वन महोत्सव के अंतर्गत पौधरोपण जन अभियान में राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने किया वृक्षारोपण

वन महोत्सव के अंतर्गत पौधरोपण जन अभियान में राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने किया वृक्षारोपण

गाजीपुर।सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, गाजीपुर द्वारा वन महोत्सव (01 जुलाई से 07 जुलाई) के अंतर्गत संचालित पौधरोपण जन अभियान के तहत नेता जी सुभाष चन्द्र बोस शहीद स्मारक इण्टर कॉलेज के प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पति डॉ. अवधेश बिन्द के साथ आम का पौधा रोपित कर जनसामान्य से अधिकाधिक पौधरोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट कर वन महोत्सव के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला | सभी अतिथियों का स्वागत संबोधन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया |
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
डॉ. अवधेश बिन्द ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ वातावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुधीर कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नंदगंज अनिल कुमार सिंह, हरेन्द्र यादव, कुलदीप सिंह, आदित्य यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी व अन्य गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

जखनियां के विकास के लिए अंतिम सांस तक लड़ते रहेगें:प्रमोद वर्मा

गाजीपुर (जखनिया)। आज जखनिया में स्वास्थ्य सुविधा व क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहें, जखनिया का सर्वांगीण विकास हो इसके लिये भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, राज्यसभा सांसद डॉक्टर संगीता बलवंत प्रतिनिधि डॉक्टर अवधेश बिंद, गाजीपुर अपर पुलिस अधीक्षक राकेश मिश्रा व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखी और पत्रक सौंपा। सर्वप्रथम भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय से उनके आवास पर स्नेहिल मुलाकात कर उनको नवीन दायित्व के लिए ढेर सारी बधाइयां एवं शुभकामनाएं प्रेषित कर उनका मार्गदर्शन आशीर्वाद प्राप्त किया और जखनियां के समस्याओं से अवगत कराया। उसके उपरांत गाजीपुर की आवाज राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत से टेलिफोनिक वार्ता कर उनके निजी प्रतिनिधि डॉक्टर अवधेश बिंद को जखनिया में ट्रामा सेंटर और रोडवेज बसों के संचालन एवं डिपो के लिए पत्रक सौपा और बताया कि 124डी राष्ट्रीय मार्ग बनने से एक्सीडेंटल संभावनाओं को देखते हुए व यातायात की सुविधाओं के मद्दे नजर जखनिया में ट्रामा सेंटर और रोडवेज परिवहन की सुविधा अति आवश्यक है। उसके बाद प्रतिनिधिमंडल अपर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर राकेश मिश्रा से मिलकर जखनिया क्षेत्र में व्यापारियों सहित आम जनमानस की सुरक्षा व कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बनी रहे इस पर वार्ता किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से मिलकर जखनिया बाजार में जो रोड बनी है पर नालियों का सही से निर्माण नहीं हुआ है और न हीं बाजार में पथ वे बनाया गया है, इसकी शिकायत दर्ज की और कहा कि बाजार में नाली की व्यवस्था और पथ वे यथाशीघ्र बनाया जाए। वही जखनियां शादियाबाद रोड चौड़ीकरण की भी बात रखी। प्रमोद वर्मा ने कहा डबल इंजन की सरकार में अनेकों विकास के कार्य हुए हैं कानून व्यवस्था दुरुस्त हुई है। और जो भी आगे के कार्य हैं वह जल्द ही व्यवस्थित होंगे।वर्मा ने कहा वो जखनियां के विकास के लिये अंतिम सांस तक लड़ते रहेगें। इस अवसर पर व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, धर्मेंद्र चौरसिया, राजेश जायसवाल, आलोक पंकज तिवारी सहित प्रमुख लोग मौजूद रहे।

डीएम ने की बैठक,अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को दिए निर्देश

डीएम ने की बैठक,अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को दिए निर्देश

गाजीपुर।प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित ग्रामों के समग्र एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित 43 ग्रामों से संबंधित विकास खण्डों के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव तथा सहायक ग्राम विकास अधिकारी(स0क0) एवं सहायक विकास अधिकारी(स0क0) ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबांधित करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य चयनित ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि योजना के अन्तर्गत चयनित ग्रामों की आवश्यकताओं का सूक्ष्म सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कर ग्राम विकास योजना (वी0डी0पी0) का प्रस्ताव तैयार किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा 03 दिवस के अन्दर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामों में पेयजल, स्वच्छता, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम प्र्रधानां से ग्राम स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता बढाने, स्वच्छ एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत सचिवों एवं सहायक ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं विकसित बनाने की दिशा में सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आए तथा उन ग्रामों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एंव सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

टाटा AIG कंपनी की ने किया डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में पौधरोपण

टाटा AIG कंपनी की ओर से डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

गाज़ीपुर(जखनियां)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा AIG कंपनी की ओर से डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनिया में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर टाटा AIG के ब्रांच मैनेजर विकास सिंह, असिस्टेंट मैनेजर राहुल श्रीवास्तव तथा क्लेम डिपार्टमेंट के दीपक खरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल के डायरेक्टर आमिर अली, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।

कार्यक्रम के दौरान डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया के डायरेक्टर ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प दिलाया गया।

विद्यालय प्रशासन ने टाटा AIG कंपनी का इस सराहनीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

डीएम-एसपी ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण,प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी रहें अनुपस्थित

डीएम-एसपी ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण,प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी रहें अनुपस्थित

गाजीपुर।जनपद में 02, 03 एवं 04 जुलाई, 2026 को आयोजित हो रही उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता यू0पी0टेट-2026 की लिखित परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं सकुशल
संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से प्रथम दिन को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से जनपद मे बनाए गए  विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था,अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर, गाजीपुर तथा लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, गाजीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के उपरांत ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रत्येक केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी है। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल अथवा अन्य अनियमितता की सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
जनपद में यू0पी0टेट-2026 के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के प्रथम दिवस दोनों पालियों की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में  7,392 अभ्यर्थियों में से 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को शान्तिपूर्ण कराने के लिए  06 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं उड़न दस्तों को भी सक्रिय रखा गया, जिन्होंने लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

डा.मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता,अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है:कृष्ण बिहारी राय

डा.मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता,अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है:कृष्ण बिहारी राय

डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा

गाजीपुर। जनसंघ संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में नगर स्थित रायल पैलेस में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आज़ादी के बाद गठित देश की पहली सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्पष्ट संकल्प था कि भारत शीघ्र ही अपने प्राचीन वैभव, आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि को पुनः प्राप्त करे। उन्होंने अपने अल्प मंत्रित्वकाल में देश के औद्योगिक विकास, सार्वजनिक उपक्रमों की स्थापना तथा जनकल्याणकारी परियोजनाओं की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विषय में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की नीतियों से असहमति के कारण डॉ. मुखर्जी ने मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दिया और राष्ट्रवादी विचारधारा को राजनीतिक स्वर देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवकों के सहयोग से 21 अक्टूबर 1951 को भारतीय जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि वर्ष 1947 से 1950 तक केंद्रीय उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आधुनिक भारत के औद्योगिक ढांचे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, सिंदरी उर्वरक संयंत्र तथा हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट जैसे अनेक महत्वपूर्ण औद्योगिक उपक्रमों को गति देने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प आज साकार हो रहा है, उसकी वैचारिक आधारशिला डॉ. मुखर्जी जैसे दूरदर्शी राष्ट्रनायक ने ही रखी थी।
जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकात्मता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रखर प्रहरी थे। “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष भारत की अखंडता का अमर मंत्र बन गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना, सांस्कृतिक चेतना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए उनका जीवन आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है।
विषय प्रबोधन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, आभार धन्यवाद वरिष्ठ नेता पारसनाथ राय ने तथा संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह,भानुप्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, रामराज बनवासी, रमेश सिंह पप्पू, रामनरेश कुशवाहा,जितेन्द्र नाथ पांडेय, अवधेश राजभर, विष्णु सिंह प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, राजेश राजभर, कार्तिक गुप्ता,शिवशंकर गुप्ता, किरन सिंह, सरोज मिश्रा, संकठा प्रसाद मिश्र,साधना राय, विश्व प्रकाश अकेला, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह,शनि चौरसिया और कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष राजेश सोनकर के आलावा सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, मोर्चा पदाधिकारी सहित वरिष्ठ नेता कार्यकर्ता उपस्थित थे।

डीएम ने जनपद वासियों से की अपील!

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी राजस्व, विकास, पंचायत, कृषि, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सत्यापन के लिए नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। ऐसे में आमजन पूरी सतर्कता बरतें तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं को सरकारी अधिकारी या कर्मचारी बताने पर उसका पहचान पत्र (आई-कार्ड) अवश्य देखें। जिलाधिकारी ने बताया कि लेखपाल, राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सरकारी कार्यों के लिए गांवों एवं मोहल्लों में जाकर सर्वेक्षण, सत्यापन, निरीक्षण तथा जनसमस्याओं के निस्तारण का कार्य करते हैं। यदि कोई व्यक्ति बिना वैध परिचय पत्र के स्वयं को सरकारी कर्मचारी बताकर जानकारी मांगता है अथवा किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसील प्रशासन, पुलिस अथवा जिला प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के पास विभाग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है। जनसामान्य को चाहिए कि किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध कराने से पूर्व संबंधित अधिकारी का परिचय पत्र अवश्य देख लें। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सावधानी आमजन को संभावित धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़े से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है, ताकि जनपद में पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर पीडीए पंचायत का आयोजन, कइयों ने ली सदस्यता

गाजीपुर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के तरफ से
अखिलेश यादव जी के जन्मदिन पर पौधरोपण व पीडीए पंचायत का आयोजन, और सपा की सदस्यता भी दिलाई गई।

गाजीपुर। विधानसभा जमानिया क्षेत्र के देवईथा गांव स्थित अंबेडकर पार्क में बुधवार को समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के तत्वावधान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53 वें जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण एवं पीडीए पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय PDA के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह द्वारा अंबेडकर पार्क में पौधरोपण कर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, गौतम बुद्ध एवं संत रविदास की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण तथा पीडीए की अवधारणा को सशक्त बनाने पर बल दिया। इसके बाद विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम का संचालन सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष तौकीर खान ने किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की नीतियां समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली हैं तथा पीडीए की सोच सामाजिक समरसता एवं समान भागीदारी को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवल किशोर राम ने की। इस अवसर पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, प्रतिनिधि मन्नू सिंह, अल्पसंख्यक सभा के जिलासचिव अकबर उर्फ कल्लू टेंट, कलीम खान, ग्राम प्रधान हाजी गयासुद्दीन खान ,असलम खान पूर्व (प्रधान), कन्हैया राम, ईश्वर दयाल राम, बबलू राम, सपा जिलाउपाध्यक्ष आमिर अली, डॉ समीर सिंह ,पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पलटू राम, प्रवीण यादव, ग्राम प्रधान गयासुद्दीन, रंगनाथ कुशवाहा, मिर्चा प्रधान भोलू खान, प्रदुम्न शाह, सूरज रावत, गुड्डू बीडीसी, शाहनवाज खान,प्रमोद यादव,काशी यादव ,अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।

बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़, हुआ गिरफ्तार

गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे एक शातिर अंतरराज्यीय असलहा तस्कर व लुटेरे को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी अपनी टीम के साथ भटपुरवा मारूफ की बाग-बारा रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक फिसलकर गिरने के बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ सिंह (20) वर्ष निवासी गहमर पट्टी खेलूराय के बाएं पैर में गोली लग गई। उसके साथी मुकेश कुशवाहा (22) निवासी गहमर पट्टी सम्भल राय को भी कुछ दूरी पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर, बिना नंबर की काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल, 700 रुपये नकद, एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

कर्मचारी नेता ने सेवा निर्वित्त होने पर किया सम्मानित

गाजीपुर। बुधवार को संचालन प्रभारी रोडवेज कर्मचारी सं0परिषद व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के सेवा निर्वित्त उपरांत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान समारोह में उपस्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज चार साथियों के साथ एक संगठन के सेनापति सेवानिवृत्त हो रहे, जिसकी कमी दिखाई देगी और उसे पूरा नही किया जा सकता।

अरविंद सिंह संगठन के एक ईमानदार सिपाही हैं और जो भी सरकारी सेवा में आता है उसे एक दिन सेवा निवृत्त होना होता है। सही मायने सम्मान वही है,जो सभी सेवा निवृत्त हुए कर्मियों देयकों का भुगतान संयान्तर्गत कर दिया जाय। वर्तमान परिवेश में अगर कोई शकुशल सेवानिवृत्त हो जाय वो बधाई के पात्र हैं। उनके द्वारा कर्मचारियों से अपील किया की अपने सम्मान के लड़ाई के लिए संगठन को मजबूती प्रदान करें,सेवानिवृत्त होने पर अरविंद कुमार सिंह, राजेंद्र यादव, अरविन्द तिवारी, रामाधार राम को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


सम्मान समारोह में विवेकानंद सिंहा, अभय सिंह, बृजेश राय, मनोज मिश्रा, जय प्रकाश सिंह,प्रदीप सिंह,राजीव राय, सुरजीत सिंह बंशी यादव, सत्य प्रकाश राय, शैलेन्द्र सिंह,आदि लोग मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता दुर्गेश श्रीवास्तव व संचालन विवेकानंद सिन्हा ने किया,

Uttar Pradesh Fast News