ग्राम चकिया से 51 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना
गाजीपुर। जनपद के ग्राम चकिया से मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में 51 श्रद्धालुओं का एक दल प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस दल में 36 महिलाएं एवं 15 पुरुष शामिल हैं।
यात्रा के प्रस्थान के समय गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। “जय श्री राम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को फूल-मालाओं से विदा करते हुए उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर भगवान श्री राम के दर्शन-पूजन एवं आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी संदेश दे रही है।
मौनी बाबा सेवा दल के अध्यक्ष संतोष पांडेय लंबे समय से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में मंदिर निर्माण, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे कई सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है। सभी ने प्रभु श्री राम से श्रद्धालुओं की यात्रा की सफलता एवं सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की।
गाजीपुर। 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्नान, जल भरने, आवागमन तथा ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नगर पालिका को निर्देशित किया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने घाट एवं कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए घाट पर नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार नाविकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर झूलते हुए विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोलों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पालिका अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जखनियॉ में अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा0ईरज राजा की उपस्थिति मे तहसील सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 137 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए मौके पर 07 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 392 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 32 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि वे शिकायतकर्ताओ की छोटी-छोटी समस्याएँ जिसका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसे निस्तारित करेें, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। इस अवसर पर , उपजिलाधिकारी जखनियॉ, तहसीलदार जखनियॉ, क्षेत्राधिकारी जखनियॉ एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मैडम सईदा फैज को याद कर शाह फैज पब्लिक स्कूल में मनाया गया 42वां स्थापना दिवस
गाजीपुर। वर्ष 1985 में संस्थापिका मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित शाह फैज पब्लिक स्कूल का 42वां स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने संस्थान की निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) गाजीपुर श्री प्रकाश सिंह रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए “मेरा स्कूल, मेरा गौरव” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह मे सृष्टि राय (जिला टॉपर 97.4%) को ₹5000, स्वर्ण पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान किया गया एवं 10वीं की पहल राय (स्कूल टॉपर 97.8%) को ₹2000, स्वर्ण पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान किया गया तथा अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को क्रमश: ₹₹2000 व ₹1000 एवं स्वर्ण पदक व रजत पदक तथा कलाई घड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक के विद्यार्थियों के बीच 267 पौधों का वितरण भी किया गया तथा उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अधमी ने अपने संबोधन में विद्यालय के सफलतापूर्वक 42 वर्ष पूर्ण होने पर ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थापक मैडम सईदा फैज द्वारा स्थापित इस संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता हासिल की है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहेगा।
मुख्य अतिथि श्री प्रकाश सिंह ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त हथियार है जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। सपनों को साकार करने का एकमात्र मार्ग कठिन परिश्रम है।”
विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि द्वारा पौधा रोपण किया गया तथा निदेशक डॉ नदीम अधमी व निदेशिका डॉ. मीना अधमी द्वारा मुख्यअतिथि को स्मृति चिन्ह तथा पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद सिद्दीकी, समन्वयक अंजली श्रीवास्तव, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं विद्यालय की निरंतर प्रगति की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
पूर्व छात्र संघ महामंत्री व यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुधांशु तिवारी ने खून से पत्र लिखकर राष्ट्रपति से की केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उप जिलाधिकारी विनोद जोशी के माध्यम से किया।
गाजीपुर। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ तथा प्रसिद्ध शिक्षाविद् व पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के अनशन के समर्थन में युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा है। इसी क्रम में पूर्व छात्र संघ महामंत्री (PG कॉलेज, गाजीपुर) एवं पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में शनिवार को युवाओं ने राष्ट्रपति को अपने खून से लिखा पत्र भेजकर तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस दौरान सुधांशु तिवारी ने देश के युवाओं के भविष्य और देश की गरिमा का हवाला देते हुए राष्ट्रपति के समक्ष दो प्रमुख मांगें उठाई हैं: सोनम वांगचुक की मांगों पर तुरंत विचार: देश के युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए अनशन पर बैठे प्रसिद्ध शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की जायज मांगों पर सरकार तुरंत सकारात्मक निर्णय ले। केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: देश की परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रहने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
शशांक उपाध्याय ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं में व्यापक धांधली ने देश के करोड़ों छात्रों की मेहनत और उनके भरोसे पर पानी फेर दिया है। इस भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ युवाओं के हक की लड़ाई लड़ना बेहद जरूरी हो गया है। प्रवीण दूबे ने कहा कि अगर सोनम वांगचुक को कुछ भी हुआ तो गाजीपुर के हजारों युवा सड़कों पर उतरने को तैयार रहेंगे। प्रकाश राय ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि देश के युवाओं को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। इस ऐतिहासिक और संघर्षपूर्ण मौके पर मुख्य रूप से शशांक उपाध्याय, प्रवीन दुबे, अंशु पांडेय, प्रकाश राय, धर्मेंद्र कुमार, राजू, ताम्रध्वज कुमार, शिवम पासवान, हर्ष पांडेय, विपुल मिश्रा, रईस अहमद, जावेद आलम , मुकुल देव, विशाल कुमार, शिव प्रकाश पांडे, सत्या यादव , सुधांशु दुबे, शिवम, रूद्रा तिवारी, संतोष कुमार , श्री राम , आलोक कुमार, सहित भारी संख्या में युवा और छात्र उपस्थित रहे।
गाजीपुर। मण्डलायुक्त वाराणसी मण्डल वाराणसी एस राज लिंगम की अध्यक्षता में वाराणसी से वर्चुवल के माध्यम से उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण योजनाओ, विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक सी एम डैशबोर्ड दर्पण पर आधारित कलेक्ट्रेट सभागार मे शुक्रवार को सम्पन्न हुई। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला सहित समस्त संबंधित अधिकारी मौजूद रहें। बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने समस्त विभागो को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागो की प्रगति बढाते हुए प्रत्येक माह के 25 तारीख तक पोर्टल पर अपलोड करने का शख्त निर्देश दिया। बैठक में उन्होने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों मे पंचायत सहायक के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों का फैमिलि आई0डी0 बनाना सुनिश्चित करें इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास के अन्तर्गत मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी का लक्ष्य के सापेक्ष, जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का अनुरक्षण, सेतुओं का निर्माण, नई सड़कों का निर्माण, भवन निर्माण पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश का संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता राशि, श्रम एवं सेवायोजना तथा अन्य सभी विभागीय योजनाए की समीक्षा की गयी।
बैठक मे उन्होने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र लाभार्थियों को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन का लाभपरक योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे जिला विकास अधिकारी राजन राय, उप कृषि निदेशक विजय कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद एवं सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर।शुक्रवार को गाजीपुर जिले में सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर एवं ऑफिसर ग्रेड भर्ती की हुई। जिसमें सदर एवं बिरनो ब्लॉक में 275 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिसमें 120 अभ्यर्थियों का हुआ चयन चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई को प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के लिए जौनपुर भेजा जाएगा। अन्य ब्लॉक जिसमें करण्डा एवं मरदह ब्लॉक में 18 एवं 20 जुलाई 2026, बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद ब्लॉक में 21 एवं 22 जुलाई 2026, भांवरकोल एवं जमानियां ब्लॉक में 23 एवं 24 जुलाई 2026, देवकली एवं रेवतीपुर ब्लॉक में 25 एवं 26 जुलाई 2026, कासिमाबाद एवं सैदपुर ब्लॉक में 27 एवं 28 जुलाई 2026, मनिहारी एवं जखनिया ब्लॉक में 03 एवं 04 अगस्त 2026 को इस भर्ती शिविर का आयोजन किया जाएगा।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में पंचायत सहायकों की उपस्थिति, व्यक्तिगत शौचालय आवंटन एवं प्रत्येक बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य करने और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए, आवास योजना के समस्त पात्र लाभार्थियों को अनिवार्य रूप से लाभ दिलाने तथा व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा से आच्छादित करने और उनके खातों में धनराशि प्रेषित करने के निर्देश। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर्स को स्थानीय कबाड़ी व्यवसायियों से लिंक करने का निर्णय, ताकि सूखे कचरे का सही निस्तारण हो सके। प्रत्येक बुधवार को सफाई कर्मियों की विशेष टोलियां बनाकर स्कूल, सार्वजनिक स्थान, अस्पताल और हाट-बाजारों में सघन सफाई करने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के मद्देनजर जल-जमाव की समस्या का तत्काल निस्तारण करने, नालियों को साफ करने और सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा समस्त सहायक विकास अधिकारी, पंचायत को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विकास खंडों में वी एल ई सर्विसेज का दायरा बढ़ाएं। पंचायत सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन व अन्य डिजिटल नागरिक सेवाएं ससमय व सुलभता से उपलब्ध कराने की सीधी जिम्मेदारी सहायक विकास अधिकारी, पंचायत की तय की गई है।
प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका:डीएम
गाजीपुर।जनपद को उत्तर प्रदेश की ‘‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी‘‘ के लक्ष्य में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिले की अर्थव्यवस्था को अधिक सुदृढ़, गतिशील एवं विकासोन्मुख बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, कृषि, उद्यान, सेवा एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर जनपद की आर्थिक प्रगति को नई गति दी जा सकती है। इसके लिए विभागीय स्तर पर नवाचार अपनाते हुए अधिक से अधिक निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल लोगों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जनपद की समग्र आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए जनपद की अर्थव्यवस्था की खण्डीय संरचना पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा संभावनाओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही विभिन्न आर्थिक संकेतकों एवं विभागवार प्रगति की समीक्षा भी कराई गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, राज्यकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उत्पादन में निरंतर वृद्धि करने, विभागीय आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा सभी सूचनाओं की शुद्धता के साथ समयबद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सही एवं प्रमाणिक आंकड़े ही प्रभावी योजना निर्माण और विकास की दिशा तय करने का आधार होते हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना से समिति को अवगत कराया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से जनपद को आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में उप कृषि निदेशक सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी। बैठक में परियोजना अधिकारी द्वारा योजनान्तर्गत घरों पर सोलर रूफटॉप की स्थापना लक्ष्य के सापेक्ष वर्तमान में पूर्ण कराया जा रहा है जिसमें सोलर रूफटॉप स्थापना कार्य पूर्ण होने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया, जिसके उपरान्त वर्तमान में बैंकों अत्यधिक लम्बित लोन पत्रावलियों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित बैंक शाखाओं में लम्बित पत्रावलियों के सम्बन्ध में रोष व्यक्त करते हुए बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी प्रबन्धक एवं समस्त बैंकों के जिला समन्वयकों को विशेष अभियान चलाकर एवं सम्बन्धित बैंक शाखाओं में सम्पर्क कर 01 माह से अधिक दिनों की लम्बित पत्रावलियों को 03 दिवस में तथा 01 माह के अन्दर की लम्बित लोन पत्रावलियों को 07 दिवस में आवश्यक कार्यवाही कर उनका डिस्बर्सल सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये तथा यह भी निर्देशित किया गया कि अनावश्यक किसी भी पत्रावलियों का रिजेक्शन बैंक शाखाओं द्वारा न किया जाये तथा लोन निर्गमन में बैंक शाखाओं द्वारा अनावश्यक विलम्ब अथवा हीला-हवाली करने वाले शाखा प्रबन्धकों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु सम्बन्धित बैंक मुख्यालय को पत्र प्रेषित किया जाये। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित समस्त अधिशासी अभियन्ता को विद्युत विभगा के अन्तर्गत इंस्पैक्शन कार्य को पोर्टल पर 03 दिवसों के अन्दर समाप्त करने तथा मीटर की स्थापना, कान्फीग्रेशन कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही विद्युत बिल संशोधन के कार्यों हेतु समस्त डिविजनों पर मेगा कैम्प आयोजित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त वेण्डरों को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रमुख सार्वजनिक जगहों यथा- तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों एवं विद्युत वितरण खण्ड/उपखण्डों पर कैम्प के माध्यम से लोगों को योजनान्तर्गत सोलर रूफटॉप की स्थापना कराये जाने के सम्बन्ध में जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार भी किये जायें। बैठक में सच्चिदानन्द तिवारी, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, राजदेव कुमार, जिला अग्रणी प्रबन्धक (बैंक), समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, समस्त अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड/मीटर परीक्षण खण्ड-गाजीपुर, समस्त जिला समन्वयक राष्ट्रीयकृत बैंक, गाजीपुर, एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।