पीजी कॉलेज में हवन पूजन के साथ हुआ दीक्षारम्भ

पी जी कॉलेज में वैदिक रीति से हवन पूजन के साथ हुआ दीक्षारम्भ

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार में नवीन सत्र- 2026-27 का दीक्षारम्भ वैदिक विधि-विधान के साथ धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर शोध ग्रंथालय में ज्ञान की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन कर आरती की गई। इसके साथ ही हवन-यज्ञ का भी आयोजन हुआ। जिसमें सभी ने मंगलकामना की। प्राचार्य प्रोफे० राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध ग्रंथालय के परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत कॉलेज के संस्थापक सचिव एवं प्रबंधक स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर प्राचार्य प्रोफ० डॉ० राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

प्राचार्य प्रोफे० राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा ने कि नए सत्र का यह शुभारंभ हमारी सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत को मजबूत करने का प्रतीक है। वैदिक रीति से आयोजित यह कार्यक्रम हमारी परंपराओं के प्रति सम्मान और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है। स्वर्गीय बाबू राजेश्वर प्रसाद सिंह के योगदान को हम सदा स्मरण करते रहेंगें । महाविद्यालय के सभी संकायों कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि, अध्यापक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा में स्नातक, स्नातकोत्तर स्तर पर उच्च गुणवत्तायुक्त प्रयोगशाला, छात्र पुस्तकालय, विभागीय पुस्तकालय, आनलाइन पुस्तकालय, कम्प्यूटरिकृत केंद्रीय शोध ग्रन्थालय, रोवर्स रेंजर्स, एन. सी.सी., एन. एस.एस. के साथ-साथ जिम्नेजियम हाल, आउटडोर तथा इंडोर स्टेडियम के माध्यम से खेलों में भी उच्च स्तर की सुविधायें उपलब्ध होने के साथ साथ सम्पूर्ण परिसर वाई-फाई से सुसज्जित है।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समग्रता के साथ प्रोत्साहन प्रदान किए जाते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अवगत कराया कि विभिन्न विषयों में प्रवेश शुरू है, जिसकी तिथि और समय सहित विस्तृत विवरण महाविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकेगा। समस्त विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रोफेसर रविशंकर सिंह, प्रोफेसर विनय कुमार दूबें, प्रोफेसर सुजीत कुमार सिंह, प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी, डॉ० इन्दीवर पाठक, डॉ शैलेन्द्र सिंह, डॉ० अविनाश चन्द्र राय, संजय श्रीवास्तव, विवेक सिंह ‘सम्मी, विजय सिंह, अरूण कुमार सिंह, अमितेश सिंह, ममता मिश्र सहित कॉलेज के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं शामिल रहे। यह आयोजन कॉलेज के सांस्कृतिक और शैक्षणिक मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का स्थापना दिवस

साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का 46वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

जखनियां, गाजीपुर। साबिर अली एजुकेशनल एवं चैरिटेबल ट्रस्ट का 46वाँ स्थापना दिवस मंगलवार को ट्रस्ट के सभी शिक्षण संस्थानों में उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों में धार्मिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मदरसा मुहम्मद अली दीनी असरी दारुल उलूम में कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह क़ुरानख़्वानी से हुआ। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया।

साबिर अली मिनी आईटीआई में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय एडवोकेट हाजी साबिर अली को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

साबिर अली नेशनल प्राइवेट आईटीआई में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 105 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसे संस्थान और क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना गया।

डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक एकता पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

साबिर अली गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं ने आकर्षक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनियां में कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं ट्रस्ट के संस्थापक स्वर्गीय एडवोकेट हाजी साबिर अली के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने विभिन्न सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर ट्रस्ट के डायरेक्टर आमिर अली ने सभी संस्थानों के स्टाफ के साथ बैठक कर ट्रस्ट की शैक्षिक गुणवत्ता, आधुनिक शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण एवं संस्थानों के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से समर्पण, अनुशासन और नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर ट्रस्ट से जुड़े सभी संस्थानों में उत्सव जैसा माहौल रहा। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने संस्थापक के आदर्शों पर चलने तथा ट्रस्ट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

महिला पीजी कॉलेज में प्रवेश हेतु छात्राओं के लिए जरूरी सूचना

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 में 15 जुलाई 2026 को बीए/ बीएससी प्रथम सेमेस्टर प्रवेश काउंसलिंग का द्वितीय चरण पूर्ण हो गया। प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी की अध्यक्षता में प्रवेश समन्वय समिति, समर्थ समिति एवं प्रवेश प्रभारियो की बैठक में शैक्षिक 2026-27 के अब तक हुए प्रवेश प्रकिया की समीक्षा की गई। बैठक में डॉक्टर शंभू शरण प्रसाद, डॉ शिवकुमार, डॉ सारिका सिंह, डॉ शशि कला जायसवाल, डॉ आनंद चौधरी, डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ मनीष सोनकर आदि शामिल रहे। इस अवसर पर वर्तमान शैक्षिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ शैक्षणिक कार्य को भी संपादित करने तथा प्रवेश संबंधी अनेक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए ।
अब तक बीए में कुल 320 तथा बीएससी में 112 छात्राओं ने प्रवेश काउंसलिंग करा लिया हैं। प्रवेश के समय अभिलेख सत्यापन एवं विषय आवंटन के साथ-साथ छात्रों का समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण एवं प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार जारी है। जिन छात्राओं ने अभी तक समर्थ पोर्टल पर अपना पंजीकरण या प्रोफाइल अपडेशन नहीं कराया है। वे तत्काल बी ए एवं बीएससी समर्थ पोर्टल प्रभारी क्रमशः डॉ आनंद चौधरी एवं डॉ मनीष सोनकर से संपर्क कर अपनी समर्थ पोर्टल की प्रक्रिया ससमय संपन्न कर लें। प्रवेश काउंसलिंग एवं समर्थ पोर्टल संबंधी प्रक्रियाएं पूर्ण कर चुकी छात्राएं 20 जुलाई तक अपना शुल्क ऑनलाइन जमा करना सुनिश्चित करें।
महाविद्यालय में बीए /बीएससी प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की तिथि 25 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। प्रवेश की इच्छुक छात्राएं प्रवेश पंजीकरण के पश्चात प्रतिदिन 1:00 बजे से 3:00 के मध्य महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर में हेतु प्रवेश डॉ शिव कुमार से राजर्षि टंडन अध्ययन केंद्र कक्ष में तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु डॉ दिवाकर मिश्रा से जंतु विज्ञान विभाग में संपर्क कर प्रवेश काउंसलिंग कराते हुए प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। यह प्रक्रिया महाविद्यालय में बीए/ बीएससी सीट रिक्त रहने तक जारी रहेगी।
प्रवेश के पश्चात महाविद्यालय शुल्क जमा करने वाली छात्राएं अपनी लाइब्रेरी कार्ड एवं परिचय पत्र के लिए पुस्तकालय प्रभारी डॉ संगीता एवं मुख्य शास्ता डॉ सारिका सिंह से प्रतिदिन 1:00 बजे से 3:00 के मध्य संपर्क कर बनवा लें। नव प्रवेशी बी ए प्रथम सेमेस्टर के छात्राओं की कक्षाएं 20 जुलाई से प्रारंभ होगी।
जबकि बी ए तृतीय सेमेस्टर, पंचम सेमेस्टर एवं एम ए तृतीय सेमेस्टर के छात्राओं की कक्षाएं दिनांक 16 जुलाई से पुराने समय सारणी की अनुरूप संचालित होगी। सभी छात्राएं उपरोक्त समय सारणी के अनुसार अपनी कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें तथा अपने संबंधित विभाग प्रभारी के संपर्क में रहे।

RJ शंकरा अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे आँखों का निःशुल्क जांच और ऑपरेशन

रामलीला मैरेज हाल, लंका मैदान में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर, RJ शंकरा आंख अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे निशुल्क जांच।

गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी, हरिशंकरी के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल (वाराणसी) के सहयोग से 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रामलीला मैरेज हॉल, लंका मैदान में होगा।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा आंखों की व्यापक जांच एवं परामर्श निःशुल्क दिया जाएगा। जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होगी, उनका आधुनिक लेंस प्रत्यारोपण तकनीक से निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन के लिए आवश्यक पंजीकरण भी शिविर स्थल पर किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, अस्पताल तक आने-जाने के लिए वाहन की सुविधा, रहने तथा पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। मरीजों से आधार कार्ड की फोटो कॉपी, मोबाइल नंबर तथा यदि पहले से कोई दवा चल रही हो तो उसकी जानकारी और दवाइयां साथ लाने की अपील की गई है।
शिविर के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक मरीज अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की प्रति व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर पहले से पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए 9511150899 (संदीप सिंह ‘शंकरा’) पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिन लोगों को आंखों की समस्या या मोतियाबिंद की शिकायत है, वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें।

जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र होगा समाधान:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में बुधवार को विकास खंड रेवतीपुर के ग्राम पंचायत रेवतीपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियओ जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचानाए ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण को पूरा तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करके निस्तारण किया जाय रहा।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प के माध्यम से जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर 100 प्रतिशत तक गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

योजना में वृद्धा पेंशन, निराश्रत महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान, फार्मर रजिट्रि, शौचालय, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमग्ला एवं अन्य योजनाओं का अभियान चलाकर योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को दिया जाय। क्रार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्रासन भी किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने एमओवाईसी रेवतीपुर के आयुष्मान कार्ड बनाये जाने में लापरवाही पाये जाने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।


         जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव स्तर पर नियमित रूप से भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं और गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची को ग्रामीणवासीयों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।


जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी राजन राय, खंड विकास अधिकारी, एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

2 लाख की बीमा दावा राशि का सौंपा चेक

गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में अंचल प्रमुख  टी. कामेश्वर राव एवं उप अंचल प्रमुख  के.डी. गुप्ता द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत नामिनी को 2 लाख की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख  मुकेश रमन, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, उप क्षेत्र प्रमुख सहित यूनियन बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचल प्रमुख टी. कामेश्वर राव ने उपस्थित ग्राहकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने यूनियन बैंक के सभी कर्मचारियों एवं बैंक मित्रों से इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में अधिक से अधिक पात्र ग्राहकों का नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

सीडीओ ने किसानों की समस्याओं को सुन दिया अधिकारियों को निर्देश

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को होने वाले किसान दिवस का बैठक संपन्न हुआ। बैठक में उप निदेशक कृषि विजय कुमार, कृषि अधिकारी एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। बैठक में किसानो द्वारा जनपद में आर रही समस्याओं की बावत जानकारी लेते हुए उपस्थित कृषकों की समस्याअेां की जनाकरी ली गयी जिसमें कृषि विभाग से सम्बन्धित किसान अरुण कुमार सिंह गांव मैनपुर द्वारा अनुरोध किया गया है कि यंत्र बुकिंग की टोकन जमा राशि का भुगतान अभी नहीं हुआ है, सहकारी समिति से सम्बन्धित कृषक सुरेंद्र कुशवाहा ग्राम नारियाव मोबाइल नंबर 8858302700 द्वारा शिकायत किया गया की नारियांव समिति पर खाद्य का वितरण नहीं हो रहा है। कृषक मृत्युंजय राय द्वारा शिकायत किया गया कि राजापुर में समिति का पुनः निर्माण कराया जाए, पशुपालन विभाग के संबंध कृषक बाबूलाल मानव ग्राम चितवन पट्टी द्वारा अनुरोध किया गया कि खुरपका मुहपका का (एफएमडी) का टीकाकरण पशुओं में कराया जाए, कृषक अनूप राय ग्राम पड़ी द्वारा अनुरोध किया गया कि पशुओं का टैगिंग कराया जाए, सिंचाई नलकूप विभाग से संबंधित कृषक देव प्रसाद दुबे ग्राम बसंत पट्टी द्वारा शिकायत किया गया कि ट्यूबवेल नंबर 171 की नाली टूट गई है, इसे सही करने को कहा गया, नहर विभाग से कृषक अरुण सिंह ग्राम मैनपुर द्वारा शिकायत किया गया कि मुडरमा माइनर में पानी नहीं आ रहा है, जिससे फसलों में सिंचाई नहीं हो पा रही है, कृषक विद्या नाथ चौबे द्वारा बताया गया कि मलेढी माइनर में पानी नहीं आ रहा है, कृषक जितेंद्र प्रसाद राय द्वारा बताया गया कि वीरपुर माइनर पंप कैनाल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, खाद्य एवं विपणन विभाग से सम्बन्धित कृषक ओम प्रकाश सिंह द्वारा अनुरोध किया गया कि वृंदावन में एक क्रय केंद्र स्थापित किया जाए, विद्युत विभाग से संबंधित कृषक अनूप राय द्वारा शिकायत किया गया कि ग्राम पकड़ी में बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं कृपया इसे ट्रांसफार्मर समेत तत्काल बदला जाय, कृषक अनिल सिंह बीकापुर द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने हेतु अनुरोध किया गया है, आपूर्ति विभाग से संबंधित कृषक अनूप राय द्वारा बताया गया कि ओम साइन परमार्थ फिलिंग स्टेशन सुहवल द्वारा किसानों को पेट्रोल/डीजल नहीं दिया जा रहा है जिससे छोटे पेट्रोल चालित कृषि यंत्र कार्य करने में असुविधा हो रही है, इसका तत्काल समाधान कराई जाए। बैंक से संबंधित कृषक जितेंद्र प्रसाद राय द्वारा बताया गया कि यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया मिर्जाबाद शाखा द्वारा केसीसी नहीं बनाया जा रहा है जिसमें सुविधा उत्पन्न हो रही है।
  बैठक के दौरान किसानों ने सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, उर्वरकों एवं बीजों की उपलब्धता, नहरों की सफाई, फसल सुरक्षा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि ऋण, पशुपालन तथा अन्य कृषि संबंधी समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत किया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा आधुनिक तकनीकों के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि करें। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के संबंध में नियमित रूप से जागरूक किया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान हित सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि क्षेत्र को अधिक समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक गाजीपुर द्वारा किसान दिवस में  कृषकों को कृषि यंत्रों की बुकिंग 16 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक की जाएगी जिसकी जानकारी दी तथा बताया कि कृषि विभाग के पोर्टल upaquiculture.gov.nic.in  पर बुकिंग कर सकते हैं। पूरे वर्ष में कृषि यंत्रों की बुकिंग 04 से 05 बार किया जायेगा। जनपद के सभी किसान बंधुओ से आग्रह  किया है कि यंत्रों की बुकिंग कर सकते हैं। सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों को कृषि में रणनीति बदलनी होगी वर्तमान समय में जनपद में धान, गेहूं की खेती होती रही ह,ै जनपद के लगभग समस्त क्षेत्रफल संचित है इसलिए कम लागत वाली फसलों का चुनाव करना चाहिए ज्वार बाजरा, मक्का, तिल, सावा, कोदो, महुआ, रागी, इत्यादि फसलों को कम पानी की आवश्यकता होती है जिससे कृषि विभाग के निवेश केन्द्रो पर हो। सभी बीज  उपलब्धता है, किसानों से अपिल किया जाता है कि आप अपने नजदीकी निवेश केंद्र पर जाकर बीजों को प्राप्त कर सकते हैं जो बाजार के क्रय हेतु विकासखंड करंडा एवं रेवतीपुर में खोला गया है ताकि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके। संकर ज्वार बाजरा, संकर मक्का की उन्नत किस्म की प्रजाति उपलब्ध है। जनपद में  सुखा के दृष्टिगत को देखते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में काफी लाभकारी सिद्ध होगा, विगत वर्ष 47000 कृषक बीमा योजना से सम्मिलित हुए बाढ़ एवं मोंथा चक्रवात से हुई क्षती के प्रतिपूर्ति के रूप में जनपद के 6448 कृषकों को 4.31 करोड़ रूपये प्राप्त हुयी थी। उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ में 02 प्रतिशत की प्रीमियम दे होता है धान की फसल में के लिए 1634 रुपए एवं बाजार के लिए 706 रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से प्रीमियम देय होता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि खेत तालाब योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जनपद में 12 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके सापेक्ष 10 किसानों का आवेदन प्राप्त हुआ है 02 लक्ष्य सामान किसानों के लिए अवशेष हैं किसानों को आवेदन के लिए आग्रह किया जाता है 22X 20X 3X मी0 तालाब की बुदाई हेतु ₹52000 तक अनुदान अनुमान है। बैठक में   कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, राजस्व, सहकारिता, गन्ना, मत्स्य, कृषि रक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान उपस्थित रहे।
………………………………………

सातों सीटों पर चुनाव जीतकर गाजीपुर का रचेंगे नया इतिहास:अशोक चौरसिया

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा राजनीतिक दल है जहां बूथ स्तर का एक सामान्य कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। और आज आप सबके सामने एक बुथ स्तर का सामान्य कार्यकर्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में खड़ा है जो यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। यह बात भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय के प्रांगण मे जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में कही।


भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया आज मंगलवार को काशी क्षेत्र का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपराह्न काल चंदौली से चलकर जमानियां के रास्ते गाजीपुर पहुंचे थे। जहां गाजीपुर की सीमा मे क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया के पहुंचते ही भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय व प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय के नेतृत्व में भारी संख्या में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत अभिनन्दन किया।

आगे उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 के चुनाव की तैयारी चल रही है और हम कार्यकर्ताओं के उपर चुनाव जितने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन की बूथ संरचना को मजबूत करने के आह्वान के साथ कहा कि हमारा नारा बूथ जीता तो चुनाव जीता अगर हमारे बुथ संरचना ठीक हो जाएगी तो हमे चुनाव जितने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि स्वागत की सफलता तभी मानी जाएगी जब हम समाज के हर वर्ग हर श्रेणी को जोड़कर जनपद की सभी सात सीटों पर चुनाव जीतकर गाजीपुर का नया इतिहास रचेंगे।


प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि गाजीपुर की वीर बलिदानियों ऋषि मुनियों की धरती पर एक-एक कार्यकर्ता की ओर से हम स्वागत अभिनंदन करते हैं तथा पूरी ताकत से गाजीपुर के लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाजीपुर में जीत के साथ प्रदेश में पुनः सरकार बनाएंगे। राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता बढ़ाने तथा गरीबो की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से सत्ता में आना चाहती है जबकि भाजपा धारा 370 के समाप्ति, अंत्योदय, मथुरा, काशी के साथ सबका साथ सबका विकास के लिए काम करते हुए विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्यों के प्राप्ति के लिए काम करती है।


आभार धन्यवाद युवा नेता अभिनव सिन्हा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल ने भी संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत अभिनन्दन किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष गाजीपुर नगर में प्रवेश करते ही मिश्र बाजार पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पहुंच कर माल्यार्पण किया।


स्वागत करने वालों मे जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, पारसनाथ राय,डा मुराहू राजभर, वृजनन्दन सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, सरिता अग्रवाल,राजेश राजभर, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,डा विजय यादव,शोभनाथ यादव, पूर्व विधायक सुनीता सिंह,भोनु सोनकर, राजकुमार गौतम, रामराज बनवासी, रामनरेश कुशवाहा, रमेश सिंह पप्पू, जितेन्द्र नाथ पांडेय, विनोद अग्रवाल, संकठा प्रसाद मिश्र,प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, सानन्द सिंह,अभिनव सिंह छोटू, गर्वजीत सिंह,शनि चौरसिया,किरन सिंह,सुमन बिंद, सुधाकर कुशवाहा, सरोज मिश्रा, राजेश सोनकर, सुमित तिवारी सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।


संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश,बोले-किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश,बोले-किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए

गाजीपुर। दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने विषयक कार्यशाला/संवाद कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में विकास खण्ड भदौरा एवं रेवतीपुर सभागार में संपन्न हुआ।
संवाद कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बारी-बारी से उपस्थित समूह की महिलाओ से संवाद स्थापित कर उनके कार्यों की जानकारी ली। बेहतर ढंग से कार्य करने करने को कहां। इस दौरान समूह की महिलाओं द्वारा हैंड वॉश, फिनायल, हार्पिक, अगरबत्ती, रेडीमेट कपड़े, झाड़ू, मसाले, जैसे प्रोडक्त तैयार करने तथा किसी ने कॉस्मेटिक के सामानो की बिक्री करने तथा किसी महिला द्वारा कृषि कार्य  करने की जानकारी दी गई. जिस पर जिलाधिकारी ने उनके द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट के क्वालिटी में किसी प्रकार की कंप्रोमाइज न करने का निर्देश दिया।  जिलाधिकारी ने कहां की सब बेस्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाला प्रोडक्ट तैयार किया जाए. जिलाधिकारी ने ऐसे प्रोडक्ट बनाने को कहां जिसकी मार्केट में अत्यधिक मांग हो. जरूरत पड़ने पर इसके लिए आपको पूरी ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन भी उपलब्ध कराया जाएगा. जिलाधिकारी ने इस पर बी एम एम और डी एम एम लग कर कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मिशन से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समूहों को बैंक ऋण, प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों एवं विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार का सर्वे कर उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें बाजार उपलब्ध कराने, उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग एवं बिक्री की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं सशक्त होंगी तो उनका पूरा परिवार सशक्त होगा। कार्यशाला में जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित लखपति दीदी की भी समस्याओं को सुना गया। उनके सामाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यशाला में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से संचालित योजनाएं ग्रामीण विकास एवं गरीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूहों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं जानकारी साझा की। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाना तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
 संवाद कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी एवं ब्लाक प्रमुख ने  ने परिसर मे ही वृक्षारोपण कर उपस्थित जन सामान्य से  अधिक से अधिक पौध लगाने की अपील की. इस दौरान ब्लॉक परिषद मे स्वयं सहायता समूहों के द्वारा बनाए गए उत्पादों से संबंधित स्टॉल लगाया था जिसका जिलाधिकारी द्वारा अवलोकन कर जानकारी ली गयी। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत अन्नप्राशन एवं गोद भराई जिलाधिकारी द्वारा  किया गया।  
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख भदौरा, ब्लॉक प्रमुख रेवतीपुर, उपायुक्त स्वतः रोजगार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी भदौरा एवं रेवतीपुर अन्य संबंधित अधिकारी, जन सामान्य, उपस्थित थे।

गोवंश की मृत्यु होने पर होगी कठोर कार्यवाही:DM

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार की शाम गोआश्रय स्थलों के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक राईफल क्लब सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त गोआश्रय स्थलों पर हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए तथा चेतावनी दिया गया कि यदि हरे चारे की कमी से किसी गोवंश की मृत्यु होती है तो सम्बन्धित सचिव एवं ग्राम प्रधान पर कठोर कार्यवाही किया जाएगा। एस०एफ०सी० पूलिंग की समीक्षा में जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारियों को अगले 15 दिन में शत प्रतिशत पूलिंग की धनराशि जनपद स्तर पर खोले गए खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने  अभियान चलाकर खेतों में और सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंशों को नजदीकी गोआश्रय स्थल में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विकास खण्ड में एक कैटल कैचर एवं प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर एक काऊ लिफ्टर मशीन खरीदने के निर्देश दिए गए। अस्थायी गोआश्रय स्थल जौहरगंज, सैदपुर में सी०सी०टी०वी० कैमरा न लगाने तथा बैठक में अनुपस्थित होने पर अधिशासी अधिकारी, सैदपुर का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के दृष्टिगत गो आश्रय स्थलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ मिट्टी भराई एवं खडन्जा लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों के संचालन में लापरवाही बरतने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर गोआश्रय संचालन कार्य के लिए किया गया अनुबंध पत्र निरस्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय, उपायुक्त मनरेगा विजय यादव,  परियोजना निदेशक, डी०आर०डी०ए० महेन्द्र प्रताप यादव,, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० अरविन्द कुमार शाही,, नोडल अधिकारी, गोशाला डा० राकेश कुमार गौतम, जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद / नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थिति रहे।

Uttar Pradesh Fast News