता एवं सब-जूनियर बालको की कुश्ती एवं सन्डे आन साईकिल दौड़ प्रतियोगिता नेहरु स्टेडियम के प्रांगण में किया गया। तीनो प्रतियोगिता के उद्घाटन के मुख्य अतिथि विनोद जोशी उप जिलाधिकारी सदर के कर कमलो द्वारा एवं पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत के कर कमलो द्वारा किया गया। देवी प्रसाद क्रीड़ाघिकारी द्वारा मुख्य अतिथि को बुके देकर स्वागत किया गया। खो-खो प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने प्रतिभांग किया, जिसका पहला सेमीफाइनल मैच नेहरु स्टेडियम (ए) बनाम नेहरु स्टेडियम (बी) के मध्य खेला गया, जिसमें नेहरु स्टेडियम (ए) 04-00 से विजयी रही, दुसरा सेमीफाइनल मैच बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर बनाम मॉ भगवती पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के मघ्य खेला गया। जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 06-00 से विजयी रही। खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मैंच नेहरु स्टेडियम (ए) बनाम बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के मध्य खेला गया, जिसमें नेहरु स्टेडियम (ए) गाजीपुर 06-04 से विजयी रही। खो-खो प्रतियोगिता निर्णायक के रुप में राधेश्याम सिंह यादव खो-खो प्रशिक्षक, लालबहादुर यादव, प्रिन्स यादव, रितेश राय, प्रमोद यादव, शिवानी राय, नैनिका राय मनोज कुमार, राजेश कुमार, सुनिल सिंह रहें। इसी प्रकार कुश्ती प्रतियोगिता में कुल 62 खिलाड़ियो ने अलग-अलग भारवर्ग में प्रतिभाग किया,विजेता खिलाड़ियो की सूची निम्नवत् है। निर्णायक की भूमिका मे प्रेमचन्द यादव कुश्ती प्रशिक्षक, कमलेश यादव, अंकूर यादव, अजय कुमार बिन्द़, राम अशीष यादव़ संजय यादव, छोटेलाल यादव, योगेन्द्र यादव उपस्तिथ रहें। इस अवसर पर विजय खेलो इण्डिया एथलेटिक्स प्रशिक्षक, संगीता यादव, प्रदीप कुमार राय, जैनेन्द्र कुमार एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहें। अन्त में देवी प्रसाद क्रीड़ाघिकारी द्वारा सभी आगन्तुओ एवं खिलाड़ियो के प्रति आभार व्यक्त किया।
गाजीपुर।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम गोदाम में सुरक्षा एवं संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। जिलाधिकारी द्वारा गोदाम में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की वैधता एवं कार्यशीलता, तैनात सुरक्षा गार्ड, निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सभी उपकरण एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सही एवं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय राजन राय, जिला विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी ईवीएम, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर में जर्जर विद्यालय भवनों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 87 भवन ध्वस्त
196 जर्जर भवन किए गए थे चिन्हित, शेष भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी
गाजीपुर। जनपद में जर्जर एवं असुरक्षित परिषदीय विद्यालय भवनों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर चिन्हित जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जनपद में कुल 196 जर्जर विद्यालय भवन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 30 अगस्त 2026 तक 87 भवनों का ध्वस्तीकरण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। शेष जर्जर भवनों को भी जल्द से जल्द ध्वस्त कराने की कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिसरों को सुरक्षित बनाना और जर्जर भवनों के कारण छात्र-छात्राओं पर मंडरा रहे खतरे को समाप्त करना है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरंतर निगरानी रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। जर्जर भवनों के हटने से विद्यालय परिसरों को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ कायाकल्प, मरम्मत एवं अवस्थापना विकास के कार्यों को भी गति मिलेगी। प्रशासन द्वारा विद्यालयों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
570 नन्हे कलाकार बने राधा-कृष्ण,भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगा मंच;मनमोहक प्रस्तुतियों पर झूम उठे दर्शक
570 बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में बिखेरा भक्ति और संस्कृति का रंग
नन्हें कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर झूम उठे दर्शक
गाजीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में सिटी मांटेसरी पब्लिक स्कूल, शास्त्रीनगर के सौजन्य से आयोजित कजरी महोत्सव के तहत रविवार को लंका मैदान स्थित मैरिज हाल में जनपद स्तरीय राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 285 जोड़ों यानी कुल 570 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
एलकेजी से कक्षा तीन तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनोहारी रूप धारण कर अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बच्चों की सजीव प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण बना दिया, मानो गाजीपुर की धरती पर वृंदावन की झलक उतर आई हो। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक मुकुट, बांसुरी और पारंपरिक श्रृंगार में सजे राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों ने मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों की मासूम अदाओं और शानदार मंचन ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया और पूरा परिसर तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथि अपर उप जिला मजिस्ट्रेट रणविजय सिंह तथा रामलीला कमेटी के महामंत्री ओम प्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा रहे।
अध्यक्षता अजय शंकर लाल श्रीवास्तव ने की।
मुख्य अतिथि ने राधा-कृष्ण के रूप में उपस्थित बच्चों की आरती उतारी और सभी प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बच्चों के लिए केक एवं नमकीन की भी व्यवस्था की गई।
मुख्य अतिथि विनोद अग्रवाल ने कहा कि वेलफेयर क्लब जनपद की ऐसी संस्था है, जो नौनिहालों से लेकर विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के बहुमुखी विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चों का पहुंचना क्लब के प्रयासों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए क्लब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बिलकिस जहां, बिंदू देवी एवं कीर्ति श्रीवास्तव शामिल रहीं।
निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रतिभागियों में प्रथम स्थान के लिए सेंट मेरिज कान्वेंट स्कूल की यशस्वी एवं आकृत तुलस्यान, अग्रसेन पब्लिक स्कूल के शिवांश श्रीवास्तव एवं अनन्या जारा, सिटी मांटेसरी पब्लिक स्कूल की आस्था वर्मा एवं प्रतीक साहू, रामदूत इंटरनेशनल स्कूल की अक्षिता एवं शौर्य जायसवाल, चंदनी पब्लिक स्कूल सुरतापुर की जाह्नवी एवं शिवांश राय, शाह फैज पब्लिक स्कूल की आरवी एवं गौरांग पांडेय, मार्टर मेमोरियल स्कूल की आराध्या एवं वैष्णवी, एंजेआरपी पब्लिक स्कूल की सुरम्या एवं वानी सिंह, केएल इंटरनेशनल की अक्षिता एवं अद्विक तथा बैजनाथ इंटर कॉलेज की पीहू एवं अरिनव शामिल रहे। द्वितीय स्थान के लिए श्रीराम स्कूल की सूफिया एवं प्रिंस, अभिनव सरस्वती विद्या मंदिर के वामिक एवं इब्राहिम, डिवाइन हर्ट पब्लिक स्कूल की आरोही एवं आयुष कुमार बिंद, केजेडएन पब्लिक स्कूल की ताहिरा आजम तथा डिफेंस पब्लिक स्कूल की इफत खान एवं शिवा सिंह कुशवाहा का चयन किया गया। वहीं तीसरे स्थान के लिए ग्रेट बुद्धा पब्लिक स्कूल की रागिनी एवं अंकित का चयन हुआ।
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत सत्य प्रकाश तिवारी एवं सोनी यादव ने किया। क्लब सचिव रामनाथ कुशवाहा तथा जनपद गवर्नर पवन पांडेय ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अग्रवाल रोहित, अजय कुशवाहा, संतोष, शोभा श्रीवास्तव, सत्यदेव दूबे, अंकित सिंह, राम कुमार विश्वकर्मा, संजय वर्मा, शिवाजी श्रीवास्तव, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में क्लब पदाधिकारी, अभिभावक एवं दर्शक मौजूद रहे।
अंत में क्लब ऑडिटर डॉ. जितेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी से मिले पूर्व मंत्री विजय मिश्र, गाजीपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा
गाजीपुर। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर जनपद की विकास के आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिले में बेहतर जनसुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के निर्माण तथा आवास से वंचित गरीब एवं पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित कई विषयों पर मुख्यमंत्री से सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। भेंट के दौरान विजय मिश्र ने गाजीपुर ट्रामा सेंटर को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का मुद्दा प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण, नालियों एवं फुटपाथों के सुधार तथा पात्र गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद से आवश्यक प्रस्ताव मंगाकर गाजीपुर की प्रमुख आवश्यकताओं को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
ट्रामा सेंटर के उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा
पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से हुई वार्ता के अनुसार गाजीपुर में निर्मित ट्रामा सेंटर को लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ट्रामा सेंटर को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ट्रामा सेंटर के पूरी क्षमता से संचालित होने से गाजीपुर के साथ आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों को भी बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए वाराणसी अथवा अन्य जनपदों में रेफर किए जाने की आवश्यकता में कमी आएगी।
आवास से वंचित पात्र परिवारों की तैयार होगी सूची
गरीब एवं पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संबंध में श्री मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। पात्रता सूची तैयार होने के बाद नियमानुसार पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे आवास से वंचित गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सड़कों, नालियों और फुटपाथों के सुधार को लेकर भी पहल
विजय मिश्र ने बताया कि नगर की प्रमुख सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के निर्माण और सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ प्रस्ताव स्वीकृत भी हो चुके हैं, जिन पर बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के लिए भी आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। उद्देश्य है कि नगर की प्रमुख सड़कों और जनसुविधाओं से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि गाजीपुर का समग्र विकास, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का कल्याण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से जनपद के विकास को और गति देने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण एवं विद्यालयों के कायाकल्प कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
गाजीपुर, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आज जनपद के परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं एवं विद्यालय भवनों की स्थिति के संबंध में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं ग्राम प्रधानों सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में चिन्हित 196 जर्जर विद्यालय भवनों का ध्वस्तीकरण अगले तीन दिवस के भीतर सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर एवं असुरक्षित भवनों के संबंध में शासन के निर्देशों के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो। जिलाधिकारी ने ए०डी०ओ० पंचायत व ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में स्थित परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं शिक्षण-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। अतः संबंधित अधिकारी एवं ग्राम पंचायतें आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विद्यालयों में लंबित कायाकल्प कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रगति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विद्यालयों की स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए कायाकल्प कार्यों तथा जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रगति सुनिश्चित करें।
डीएम का एक्शन, 24 घंटे में समाधान:कंपोजिट विद्यालय इनरवा की समस्याएं हुईं दूर
24 घंटे के भीतर कंपोजिट विद्यालय इनरवा की समस्याओं का डीएम ने कराया निस्तारण
गाजीपुर।जनपद के विकासखंड सदर अंतर्गत राजस्व ग्राम इनरवा स्थित कंपोजिट विद्यालय की विभिन्न समस्याओं का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा महज 24 घंटे के भीतर विद्यालय की सभी प्रमुख समस्याओं का निस्तारण करा दिया गया। विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर भवन का ध्वस्तीकरण कराया गया। इसके साथ ही दिव्यांग शौचालय की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई तथा हैंडपंप की मरम्मत, पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई।
विद्यालय की व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार होने से छात्र-छात्राओं को अब स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
जिलाधिकारी द्वारा विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में खेल दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. रामनाथ केसरवानी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल जगत के ऐसे सितारे थे, जिन्होंने देश को गौरवान्वित किया और हॉकी को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई। लगातार तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने औपनिवेशिक भारत को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई।
डॉ. शिवकुमार ने मेजर ध्यानचंद के जीवन के प्रेरणादायी प्रसंगों को छात्राओं के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बचपन में मेजर ध्यानचंद की खेलों में विशेष रुचि नहीं थी, लेकिन सतत अभ्यास, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने खेल जगत में अद्वितीय प्रतिमान स्थापित किया। सेना में नौकरी के दौरान भी वह रात में समय निकालकर हॉकी का अभ्यास करते थे। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प से असंभव लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक, संज्ञानात्मक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल आत्मनियंत्रण, अनुशासन और धैर्य की भावना विकसित करता है। विद्यार्थियों को अपने टाइम टेबल में पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के साथ खेल के लिए भी पर्याप्त समय निर्धारित करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद को उनके जीवनकाल में वह सम्मान और पुरस्कार नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। हालांकि, यह गौरव की बात है कि उनके नाम पर प्रत्येक वर्ष मेजर ध्यानचंद पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
उन्होंने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि झांसी में रहने के दौरान उन्हें मेजर ध्यानचंद के परिवार के लोगों से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि महानता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी मेजर ध्यानचंद अहंकार से दूर और पूरी तरह जमीन से जुड़े रहे। अपनी उदारता के कारण वे झांसी में ‘दद्दा’ के नाम से लोकप्रिय थे। गली-मोहल्लों में आयोजित होने वाले खेल आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए वे सहर्ष अपनी अनुमति दिया करते थे।
डॉ. प्रसाद ने कहा कि खेल मनुष्य को अनुशासित, धैर्यवान और आत्मविश्वासी बनाता है, जिसका जीवंत उदाहरण मेजर ध्यानचंद की जीवन यात्रा है। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग की छात्राओं ने समूह प्रदर्शन के माध्यम से योग मुद्राओं के विभिन्न रूपों की मनोहारी एवं आकर्षक प्रस्तुति दी। वैचारिक सत्र का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निरंजन कुमार यादव ने किया। द्वितीय सत्र में कैरम, शतरंज सहित विभिन्न इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।