All posts by tiwarishivpratap

भारत माता और वंदे मातरम् के नारों के साथ निकली तिरंगा यात्रा

मोहम्मदाबाद के भांवरकोल द्वितीय मंडल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा क्षेत्र, शहीदों के बलिदान को किया नमन

गाजीपुर। मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के भांवरकोल द्वितीय मंडल में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ शेरपुर खुर्द स्थित डॉ. शहीद शिवपूजन राय के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मोटरसाइकिलों पर सवार कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रभक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का समापन शेरपुर कला स्थित शहीद बाग में हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि भारत को कमजोर करने के लिए विदेशी शक्तियों द्वारा मुगल काल से लेकर अंग्रेजी शासन और स्वतंत्र भारत तक अलग-अलग समय में षड्यंत्र किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद तथा भारत की प्रगति और समृद्धि में बाधा डालने वाली शक्तियां आज भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की मजबूत सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा। श्री मिश्र ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमें वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए भारत को और अधिक मजबूत, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख आनंद राय मुन्ना, पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश राय, मंडल अध्यक्ष रोशन कुशवाहा, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश राय, रोशन राम, विनोद राम, अनूप राय एवं  आलोक राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

किडनैपिंग केस का 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गाजीपुर। जिले में पुलिस और बदमाश के बीच रविवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। मोहम्मदाबाद के चर्चित किडनैपिंग केस में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजयी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाने की संयुक्त टीम देर रात गौसपुर हवाई पट्टी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ की तरफ से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया और गौसपुर हवाई पट्टी के पास उन्हें घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजयी पुत्र छोटेलाल, निवासी बढ़ईपुरा, मोहम्मदाबाद के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाचे बाइक बरामद की गई है।

वहीं, मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार विजयी मोहम्मदाबाद के चर्चित किडनैपिंग मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने की। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सपा ने विधान सभावार मनाई फूलन देवी की जयंती

गाजीपुर। 10 अगस्त को वीरांगना फूलन देवी की जयंती समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में विधान सभावार मनायी गयी। इसी कड़ी नेसमाजवादी पार्टी के सदर विधानसभा के तत्वावधान में सुवापुर गांव स्थित यादव मैरिज हाल मे अन्याय व शोषण के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने वाली सामाजिक न्याय की योद्धा पुर्व सांसद स्व. फुलन देवी की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा वह बहुत ही बहादुर, साहसी होने के साथ साथ संघर्ष की पर्याय थी। लाख जुल्मों सितम सहने के बावजूद वह संघर्ष करते हुए सड़क से उठकर संसद तक का सफर तय किया वह अपने आप में एक ऐतिहासिक मिसाल है। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ लड़ने की जरूरत है और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक जै किशन साहू ने उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जोर और‌ ज़ुल्म के खिलाफ संघर्ष किया है और पीड़ित तथा शोषित के संग खड़ी हुई है। नेता मुलायम सिंह ने उनके साथ हुये अन्याय और ज़ुल्म को देखते हुए अपने शासनकाल में उनके उपर लगे सारे आरोपों को सरसरी तौर पर वापस ले लिया था और उन्हें मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से टिकट देकर लोकसभा में भेजकर सम्मान देने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि आज की सरकार भी ज़ुल्म और अन्याय के रास्ते पर है। बुलडोजर संस्कृति पनप रही है,गरीब सताये जा रहे,उनका घर उजाड़ा जा रहा हैं,चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है।‌‌ गरीबों की कहीं सुनवाई नहीं है। यह सरकार पूंजीपतियों तथा सत्ता संरक्षित अपराधियों को प्रश्रय दे रही है तथा उनका हित संरक्षित करने में व्यस्त हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पुर्व विधायक खुर्शीद अहमद,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सुशील जायसवाल तहसीन अहमद, राहुल निषाद आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी इन्द्रदेव निषाद और संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार बिन्द ने किया।

माउंट लिटेरा जी स्कूल में हुआ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ

गाजीपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ एम०के०सिंह ने सोमवार को माउंट लिटेरा जी स्कूल में बच्चों को पेट के कीड़े (कृमि) निकालने की दवा एल्बेंडाज़ोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया ।
एसीएमओ ने बताया कि जिले में करीब 17 लाख बच्चों और किशोरों को कृमि मुक्ति की दवा यानि पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू हुआ है। इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों और पंजीकृत स्कूलों, ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों और घुमन्तू लोगों को दवा खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी कारण दिवस पर बच्चे दवा नहीं खा पाए हैं उनको मॉपअप राउंड (14 अगस्त) को दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह दवा खाली पेट नहीं खानी है। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली व दो से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को पूरी गोली खिलाई जानी है। छोटे बच्चों को गोली पीसकर देनी है जबकि बड़े बच्चे इसे चबाकर खा सकेंगे।
एसीएमओ ने बताया कि पेट से कीड़े निकलने की दवा एल्बेन्डाजॉल बहुत ही स्वादिष्ट बनाने की कोशिश की जाती है। इससे बच्चे आसानी से खा लेते हैं। कृमि के चक्र को खत्म करने के लिए बेहद जरूरी है कि बच्चे को यह दवा समय समय पर दी जाती है। ऐसा न करने पर बच्चे के शारीरिक व मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को दवा जरूर खिलवाएं।
क्यों खाएं यह दवा – एसीएमओ ने बताया कि बच्चे अक्सर कुछ भी उठाकर मुंह में डाल लेते हैं या फिर नंगे पांव ही स्थानों पर चले जाते हैं। इससे उनके पेट में कीड़े विकसित हो जाते हैं। इसलिए एल्बेंडाज़ोल खाने से यह कीड़े पेट से बाहर हो जाते हैं। अगर यह कीड़े पेट में मौजूद हैं तो बच्चे के आहार का पूरा पोषण कृमि हजम कर जाते हैं। इससे बच्चा शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर होने लगता है। बच्चा धीरे-धीरे खून की कमी (एनीमिया) समेत अनेक बीमारियों से ग्रस्त हो जाता है। कृमि से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए यह दवा एक बेहतर उपाय है। जिन बच्चों के पेट में पहले से कृमि होते हैं उन्हें कई बार कुछ हल्के प्रतिकूल प्रभाव हो सकते हैं। जैसे हल्का चक्कर, थोड़ी घबराहट, सिर दर्द, दस्त, पेट में दर्द, कमजोरी, मितली, उल्टी या भूख लगना। इससे घबराना नहीं है। दो से चार घंटे में स्वतः ही समाप्त हो जाती है। आवश्यकता पड़ने पर आशा या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मदद से चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति दवा बच्चे को कुपोषण, खून की कमी समेत कई प्रकार की दिक्कतों से बचाती है।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार,जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ,जिला सामुदायिक प्रबंधक अनिल वर्मा,अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार व एविडेन्स एक्शन के संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेश के० ने किया ।

डॉ. शशिकांत राय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

शोक सभा: डॉ. शशिकांत राय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर (पी० जी० कॉलेज) प्रांगण में शुक्रवार को महाविद्यालय प्रबंध समिति डिग्री कॉलेज एसोसिएशन, गाजीपुर के अध्यक्ष डॉ. शशिकांत राय के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन के सामने अपराह्न 1:30 बजे आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय डॉ. शशिकांत राय मोहम्मदाबाद तहसील के खरडीहा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने लंबे समय तक स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं। बाद में वे इसी महाविद्यालय के प्राचार्य भी रहे। उनकी विद्वता, प्रशासनिक कुशलता और शिक्षा के प्रति समर्पण को सभा में याद किया गया।पीजी कालेज के प्राचार्य प्रोफ० (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय परिवार इस अपूरणीय क्षति से अत्यंत दुखी है। डॉ० राय सड़क हादसे में जख्मी हो गए थे। लखनऊ में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांसें ली, उनका नहीं रहना अकादमी जगत में बड़ा निर्वात पैदा करेगा। सांयकाल उसके आवास पर पी जी कॉलेज गाजीपुर के सचिव एवं हाई कोर्ट इलाहाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर महाधिवक्ता श्री अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली, किया दीवार लेखन

टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली, किया दीवार लेखन
गाजीपुर। 28 यूपी गर्ल्स बटालियन, वाराणसी की इकाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग शुक्रवार को द्वारा टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं दीवार लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया। रैली के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने “टी.बी. को भगाना है, देश को जगाना है”, “जन-जन का यही है नारा, टी.बी. मुक्त हो देश हमारा”, “टीबी हारेगा, देश जीतेगा”, “ना शर्माना, ना घबराना, टीबी की जांच कराना” तथा “टीबी संबंधित भेदभाव मिटाओ, देश को टीबी मुक्त बनाओ” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को टीबी के प्रति जागरूक किया।


एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट शशिकला जायसवाल के नेतृत्व में रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआबाग, कचहरी एवं ददरी घाट मार्ग से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। रैली के उपरांत कैडेट्स ने महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल पर टी.बी. मुक्त भारत अभियान से संबंधित संदेशों का दीवार लेखन कर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया तथा समय पर जांच एवं उपचार का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कैडेट्स वंशिका राय, शाइस्ता परवीन, काजल, आंचल, अलका, अर्पिता एवं सलोनी सहित अन्य कैडेट्स ने विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर आयोजित रैली एवं दीवार लेखन कार्यक्रम में कुल 58 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

नेशनल हैंडलूम डे पर छत्राओं ने किया हैंडलूम हाउस का शैक्षणिक भ्रमण

गाजीपुर। शुक्रवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग के गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी नेहा कुमारी ने छात्राओं के साथ “नेशनल हैंडलूम डे” पर महुआबाग में स्थित हैंडलूम हाउस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं में हैंडलूम उत्पादों की जानकारी, विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध हथकरघा उत्पाद की कलात्मक-रचनात्मक विशेषताओं की गहन समझ उत्पन्न करना और हथकरघा बुनाई समुदाय का सम्मान करना था।

प्राचार्य डॉ शंभू शरण प्रसाद ने इस प्रयास की प्रशंसा की तथा कहा कि ‘इसका थीम वोकल फॉर लोकल के द्वारा स्थानीय उत्पादों , कारीगरों का समर्थन करना है जिससे कि देश का विकास संभव हो पाएगा यह देश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने का प्रयास है।


हिंदी विभाग से डॉ निरंजन कुमार यादव भी इस भ्रमण में साथ रहे तथा अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि “देश में हैंडलूम हाउस जैसे सरकारी फर्म होने से हमें देश भर की कलात्मक, रचनात्मक उत्पाद एक स्थान पर ही मिल जा रहे है तथा मुझे इस भ्रमण में सम्मिलित होकर बेहद अच्छा लगा। हथकरघा क्षेत्र हमारे देश की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और देश के ग्रामीण तथा अर्ध-ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका का एक महत्वपूर्ण स्रोत है।

प्रभारी नेहा कुमारी ने कहा कि “यह एक ऐसा क्षेत्र भी है जो महिला सशक्तिकरण को प्रत्यक्ष रूप से संबोधित करता है क्योंकि सभी बुनकरों और संबंधित श्रमिकों में 70% से अधिक महिलाएँ हैं। 2015 में भारत सरकार ने हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (National Handloom Day) के रूप में मनाने का निर्णय लिया।


भारत सरकार हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्यक्रम चला रही है, जिनमें कौशल उन्नयन, हथकरघा संवर्धन हेतु सहायक उपकरण प्रदान करना, डिज़ाइनरों की नियुक्ति करना, सब्सिडी प्रदान करना, ऋण उपलब्ध कराना, विद्यार्थियों हेतु सीखने के अवसर के लिए विभिन्न प्रकार की कार्यशालाएँ आयोजित करना, बुनकर मित्रों हेतु हेल्पलाइन नंबर, प्रमाणीकरण, विपणन में सहायता देना, हथकरघा उद्योग में विशेष कार्य हेतु पुरस्कार प्रदान करना, डीजीएचसी की स्थापना तथा शिल्प हथकरघा गाँव की स्थापना करना शामिल है।


छात्राओं में इन उत्पादों का बोध और सम्मान के उद्देश्य से यह जागरूकता शैक्षिक भ्रमण किया गया जिसमें सोमाइला नाज, यासमीन परवीन, रिया जायसवाल, जूही कुमारी ,नाजिया परवीन, पूजा कुशवाहा, सलोनी शर्मा ,अंजली गुप्ता, गरिमा यादव, पूजा मौर्य, निधि सिंह ,शिवानी राय ,प्रतिभा कुमारी,खालिदा खानम एवं बी.ए द्वितीय तथा तृतीय वर्ष गृह विज्ञान की छात्राएं सम्मिलित रहीं।

नशा पूरे परिवार और समाज को करता है प्रभावित:विनोद अग्रवाल

नशा मुक्त युवादृविकसित भारत अभियान में गूंजा युवा संकल्प, पीजी कॉलेज में प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश

गाजीपुर। भारत सरकार के नशा मुक्त युवादृविकसित भारत अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा गुरुवार को पीजी कॉलेज गोराबाजार के परिसर में शुक्रवार को जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवा यदि नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है। प्रतियोगिताओं में लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, भाषण, रंगोली, नारा लेखन एवं चित्रकला जैसी विधाओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। सभी प्रस्तुतियों को निर्णायक मंडल ने सराहा।

प्रतियोगिताओं के विजेताओ में लोकगीत प्रथम, अंकित राजभर एवं टीम, नुक्कड़ नाटक में प्रथम खुशबू एवं टीम कविता पाठ के प्रथम आंचल वर्मा, द्वितीय प्रियांशु यादव, तृतीय प्रतिमा विश्वकर्मा, भाषण में प्रथम कुमारी दीपशिखा, द्वितीय माहजबीन अंसारी, तृतीय आनंदी गुप्ता रंगोली में प्रथम सरिता प्रजापति, द्वितीय खुशी कुशवाहा, नारा लेखन में प्रथम गुंजन कुमारी, द्वितीय स्नेह लता, तृतीय सरिता प्रजापति, चित्रकला प्रथम आकांक्षा शर्मा, द्वितीय रागिनी, तृतीय अंतिमा वर्मा। समापन समारोह को संबोधित करते हुए पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र पांडे ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब उसके साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और नैतिक मूल्यों का भी समावेश हो। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास नशा मुक्ति के प्रति जनजागरण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार का यह अभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक सदस्य देवाशीष प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी प्रोफेसर एसएन मिश्रा प्रोफेसर रवि शंकर आदि ने अपने संबोधन में युवाओं से किसी भी प्रकार के नशा से दूर रहने की अपील की। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन अमरनाथ तिवारी, विद्या निवास पांडे, जीवन राम, परस नाथ सिंह यादव, दिनेश चंद्र शर्मा, राकेश शर्मा, सूबेदार सनेही कुमार  प्रांशु कुमार आदि  ने किया। कार्यक्रम का संचालन अंगद यादव ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि अंत में मेरा युवा भारत के पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक श्री सुभाष चंद्र प्रसाद ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी युवाओं ने नशा मुक्त युवादृविकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

खाद्य पदार्थों के लिए गए पांच नमूने, जांच रिपोर्ट आने पर होगा कार्यवाही

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) के निर्देशन में जनपद में खाद्य पदार्थ आटा की निर्माण इकाईयों व अन्य खाद्य पदार्थ पर विशेष अभियान चलाकर कुल-05 नमूना संग्रहित किया गया, जिसमें  सिंचाई विभाग चौराहा, गाजीपुर स्थित प्रतिष्ठान मेसर्स-वी0मार्ट रिटेल लि0 से वेज मेयोनीज (फन फूड्स ब्राण्ड) का 01 नमूना, विरापह करण्डा गाजीपुर स्थित नरेन्द्र राय के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स-डी0के0आर0 सर्विसेज प्रा0लि0 से गेहू का आटा (विजय गोल्ड ब्राण्ड) का 01 नमूना, कृष्णानगर, जंगीपुर गाजीपुर स्थित सखिचन्द्र सिंह यादव के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स-बाबा विष्वनाथ फ्लोर मिल से गेहू का आटा (राम ब्राण्ड) का 01 नमूना, हरदासपुर खुर्द जखनिया, गाजीपुर स्थित पन्ना लाल के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स-महाकालेश्वर एग्रो इण्डस्ट्रीज से आटा (नीलकण्ठ ब्राण्ड) का 01 नमूना जौहरगंज सैदपुर, गाजीपुर स्थित हरिओम जायसवाल के विनिर्माण प्रतिष्ठान मेसर्स-रैनबो फ्लोर मिल से आटा (अमृतभोग ब्राण्ड) का 01 नमूना संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उ0प्र0 प्रेषित किये जा रहें है, जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही आर0सी0 पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-प्प् गाजीपुर एवं नरेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि,  धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ की टीम द्वारा की गयी।

पुरानी पेंशन लागू करें:-प्रो. वीरेंद्र सिंह

पुरानी पेंशन लागू करें-प्रो. वीरेंद्र सिंह

गाजीपुर। पीजी कॉलेज गोराबाजार में शुक्रवार को कुशलपाल सभागार के सामने शिक्षक संघ के प्रभारी प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राध्यापकों ने एआईएफयूसीटीओ की विभिन्न मांगों के समर्थन में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।

इस मौके पर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. नीतीश भारद्वाज, डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह, डॉ. गोपाल यादव, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. श्रवण कुमार शुक्ला, डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. स्मृति जायसवाल सहित कई अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।

ज्ञापन में मुख्य रूप से नई शिक्षा नीति (NEP) वापस लेने, 8वें वेतन आयोग लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा शिक्षा बजट में वृद्धि करने की मांग की गई। प्रो. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए ताकि शिक्षकों के हित सुरक्षित रहें।