जिला जज ने डीएम-एसपी के साथ जिला जेल और किशोर गृह का किया निरीक्षण

गाजीपुर। जनपद में कारागार एवं किशोर गृहों में रह रहे बंदियों/किशोरों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा द्वारा जिला कारागार एवं राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का औचक निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदियों से संवाद स्थापित कर उन्हें मिल रही सुविधाओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।

जिला कारागार में अधिकारियों द्वारा विभिन्न बैरकों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा जेल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने एवं नियमित चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वहां निवासरत किशोरों से उनके स्वास्थ्य, भोजन, शिक्षा, रहन-सहन एवं उपलब्ध अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

अधिकारियों ने किशोरों की देखभाल एवं उनके पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिला जज, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान सी0जे0एम0 नूतन द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड़ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पूर्व मंत्री के पहल पर हुआ समस्या का समाधान, डीएम से मिला आश्वासन

पूर्व मंत्री विजय मिश्रा की पहल पर जिलाधिकारी से मिला गोंड-खरवार समाज का प्रतिनिधिमंडल, एसटी प्रमाण पत्र जारी करने का मिला आश्वासन

गाजीपुर। गोंड एवं खरवार समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को समाज का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मिलकर उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हमारे समाज के लोग पूर्व मंत्री विजय मिश्रा से मिले थे। उन्होंने समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी से बातकर समस्या का निराकरण कराने और हम सब को मिलने का समय दिलवाया। जिलाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जिले की सभी तहसीलों में पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार एसटी जाति प्रमाण पत्र जारी कराया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से गोविंद खरवार एवं संजय गोंड ने कहा कि पूर्व में भी गाज़ीपुर के अलावा आसपास के जनपदों में गोंड-खरवार समाज के लोगों को एसटी जाति प्रमाण पत्र जारी हो रहा था। उस समय भी समाज की मदद करते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी से बातकर गाजीपुर में भी प्रमाण पत्र जारी करवाने का काम किया था। वर्तमान में तहसील स्तर पर कुछ अधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र जारी नही किया जा रहा है। यहाँ तक जिनके माता पिता का प्रमाण पत्र पूर्व में जारी हो चुका है उनके बच्चों का भी प्रमाण पत्र जारी नही कर रहे है जिससे उन्हें शिक्षा एवं नौकरी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर समाज ने पुनः पूर्व मंत्री विजय मिश्रा से मुलाकात की, जिन्होंने उनकी पीड़ा को समझते हुए जिलाधिकारी से वार्ता कर समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि पात्र लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। समाज के लोगों ने पूर्व मंत्री विजय मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा समाज के दुख-दर्द को अपना समझकर सहयोग करते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में गोविंद खरवार, संजय गोंड, राजदेव खरवार, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश खरवार, अरुण खरवार, संतोष खरवार, मुन्ना खरवार, जयश्री प्रसाद, सैदपुर तहसील अध्यक्ष अखिलेश गोंड, विशाल गोंड, बुल्लू गोंड एवं कुंवर गोंड सहित गोंड-खरवार समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

खिलाडियों को अधिक से अधिक सुविधा मुहैया कराने के लिए डीएम ने दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी, जिसमें जिले में खेलो एवं खिलाडियों को बढ़ावा देने एवं जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की आय को बढ़ाने हेतु आबकारी विभाग, खनन विभाग, शस्त्र विभाग, संस्थाओं, राइस मिलों एवं क्लबो द्वारा कुछ धनराशि जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति में जमा करने हेतु प्रेरित किया गया जिससे खिलाडियों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान की जा सके। इसके अतिरिक्त नवीन स्टेडियम छावनी लाइन में प्रतिदिन अभ्यास करने वाले खि़लाड़ियों हेतु पेयजल की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा कराये जाने हेतु निर्देश दिया गया साथ ही शौचालय एवं चेंजिंग रूम बालक/बालिका हेतु आगणन तैयार करने हेतु यू०पी०सी०एल० वाराणसी को निर्देश दिया गया।

जनपद के विभिन्न खेलो के उदयीमान खिलाड़ियो को इक्यूपमेण्ट/खेल किट/पोषक आहार हेतु सहायता दिये जाने का निर्देश दिया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी को तहसील खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति का रजिस्ट्रेशन कराने का आदेश दिया गया। बैठक में वेद सिंह चौहान अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) गाजीपुर, जिला अर्थ संख्या अधिकारी गाजीपुर, राजेश त्रिपाठी जिला आबकारी अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, दिलीप कुमार जिला युवा कल्याण अधिकारी गाजीपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रेमचंद चौहान डी०ए०ओ० (चिकित्सा विभाग) गाजीपुर , उपासना वर्मा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर, पूजा सिंह जे०ई० नगर पालिका, आदित्य कुमार वन अधिकारी गाजीपुर, अश्वनी कुमार राय जिला व्यायाम शिक्षक गाजीपुर, अमित राय जिला सचिव ओलिंपिक संघ गाजीपुर, मो0मोईन संयुक्त सचिव फुटबाल संघ गाजीपुर साथ ही सभी खेलो के प्रशिक्षक एवं समिति के अन्य अधिकारी/पदाधिकारी उपस्थित थे।

चर्चित विनीत राय हत्याकांड:दो भाई गिरफ्तार

गाजीपुर। जनपद के चर्चित विनीत राय हत्याकांड जो 29 मई को हुई थी । पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश शंकर पांडे के सगे भाई बताए जा रहे हैं। इस गिरफ्तारी को पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या के संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 365/2026 (धारा 103(1), 191(2), 3(5), 61(2) बीएनएस) में प्रकाश में आए दोनों आरोपियों को सोमवार को कोतवाली प्रभारी और उपनिरीक्षक शिवकांत मिश्रा द्वारा गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पांडे (23 वर्ष) और सत्यप्रकाश पांडे उर्फ मुनि (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों गौसाबाद, थाना कोतवाली के निवासी हैं तथा रविशंकर पांडे उर्फ रवि शेखर पांडे के पुत्र हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे के सगे भाई हैं।

गौरतलब है कि विनीत राय हत्याकांड के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब उनसे पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश, घटना में अन्य लोगों की भूमिका तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी ऐसे परिवार से जुड़े हैं, जिसका नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। उनके भाई शंकर पांडे पर पुलिस द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। ऐसे में इस गिरफ्तारी को पुलिस की अपराधियों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की एक अहम कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना को आगे बढ़ाते हुए अन्य संभावित आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

सपा ने मनाई दानवीर भामाशाह की जयंती

गाजीपुर। सोमवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर दानवीर भामाशाह की जयंती मनाई गई।
गोष्ठी आरंभ होने के पुर्व पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश एवं समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने भामाशाह को दानवीर और कुशल योद्धा बताते हुए कहा कि उनका जीवन,असीम त्याग, राष्ट्रभक्ति और निस्वार्थ दान का अद्वितीय उदाहरण है। युद्ध के दौरान जब महाराणा प्रताप जी को धन का अभाव हो गया,युद्ध संचालित करने में दिक्कत पैदा होने लगी उस वक्त भामाशाह जी ने अपनी पूरी व्यक्तिगत सम्पत्ति बिना किसी लालच के समर्पित कर दी थी, तब इस पैसे से महाराणा प्रताप जी ने अपनी सेना को पुनर्गठित कर मुगलों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखा। सदर विधायक जै किशन साहू ने इस गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए अयोध्या में चढ़ावा चोरी,जन-धन की लूट और कोरोना काल में सरकार द्वारा बनाए गये पी एम केयर्स के माध्यम से एकत्रित किये गये धन में हुए घोटाले एवं हेराफेरी की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को दानवीर भामाशाह के जीवन से सबको लेकर जनता के हित में कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में सरकारी सम्पत्ति लूटी जा रही है और अपनी तिजोरी भरी जा रही है दूसरी तरफ भामाशाह ने अपनी तिजोरी देश के लिए खोल दी थी। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी को देश के लिए शर्मनाक बताया,इस घटिया हरकत से साधु संत, रामभक्त अपने को ठगा सा महसूस कर रहें हैं। इस घटना से देश की गर्दन दुनिया के सामने झुकी है। उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच करा कर दोषी जनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भाजपा सरकार से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा की मांग किया।
इस गोष्ठी में मुख्य रूप से लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, प्रदेश सचिव सुशील जायसवाल, रविन्द्र प्रताप यादव, अमित ठाकुर, जुम्मन भाई,सदानंद यादव,सुरेन्द्र जायसवाल,विजय शंकर यादव,कमलेश यादव, जयराम भारती, शेर अली राईन, परवेज अहमद आदि मौजूद थे।
इस गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

राज्यसभा सांसद और भाजपा नेताओं ने किया सरोज कुशवाहा का भव्य स्वागत

गाजीपुर। भाजपा महिला मोर्चा की नव नियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सोमवार को पद ग्रहण करने के बाद अपने गृह जनपद गाजीपुर पहुंची। वाराणसी के रास्ते गाज़ीपुर पहुंचते ही भाजपा नेता डा विजय यादव,माया सिंह ,प्रिती गुप्ता,विश्व प्रकाश अकेला आदि ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल माला स्मृति चिन्ह से भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने काफिले के साथ जिले मे सैदपुर बाजार स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वागत किया। जहां नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,नगर पंचायत अध्यक्ष शशि सोनकर,अचल सिंह,विजय यादव, श्याम कुवर मौर्य,विनोद अग्रवाल,सुधीर पटेल आदि ने माल्यार्पण कर पुष्प गुच्छ देकर स्वागत गया। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने पियरी, देवकली, नन्दगंज, महाराजगंज व लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में जगह जगह ढोल नगाड़े के साथ फूल माला से जोरदार स्वागत अभिनन्दन किया गया।
इस अवसर पर सरोज कुशवाहा ने कहा कि यह दायित्व मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ मुझे यह दायित्व सौंपा है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन की मजबूती के लिए पूरी ऊर्जा से कार्य करेंगी। उन्होंने स्वागत एवं अभिनंदन के लिए जिले के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और विश्वास उन्हें संगठन के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत ने सरोज कुशवाहा के आवास पर पहुंच कर नव दायित्व की उनको बधाई देते हुए स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अवधेश राजभर, जिला उपाध्यक्ष सुधाकर कुशवाहा, अविनाश सिंह, हर्षित सिंह, मीरा श्रीवास्तव, कार्तिक गुप्ता, पूनम मौर्या सुनील गुप्ता, धर्मेन्द्र कुशवाहा,निमेष पांडेय आदि उपस्थित थे।

भामाशाह के जन्मदिवस पर सांसद ने किया उद्यमियों को सम्मानित

गाजीपुर। दानवीर भामाशाह के जन्म दिवस के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सभा सांसद संगीता बलवंत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। राज्य सभा सांसद डा0 संगीता बलवंती ने  दानवीर भामाशाह के दिवस के अवसर पर व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि व्यापारी देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था में टैक्स के माध्यम से सहयोग कर  रहे हैं तथा जनपद में व्यापारी जो उद्योग स्थापित कर रहे हैं वह अपने उद्योग में सफल रहे ।

उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर जिन व्यापारियों को किसी भी प्रकार की समस्याएं होती हैं तो उसका निराकरण तत्काल प्रशासन द्वारा किया जाता है । आप लोग अपने व्यापार को बढ़ाएं और अपनी आय दोगुनी करें। आपके द्वारा जनपद मे ऐसे छोटे व्यापारी बिजनेस कर लाभ प्राप्त करे यही भामाशाह के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि भामाशाह जी का जन्म ओसवाल जैन परिवार में हुआ था उनके पिता भारमल कावेडिया रणथंभौर किले के गढपति थे, महाराणा प्रताप के द्वारा भामाशाह के निष्ठा पूर्वक सहयोग से शक्ति का गठन हुआ था। इन्होंने कोषाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया था। इन्होंने राज्य के कल्याण के लिए अपनी सारी संपत्ति निष्ठा पूर्वक अर्पित कर दी थी। भामाशाह का वित्तीय और सैन्य समर्थन भारतीय इतिहास में समर्पण निष्ठा और देशभक्ति का अनुपम प्रतीक है।

भामाशाह के निष्ठा पूर्ण सहयोग से मुगलों से भीषण युद्ध कर पुनः राज्य प्राप्त किया था। उन्होने कहा कि भामाशाह ने महाराणा प्रताप के साथ मिलकर उनकी सहायता की थी, उन्होंने जो दान दिया था उससे महाराणा प्रताप ने कई सालों तक अपने सैनिकों को वेतन देते रहे हैं। भामाशाह बहुत ही नेक इंसान थे। आज व्यापारी कल्याण दिवस जो मनाया जा रहा है और सभी व्यापारियों को सम्मानित किया जा रहा है यह उन्हीं की ही देन है।


दानवीर भामाशाह की जयंती पर औद्योगिक विकास द्वारा जनपद में पूॅजी निवेश करने वाले उद्यमियों  को प्रसस्ति देकर सम्मानित  किया गया। कार्याक्रम के दौरान उपायुक्त राज्य कर गाजीपुर ने अध्यक्ष नगर पलिका परिषद सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी अधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए दानवीर भामाशाह के विषय में विस्तृत जानकारी दी । कार्यक्रम में जी एम डी आई सी, जनपद के उद्यमी, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित थे।

डीएम ने विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट कक्ष (निर्वतन कक्ष) में विशेष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों के लिए जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी  ने एक जुलाई से शुरू होने वाले अभियान की तैयारियों और अब तक की गई गतिविधियों की गहन समीक्षा की।  


बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग करने और अभियान को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को निर्देशित किया कि अभियान में किसी तरह की लापरवाही क्षम्य नही होनी होगी। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों खासकर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की साफ-सफाई, जल जमाव की स्थिति व गंदगी पैदा न होने देना आदि जनमानस से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण पर विशेष रूप से ज़ोर दिया जाना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल होना बहुत जरूरी है।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद,  डाक्टर ए के शाही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गाजीपुर, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस विभाग, कृषि विभाग, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

इमाम हुसैन की याद में निकालते हैं ताजिया और घोड़ा: डॉ. आजम क़ादरी

गाजीपुर। मुस्लिम समाज में मोहर्रम गम के त्यौहार के रूप में मनाया जाता है जो एक मोहर्रम से शुरू होकर 10 मोहरम तक चलता है। इसी 10 मोहरम को जनपद के विभिन्न इलाकों से सैकड़ो ताजिया निकाल कर अपने अपने इमामबाड़े में दफन किया जाता है। जिसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के मुकम्मल व्यवस्था करने का दावा भी किया जाता है जिसको लेकर गाजीपुर में भी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद रूट मार्च किया और ताजिया वाले मार्गों पर पुलिस की विशेष व्यवस्था लगाई गई ताकि किसी को भी कोई दिक्कत ना हो।

10 मुहर्रम को एक ऐसी घटना हुई थी, जिसका विश्व इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। इराक स्थित कर्बला में हुई यह घटना दरअसल सत्य के लिए जान न्योछावर कर देने की जिंदा मिसाल है। इस घटना में हजरत मुहम्मद के नवासे (नाती) हजरत हुसैन को शहीद कर दिया गया था। कर्बला की घटना अपने आप में बड़ी विभत्स और निंदनीय है। बुजुर्ग कहते हैं कि इसे याद करते हुए भी हमें हजरत मुहम्मद का तरीका अपनाना चाहिए। जबकि आज आमजन को दीन की जानकारी न के बराबर है।

अल्लाह के रसूल वाले तरीकोंसे लोग वाकिफ नहीं हैं। आज जनपद गाजीपुर में 10 मोहर्रम के अवसर पर जनपद में अलग-अलग जगहों पर अलग अलग कमेटियों के ताजिया चारों के द्वारा मोहर्रम का जुलूस निकाला गया जो अपने तय मार्गो से घूमते हुए इमाम बाड़े तक पहुंचा। इस अवसर पर मुस्लिम समाज से जुड़े लोगों ने मातम भी करते हुए नजर आए मातम के बाद इन लोगों ने इमाम बाड़े में ताजिया को दफन करने का काम किया।

नगर क्षेत्र के विशेश्वरगंज स्थित इमामबाड़े में भी ताजिया दफन करने का कार्य किया गया लेकिन इस ताजिया में भी अनोखापन देखने को मिला कि जहां ताजिया की लंबाई काफी कम रही वहीं ताजिया के आगे घोड़ा भी चलते हुए नजर आया। इसको लेकर ताजियादार कमेटी के सदस्य डॉक्टर आजम कादरी ने बताया कि जंग में इमाम हुसैन के साथ ही उनके घोड़े की भी शहादत हुई थी इसलिए हम लोग इमाम हुसैन की याद में ताजिया निकालने के साथ ही दुलदुल का घोड़ा भी निकालते हैं।

जानकार बताते हैं कि ताजिया के दफन करने के बाद जहां मोहर्रम का पर्व खत्म हो जाता है वही शिया समाज में गमों का यह त्यौहार अगले 40 दिनों तक चलता रहता है।

महिला पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 5 जुलाई

गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2026 -27 में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में स्नातक/ स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में ऑनलाइन प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून से बढ़कर 5 जुलाई 2026 कर दी गई है। महाविद्यालय में चार संकायों; विज्ञान संकाय, भाषा संकाय, ललित और प्रदर्शन कलासंकाय सामाजिक विज्ञान तथा मानविकी संकाय के तहत कुल 22 विषय संचालित हैं। विज्ञान संकाय के अंतर्गत रसायन विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, जंतु विज्ञान एवं वनस्पति विज्ञान में बीएससी के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। ललित और प्रदर्शन कला संकाय के अंतर्गत चित्रकला और संगीत विषय में स्नातक स्तर पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। भाषा संकाय के अंतर्गत महाविद्यालय में हिंदी, संस्कृत उर्दू और अंग्रेजी में स्नातक स्तर पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के तहत मानव शास्त्र, इतिहास, प्राचीन इतिहास, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, समाजशास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं गृह विज्ञान में स्नातक स्तर पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। परास्नातक स्तर पर वनस्पति विज्ञान में एमएससी तथा हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, प्राचीन इतिहास, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, गृहविज्ञान में एम ए के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।
महाविद्यालय में स्नातक नवप्रवेश बी ए/बी एस सी हेतु ऑनलाइन आवेदन के मेरिटलिस्ट के अनुसार संपन्न होगा। बीए /बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की इच्छुक सभी छात्राएं अपना ऑनलाइन आवेदन तत्काल महाविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से भरना सुनिश्चित करें।स्नातक बी ए/बी एस सी प्रवेश हेतु मेरिट लिस्ट 6 जुलाई को जारी होगी तथा काउंसलिंग प्रक्रिया 8 जुलाई 2026 से प्रस्तावित है। काउंसलिंग के समय ही विद्यार्थी को प्रवेश विषय आवंटन के साथ साथ समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण भी पूर्ण कराया जाएगा। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार
छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाई स्कूल- इंटरमीडिएट के अंक पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग हेतु तैयार रहें। छात्राएं एवं अभिभावक महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें एवं किसी भी जिज्ञासा के लिए दिए हुए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयो में प्रवेश अब संबंधित विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही होगा। उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन द्वारा स्नातक/ स्नातकोत्तर प्रवेश हेतु 25 जुलाई 2026 अंतिम तिथि के रूप में निर्धारित की गई है। परास्नातक एमए/ एमएसी में प्रवेश पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा स्नातक अंतिम वर्ष के सभी विषयों के परिणाम जारी होने के एक सप्ताह के बाद ही संपन्न होगा। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी के अनुसार महाविद्यालय पूर्वांचल विश्वविद्यालय एवं उच्च शिक्षा विभाग के शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार जुलाई माह तक अपना समस्त प्रवेश कार्य पूर्ण कर लेगा।

Uttar Pradesh Fast News