Category Archives: Ghazipur

बसपा प्रत्याशी की घोषणा, सपा पर साधा निशाना

बसपा प्रत्याशी की घोषणा, सपा पर साधा निशाना

बसपा नहीं, समाजवादी पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’ है: दिनेश चंद्र

गाजीपुर। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ अब बहुजन समाज पार्टी ने भी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा शुरू कर दी है। इसी क्रम में जंगीपुर विधानसभा सीट से बसपा ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिरनो सुभाष चंद्र गुप्ता को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

जंगीपुर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सदस्य विधान परिषद एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहे दिनेश चंद्र ने सुभाष चंद्र गुप्ता के नाम की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और बहन मायावती एक बार फिर उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। उन्होंने कहा कि जंगीपुर से सुभाष चंद्र गुप्ता को विधायक बनाकर कार्यकर्ता बहन मायावती को मुख्यमंत्री बनाने में योगदान देंगे।

दिनेश चंद्र ने कहा कि पार्टी का संगठन अब पूरी तरह तैयार है और बसपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सर्वसमाज के लोगों से संपर्क करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार बसपा मजबूत स्थिति में है और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

‘बसपा भाजपा की बी टीम नहीं, सपा है भाजपा की बी टीम’

बसपा को लगातार भाजपा की ‘बी टीम’ बताए जाने के सवाल पर दिनेश चंद्र ने विपक्षी दलों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती और आकाश आनंद को भाजपा नेताओं के यहां जाते हुए कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक इतिहास उठाकर देख लिया जाए कि समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं के दरवाजे पर कौन जाता रहा है।

उन्होंने दावा किया कि बसपा भाजपा की बी टीम नहीं है, बल्कि समाजवादी पार्टी भाजपा की बी टीम है।

वैश्य समाज को टिकट देकर साधा चुनावी समीकरण

जंगीपुर विधानसभा सीट पर बसपा द्वारा वैश्य समाज से आने वाले सुभाष चंद्र गुप्ता को प्रत्याशी बनाए जाने को चुनावी समीकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले विधानसभा चुनावों में बसपा के प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी इस बार अपने परंपरागत वोट बैंक के साथ सर्वसमाज के मतदाताओं को जोड़ने की रणनीति पर काम करती दिखाई दे रही है।

बसपा प्रत्याशी सुभाष चंद्र गुप्ता ने कहा कि इस बार जंगीपुर विधानसभा में बसपा का नीला झंडा और हाथी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में रहेगा। उन्होंने मौजूदा समाजवादी पार्टी विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार उनका मुकाबला सपा से है, लेकिन चुनाव में वह उनके सामने टिक नहीं पाएंगे।

शक्ति प्रदर्शन के रूप में जुटी भीड़

प्रत्याशी घोषणा के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। पार्टी ने इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया। अब देखना होगा कि बसपा का परंपरागत वोट बैंक और वैश्य समाज का समीकरण जंगीपुर विधानसभा में कितना प्रभावी साबित होता है और क्या पार्टी इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर पाती है।

डीएम ने किया औचक निरीक्षण, किसानों से लिया वितरण व्यवस्था का फीडबैक

डीएम ने किया उर्वरक समिति का औचक निरीक्षण, किसानों से लिया वितरण व्यवस्था का फीडबैक

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने मंगलवार को मुहम्मदाबाद क्षेत्र के फिरोजपुर स्थित ग्रामीण सरकारी समिति का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने समिति पर संचालित उर्वरक बिक्री एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लेते हुए किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की गहनता से जांच की। जिलाधिकारी ने समिति में उर्वरक बिक्री रजिस्टर समेत स्टॉक, बिक्री एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने उर्वरक लेने पहुंचे किसानों की खतौनी, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन कराया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समिति पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और निर्धारित मूल्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें उर्वरक निर्धारित एवं उचित मूल्य पर मिल रहा है या नहीं। किसानों ने उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को उर्वरक शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार होनी चाहिए और पात्र किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि उर्वरक की कालाबाजारी, ओवररेटिंग अथवा वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्वरक की पर्याप्त एवं सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

भारत माता और वंदे मातरम् के नारों के साथ निकली तिरंगा यात्रा

मोहम्मदाबाद के भांवरकोल द्वितीय मंडल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा क्षेत्र, शहीदों के बलिदान को किया नमन

गाजीपुर। मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के भांवरकोल द्वितीय मंडल में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ शेरपुर खुर्द स्थित डॉ. शहीद शिवपूजन राय के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मोटरसाइकिलों पर सवार कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रभक्तों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का समापन शेरपुर कला स्थित शहीद बाग में हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि भारत को कमजोर करने के लिए विदेशी शक्तियों द्वारा मुगल काल से लेकर अंग्रेजी शासन और स्वतंत्र भारत तक अलग-अलग समय में षड्यंत्र किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद तथा भारत की प्रगति और समृद्धि में बाधा डालने वाली शक्तियां आज भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की मजबूत सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा। श्री मिश्र ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमें वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए भारत को और अधिक मजबूत, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख आनंद राय मुन्ना, पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश राय, मंडल अध्यक्ष रोशन कुशवाहा, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश राय, रोशन राम, विनोद राम, अनूप राय एवं  आलोक राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

किडनैपिंग केस का 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

गाजीपुर। जिले में पुलिस और बदमाश के बीच रविवार की देर रात मुठभेड़ हो गई। मोहम्मदाबाद के चर्चित किडनैपिंग केस में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजयी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मदाबाद और नोनहरा थाने की संयुक्त टीम देर रात गौसपुर हवाई पट्टी के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ की तरफ से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया और गौसपुर हवाई पट्टी के पास उन्हें घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजयी पुत्र छोटेलाल, निवासी बढ़ईपुरा, मोहम्मदाबाद के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और अपाचे बाइक बरामद की गई है।

वहीं, मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार विजयी मोहम्मदाबाद के चर्चित किडनैपिंग मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने की। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सपा ने विधान सभावार मनाई फूलन देवी की जयंती

गाजीपुर। 10 अगस्त को वीरांगना फूलन देवी की जयंती समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में विधान सभावार मनायी गयी। इसी कड़ी नेसमाजवादी पार्टी के सदर विधानसभा के तत्वावधान में सुवापुर गांव स्थित यादव मैरिज हाल मे अन्याय व शोषण के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने वाली सामाजिक न्याय की योद्धा पुर्व सांसद स्व. फुलन देवी की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा वह बहुत ही बहादुर, साहसी होने के साथ साथ संघर्ष की पर्याय थी। लाख जुल्मों सितम सहने के बावजूद वह संघर्ष करते हुए सड़क से उठकर संसद तक का सफर तय किया वह अपने आप में एक ऐतिहासिक मिसाल है। हम सबको उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय के खिलाफ लड़ने की जरूरत है और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक जै किशन साहू ने उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा जोर और‌ ज़ुल्म के खिलाफ संघर्ष किया है और पीड़ित तथा शोषित के संग खड़ी हुई है। नेता मुलायम सिंह ने उनके साथ हुये अन्याय और ज़ुल्म को देखते हुए अपने शासनकाल में उनके उपर लगे सारे आरोपों को सरसरी तौर पर वापस ले लिया था और उन्हें मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से टिकट देकर लोकसभा में भेजकर सम्मान देने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि आज की सरकार भी ज़ुल्म और अन्याय के रास्ते पर है। बुलडोजर संस्कृति पनप रही है,गरीब सताये जा रहे,उनका घर उजाड़ा जा रहा हैं,चारों तरफ अराजकता का बोलबाला है।‌‌ गरीबों की कहीं सुनवाई नहीं है। यह सरकार पूंजीपतियों तथा सत्ता संरक्षित अपराधियों को प्रश्रय दे रही है तथा उनका हित संरक्षित करने में व्यस्त हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पुर्व विधायक खुर्शीद अहमद,राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सुशील जायसवाल तहसीन अहमद, राहुल निषाद आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी इन्द्रदेव निषाद और संचालन जिला उपाध्यक्ष अशोक कुमार बिन्द ने किया।

माउंट लिटेरा जी स्कूल में हुआ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ

गाजीपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ एम०के०सिंह ने सोमवार को माउंट लिटेरा जी स्कूल में बच्चों को पेट के कीड़े (कृमि) निकालने की दवा एल्बेंडाज़ोल खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया ।
एसीएमओ ने बताया कि जिले में करीब 17 लाख बच्चों और किशोरों को कृमि मुक्ति की दवा यानि पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू हुआ है। इस अभियान के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों और पंजीकृत स्कूलों, ईंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों और घुमन्तू लोगों को दवा खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी कारण दिवस पर बच्चे दवा नहीं खा पाए हैं उनको मॉपअप राउंड (14 अगस्त) को दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह दवा खाली पेट नहीं खानी है। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली व दो से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को पूरी गोली खिलाई जानी है। छोटे बच्चों को गोली पीसकर देनी है जबकि बड़े बच्चे इसे चबाकर खा सकेंगे।
एसीएमओ ने बताया कि पेट से कीड़े निकलने की दवा एल्बेन्डाजॉल बहुत ही स्वादिष्ट बनाने की कोशिश की जाती है। इससे बच्चे आसानी से खा लेते हैं। कृमि के चक्र को खत्म करने के लिए बेहद जरूरी है कि बच्चे को यह दवा समय समय पर दी जाती है। ऐसा न करने पर बच्चे के शारीरिक व मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को दवा जरूर खिलवाएं।
क्यों खाएं यह दवा – एसीएमओ ने बताया कि बच्चे अक्सर कुछ भी उठाकर मुंह में डाल लेते हैं या फिर नंगे पांव ही स्थानों पर चले जाते हैं। इससे उनके पेट में कीड़े विकसित हो जाते हैं। इसलिए एल्बेंडाज़ोल खाने से यह कीड़े पेट से बाहर हो जाते हैं। अगर यह कीड़े पेट में मौजूद हैं तो बच्चे के आहार का पूरा पोषण कृमि हजम कर जाते हैं। इससे बच्चा शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर होने लगता है। बच्चा धीरे-धीरे खून की कमी (एनीमिया) समेत अनेक बीमारियों से ग्रस्त हो जाता है। कृमि से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए यह दवा एक बेहतर उपाय है। जिन बच्चों के पेट में पहले से कृमि होते हैं उन्हें कई बार कुछ हल्के प्रतिकूल प्रभाव हो सकते हैं। जैसे हल्का चक्कर, थोड़ी घबराहट, सिर दर्द, दस्त, पेट में दर्द, कमजोरी, मितली, उल्टी या भूख लगना। इससे घबराना नहीं है। दो से चार घंटे में स्वतः ही समाप्त हो जाती है। आवश्यकता पड़ने पर आशा या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मदद से चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति दवा बच्चे को कुपोषण, खून की कमी समेत कई प्रकार की दिक्कतों से बचाती है।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार,जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ,जिला सामुदायिक प्रबंधक अनिल वर्मा,अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार व एविडेन्स एक्शन के संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेश के० ने किया ।

जमानियां रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग,राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री को पत्र देकर उठाया जनहित का मुद्दा

जमानियां रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग,राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री को पत्र देकर उठाया जनहित का मुद्दा

गाजीपुर। जमानियां क्षेत्र के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही सुविधा संबंधी मांग को लेकर राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जमानियां रेलवे स्टेशन (ZNA) पर प्रमुख एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पत्र दिया।

सांसद ने पत्र के माध्यम से ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, पटना-इंदौर एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस एवं संघमित्रा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के जमानियां स्टेशन पर ठहराव का विषय प्रमुखता से उठाया। जमानियां क्षेत्र ऐतिहासिक, कृषि एवं व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज एवं आम नागरिक वाराणसी, पटना, दिल्ली, हावड़ा सहित विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं।

प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को कई बार आसपास के स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय, दूरी और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जमानियां स्टेशन पर इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, चिकित्सा एवं रोजगार से जुड़े आवागमन को भी बेहतर गति मिलेगी।

सांसद डा. संगीता बलवंत द्वारा क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को प्राथमिकता के साथ रेल मंत्रालय के समक्ष उठाना उनके जनसरोकारों के प्रति सजगता एवं क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने को दर्शाता है। वह समय-समय पर गाजीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के समक्ष मजबूती से रखती रही हैं।

सांसद ने यात्रियों एवं क्षेत्रवासियों की सुविधा को देखते हुए जमानियां रेलवे स्टेशन पर इन महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की दिशा में आवश्यक कार्यवाही किए जाने का रेल मंत्री जी से आग्रह किया है।

यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गहमर गांव में “कारगिल विजय दिवस” समारोह का भव्य आयोजन

यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गहमर गांव में ‘कारगिल विजय दिवस’ समारोह का भव्य आयोजन

गाजीपुर। देश के वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में ‘‘कारगिल विजय दिवस‘‘ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। गाज़ीपुर की इस ऐतिहासिक धरती और ‘‘एशिया के सबसे बड़े गाँव‘‘ गहमर की यह विशेषता है कि यहाँ का हर घर देश की सीमा की रक्षा से जुड़ा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचल प्रमुख टी कामेश्वर राव ने कहा गहमर को केवल एक गाँव नहीं, बल्कि वीरो की भूमि कहा जाता है, जिसने भारतीय सेना को हजारों जांबाज सैनिक दिए हैं। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर 1999 के कारगिल युद्ध तक, गहमर के सपूतों ने माँ भारती के मस्तक को हमेशा ऊँचा रखा है। क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कहा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को इस बात का गर्व है कि हम इस पराक्रमी धरती और यहाँ के निवासियों की सेवा में समर्पित हैं। समारोह को संबोधित करते आंचलिक आश्वासन प्रमुख दीप्तिमान गुप्ता ने कहा देश की सीमा पर हमारे जवान रक्षा कर रहे हैं, और देश की आर्थिक प्रगति में हम उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े हैं। ईको बैंकिंग प्रमुख अजय खरे ने कहा गहमर न केवल एशिया के सबसे बड़े गांव के रूप में विख्यात है अपितु देश के तीसरे सबसे बड़े सैनिकों के गांव के रूप में सुप्रसिद्ध है। यह हम सभी को गौरवान्वित करता है। बैंक के द्वारा सेना से सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सुबेदार जन्मेजय सिंह, सूबेदार संतोष सिंह एवं सूबेदार वीर बहादुर के साथ अन्य सैन्यकर्मियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, ईको बैंकिंग प्रमुख गाजीपुर क्षेत्र अभिमीत कुमार एवं बैंक के गहमर परिक्षेत्र के शाखा प्रबंधकों कि गरिमामय उपस्थिति रही।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की बैठक सम्पन्न,अखंड भारत संकल्प दिवस 14 को

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की बैठक सम्पन्न,अखंड भारत संकल्प दिवस 14 को

गाजीपुरl विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की विभाग बैठक गुरुबाग मे सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं उनकी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गईl
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित बजरंग दल काशी प्रांत के प्रांत सह संयोजक संदीप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी कार्यक्रमों जैसे अखण्ड भारत संकल्प दिवस, स्थापना दिवस, बूढ़े अमरनाथ यात्रा एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग को पूर्ण तैयारी, अनुशासन एवं व्यापक जनसहभागिता के साथ सफल बनाना विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान बजरंग दल के नवीन दायित्वों की घोषणा भी की गई। इसमें उज्ज्वल पांडेय को गाजीपुर नगर संयोजक, गोलू जायसवाल को रेवतीपुर प्रखंड संयोजक, आदित्य गुप्ता को वीरनो प्रखंड विद्यार्थी संपर्क प्रमुख, शिवम कुशवाहा को मरदह प्रखंड सुरक्षा प्रमुख तथा राजन सिंह को जिला सह सुरक्षा प्रमुख का दायित्व प्रदान किया गया। सभी नवदायित्ववान कार्यकर्ताओं का ॐ के उच्चारण के साथ स्वागत एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गई।

बैठक में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बिपिन श्रीवास्तव, बजरंग दल जिला संयोजक रविराज हिंदू, विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री विनीत सिंह, विभाग मंत्री बुद्ध नारायण, प्रांत कार्यसमिति सदस्य ओमकार नाथ राय, विनोद उपाध्याय, राजेश उपाध्याय, जिला सह मंत्री ओमप्रकाश पांडेय, दिलीप उपाध्याय, उमेश तिवारी, बजरंग दल विभाग संयोजक अमित राय, जिला धर्माचार्य प्रमुख प्रदीप तिवारी, नगर अध्यक्ष अनुराग चौहान, बजरंग दल सदर संयोजक विनोद बजरंगी, संतोष बलोपासना प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर, बंटी दादा, उत्तम चौधरी, रामबाबू सैनी, संदीप मोदीनवाल सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. शशिकांत राय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

शोक सभा: डॉ. शशिकांत राय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर (पी० जी० कॉलेज) प्रांगण में शुक्रवार को महाविद्यालय प्रबंध समिति डिग्री कॉलेज एसोसिएशन, गाजीपुर के अध्यक्ष डॉ. शशिकांत राय के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन के सामने अपराह्न 1:30 बजे आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय डॉ. शशिकांत राय मोहम्मदाबाद तहसील के खरडीहा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने लंबे समय तक स्वामी सहजानंद डिग्री कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में सेवाएं दीं। बाद में वे इसी महाविद्यालय के प्राचार्य भी रहे। उनकी विद्वता, प्रशासनिक कुशलता और शिक्षा के प्रति समर्पण को सभा में याद किया गया।पीजी कालेज के प्राचार्य प्रोफ० (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि महाविद्यालय परिवार इस अपूरणीय क्षति से अत्यंत दुखी है। डॉ० राय सड़क हादसे में जख्मी हो गए थे। लखनऊ में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांसें ली, उनका नहीं रहना अकादमी जगत में बड़ा निर्वात पैदा करेगा। सांयकाल उसके आवास पर पी जी कॉलेज गाजीपुर के सचिव एवं हाई कोर्ट इलाहाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं अपर महाधिवक्ता श्री अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।