देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा मुद्दाविहीन विपक्ष: पूर्व मंत्री विजय मिश्र

देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा मुद्दाविहीन विपक्ष: पूर्व मंत्री विजय मिश्र

  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद्मश्री और पद्मविभूषण के योग्य, SIR से सामने आई मतदाताओं की वास्तविक संख्याआंदोलन के नाम पर उपद्रव कर रहे राहुल गांधी और विपक्ष, 90 से अधिक चुनाव हारने के बाद उपजी हताशा का परिणाम
  • आंदोलन के नाम पर उपद्रव कर रहे राहुल गांधी और विपक्ष, 90 से अधिक चुनाव हारने के बाद उपजी हताशा का परिणाम

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विजय मिश्र ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और चुनाव आयोग के विरोध में विपक्ष द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में विपक्ष द्वारा जानबूझकर अराजकता का माहौल बनाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है।

चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के कार्य की सराहना

पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि उनकी दृष्टि में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद्मश्री और पद्मविभूषण सम्मान पाने के योग्य हैं। उन्होंने ऐसा ऐतिहासिक कार्य किया है जो अब तक किसी चुनाव आयोग ने नहीं किया था। एसआईआर (SIR) के माध्यम से देश में पहली बार मतदाताओं की वास्तविक संख्या सामने आई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले एक ही व्यक्ति का नाम गांव, शहर और नौकरी करने वाले जनपद यानी दो-दो, तीन-तीन जगहों की मतदाता सूचियों में दर्ज होता था। इसके अलावा विदेशी नाम, रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के फर्जी नाम भी शामिल थे। अब यह सभी दोहरे व अवैध नाम कटकर एक जगह आ गए हैं।

मतदान प्रतिशत में ऐतिहासिक वृद्धि का विश्वास

विजय मिश्र ने कहा कि पहले सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा सहित सभी राजनीतिक दल और चुनाव आयोग बूथों पर शत-प्रतिशत मतदान कराने का भरपूर प्रयास करते थे, फिर भी 60, 65 या 70 प्रतिशत से अधिक वोटिंग नहीं हो पाती थी। इसका मुख्य कारण मतदाता सूची में नामों का दोहराव था, जबकि वास्तविक मतदाता एक ही जगह मौजूद होता था। अब वास्तविक मतदाता संख्या सामने आने से उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में 90 से 95 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज होगा।

विपक्ष पर तीखा प्रहार: ‘मुद्दाविहीन लोग फैला रहे उपद्रव’
भाजपा नेता ने कहा कि वास्तव में यह कोई मुद्दा ही नहीं है, लेकिन मुद्दाविहीन और विचारविहीन विपक्ष जबरन इसे तूल देकर देश में अशांति फैलाना चाहता है। उन्होंने कहा कि यह कोई ‘आंदोलन’ नहीं, बल्कि सरासर ‘उपद्रव’ है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन अपनी बात रखने का माध्यम होता है और सरकार ने हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया है—चाहे किसानों का आंदोलन रहा हो या सीएए (CAA) और नीट (NEET) का विषय, सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अवसर दिया गया। लेकिन जब विपक्ष को संसद या जंतर-मंतर पर समय मिला, तो उन्होंने केवल उपद्रव करने का काम किया।

राहुल गांधी के आचरण पर सवाल

राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का आचरण, व्यवहार और भाषा यह दर्शाती है कि वे कांग्रेस को पूरी तरह समाप्त करने पर आमादा हैं। उन्होंने संसद में जबरन घुसने का प्रयास किया, आकाशवाणी और सर्वोच्च न्यायालय में घुसने की कोशिशें कीं। जब मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट कहा था कि याचिका विचाराधीन है और उस पर सुनवाई होगी, इसके बावजूद उन्होंने न्यायपालिका की मर्यादा का ध्यान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि देश में 90 से अधिक चुनाव हार चुकी कांग्रेस की यह हताशा और निराशा अब उपद्रव के रूप में बाहर आ रही है।

प्रशासनिक व न्यायिक व्यवस्था का उदाहरण

पूर्व मंत्री ने शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकारी फाइलों पर क्लर्क से लेकर सेक्शन अफसर, जॉइंट सेक्रेटरी और प्रमुख सचिव तक भिन्न-भिन्न राय दर्ज करते हैं, जिसके बाद उच्च स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाता है। इसी प्रकार मीडिया में संपादक या अदालतों में जजों की संयुक्त पीठ (बेंच) में विभिन्न मत होते हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं होता कि पूरी व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए जाएं या इस्तीफे मांग लिए जाएं। यह पूरी दुनिया में कार्य करने की सामान्य व पारदर्शी पद्धति है।

अंत में उन्होंने दोहराया कि विपक्ष पूरी तरह दिशाहीन हो चुका है और अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख केवल उपद्रव और अराजकता की राजनीति कर रहा है।

नवरात्रि-दशहरा पर अलर्ट प्रशासन: DM-SP ने किया पैदल रूट मार्च

नवरात्रि-दशहरा को लेकर जमानिया में DM-SP का पैदल रूट मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अराजकता फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, अफवाहों से दूर रहने की अपील

गाजीपुर। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जमानिया तहसील क्षेत्र में पैदल रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

पैदल रूट मार्च कोतवाली जमानिया एवं तहसील परिसर से शुरू होकर नगर पालिका रोड, हॉस्पिटल रोड, लोदीपुर, चौधरी मोहल्ला, कंकड़बाघाट, बलुआ घाट चौराहा तथा बलुआ घाट समेत विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए लोगों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। रूट मार्च में उपजिलाधिकारी जमानिया, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में नजदीकी थाने अथवा तहसील प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि वे प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी भ्रामक सूचना को प्रसारित करने से बचें। अधिकारियों ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ त्योहार मनाकर जनपद में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का आह्वान किया।

मिशन शक्ति 6.0: डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी, महिला सशक्तिकरण के लिए निकली रैली

डीएम और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन का दिया संदेश

गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के अंतर्गत सोमवार को महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर विकास भवन पहुंची।

रैली में पुलिस विभाग की महिला कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सुरक्षा, समानता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

स्कूलों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, 31 अक्टूबर तक चलेगी मुहिम

डेंगू, मलेरिया और दिमागी बुखार से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक, स्कूलों में स्वच्छता पर जोर

गाजीपुर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और सहायता प्राप्त विद्यालयों में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और जल-जनित बीमारियों से बचाव के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के माध्यम से ग्रामीणों को भी स्वच्छता अपनाने और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जागरूकता रैली निकालकर दिया जाएगा स्वच्छता का संदेश

अभियान के अंतर्गत विद्यालयों के छात्र-छात्राएं गांवों और मजरों में जागरूकता रैलियां निकालेंगे। नारों और तख्तियों के माध्यम से लोगों को जलजमाव रोकने, मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण रखने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। दैनिक प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाएगी।

हाथ धोने और विद्यालय परिसर की सफाई पर जोर

विद्यालयों में मध्याह्न भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से सही तरीके से हाथ धोने का अभ्यास कराया जाएगा। विद्यालय परिसर, रसोईघर, पेयजल स्रोत और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर और आसपास कहीं भी खुले में पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।

बुखार के लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार के निर्देश

अभियान के दौरान आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के सहयोग से बच्चों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जाएगी। किसी विद्यार्थी में बुखार या संचारी रोग के अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी प्राथमिक अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों को अभियान पूरी निष्ठा के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों से कहा गया है कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को घर तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रेरित करें। अभियान का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही समुदाय में संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यालयों में रोज होंगी विशेष गतिविधियां

मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यालयों में रोज होंगी विशेष गतिविधियां, बालिकाओं को मिलेगा सुरक्षा और स्वावलंबन का पाठ

11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, बैंकिंग से लेकर साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा का दिया जाएगा प्रशिक्षण

गाजीपुर। जनपद में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति विशेष अभियान के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रतिदिन विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शारदीय नवरात्र के अवसर पर 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान की विस्तृत कार्ययोजना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी कर दी है।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जारी कार्ययोजना के तहत बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, वित्तीय साक्षरता और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

तिथिवार आयोजित होंगी गतिविधियां

कार्ययोजना के अनुसार 11 अक्टूबर को विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन 181 सहित विभिन्न सहायता नंबरों के पोस्टर प्रदर्शित कर बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। 12 अक्टूबर को बाल अधिकारों पर नुक्कड़ नाटक और स्लोगनयुक्त तख्तियों के साथ जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी।

13 अक्टूबर को बालिकाओं को विद्यालय, ब्लॉक, तहसील, जिला एवं मंडल स्तर पर प्रमुख पदों की कार्यप्रणाली समझने का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। 14 अक्टूबर को मदर मेला, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, सेनेटरी पैड के सुरक्षित इस्तेमाल एवं निस्तारण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

15 अक्टूबर को बालिकाओं को नजदीकी बैंकों का भ्रमण कराकर वित्तीय साक्षरता और बैंक खाता संचालन की जानकारी दी जाएगी। 16 अक्टूबर को आत्मसम्मान प्रशिक्षण के साथ सरकारी अस्पतालों का भ्रमण कराया जाएगा, जहां बालिकाएं ओपीडी पर्चा बनवाने, चिकित्सकीय परामर्श लेने और जांच प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करेंगी।

17 अक्टूबर को महिला अधिकारियों और विशिष्ट महिलाओं के साथ संवाद, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, खेलकूद, गाइड एवं एनसीसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 18 अक्टूबर को पुलिस थानों का भ्रमण कर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, गिरफ्तारी संबंधी नियमों और डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा के बारे में बताया जाएगा। इस दिन बच्चे ‘बाल अखबार’ भी तैयार करेंगे।

अभियान के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को लैंगिक रूढ़ियों, विधिक साक्षरता, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह की रोकथाम और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

सीएम डैशबोर्ड से होगी निगरानी

अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी। सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डेन को प्रतिदिन दोपहर एक बजे तक गूगल फॉर्म पर गतिविधियों की संक्षिप्त रिपोर्ट दर्ज करनी होगी। साथ ही फोटो और वीडियो विभागीय ईमेल missionshaktishiksha@gmail.com पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) को ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समन्वय, निगरानी और दस्तावेजीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालय विकास अनुदान से सभी विद्यालयों में मिशन शक्ति के मानक बैनर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य जनपद की प्रत्येक बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उसे जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

स्वच्छता का संदेश लेकर गांव में उतरे ईको क्लब के नन्हे प्रहरी

स्वच्छता का संदेश लेकर गांव में उतरे ईको क्लब के नन्हे प्रहरी

बीकापुर के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता, जैविक कचरा निस्तारण और खाद गड्ढे के फायदे बताए

गाजीपुर। मिशन लाइफ के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बीकापुर, सदर गाजीपुर के ईको क्लब की ओर से “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। हरित शिक्षिका माधुरी यादव, सहयोगी संध्या श्रीवास्तव एवं प्रधानाध्यापक अजय कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। नन्हे प्रहरियों ने जैविक कचरे के उचित निस्तारण तथा खाद गड्ढे के उपयोग और उसके लाभों की जानकारी भी दी। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से कचरे का उचित प्रबंधन करने और अपने परिवेश को स्वच्छ रखने की अपील की। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मिन्हाज आलम उपस्थित रहे। अभियान के संबंध में जानकारी गुणवत्ता समन्वयक शिवम कुमार श्रीवास्तव ने दी।

मणिपुर के कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का धरना-प्रदर्शन, पुतला फूंका

मणिपुर के कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का धरना-प्रदर्शन, पुतला फूंका
गाजीपुर। मणिपुर के कांग्रेस सांसद प्रो अंगोमचा बिमोल अकोइजम द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार व अपमान से आक्रोशित भाजपा महिला मोर्चा ने जिलाध्यक्ष साधना राय की अध्यक्षता में सरयू पांडेय पार्क में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत रहीं।इस अवसर पर डॉ. संगीता बलवंत ने महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा को सर्वोपरि बताते हुए अपमानजनक कृत्यों व टिप्पणियों के प्रति कड़ा विरोध जताया।और कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ से आगे महिलाओ के अधिकार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम किया है।


उन्होंने कहा कि हमारे देवी देवताओं की उपेक्षा और अपमान करने वाले लोग अब वोट की राजनीति के लिए देवताओं को स्वीकार करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भारत माता और मातृशक्ति के लिए भारतीय जनता पार्टी काम करती है हम नारियों को कांग्रेस को उसकी औकात दिखाने का समय आ गया है। महिला मोर्चा की प्रभारी प्रियंका दूबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया और कहा कि सुरक्षा शिक्षा और स्वावलंबन के साथ महिलाओं को अधिकार दिलाने का काम मोदी और योगी सरकार ने किया है।


कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भाजपा की सदस्यता दिलाई। धरना-प्रदर्शन के उपरांत महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सरयू पांडेय पार्क से कांग्रेस सांसद का पुतला लेकर जुलूस निकाला। जुलूस सांसद तिराहे पर पहुंचा, जहां महिलाओं ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।


कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष साधना राय ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन किरन सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह,नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मरदह ब्लॉक प्रशासक सीता सिंह, शीला सोनकर, सरोज मिश्रा, रंजू विश्वकर्मा, मीरा श्रीवास्तव, माया सिंह, सरोज भारती, रम्भा राय,मीनू कुशवाहा,नीलम सिंह, सुमन बिंद, नीलिमा गांधी एवं गोदावरी राजभर सहित भाजपा महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी की तैयारी शुरू, डीएम की मौजूदगी में खोला गया वेयरहाउस

ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी की तैयारी शुरू, डीएम की मौजूदगी में खोला गया वेयरहाउस

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के तहत हुई कार्रवाई

गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय गाजीपुर में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के प्रयोजन से वेयरहाउस खोला गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

वेयरहाउस खोले जाने के समय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, इंडियन नेशनल कांग्रेस के सदस्य आलोक यादव, बहुजन समाज पार्टी के महासचिव आदित्य नारायण सिंह कुशवाहा, समाजवादी पार्टी के जिला सचिव राजेश यादव एवं जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन तथा आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद शामिल रहे।

ईवीएम के भंडारण एवं सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल में उल्लिखित है। यह मैनुअल भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm/vvpat पर उपलब्ध है।

हरिशंकरी रामलीला में दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने का हुआ मंचन

हरिशंकरी रामलीला में दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने का हुआ भावपूर्ण मंचन

गाजीपुर। अति प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में शनिवार की शाम हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरा पर रामलीला के पांचवें दिन राजा दशरथ-कैकेयी-श्रीराम संवाद और विदाई मांगने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। राजा भैया आदर्श रामलीला मंडल के कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से प्रसंग को इस तरह प्रस्तुत किया कि दर्शक भावुक हो उठे। लीला से पूर्व कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी सहित पदाधिकारियों ने आरती-पूजन किया।

लीला के प्रसंग में दिखाया गया कि जब महारानी कैकेयी को पता चलता है कि राजा दशरथ अपने ज्येष्ठ पुत्र श्रीराम को अयोध्या का राजपाट सौंपने जा रहे हैं, तो दासी मंथरा उन्हें देवासुर संग्राम के दौरान राजा दशरथ द्वारा दिए गए दो वरदानों की याद दिलाती है। मंथरा कैकेयी को समझाती है कि अब समय आ गया है कि वह अपने दोनों वरदान मांग लें। उसकी बातों में आकर कैकेयी कोपभवन में चली जाती हैं और राजसी वस्त्र-आभूषण त्यागकर जमीन पर लेट जाती हैं।

महारानी कैकेयी के कोपभवन में जाने की सूचना पर राजा दशरथ उन्हें मनाने पहुंचते हैं। कैकेयी पुराने वचन की याद दिलाते हुए दो वरदान मांगती हैं। पहला वरदान भरत को अयोध्या का राजा बनाने और दूसरा श्रीराम को तपस्वी के वेश में 14 वर्ष का वनवास देने का होता है। यह सुनते ही राजा दशरथ स्तब्ध रह जाते हैं। वह कैकेयी से दूसरा वरदान बदलने की विनती करते हैं, लेकिन कैकेयी अपने निर्णय पर अडिग रहती हैं। पुत्र वियोग की कल्पना से व्याकुल राजा दशरथ राम-राम कहते हुए मूर्छित हो जाते हैं।

इसके बाद गुरु वशिष्ठ और श्रीराम को राजा दशरथ की स्थिति की जानकारी मिलती है। श्रीराम पिता के पास पहुंचकर उनसे कारण पूछते हैं। कैकेयी उन्हें दोनों वरदानों के बारे में बताती हैं। श्रीराम पिता के वचन की मर्यादा बनाए रखने के लिए सहर्ष वनवास स्वीकार कर लेते हैं। वह माता कौशल्या से आज्ञा लेने पहुंचते हैं। श्रीराम के वन जाने की बात सुनकर माता सीता और भाई लक्ष्मण भी उनके साथ जाने का निर्णय लेते हैं। इसके बाद श्रीराम, सीता और लक्ष्मण तपस्वी वेश धारण कर राजा दशरथ और माता कैकेयी से विदाई लेने पहुंचते हैं। इस मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राम वनगमन के प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से लीला स्थल को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. गोपाल जी पांडेय, कृष्ण मुरारी केडिया, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लक्ष्मी नारायण, उपमंत्री लव कुमार त्रिवेदी, मेला प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, मेला उपप्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष बाबूरोहित अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता, अजय पाठक, राजेश प्रसाद, कृष्णांश त्रिवेदी, बाल गोविंद त्रिवेदी, राजकुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट,डीएम और एसपी ने अंधऊ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण

एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने अंधऊ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण

गाजीपुर। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो (हवाई प्रदर्शन) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने गाजीपुर स्थित अंधऊ हवाई पट्टी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। एयर शो के तहत अंधऊ हवाई पट्टी से भी विमानों के उड़ान भरने के मद्देनजर अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हवाई पट्टी परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा विमानों के संचालन से संबंधित आवश्यक तैयारियों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और परिसर में साफ-सफाई एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को व्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि एयर शो के दौरान निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित हो सके।

Uttar Pradesh Fast News