Category Archives: Poltics

बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

सपा की मासिक बैठक में महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शुक्रवार को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में चुनाव आयोग की एसआईआर एवं एसएआर प्रक्रिया, महंगाई, कानून व्यवस्था और पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के प्रत्याशी लाल बहादुर यादव तथा स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के नामांकन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से वाराणसी पहुंचने का आह्वान किया गया। वहीं, 4 अक्टूबर को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन से लंका होते हुए सरजू पांडे पार्क तक आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ’ पदयात्रा में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

इस दौरान नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष कमलेश सोनकर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनता की अदालत में अपनी हार सुनिश्चित देख केंद्र की मोदी सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है और इस कथित साजिश का विरोध करेगी। उन्होंने महंगाई और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि देश और प्रदेश में खून सस्ता हो गया है, जबकि अन्य सभी चीजें महंगी होती जा रही हैं। आम आदमी की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों में कानून का भय नहीं है। तहसील और थानों को लेकर भी उन्होंने वसूली के आरोप लगाए और कहा कि आम आदमी न्याय के लिए भटक रहा है। गोपाल यादव ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए कहा कि महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है। लगातार हो रहे पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने उम्र निकलने और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों, नौजवानों और आम जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, डॉ. नन्हकू यादव, निजामुद्दीन खां, गोरख यादव, सुशील जायसवाल, मुन्नीलाल राजभर, रामजन्म चौहान, अशोक कुमार बिन्द, सत्येन्द्र यादव सत्या, अमित ठाकुर, कमलेश सोनकर, पप्पू कुशवाहा, राहुल निषाद, राजेश यादव, बलिराम यादव, रजनीकांत यादव, सुबच्चन यादव, विजय शंकर यादव, दिनेश यादव, अदनान खां, मदन यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व आईपीएस चिंतामणि का भव्य स्वागत, बोले- संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा

समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पूर्व आईपीएस चिंतामणि का भव्य स्वागत, बोले—संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा

गाजीपुर। 2 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी चिंतामणि के जनपद में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। अपने स्वागत से अभिभूत चिंतामणि ने कहा कि देश का लोकतंत्र, संविधान और संविधान के माध्यम से मिलने वाला आरक्षण खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की जगह अपनी विचारधारा लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

उन्होंने भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के मन में पिछड़ों और दलितों के प्रति भेदभाव की भावना है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे बुनियादी सवालों से जनता का ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक मुद्दों को अलग दिशा दी जा रही है।चिंतामणि ने महात्मा गांधी, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और डॉ. आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान को याद रखना जरूरी है। उन्होंने मनुस्मृति का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, भाईचारे, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद तथा गरीबों की खुशहाली के लिए संविधान की रक्षा आवश्यक है। समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतंत्र पर होने वाले हर हमले का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, सिकंदर कन्नौजिया, सुशील जायसवाल, रामधीरज शास्त्री, सहेन्द्र कन्नौजिया, आजाद कन्नौजिया, सदानंद कन्नौजिया, बब्बन मास्टर, हरिलाल कन्नौजिया, सुरेश कन्नौजिया, बीडी राम कन्नौजिया, डा.संजय कन्नौजिया, हिमांशु कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में धोबी समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

गांधी-शास्त्री जयंती पर भाजपा ने किया नमन, स्वच्छता अभियान के जरिए दिया स्वच्छ समाज का संदेश

गांधी-शास्त्री जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं तथा पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आमघाट पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा शास्त्री नगर चौराहे पर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इससे पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सुहवल मंडल के युवराजपुर एवं रेवतीपुर में स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कार्य में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया था। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति और किसानों के प्रति सम्मान आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को अपने आचरण में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, प्रवीण सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, रासबिहारी राय, सुमश्रन बिंद, अभिनव सिंह छोटू, गर्वजीत सिंह, अजय कुशवाहा, पंकज राय, शिवम प्रकाश त्रिपाठी, आयुष सिंह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

साई घाट पर चला स्वच्छता अभियान, 2500 लोगों ने लिया सहभागिता

साई घाट पर चला स्वच्छता अभियान, 2500 लोगों ने लिया सहभागिता

गाजीपुर। स्वच्छ सेवा संकल्प के तहत नगर पालिका परिषद गाजीपुर की ओर से गुरुवार को साई घाट पर व्यापक स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण विहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल सहित सभासद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।

अभियान में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। इस दौरान साई घाट परिसर में व्यापक सफाई के साथ ही वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में करीब 2500 लोगों की सहभागिता रही।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

डिप्टी सीएम के आगमन पर ज्ञापन देने जा रहे छात्र नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप

उप मुख्यमंत्री के आगमन पर ज्ञापन देने जा रहे छात्र नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप

मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपना था ज्ञापन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के गाजीपुर आगमन के दौरान जनसमस्याओं और महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्र प्रतिनिधियों को पुलिस द्वारा उनके आवास पर ही नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीजी कॉलेज गोराबाजार के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के अनुसार, शनिवार सुबह उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें तथा उनके साथी छात्र प्रतिनिधियों प्रद्युम्न सिंह यादव राजन, आकाश चौधरी और सतीश चौधरी को घर से बाहर जाने से रोक दिया गया।दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर की जनता को केवल रेफरल सेंटर नहीं, बल्कि बेहतर और संपूर्ण उपचार सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य मंत्री को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराने के लिए मांग पत्र सौंपने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव राजन ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में दवाओं, अल्ट्रासाउंड और इमरजेंसी सुविधाओं की कमी होने पर गरीब मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, छात्र नेताओं आकाश चौधरी और सतीश चौधरी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन देना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख 12 मांगें

1. गोरा बाजार ट्रॉमा सेंटर का पूर्ण संचालन बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर को विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाओं के साथ 24 घंटे संचालित किया जाए।

2. इमरजेंसी में वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति — पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी में दिन-रात वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

3. सुपर-स्पेशलिटी ओपीडी का सातों दिन संचालन — उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी पूरे सप्ताह संचालित की जाए।

4. रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति — ओपीडी में अल्ट्रासाउंड सुविधा सुचारु करने के लिए स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए।

5. महिला अस्पताल में पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सुविधा — महिला अस्पताल परिसर में समर्पित पैथोलॉजी लैब एवं अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की जाए।

6. सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य जांचें 24×7— मरीजों की सुविधा के लिए प्रमुख जांच सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जाएं।

7. दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता — आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

8. ऑपरेशन थिएटर का सातों दिन संचालन — ओटी को सप्ताह में केवल एक-दो दिन के बजाय नियमित रूप से संचालित किया जाए।

9. डायलिसिस बेड बढ़ाए जाएं— वर्तमान क्षमता बढ़ाकर 50 डायलिसिस बेड किए जाने की मांग की गई है।

10. एम्बुलेंस एवं अस्पताल उपकरणों की व्यवस्था— ALS एम्बुलेंस और शव वाहनों की संख्या बढ़ाने के साथ खराब लिफ्ट एवं जांच मशीनों को दुरुस्त कराया जाए।

11. पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था — अस्पताल परिसर के बाहर व्यवस्थित पार्किंग तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

12. पेयजल, स्वच्छता एवं तीमारदार सुविधाएं — आरओ, पेयजल संयंत्र और शौचालयों की मरम्मत के साथ मरीजों के तीमारदारों के लिए स्नानघर एवं विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाए।

तहसील-नगर पंचायत की मांग पर नन्दगंज आंदोलन तेज, सरजू पांडेय पार्क में गूंजा विरोध

नन्दगंज को तहसील-नगर पंचायत बनाने की मांग, सरजू पांडेय पार्क में गरजा आंदोलन

गाजीपुर। नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत घोषित करने समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को ‘नन्दगंज तहसील बनाओ-नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा’ के तत्वावधान में शहर के सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया गया। मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह उर्फ मोती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरने के दौरान मुख्यमंत्री के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र श्रीवास्तव को सौंपा गया। मोर्चा की प्रमुख मांगों में नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा देने, 132 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने तथा गाजीपुर से नन्दगंज होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।

मोर्चा संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नन्दगंज आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद विकास की दौड़ में पीछे रह गया है। उन्होंने 18 अगस्त 1942 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान नन्दगंज में बड़ी संख्या में युवाओं ने बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जर्जर सड़कें, विद्युत व्यवस्था और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का अभाव औद्योगिक विकास में बाधक बन रहा है। नन्दगंज के समग्र विकास के लिए तीनों मांगों को पूरा किया जाना आवश्यक है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि बदली हुई भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए नन्दगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा मिलना जरूरी है। इससे क्षेत्र में विकास, रोजगार और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा युवाओं के पलायन पर भी रोक लगेगी। भाकपा कार्यसमिति सदस्य कामरेड अमेरिका यादव ने कहा कि आजादी के बाद से नन्दगंज की लगातार उपेक्षा हुई है। तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा देना क्षेत्र के विकास के साथ-साथ 18 अगस्त 1942 के शहीदों के प्रति सम्मान भी होगा।

देवकली ब्लॉक के प्रमुख प्रतिनिधि सच्चे लाल यादव ने कहा कि तहसील बनने से लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जबकि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा। धरने को कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष शशिकांत यादव, सेंट्रल बार संघ अध्यक्ष शिवशंकर यादव, जिला पेंशनर कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों ने समर्थन दिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, लवकुश गुप्ता, सदानंद यादव, डॉ. शशिकांत सिंह, तहसीन अहमद, सुशील जायसवाल, विजय शंकर यादव, अमन जायसवाल, राजेश यादव, कन्हैया लाल विश्वकर्मा, अंजनी कुमार गौरव, दिनेश यादव, प्रभुनाथ राम, रविन्द्र प्रताप यादव, कंचन रावत, प्रवीण पाण्डेय, रीना यादव, धन्नो यादव, इन्द्रजीत यादव, अशोक कुमार यादव, राहुल यादव, जयराम भारती, रामाशीष यादव, चन्द्रिका यादव, तरुण प्रकाश सिंह, अजय यादव, परमानंद श्रीवास्तव, विपिन बिहारी वर्मा, सुनील दत्त श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, संजय सेवराई, मौला प्रधान, संजय यादव, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, महेंद्र यादव, चन्द्र प्रकाश, अरुण श्रीवास्तव चुन्नू, राम अवध यादव, मेजर सिंह, प्रमोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्ष उमाकांत सिंह ने धरने में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। संचालन अभिनव सिंह ने किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटक के माध्यम से किया जाएगा जीवंत

रंगमंच पर दिखेगी 25 साल सेवा की कहानी

गाजीपुर में होगा ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ का भव्य नाट्य मंचन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को नाटक के माध्यम से किया जाएगा जीवंत

गाजीपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के तहत विशेष नाट्य मंचनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर में भी एक विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।यह बात आज भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण, जनकल्याण के लिए किए गए प्रयासों तथा सुशासन के माध्यम से देश में आए व्यापक बदलावों को जीवंत और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि “‘नमो सेवा अनकही कहानियाँ’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि प्रधानमंत्री जी की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुँचाया जा सके। कुशल कलाकार अपने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से उन प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे, जिनमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना दिखाई देती है।
इस व्यापक अभियान के अंतर्गत राज्यभर में.. नमो सेवा गाथा.. नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने और कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है, जिसमें कला और नाट्य के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा उपस्थित थे।

सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने काटा केक

सैदपुर में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी विशाल सिंह चंचल का हुआ स्वागत

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के तहत सैदपुर के नगर पंचायत कस्तूरबा गांधी प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित हुआ। दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

इस दौरान बच्चियों ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

वहीं, विकास भवन के ऑडिटोरियम सभागार में सामाजिक अधिकारिता शिविर के दौरान राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत करीब 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी, बैसाखी एवं कमोड चेयर आदि शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कटरिया कांड के आरोपियों से मिले अखिलेश यादव, एक-एक कर ली मुकदमे की जानकारी

कटरिया कांड के आरोपियों से मिले अखिलेश यादव, मुकदमे की ली जानकारी

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में कटरिया कांड में आरोपी बनाए गए सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी आरोपियों से एक-एक कर मुकदमे की वर्तमान स्थिति और घटना से अब तक हुई कानूनी कार्रवाई की जानकारी ली।

सपा के जिला उपाध्यक्ष आमिर अली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कटरिया कांड से जुड़े मामले में घटना के दिन से लेकर अब तक की पूरी जानकारी ली। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर मामले की स्थिति को समझा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आमिर अली के अनुसार, अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी लोग आपसी एकजुटता और मेहनत के साथ इस समस्या का समाधान निकालने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए मामले में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन भी दिया।

जनगणना 2027 में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग, कांग्रेस ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

जनगणना 2027 में ओबीसी कॉलम जोड़ने की मांग, कांग्रेस ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

गाजीपुर। जनगणना 2027 के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम जोड़ने और नागरिकों को जाति दर्ज कराने के लिए प्रमाणित ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी ने आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष शंभू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि पिछड़े वर्गों की वास्तविक सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति का समुचित आकलन करने के लिए जातिगत आंकड़ों का उपलब्ध होना आवश्यक है। ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आंकड़े सामने आने से आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सकेगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में जातिगत सर्वेक्षण के माध्यम से सामाजिक आंकड़े जुटाने की पहल की गई है। इसी तर्ज पर केंद्र सरकार को भी जनगणना 2027 में ओबीसी का अलग कॉलम शामिल कर जातिगत आंकड़े एकत्र करने चाहिए। साथ ही जाति संबंधी जानकारी दर्ज करते समय त्रुटियों को कम करने के लिए प्रमाणित ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष शंभू सिंह कुशवाहा ने कहा कि देश की आबादी में पिछड़े वर्गों की बड़ी हिस्सेदारी है, लेकिन उनकी वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित अद्यतन एवं व्यापक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 में ओबीसी का अलग कॉलम नहीं जोड़ा गया तो पिछड़े वर्गों की वास्तविक भागीदारी और जरूरतों का सही आकलन मुश्किल होगा। कांग्रेस सामाजिक न्याय और समान अवसर के लिए संघर्ष करती रहेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि जातिगत जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। पिछड़े वर्गों की वास्तविक संख्या और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी मिलने पर ही सरकार उनके लिए प्रभावी नीतियां तैयार कर सकती है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि पिछड़े वर्गों को शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं में उनकी जनसंख्या के अनुपात में अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए जातिगत जनगणना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, भागीदारी और न्याय की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ाती रहेगी। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से आग्रह किया गया कि जनगणना 2027 के प्रपत्र में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने तथा जातियों की प्रमाणित सूची उपलब्ध कराने के संबंध में केंद्र सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
इस दौरान हामिद अली, चंद्रिका सिंह, महबूब निशा, सुमन चौबे, राशिद, उषा चतुर्वेदी, शबीहूल हसन, रईस अहमद, ताहिर अब्बासी, कुंदन खरवार, संतोष कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा और आदिल सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।