Category Archives: Poltics

“जनता की समस्याओं को लेकर सपा मुखर,बिजली-सड़क से लेकर कानून व्यवस्था तक सरकार को घेरा”

गाजीपुर।शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव एवं जमानियां विधायक ओम प्रकाश सिंह, जंगीपुर विधायक डा. वीरेंद्र यादव,सदर विधायक जै किशन साहू, सैदपुर के विधायक अंकित भारती की संयुक्त पत्रकार वार्ता सिद्धार्थ मोटेल में आयोजित हुई।

इस पत्रकार वार्ता में सभी विधायकों ने अपने अपने क्षेत्र की अनियमित विधुत आपुर्ति,जले ट्रांसफार्मरों,जर्जर तारों बिजली एवं खराब और गड्ढा युक्त सड़कों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनता के सवालों पर संवेदनहीन बनी हुई है। जनता के सरोकारों से इसका कुछ भी लेना-देना नहीं है।

पूर्व केबिनेट मंत्री और जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पिछले दस सालों से योगी सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करा रही है पर आज तक यह सरकार गड्ढा नहीं पाट पायी। गड्ढा मुक्त कराने के नाम पर यह सरकार लूट कर रही है।

प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गयी है। चीनी दाल,प्याज और खाने के तेल के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि 60दिनों के अंदर मंहगाई कम करने का वादा कर सरकार में आयी मोदी सरकार गरीबों की भोजन की थाली छिन रही है।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि थाने और तहसील धन उगाही के अड्डे बन गये है।
यहां किसी को न्याय नहीं मिल पा रहा है। गरीब जनता और फरियादी दर-दर न्याय की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने हर घर जल मिशन योजना और नमामि गंगे योजना में घपले का आरोप लगाते हुए कहा यह सरकार अपनी योजनाओं को ठीक से क्रियान्वित नहीं कर पा रही है। इस सरकार के पास जुवां चलाने के अलावा और कोई काम नहीं है।

सदर विधायक जै किशन साहू ने नगर की खस्ताहाल हुई सड़कों का जिक्र करते हुए कहा ट्रिपल इंजन की सरकार की हालत खच्चर गाड़ी से भी बदतर है। लगातार दस वर्षों से नगर की सड़कें ऊबड़-खाबड़ और कीचड़ से सनी है लेकिन नगरपालिका के लिए यह सड़कें,और चौराहे एटीएम का काम कर रहे हैं। पूरी नगरपालिका भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। बन रहे सीवर के काम में प्रयोग किए जा रहे घटियां सामग्री और हो रहे घपले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सीवर आने वाले दिनों में नगर की बहुत बड़ी समस्या बन कर उभरेगी।

डा.वीरेंद्र यादव और अंकित भारती ने भी अपनी अपनी क्षेत्रो की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए योगी सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि 48घंटे के अंदर ट्रांसफर बदलने का सरकार का दावा पूरी तरह से जूठा साबित हुआ है।

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनपद की इन समस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

इस पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार बिन्द, अमित ठाकुर,अभिनव सिंह, सदानंद यादव,पंकज यादव,जावेद खान आदि मौजूद थे।

ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड कराने की पहल, विजय मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में अपग्रेड कराने की पहल, पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से की मुलाकात

ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण की मांग पर डिप्टी सीएम ने लिया तत्काल संज्ञान, अपर मुख्य सचिव को दिए कार्रवाई के निर्देश

गाजीपुर में ही मिलेगी गंभीर मरीजों को बेहतर इमरजेंसी सुविधा, ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में उच्चीकृत कराने की कवायद

वाराणसी-गोरखपुर रेफर होने से बचेंगे गंभीर मरीज, ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 बनाने की पहल तेज

गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर को मिलेगी नई मजबूती, विजय मिश्र ने स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर मांगे विशेषज्ञ डॉक्टर व आधुनिक संसाधन

गाजीपुर। गोराबाजार स्थित ट्रॉमा सेंटर को वर्तमान लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किए जाने को लेकर पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करते हुए ट्रॉमा सेंटर के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र सौंपा। पूर्व मंत्री ने कहा कि गाजीपुर पूर्वांचल का महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र है। राष्ट्रीय राजमार्गों, फोरलेन मार्गों, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़े होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा सारनाथ, कुशीनगर और कपिलवस्तु जैसे प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले देश-विदेश के श्रद्धालु भी गाजीपुर से होकर गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट अथवा अन्य आकस्मिक आपात स्थितियों में मरीज को तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। ट्रॉमा सेंटर को लेवल-2 में उच्चीकृत किए जाने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें वाराणसी, गोरखपुर अथवा अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेवाओं के साथ न्यूरोसर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, जनरल सर्जन और कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर सहित पर्याप्त नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था किए जाने की मांग की। इसके साथ ही आईसीयू/क्रिटिकल केयर, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विजय मिश्र ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के लेवल-2 में उच्चीकृत होने का लाभ केवल गाजीपुर ही नहीं, बल्कि मऊ, आजमगढ़, बलिया समेत आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को भी मिलेगा। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने पूर्व मंत्री द्वारा रखे गए जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से सुना और तत्काल अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विजय मिश्र ने ट्रॉमा सेंटर के सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर संचालन की दिशा में तत्काल संज्ञान लेने के लिए उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सुपोषित बच्चों के अभिभावकों का हुआ सम्मान

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं, सुपोषित बच्चों के अभिभावकों व महिला कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित

राइफल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया सम्मानित, गोदभराई व अन्नप्राशन के जरिए मातृ-शिशु स्वास्थ्य का दिया संदेश

गोदभराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति किया जागरूक

गाजीपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान तथा सुपोषित बच्चों के माता-पिता और महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं के सम्मान के लिए प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से किया। इसी क्रम में मंगलवार को राइफल क्लब सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग ओमप्रकाश राजभर रहे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अयोध्या से मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण और आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव रखी जाती है। उन्होंने कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योजनाओं का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के भविष्य को मजबूत करने वाला है।

विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिया गया सम्मान उनकी कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और योगदान का सम्मान है। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार की नींव रखती है और स्वस्थ बच्चे मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया।

सुपोषित बच्चों व कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान

कार्यक्रम में कुपोषण से सुपोषित हुए बच्चों बाबा, यश, ऊर्सा फातिमा, सरस्वती, लाडो और शिवम कुमारी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। महिला कल्याण विभाग की स्पॉन्सरशिप योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, अन्नप्राशन के माध्यम से छह माह की आयु के बाद मां के दूध के साथ पौष्टिक पूरक आहार शुरू करने के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सुपोषण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और लाभार्थी उपस्थित रहे।

सातों सीटें जीतेंगे, तभी पूरा होगा मेरा अभिनंदन:रमेश सिंह

सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत से पूरा होगा मेरा अभिनंदन : रमेश सिंह

जिला कार्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी का कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, बोले- समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर लक्ष्य असंभव नहीं

गाजीपुर। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह का मंगलवार को गाजीपुर आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में आयोजित अभिनंदन समारोह में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रमेश सिंह ने गाजीपुर की शहीदों की धरती को नमन किया।

उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भाजपा की वैचारिक एवं संगठनात्मक विरासत का आधार बताते हुए कहा कि दोनों महान विभूतियों ने त्याग, बलिदान और सिद्धांतों की ऐसी परंपरा स्थापित की, जिसके आधार पर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गाजीपुर के पूर्व सांसद मनोज सिन्हा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गाजीपुर में ऐसे विकास कार्य और संसाधन उपलब्ध हुए, जिनकी कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यदि गाजीपुर से भाजपा का सांसद अथवा विधायक निर्वाचित नहीं हो पाता है तो यह जिले के लोगों की बड़ी चूक होगी।


रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से राष्ट्रहित में काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी विचारधारा का संगठन है, जिसने सत्ता के लिए कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। पार्टी ने विचारधारा की रक्षा के लिए सत्ता गंवाना स्वीकार किया, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “आज हुआ मेरा अभिनंदन अभी अधूरा है। जिस दिन आगामी विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी, उसी दिन यह अभिनंदन पूर्ण माना जाएगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के ऊर्जावान, समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं के बल पर सातों सीटों पर विजय का लक्ष्य हासिल करना संभव है।


जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने प्रदेश उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया। उन्होंने जिले की भौगोलिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में सभी सातों सीटों पर भाजपा की विजय का भरोसा जताया। जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया। इससे पूर्व वाराणसी सीमा सिधौना से लेकर सैदपुर, पियरी, देवकली, नंदगंज, महाराजगंज सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रमेश सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया।


अभिनंदन समारोह में नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों भानु प्रताप सिंह (क्षेत्रीय उपाध्यक्ष), राजेश राजभर एवं डॉ. विजय यादव (क्षेत्रीय मंत्री) तथा अजय उपाध्याय (क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य) का भी माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, बृजेंद्र राय, अभिनव सिन्हा, पूर्व विधायक भोनू सोनकर, राजकुमार गौतम, सुनीता सिंह, सरिता अग्रवाल, प्रवीण सिंह, रामनरेश कुशवाहा, रामराज बनवासी, रमेश सिंह पप्पू, दयाशंकर पांडेय, सुधाकर कुशवाहा, राजेश सोनकर, अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पंकज चौधरी से डॉ. विजय यादव की शिष्टाचार भेंट, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से डॉ. विजय यादव की शिष्टाचार भेंट, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री, कृष्णा सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स गाजीपुर एवं वाराणसी के चेयरमैन तथा भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. विजय यादव ने सोमवार को लखनऊ में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान डॉ. विजय यादव ने प्रदेश अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा संगठनात्मक दायित्वों को लेकर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच काशी क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर सार्थक चर्चा हुई। डॉ. विजय यादव ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन का परिणाम है। पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए काशी क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

डॉ. यादव ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में निरंतर प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करता रहेगा।

भाजपा में गाजीपुर का बढ़ा कद, भानुप्रताप सिंह क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तो राजेश राजभर व डॉ. विजय यादव बने मंत्री

भानुप्रताप सिंह बने भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, राजेश राजभर व डॉ. विजय यादव को क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी

गाजीपुर। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया द्वारा घोषित क्षेत्रीय पदाधिकारियों की नई सूची में गाजीपुर के तीन प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। जनपद के पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर तथा डॉ. विजय यादव को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। भानुप्रताप सिंह को संगठन में लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका के चलते यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, सदस्यता प्रमुख तथा जिलाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। जिलाध्यक्ष के रूप में भी उनका कार्यकाल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। वहीं राजेश राजभर को युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी प्रकार डॉ. विजय यादव ने किसान मोर्चा में प्रदेश मंत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। संगठनात्मक कार्यों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें भी क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने तीनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और निष्ठा से भारतीय जनता पार्टी जनपद में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा गाजीपुर के नेताओं को दी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं के लिए भी उत्साहवर्धक हैं। नई जिम्मेदारियां मिलने पर भाजपा जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, दयाशंकर पांडेय, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, प्रवीण सिंह, शशिकांत शर्मा सहित अन्य पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।

सपा ने कसी कमर, भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष का आह्वान

सपा की मासिक बैठक में बाढ़, महंगाई, खाद-बिजली और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा


जिलाध्यक्ष गोपाल यादव बोले- विधानसभा चुनाव सन्निकट, भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें कार्यकर्ता

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर आयोजित हुई। बैठक में जनपद में आई बाढ़ से किसानों एवं आमजन के सामने उत्पन्न दुश्वारियों, खाद की अनुपलब्धता, अनियमित विद्युत आपूर्ति, किसानों, छात्रों और नौजवानों के उत्पीड़न तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में आने वाले दिनों में पीडीए नेता रमेश बिंद, रमाशंकर विद्यार्थी, रमेश चंद्र प्रजापति सहित अन्य नेताओं के प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। चीनी, प्याज, दलहन और तिलहन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर भी पार्टी नेताओं ने चिंता जताई। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार द्वारा बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों के आसपास यथोचित स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त महिला सभा की प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव सुनीता यादव और राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह ‘खुश्बू’ का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने की हिदायत दी गई। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव सन्निकट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की जनविरोधी एवं तानाशाही नीतियों के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हिन्दुत्व और राष्ट्रवाद का आवरण ओढ़कर पूंजीपतियों के हितों को संरक्षण देने में लगी है। उन्होंने छात्र, नौजवान, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसी भी वर्ग के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने शुद्धिकरण के नाम पर दलितों और पिछड़ों के कथित अपमान पर भी आक्रोश जताया और कहा कि भाजपा सरकार अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।
विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने भाजपा सरकार को संविधान एवं लोकतंत्र विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि देश तानाशाही और पूंजीपरस्त नीतियों के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को भी प्रभावित किया जा रहा है।


उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली-पानी की समस्या और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील और थाने आम जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय वसूली के अड्डे बन गए हैं।
पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और सत्ता संरक्षित अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रदेश की सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
बैठक में पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, जिलाउपाध्यक्ष आमिर अली, अशोक कुमार बिंद, मुन्नीलाल राजभर, रामजन्म चौहान, डॉ. सीमा यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, रविन्द्र प्रताप यादव, आशीष यादव राहुल, डॉ. समीर सिंह, राम औतार विश्वकर्मा, जय हिंद यादव, सुशील जायसवाल, अवधेश यादव, संगीता साहू, ममता यादव, विजय शंकर यादव, शौर्या सिंह, आजाद राय, सूर्यनाथ यादव, राजेंद्र यादव, रामधीरज शास्त्री, मदन यादव, वृजदेव खरवार, सदानंद कन्नौजिया, देवेंद्र यादव टिंकू, पारसनाथ यादव, पांचू यादव, दिनेश कुमार गुजराल, सुजीत यादव, आत्मा यादव, कमलेश सोनकर, सदानंद यादव, सूरज राम बागी, कैलाश यादव, संतोष यादव, अभिषेक कुशवाहा, कमलेश यादव, मार्कण्डेय यादव, रीना यादव, धन्नो यादव, सोनू खां, रामज्ञान यादव, नरसिंह यादव, सुनील यादव, सुरेंद्र विश्वकर्मा, डॉ. संजय कन्नौजिया, राहुल निषाद, जयराम भारती सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

घोड़ा-गाड़ी पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

जर्जर सड़कों के विरोध में घोड़ा-गाड़ी पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन पर लगाया लापरवाही और भ्रष्टाचार का आरोप, सड़कों की जांच और तत्काल मरम्मत की मांग

गाजीपुर। शहर की बदहाल और जर्जर सड़कों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय राजदेपुर से शुरू हुआ प्रदर्शन नवाबगंज, नखास, मिश्रबाजार और लंका होते हुए कचहरी पहुंचा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही, उदासीनता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कई वर्षों से शहर की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। करोड़ों रुपये के विकास और सड़क निर्माण के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि शहर की कई प्रमुख सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर खर्च की गई धनराशि की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका आरोप था कि जनता के टैक्स से प्राप्त धन खर्च होने के बावजूद लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गड्ढों में ई-रिक्शा फंसने से यात्रियों, महिलाओं और बच्चियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मोटरसाइकिल सवार भी सड़क की खराब स्थिति के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लगातार खराब सड़कों पर सफर करने से लोगों को कमर दर्द और सर्वाइकल जैसी समस्याओं का सामना करने का भी दावा किया गया।  प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष सुनील राम, पूर्व जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, सेवादल जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता,  शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, सदानंद गुप्ता, चंद्रिका सिंह, राम नगीना पांडेय, राशिद, रईस अहमद, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, आलोक यादव, जेपी पांडेय, संजय साहू, कमला यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, ताहिर अब्बासी, राफे, संजय सिंह सहित शहर के लोग मौजूद रहे।

रामावतार शर्मा की लेखनी में दिखता था प्रेमचंद का भाव और जैनेंद्र की वैचारिक दृढ़ता

जयंती पर ‘स्मृतियों के झरोखे से मूर्धन्य साहित्यकार रामावतार’ पुस्तक का विमोचन, साहित्यकारों ने याद किया योगदान

गाजीपुर। प्रख्यात कथाकार जैनेंद्र कुमार की साहित्यिक अभिरक्षा में साहित्य के संस्कार प्राप्त करने वाले प्रसिद्ध पत्रकार, कथाकार, उपन्यासकार एवं गाजीपुर टाइम्स के संपादक रहे रामावतार शर्मा की जयंती पर मंगलवार को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित पुस्तक ‘स्मृतियों के झरोखे से मूर्धन्य साहित्यकार रामावतार’ का विमोचन किया गया। तथागत कैलाश जानकी इंटर कॉलेज, सुखदेवपुर में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा एवं राज्य सभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक का संपादन डॉ. गजाधर शर्मा ‘गंगेश’ ने किया है, जबकि लाल बिहारी शर्मा ‘अनन्त’ ने रामावतार शर्मा से जुड़ी स्मृतियों एवं संस्मरणों को संकलित कर इसे पुस्तक का स्वरूप प्रदान किया है। पुस्तक में रामावतार शर्मा के साहित्यिक जीवन, पत्रकारिता, व्यक्तित्व तथा रचनात्मक योगदान को स्मृतियों के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया गया है। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि रामावतार शर्मा की पहचान केवल पत्रकार या कथाकार के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे साहित्यकार के रूप में रही, जिन्होंने अपनी लेखनी को समाज और मानवीय संवेदनाओं से जोड़े रखा। साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान गाजीपुर की साहित्यिक विरासत का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि किसी साहित्यकार की स्मृतियों को पुस्तक के रूप में संरक्षित करना आने वाली पीढ़ियों को अपनी साहित्यिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य है।

सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि रामावतार शर्मा ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज के विभिन्न पक्षों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्ति दी। साहित्य और पत्रकारिता दोनों क्षेत्रों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे साहित्यकारों के जीवन और रचनात्मक यात्रा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। ‘स्मृतियों के झरोखे से मूर्धन्य साहित्यकार रामावतार’ पुस्तक उनके व्यक्तित्व और साहित्यिक अवदान को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। प्रसिद्ध साहित्यकार ऋचा राय ने रामावतार शर्मा के जीवन और रचनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी लेखनी में मुंशी प्रेमचंद का भाव और जैनेंद्र कुमार की वैचारिक दृढ़ता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उनके लेखन में जीवन का यथार्थ, मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार एक साथ दिखाई देते हैं। उनकी भाषा सहज होने के बावजूद पाठक के मन पर गहरा प्रभाव छोड़ती है। रामावतार शर्मा की रचनाएं अपने समय के समाज और मनुष्य की आंतरिक संवेदनाओं का दस्तावेज हैं।

समकालीन सोच के संपादक एवं पत्रकार राम नगीना कुशवाहा ने कहा कि रामावतार शर्मा का व्यक्तित्व साहित्य और पत्रकारिता के बीच एक मजबूत सेतु के समान था। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक समस्याओं और मानवीय भावनाओं को स्वर दिया। उनकी रचनात्मक दृष्टि व्यापक और संवेदनशील थी। उनके साहित्यिक योगदान का मूल्यांकन करने तथा उनकी रचनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का शुभारंभ रामावतार शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। वक्ताओं ने रामावतार शर्मा के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके साहित्यिक योगदान को स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के अंत में रामावतार शर्मा के पौत्र सत्यम शर्मा ने अतिथियों, साहित्यकारों, पत्रकारों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, श्रीकांत पांडेय, प्रो. संतोष कुमार सिंह, प्राचार्य राम अवतार शर्मा, शशिकांत शर्मा, डॉ. वी.के. शर्मा, संतोष कुमार, जनार्दन शर्मा, विजय कुमार राय, संतोष जायसवाल, हरिशंकर शर्मा, विजय कुमार, मदन मोहन शर्मा, विनोद सोनकर, मोती लाल शर्मा, प्रवीण विश्वकर्मा, किशन शर्मा, भरत, चंदन सहित अनेक साहित्यकार, पत्रकार, शिक्षाविद एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. रामबदन राय ने तथा संचालन सुदामा राम विश्वकर्मा ने किया।

सीएम योगी के दरबार में गाजीपुर की आवाज, विजय मिश्र ने उठाए विकास के अहम मुद्दे

मुख्यमंत्री योगी से मिले पूर्व मंत्री विजय मिश्र, गाजीपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

गाजीपुर। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर जनपद की विकास के आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिले में बेहतर जनसुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के निर्माण तथा आवास से वंचित गरीब एवं पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित कई विषयों पर मुख्यमंत्री से सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। श्री मिश्र ने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। भेंट के दौरान विजय मिश्र ने गाजीपुर ट्रामा सेंटर को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का मुद्दा प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण, नालियों एवं फुटपाथों के सुधार तथा पात्र गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद से आवश्यक प्रस्ताव मंगाकर गाजीपुर की प्रमुख आवश्यकताओं को पूरा कराने का आश्वासन दिया।

ट्रामा सेंटर के उच्चीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा

पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से हुई वार्ता के अनुसार गाजीपुर में निर्मित ट्रामा सेंटर को लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ट्रामा सेंटर को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि ट्रामा सेंटर के पूरी क्षमता से संचालित होने से गाजीपुर के साथ आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों को भी बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए वाराणसी अथवा अन्य जनपदों में रेफर किए जाने की आवश्यकता में कमी आएगी।

आवास से वंचित पात्र परिवारों की तैयार होगी सूची

गरीब एवं पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संबंध में श्री मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो पात्र होने के बावजूद अभी तक आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। पात्रता सूची तैयार होने के बाद नियमानुसार पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाकर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे आवास से वंचित गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़कों, नालियों और फुटपाथों के सुधार को लेकर भी पहल

विजय मिश्र ने बताया कि नगर की प्रमुख सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के निर्माण और सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ प्रस्ताव स्वीकृत भी हो चुके हैं, जिन पर बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शेष सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों के लिए भी आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। उद्देश्य है कि नगर की प्रमुख सड़कों और जनसुविधाओं से जुड़े आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि गाजीपुर का समग्र विकास, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का कल्याण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से जनपद के विकास को और गति देने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।