तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में 31,274 लोगों ने कराया उपचार

तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में 31,274 लोगों ने कराया उपचार

अंतिम दिन 12,096 लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से लिया परामर्श : अभिनव सिन्हा

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव सिन्हा द्वारा लंका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन 12,096 लोगों ने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं परामर्श का लाभ उठाया। तीन दिनों में कुल 31,274 लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 410 मरीजों को विभिन्न शल्य चिकित्सा के लिए रेफर किया गया।

जनपदवासियों को एक ही स्थान पर राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस विशाल शिविर में व्यापक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर परिसर में करीब 12 पंजीकरण काउंटरों पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रही। पंजीकरण के बाद चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा के लिए पर्ची तैयार करने तथा रक्तचाप, शुगर समेत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के लिए दो दर्जन से अधिक काउंटर बनाए गए थे। इसके बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों में भेजकर परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, सामान्य चिकित्सा, तंत्रिका रोग, अस्थि एवं जोड़ रोग, हार्मोन एवं मधुमेह, पाचन तंत्र, नेत्र, कान-नाक-गला, दंत चिकित्सा, मूत्र रोग, त्वचा रोग, हृदय रोग एवं श्वसन रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं। प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए चिकित्सकों ने हजारों मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

आवश्यकता के अनुसार मरीजों को हड्डी, नाक-कान-गला तथा नेत्र संबंधी शल्य चिकित्सा के लिए भी रेफर किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगों के उपचार के साथ-साथ बचाव, खान-पान, जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।

हजारों स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था

शिविर को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने में हजारों स्वयंसेवकों एवं वालंटियर्स ने लगातार तीन दिनों तक समर्पण के साथ सेवाएं दीं। मरीजों के पंजीकरण से लेकर उन्हें संबंधित चिकित्सा विभाग तक पहुंचाने, चिकित्सकों से परामर्श कराने, दवा वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, चिकित्सा कर्मियों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवानों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

अभिनव सिन्हा और दीपाली ने जताया आभार

समापन अवसर पर शिविर के आयोजक अभिनव सिन्हा ने कहा कि गाजीपुर की जनता को देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकों की विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराना इस वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का मूल उद्देश्य था। तीन दिनों में 31 हजार से अधिक लोगों का चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेना आयोजन की व्यापकता और जनसहभागिता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल बीमारी का उपचार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं था, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, सजग और संवेदनशील बनाने का भी प्रयास था। जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श का अवसर मिला।

अभिनव सिन्हा ने डॉ. ओपी मिश्रा, डॉ. मधुकर राय, डॉ. अभिजीत दीक्षित सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों, चिकित्सा संस्थानों, हजारों वालंटियर्स, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा जवानों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े जनसेवा के आयोजन को सफल बनाना किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं, बल्कि सामूहिक समर्पण, सहयोग और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से तीनों दिनों तक सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों तथा मरीजों की सहायता में जुटे स्वयंसेवकों का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि गाजीपुर की जनता का विश्वास, सहयोग और सहभागिता ही इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी शक्ति रही।

समापन अवसर पर सेवा भावना से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों में उत्साह देखने को मिला। तीन दिनों तक लंका मैदान में चले इस वृहद स्वास्थ्य सेवा अभियान ने हजारों जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं से जोड़ने के साथ ही ‘सेवा ही संकल्प और सेवा ही समाज की शक्ति है’ के भाव को भी व्यापक रूप से स्थापित किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित, पाँच दिवसीय बैंकिंग पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

बैंक कर्मचारियों को राहत: 28 से 30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित

गाजीपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को 27 सितंबर की देर रात भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ हुई वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है। वार्ता में पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के मुद्दे पर आगे विचार-विमर्श के लिए IBA और UFBU के बीच उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। UFBU की प्रमुख मांग बैंकों में पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करना है। प्रस्तावित उच्चस्तरीय समिति संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श कर बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों और ग्राहकों समेत सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी। UFBU गाजीपुर इकाई के जिला संयोजक सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है और यह बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों का महत्वपूर्ण मुद्दा है। वर्तमान परिस्थितियों में वार्ता के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि हड़ताल स्थगित होने का अर्थ मांगों की समाप्ति नहीं है। पाँच दिवसीय बैंकिंग सहित अन्य लंबित मुद्दों पर संगठन की आगे की रणनीति वार्ता में होने वाली प्रगति और UFBU के केंद्रीय नेतृत्व के आगामी निर्देशों के आधार पर तय की जाएगी। 26 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल के संबंध में आगे की स्थिति UFBU के आधिकारिक निर्देशों के अनुसार स्पष्ट की जाएगी। बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों अथवा अनधिकृत सूचनाओं पर ध्यान न दें और संगठन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। UFBU गाजीपुर इकाई ने सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संगठनात्मक एकता बनाए रखने, अनुशासन के साथ संगठन के साथ खड़े रहने और आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने की अपील की है।

डिप्टी सीएम के आगमन पर ज्ञापन देने जा रहे छात्र नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप

उप मुख्यमंत्री के आगमन पर ज्ञापन देने जा रहे छात्र नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का आरोप

मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपना था ज्ञापन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के गाजीपुर आगमन के दौरान जनसमस्याओं और महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्र प्रतिनिधियों को पुलिस द्वारा उनके आवास पर ही नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीजी कॉलेज गोराबाजार के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के अनुसार, शनिवार सुबह उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें तथा उनके साथी छात्र प्रतिनिधियों प्रद्युम्न सिंह यादव राजन, आकाश चौधरी और सतीश चौधरी को घर से बाहर जाने से रोक दिया गया।दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर की जनता को केवल रेफरल सेंटर नहीं, बल्कि बेहतर और संपूर्ण उपचार सुविधाओं से युक्त मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वे जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य मंत्री को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराने के लिए मांग पत्र सौंपने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव राजन ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में दवाओं, अल्ट्रासाउंड और इमरजेंसी सुविधाओं की कमी होने पर गरीब मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, छात्र नेताओं आकाश चौधरी और सतीश चौधरी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन देना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख 12 मांगें

1. गोरा बाजार ट्रॉमा सेंटर का पूर्ण संचालन बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर को विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाओं के साथ 24 घंटे संचालित किया जाए।

2. इमरजेंसी में वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति — पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी में दिन-रात वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

3. सुपर-स्पेशलिटी ओपीडी का सातों दिन संचालन — उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ओपीडी पूरे सप्ताह संचालित की जाए।

4. रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति — ओपीडी में अल्ट्रासाउंड सुविधा सुचारु करने के लिए स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाए।

5. महिला अस्पताल में पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सुविधा — महिला अस्पताल परिसर में समर्पित पैथोलॉजी लैब एवं अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की जाए।

6. सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य जांचें 24×7— मरीजों की सुविधा के लिए प्रमुख जांच सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जाएं।

7. दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता — आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

8. ऑपरेशन थिएटर का सातों दिन संचालन — ओटी को सप्ताह में केवल एक-दो दिन के बजाय नियमित रूप से संचालित किया जाए।

9. डायलिसिस बेड बढ़ाए जाएं— वर्तमान क्षमता बढ़ाकर 50 डायलिसिस बेड किए जाने की मांग की गई है।

10. एम्बुलेंस एवं अस्पताल उपकरणों की व्यवस्था— ALS एम्बुलेंस और शव वाहनों की संख्या बढ़ाने के साथ खराब लिफ्ट एवं जांच मशीनों को दुरुस्त कराया जाए।

11. पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था — अस्पताल परिसर के बाहर व्यवस्थित पार्किंग तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

12. पेयजल, स्वच्छता एवं तीमारदार सुविधाएं — आरओ, पेयजल संयंत्र और शौचालयों की मरम्मत के साथ मरीजों के तीमारदारों के लिए स्नानघर एवं विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाए।

भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल पश्चिम बंगाल रवाना

भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल पश्चिम बंगाल रवाना

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के भूगोल विभाग की 33 छात्राओं का दल भौगोलिक क्षेत्र भ्रमण एवं सर्वेक्षण कार्य के लिए शनिवार को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुआ। दल को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने रवाना किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने कहा कि ज्ञान हासिल करने का सबसे व्यावहारिक तरीका भ्रमण है। शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों की जड़ता को तोड़ने के साथ उन्हें देश के विभिन्न भौगोलिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों से परिचित कराता है। उन्होंने छात्राओं से यात्रा के दौरान प्रबंधन, अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में समझने के लिए क्षेत्र भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष अवलोकन, सर्वेक्षण और अध्ययन का अवसर मिलता है।

33 छात्राओं का यह शैक्षणिक दल डॉ. निरंजन कुमार यादव के नेतृत्व में भ्रमण एवं सर्वेक्षण कार्य पूरा करेगा। छात्राओं के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए डॉ. शिव कुमार और डॉ. ओम शिवानी भी दल के साथ रवाना हुए हैं। भ्रमण के दौरान छात्राएं पश्चिम बंगाल के प्रमुख भौगोलिक एवं पर्यटन स्थलों कोलकाता, गंगासागर और दीघा बीच का भ्रमण करेंगी। इस दौरान क्षेत्र की भौगोलिक संरचना, प्राकृतिक परिवेश, सामाजिक जीवन एवं स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन और सर्वेक्षण किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान में गाजीपुर को बड़ी सौगात, बृजेश पाठक ने किया स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण

गाजीपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत वृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया उद्घाटन, मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी, सीटी स्कैन व चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण

गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को लंका मैदान, गाजीपुर में सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। सेवा संकल्प स्वास्थ्य अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आमजन को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों का पंजीकरण किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर 26 से 28 सितंबर तक चलेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया है। उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन तथा चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का फीता काटकर लोकार्पण किया।

अमृत फार्मेसी के शुरू होने से मरीजों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध होंगी, जबकि सीटी स्कैन की सुविधा मिलने से लोगों को जांच के लिए वाराणसी अथवा लखनऊ जाने की आवश्यकता कम होगी। उप मुख्यमंत्री ने अमृत फार्मेसी का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चारों मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण कर उनकी सुविधाओं का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से भी मुलाकात की। इस दौरान महाविद्यालय की ओर से चिकित्सा सुविधाओं एवं संस्थान के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव उनके समक्ष प्रस्तुत किए गए।

मीडिया से वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज बेहतर कार्य कर रहा है और आगे भी निरंतर प्रगति करता रहे, इसके लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा की ओर से पांच प्रमुख प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में एमआरआई की स्थापना, 200 एवं 300 शैय्या वाले चिकित्सालयों को जोड़ने के लिए सीसी रोड एवं संपर्क मार्ग का निर्माण, मुख्य परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक एवं लेक्चर थिएटर भवन को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में आवश्यक अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा लेवल-3 ट्रामा सेंटर को लेवल-2 ट्रामा सेंटर के रूप में संचालित करने से संबंधित कार्य शामिल हैं।

प्रस्तावों को उप मुख्यमंत्री द्वारा शासन स्तर से स्वीकृति के लिए भेजे जाने की बात कही गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

शाह फ़ैज़ स्कूल के उजैर रियाज़ ने जीता रजत पदक

सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में मोहम्मद उजैर रियाज़ ने जीता रजत पदक

गाजीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल की कक्षा 4-C के प्रतिभाशाली छात्र मोहम्मद उजैर रियाज़ ने सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर गाजीपुर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह/प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। सीबीएसई अंडर-14 ईस्ट जोन क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 18 से 23 सितंबर 2026 तक विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। मोहम्मद उजैर रियाज़ ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन से टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उजैर रियाज़ के पिता रियाज़उद्दीन गाजीपुर स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह/प्लेस ऑफ सेफ्टी में पीटीआई के पद पर कार्यरत हैं। पुत्र की इस उपलब्धि पर परिवार के साथ उनके कार्यस्थल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी खुशी जताई। उजैर रियाज़ की उपलब्धि पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, किशोर न्याय बोर्ड गाजीपुर के सदस्य नीरज कुमार मानू, शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल के पीटीआई दिनेश राय, संस्था अधीक्षक राम अचल मौर्या, वरिष्ठ सहायक संजय यादव, राजू यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में उजैर रियाज़ ने मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उजैर आने वाले समय में भी क्रिकेट के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन करेंगे।

27 सितंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

जंगीपुर में 27 सितंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं अभिरुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद की सभी सात विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में 27 सितंबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया, फदनपुर, गाजीपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। मेले में देशभर की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., अतुल ऑटो लिमिटेड, केविन पाइप प्रा. लि., विशाल बियरिंग्स लिमिटेड, कोरोना रेमेडीज लिमिटेड, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, गैलेक्सी चैन प्रा. लि. तथा गाजीपुर रोडवेज सहित 25 से अधिक कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, नैप्स ट्रेनी एवं संविदा वाहन चालक सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में अकुशल श्रमिकों के साथ 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एएनएम, जीएनएम, जीडीए, कौशल प्रशिक्षित एवं कंस्ट्रक्शन वर्कर आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार इच्छुक कंपनियों की रिक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मेले में प्रतिभाग करते समय सभी शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र एवं उनकी छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। विभिन्न कंपनियों की रिक्तियों एवं भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर चलेगा विशेष अभियान, डीएम ने दिए निर्देश

संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान

01 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण और 12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम राइफल क्लब सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर 2026 तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया, दिमागी बुखार, स्क्रब टाइफस एवं लेप्टोस्पायरोसिस सहित अन्य संचारी रोगों की आशंका को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 01 अक्टूबर से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। अभियान के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग पर विशेष जोर दिया जाए। तालाबों, नालों एवं नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ ही कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, नालों एवं नालियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराने तथा नगरीय निकायों में हैंडपंपों के पानी की जांच कराने और ओवरहेड टैंकों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम के लिए जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक अभियान की नियमित निगरानी की जाए तथा की गई कार्रवाई की सूचना व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर माइक्रोप्लान जिला मलेरिया अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को अपनी कार्ययोजना 28 अक्टूबर तक स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायतीराज, आईसीडीएस, ग्राम्य विकास, चिकित्सा शिक्षा, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामकुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, संबंधित चिकित्साधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, एमओआईसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

वृद्धजनों के सम्मान और सेवा का लिया संकल्प, दीनदयाल जयंती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

वृद्धजनों के सम्मान और सेवा का लिया संकल्प, दीनदयाल जयंती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

गाजीपुर। मेरा युवा भारत, गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छावनी लाइन स्थित वृद्ध आश्रम केंद्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान वृद्धजनों के सम्मान, सेवा और सामाजिक सहभागिता का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य संबोधन में नवागत जिला युवा अधिकारी आदर्श ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनका अंत्योदय का विचार आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा व सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

मेरा युवा भारत के सेवानिवृत्त लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र ने कहा कि वृद्धजनों के पास जीवन का लंबा अनुभव और संस्कारों की पूंजी होती है। आधुनिक जीवन की व्यस्तता के बीच हमें अपने बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारियों को नहीं भूलना चाहिए। उनके चेहरे पर मुस्कान लाना तथा उन्हें सम्मान और अपनापन देना ही सच्ची सेवा है। राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव ने कहा कि सेवा और संवेदना भारतीय संस्कृति की पहचान है। युवाओं को वृद्धजनों के अनुभवों से सीख लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशासनिक सहायक सरोज कुमार राय ने की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सादगीपूर्ण जीवन एवं राष्ट्रसेवा को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके विचार सामाजिक समरसता और मानव सेवा का मार्ग दिखाते हैं। कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षक पारसनाथ सिंह यादव ने किया। वृद्ध आश्रम की अधीक्षिका ज्योत्सना कुमारी ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सदर विकासखंड के एनवाईवी अनिकेत राज सहित मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके सम्मान, सेवा और सहयोग का संकल्प लिया गया।

संचारी रोग को लेकर कार्यशाला, पालिका कर्मचारियों को किया गया जागरूक

संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर मोहम्मदाबाद में कार्यशाला, पालिका कर्मचारियों को किया गया जागरूक

गाजीपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद की ओर से नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद में संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नगर पालिका के रामबाबू सहित बड़ी संख्या में पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान संचारी रोगों से बचाव, साफ-सफाई और जागरूकता को लेकर कर्मचारियों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ब्लाक मुख्यालय सभाकक्ष मुहमदाबाद पर सेवा संकल्प अभियान अन्तर्गत विभिनन विभागों के स्टाल के माधयम से योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक ग्रामीणो को जानकारी दी गई।

सीएचसी मोहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का थीम “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोग को हराना है” रखा गया है। उन्होंने बताया कि डेंगू, फाइलेरिया, मलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग जैसे संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ कई अन्य विभाग भी मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। इसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार सुविधाओं के बारे में जागरूक करेंगी। साथ ही डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग के लक्षण वाले मरीजों को चिन्हित कर उनकी जांच और उपचार के लिए सूची तैयार की जाएगी।

सात प्रमुख बातों पर दिया गया जोर

डॉ. आशीष राय ने संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत साफ-सफाई रखने, कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने, घर और आसपास जलजमाव नहीं होने देने, स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने तथा घर के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। इसके साथ ही बच्चों के नियमित टीकाकरण पर भी जोर दिया गया। दिमागी बुखार से बचाव के लिए पहला टीका 9 से 12 माह और दूसरा टीका 16 से 24 माह की आयु में लगवाने की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि संचारी रोगों से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001805145 पर संपर्क किया जा सकता है। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है।

कार्यक्रम में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार, डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. असगर अली, डॉ. श्रेया त्रिपाठी, डॉ. रिंकी, स्टाफ नर्स डेजी, एएनएम रंजना, प्रीति, यास्मीन, सीएचओ शिवासागर, काउंसलर नीरा राय, जितेंद्र फार्मासिस्ट, आशा संगिनी सरिता राय, मंजू तिवारी, साधना, मंजू, विमला सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Uttar Pradesh Fast News