All posts by tiwarishivpratap

सांसद अफजाल अंसारी के आवास पर महिलाओं ने जमकर की नारेबाजी

मुहम्मदाबाद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के गिरने से आक्रोशित सैदपुर विधानसभा की महिलाओं ने मंगलवार को साधना राय की अध्यक्षता मे मुहम्मदाबाद अष्ट शहीद पार्क मे दूसरे दिन भी धरना दिया और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के मुहम्मदाबाद स्थित आवास तक जनाक्रोश रैली निकालते हुए आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने सांसद अफजाल अंसारी को नारी शक्ति को सम्मान और अधिकार से वंचित करने का दोषी बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह व अन्य महिलाओं की जोरदार नारेबाजी के बीच सांसद को बाहर निकलकर महिलाओं का विरोध झेलना पड़ा। इसके पश्चात महिलाएं पुनः धरना स्थल शहीद पार्क पहुंचीं और अगले दिन तक के लिए धरना स्थगित कर दिया गया।
इस अवसर पर सपना सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी का प्रश्न है। विपक्ष द्वारा इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध महिलाओं की आकांक्षाओं और उनके स्वाभिमान का अपमान है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को नेतृत्व और सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष महिला सशक्तिकरण की बात तो करता है लेकिन जब अवसर आता है तब महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को उनका उचित अधिकार नहीं मिलेगा तब तक यह जनआंदोलन निरंतर चलता रहेगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूनम मौर्या ने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और अपने सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को दबाने का प्रयास करने वालों को आने वाले समय में जनता करारा जवाब देगी। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री किरन सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत सैदपुर की अध्यक्ष सुशीला सोनकर, शीला सोनकर, दीपमाला श्रीवास्तव सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।

31 मई तक सड़को को करें दुरुस्त:डीएम

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने शहर की विभिन्न सड़कों का किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश।

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख मार्गों में सिचाई विभाग, विकास भवन, पी0जी0कालेज, आदर्श बाजार, नवीन स्टेडियम, आई0टी0आई0 चौराहा होते हुए शास्त्री नगर एवं निर्माणाधीन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने पी0डब्लू डी0 के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मई, 2026 तक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, जिससे नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के विकास एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही, लाखों रुपए किए गए वसूल

गाजीपुर। जनपद में शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पहले दिन 319 वाहनों की जांच हुई, जिसमें 39 वाहन चालकों का नशे में वाहन चलाने पर ड्रिंक एंड ड्राइव में चालान काटा गया। बता दें कि सड़क दुर्घटना में भारी कमी लाये जाने हेतु सोमवार को जनपद के बिरनो टोल प्लाजा पर पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा के निर्देश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात व थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में आठ टीमो का गठन कर बिरनो टोल प्लाजा के आठों लेन सहित अन्य मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चेकिंग किया गया। जिसमें एक राज्य से दूसरे राज्य को जाने वाले वाहन, रोडवेज, चार पहिया वाहन, दो पहिया वाहनों सहित कुल 319 वाहनों को चेक किया गया और 39 वाहन चालक ऐसे मिले हैं जो शराब के नशे में थे, जिनके विरुद्ध एम0वी0 एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही (Drunken Driving) में चालान काटा गया । साथ ही 21 अन्य वाहनों का एम0वी0 एक्ट के तहत कार्यवाही की गई व चार लाख तीस हजार रु0 शमन शुल्क वसूल किया गया व प्रवर्तन/ चालान की कार्यवाही की गयी।

महिलाओं ने सांसदों को जमकर कोसा, लगाए नारे

मुहम्मदाबाद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोधी विपक्षी सांसद के विरोध के क्रम में जिले के सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ महिला जनाक्रोश सोमवार को जखनियां विधानसभा भाजपा महिला मोर्चा द्वारा शहीद पार्क मुहम्मदाबाद में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की नेता गोदावरी राजभर ने शहीद पार्क मुहम्मदाबाद में धरना देते हुए विपक्षी सांसद को जमकर कोसा और कहा कि महिलाओं को अधिकार और सम्मान देने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दलों ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा उत्पन्न करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है और महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उज्ज्वला योजना, मातृत्व वंदना योजना तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे फैसलों ने महिलाओं के आत्मविश्वास को नई शक्ति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। संचालन जिला मंत्री किरन सिंह ने किया। धरना प्रदर्शन को बुच्ची बिंद, शकुंतला जायसवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर रीना सिंह, मंजू सिंह, पुष्पा आदि सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रही।

भाजपा बूथ प्रबंधन व जिला प्रशिक्षण वर्ग संचालन समिति की हुई बैठक

गाजीपुर। भाजपा बूथ प्रबंधन व जिला प्रशिक्षण वर्ग संचालन समिति की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय छावनी लाइन पर अलग-अलग जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में हुई। 17-18 मई को नगर के नन्द रेजिडेंसी सभागार में रात्रि प्रवास के साथ सुव्यवस्थित होने वाली दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के संचालन हेतु गठित समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए वर्ग प्रभारी केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कौशलेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि व्यवस्था के निमित्त जो भी कार्यकर्ता व पदाधिकारी लगे हैं, वे अपने करणीय कार्य को समझते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ लग जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक और कार्यकुशल विकास का माध्यम है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति और जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों की जानकारी मिलती है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत होता है।


जिला प्रभारी डा. राकेश त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का आधार है और प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास तथा नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए अनुशासन, समर्पण और समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है। आगामी प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में पंजीकरण, बौद्धिक सत्र, अतिथि वक्ता, आवास, मंच सभागार, सुरक्षा, परिवहन आदि सभी विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, भानुप्रताप सिंह, सुनील सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, प्रवीण सिंह, शशिकांत शर्मा, राजेश भारद्वाज, अच्छेलाल गुप्ता, सुमित तिवारी, विष्णु प्रताप सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र,सशांक राय, सुरेश बिंद, सुमन बिंद,शनि चौरसिया आदि उपस्थित रहे।

संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, रोका वेतन

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में 50 लाख से अधिक की परियोजना, सांसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, पूर्वांचल विकास निधि त्वरित/आर्थिक, क्रिटिकल गैप्स, विभिन्न विभागो लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माण किये जा रहे सड़को की समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।


  बैठक में जिलाधिकारी ने आवास विकास परिषद निर्माण खण्ड वाराणसी प्रथम, सीएनडीएस जल निगम जौनपुर, उ0प्र0 जल निगम शहरी गाजीपुर, लोक निर्माण विभाग गाजीपुर, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग उ0प्र0, सिंचाई निर्माण खण्ड वाराणसी, सीएलडीएफ गाजीपुर, यूपी सिडको गाजीपुर, उ0प्र0 प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लि0 वाराणसी, उ0प्र0 राजकीय निर्माण निगम लि0 आजमगढ इकाई, राजकीय निर्माण निगम लि0 वाराणसी इकाई-1, राजकीय निर्माण निगम लि0 वाराणसी-2/भदोही, उ0प्र0 राज्य निर्माण सहकारी संघ लि0 वाराणसी-2 (पैकफेड), देवकली पम्प कैनाल प्रखण्ड प्रथम गाजीपुर, लघु डाल नहर खण्ड गाजीपुर एवं उ0प्र0 राज्य सेतु निगम लि0 वाराणसी कार्यदायी संस्थाओ द्वारा कराये जा रहे कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया जितने अधूरे कार्य है समय से पूरा कर लिया जाय, जिन अधिकारियों की डयूटी लगाई गई हे वह प्रत्येक दशा मेें 15-15 दिन पर निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराए। जनपद में विद्युत की समस्या लगातार आ रही जिसपर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिये कि बिल के साथ विद्युत की किसी भी प्रकार की समस्या हो, प्रत्येक दशा में निस्तारण तत्काल करायी जाय, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम नगरी समीक्षा के उपरान्त बैठक में अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।


बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जनपद मे निर्माण के अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी ली तथा उच्चाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगंे। जो भी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उसको सम्बन्धित विभागो को हैण्डओवर कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी, अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित थे ।

भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’ के समय में बदलाव

भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’ के समय में बदलाव

अब सुबह 6 से रात 10 बजे तक शहर में प्रवेश वर्जित


गाजीपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी नए आदेश के अनुसार, अब शहर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश (नो-एंट्री) के समय को बढ़ा दिया गया है। पहले भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय सुबह 08:00 बजे से रात 09:00 बजे तक था। लेकिन सुबह के समय स्कूली वाहनों की अधिक आवाजाही और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने इस समय सीमा में बदलाव किया है। अब शहर में भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 06:00 बजे से रात 10:00 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में प्रवेश करने वाले छह मुख्य रास्तों पर यह नई व्यवस्था कड़ाई से लागू की जाएगी, जिनमें आलमपट्टी चौराहा, जमानिया मोड़ तिराहा, पी.जी. कॉलेज चौराहा, महाराजगंज हाईवे तिराहा, मिरनपुर शक्का तिराहा, बद्री चन्द को पोखरा चौराहा शामिल हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह नया ट्रैफिक प्लान 12 मई से प्रभावी रूप से लागू कर दिया जाएगा। एसपी ने आम जनमानस से इस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

    शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से मिलेगा निजात

    गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार को जनपद के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की लोक निर्माण विभाग की  कार्ययोजना बनाये जाने हेतु बैठक राइफल क्लब में सम्पन्न हुई। बैठक में सभी सातों विधान सभा क्षेत्रों के लिए मार्गों के चौडीकरण एवं सुदृढीकरण, नव निर्माण व सेतु कार्यों हेतु विधानसभावार चर्चा की गयी। जिसमें विगत वित्तीय वर्ष के लिए अनुमोदित की गयी कार्य योजना के अस्वीकृत कार्यों को सम्मिलित करते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में दिये गये नये कार्यों को सम्मिलित किये जाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विधानस‌भा क्षेत्रो में समान रूप से कार्य प्रस्तावित किये जायें, जिससे जनपद का सर्वांगीढ़ विकास किया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गये समस्त कार्यों का शीघ्र ही स्थलीय निरीक्षण करके कार्ययोजना को अन्तिम रूप दे दिया जाये। यह भी निर्देश दिये राये कि शहर की क्षतिग्रस्त सडकों की मरम्मत के लिए मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को अर्द्धशासकीय पत्र भेजकर विशेष पैकेज की माँग की जाये, जिससे गाज़ीपुर की जनता को शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से निजात मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, विधायक ओमप्रकाश सिंह,  जैकिसुन साहू व मन्नू अंसारी तथा विधायक -जखनियाँ, जहूराबाद व सैदपुर के प्रतिनिधि, एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि व सांसद अफजाल अंसारी के प्रतिनिधि सहित लोक निर्माण विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

    कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर कार्यशाला का आयोजन


    कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर कार्यशाला का सफल आयोजन


    गाजीपुर। सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स द्वारा कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला का सफल आयोजन Mount Litera Zee School  में रविवार को किया गया। कार्यशाला का संचालन सीबीएसई के प्रतिष्ठित प्रशिक्षक Rajesh Karkoon और ज्योति राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने शिक्षकों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी उपयोग, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों तथा 21वीं सदी की शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण कौशल विकसित करने पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।


    इस अवसर पर जनपद के विभिन्न सीबीएसई विद्यालय माउंट लिटेरा, वेद इंटेरनेशनल स्कूल, सनबीम स्कूल, शाह फैज़ पब्लिक स्कूल, ए के इंटरनेशनल स्कूल, डालिम्स स्कूल, MRD पब्लिक, ब्लॉस्सोंम अकादमी, चांदनी पब्लिक स्कूल, देवभूमि पब्लिक स्कूल, अर्श पब्लिक स्कूल, सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्राचार्य, रितेश कुमार मिश्रा, ज्योति राय, सपना राय, विनय सिंह, प्रवीन पियूष राय एवं शशिद्र वर्मा तथा शिक्षक, राजन गुप्ता, गोविन्द सिंह, अंजलि त्रिपाठी, ख़ुशी सिंह, गरिमा मिश्रा, पल्लवी मिश्रा, आरती पाठक, ब्रिज मोहन तिवारी, अरविन्द सर उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।


    कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रयोग, तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता तथा डिजिटल शिक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यशाला में एल्गोरिथमिक सोच, तार्किक विश्लेषण, डेटा प्रबंधन एवं शिक्षण में एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विशेष चर्चा की गई। संवादात्मक गतिविधियों एवं व्यावहारिक सत्रों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रभावी एवं प्रेरणादायक बनाया।


    यह कार्यक्रम शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षिक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    कार्यक्रम समाप्ति के दौरान काशी सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के कोषाध्यक्ष व वेद इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा  ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगो का आभार व्यक्त किया।

    भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही के रास्ते पर चल रही है:जिलाध्यक्ष

    गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय डॉ लोहिया -मुलायम सिंह यादव भवन पर आयोजित हुई।
    इस बैठक में मतदाता सूची में छूटे नाम को जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को आह्वान किया गया। कटरिया कांड में निर्दोष जेल भेजे गये कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करने और प्रतिनिधि मंडल पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग किया।
    बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से सांगठनिक कार्यों में तन-मन-धन से जुटने की अपील किया और कहा भाजपा सरकार अराजक हो चुकी है। इसके संरक्षित अपराधी लूट पाट और बलवा कर रहे हैं। चारों तरफ जंगलराज है । न कानून का खौफ है न पुलिस का डर। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। तहसील और थाने वसूली के केंद्र बन गये है।
    उन्होंने कहा भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। जनसमस्याओं से इसका कुछ भी लेना-देना नहीं है। जनसमस्याओं को हल न कर यह सरकार इंसानी जज्बातों से खेल रही है।जनता के हक अधिकार की चिंता न कर पूंजीपतियों और अपनी तिजोरी भरने में लिप्त है यह सरकार।इस सरकार के पास जनता की भलाई और उसकी खुशी के लिए कोई योजना नहीं है वह केवल साम्प्रदायिक कार्ड खेलकर ऐन-केन-प्रकारेण सत्ता में बने रहना चाहती है। जनता इनके खेल को समझ चुकी है, इनके द्वारा किए जा रहे चुनावी कदाचार की भी पोल पट्टी जनता जान चुकी है। यह सरकार लोकतंत्र के साथ घिनौना खेल खेल रही है। आने वाले लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव में इनकी बिदाई तय है।
    इस बैठक में मुख्य रूप से डा. विरेन्द्र यादव,विधायक जै किशन साहू, रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव,मदन यादव, आजाद राय, रविन्द्र प्रताप यादव, मुन्नीलाल राजभर, अशोक कुमार बिन्द, रामजन्म चौहान, जमुना यादव आदि मौजूद थे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया